कोरोना वायरस का टीका आख़िर कब तक तैयार होगा?

इमेज स्रोत, Science Photo Library
दुनिया भर में कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए तेज़ रफ़्तार से रिसर्च की जा रही है.
दुनिया में इस समय अलग-अलग जगह पर 20 से अधिक टीकों पर काम चल रहा है.
बीबीसी के स्वास्थ्य और विज्ञान संवाददाता जेम्स गैलाघर ने बताया है कि शोधकर्ताओं की एक टीम ने प्रतिरोधी टीके का इंसानों पर परीक्षण भी शुरू कर दिया है.
किसी भी टीके के विकास की प्रक्रिया एक अहम चरण होता है. उसका जानवरों पर परीक्षण किया जाता है ताकि सुरक्षा और टीके के असर का टेस्ट हो सके. लेकिन इस मामले में ये शर्त नज़रअंदाज़ कर दी गई है.
- दूसरे वैज्ञानिक फ़िलहाल जानवरों पर परीक्षण के चरण में हैं और उन्हें उम्मीद है कि साल के आख़िर तक इंसानों पर परीक्षण के नतीजे सामने आ जाएंगे.
- अगर वैज्ञानिकों ने टीका विकसित करने की चुनौती इस साल पार भी कर ली तो अगली परेशानी इसका व्यापक पैमाने पर उत्पादन करने की होगी.
- इसका मतलब ये भी हुआ कि हमें कम से कम अगले साल जून तक कोरोना वायरस का प्रतिरोधी टीका नहीं मिलने वाला है. ये सब कुछ ऐसे समय में हो रहा है जब हालात नाजुक हैं और टीका विकसित करने के लिए नए तरीके अपनाए जा रहे हैं.
- इसलिए इस बात की गारंटी नहीं दी जा सकती है कि सबकुछ सामान्य ही रहेगी.
- याद रहे कि इंसानों के बीच चार किस्म के कोरोना वायरस पहले से ही मौजूद हैं. इसके असर की वजह से सामान्य सर्दी-जुकाम होते हैं और हमारे पास इनमें से किसी भी कोरोना वायरस के लिए कोई टीका नहीं है.








