कोरोना वायरस के संक्रमण का कहर इटली में थमने का नाम नहीं ले रहा. मंगलवार को इटली में कोरोना वायरस से 743 लोगों की मौत हुई.
मौत का यह आंकड़ा सोमवार की मौतों से 141 ज़्यादा है. इटली में कोरोना वायरस से अब तक 6,820 मौतें हो चुकी हैं.
मंगलवार से पहले रविवार और सोमवार को मौतों में कमी आई थी लेकिन एक बार फिर से बढ़ गई है.
कोरोना वायरस का संक्रमण चीन से शुरू हुआ लेकिन मौत के मामले में चीन से इटली आगे निकल चुका है.
हाल के दिनों में इटली में कोरोना वायरस से हुई मौतें
कोराना वायरस का संक्रमण इटली में इस क़दर क्यों?
इटली कोरोना वायरस के संक्रमण से दुनिया भर में सबसे ज़्यादा प्रभावित है. अब तक यहां 6,820 लोगों की जान जा चुकी है. संक्रमण रोकने के लिए लंबे समय से लॉकडाउन है लेकिन अब भी नियंत्रण में नहीं आया है.
इटली का उत्तरी इलाक़ा लोम्बार्डी कोरोना की चपेट में सबसे बुरी तरह से है. सबसे ज़्यादा मौतें यहीं हुई हैं.
आख़िर इटली कोरोना की चपेट में इतनी बुरी तरह से क्यों आ गया है?
इतालवी महामारी विशेषज्ञ पियरलुईजी कोको ने इस सवाल के जवाब में बीबीसी से कहा, ''अभी इसके कारण के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. संभव है कि कई कारण होंगे. एक तो अनुवांशिकी वजह हो सकती है. कुछ लोग बिना कोई लक्षण के ही इस वायरस की चपेट में हैं. कई लोग संक्रमण को झेल नहीं पा रहे हैं. इटली का दुनिया के उन देशों में शुमार है जहां सबसे ज़्यादा बुज़ुर्ग आबादी रहती है. ज़्यादा उम्र वाले संक्रमण की चपेट में जल्दी आते हैं और इन्हें बचाना मुश्किल होता है.''
कोको कहते हैं, ''इटली के लोगों की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियां भी संक्रमण को फैलाने में मदद करती है. यहां के लोग बड़े समूहों में मिलते हैं और मिलते वक़्त एक दूसरे को चूमते हुए प्रेम जताते हैं. परिवार भी आपस में काफ़ी क़रीब होते हैं. उत्तरी इलाक़े में मौत की दर ज़्यादा होने के पीछे वायु प्रदूषण भी हो सकता है.''
इटली में कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत का आँकड़ा भले एक बार फिर से बढ़ गया है लेकिन संक्रमण की दर में पिछले कुछ दिनों में कमी आई है. कहा जा रहा है कि सामाजिक अलगाव के सख़्त नियमों के पालन के कारण संक्रमण की दर में कमी आई है. इटली के अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण की दर में एक फ़ीसदी की कमी आई है. इटली में कोरोना वायरस से संक्रमण के अब तक 69,176 मामले आ चुके हैं.