You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस की दवा बनी तो कब तक टिक पाएगी?

  2. जम्मू-कश्मीर में अख़बारों की बिक्री में कमी आई

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, कोरोना वायरस और लॉकडाउन के चलते अख़बारों की बिक्री में कमी आई है.

    एक डिस्ट्रिब्यूटर ने कहा, “कई लोगों ने अख़बार लेना बंद कर दिया है और कुछ ही वेंडर हमारे पास आ रहे हैं. साथ ही पहले हम 70,000-80,000 अख़बार रोज़ाना लेते थे जो अब सिर्फ़ 15,000 ले रहे हैं.”

  3. अमरीका में एक दिन में कोरोना के 10,000 मामले

    कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अमरीका में एक दिन में 10000 बढ़ गए हैं. इसके साथ ही यहां कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 54,453 हो गई है.

    अमरीका में कोरोना वायरस की वजह से अब तक 737 लोगों की मौत हो चुकी है.

    न्यूयॉर्क के गवर्नर का कहना है कि शहर में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कड़े क़दम उठाए गए हैं जो कारगर साबित हो रहे हैं और बीते दिनों के आंकड़ों के मुताबिक़, कम से कम लोगों को अस्पताल में भर्ती कराने की ज़रूरत पड़ रही है. उन्होंने कहा कि हम सही दिशा में जा रहे हैं.

    अमरीका में कोरोना के सबसे अधिक मामले न्यूयॉर्क में ही हैं. न्यूयॉर्क में कोरोना से संक्रमित लगभग 30,800 मरीज़ हैं.

    ब्रिटेन में वायरस के संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या 463 हो गई है. देश में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 9500 के पार पहुंच गई है.

    वहीं, चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है. हालांकि चीन के दूसरे शहरों में बाहर से आने वालों लोगों में इसके मामले सामने आ रहे हैं.

  4. झारखंड के कई आदिवासी गांवों ने ख़ुद से किया लॉकडाउन

    झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी और अनगड़ा प्रखंडों के कई आदिवासी गांवों ने स्वतः लॉकडाउन कर लिया है. गांव की सीमा पर बोर्ड लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश को वर्जित करने की सूचना दी गई है.

    स्थानीय पत्रकार रवि प्रकाश ने बताया है कि आदिवासी इलाक़ों में पहले से ही बाहरी लोगों को बग़ैर ग्रामसभा की अनुमति के प्रवेश नहीं देने की परंपरा रही है. इसी उद्देश्य से राज्य के कई गांवों में पत्थलगड़ी की गई है. कई दूसरे गाँव बंदगांव भी कहे जाते हैं.

    झारखंड में अभी तक कोरोना से संक्रमित कोई भी मरीज़ नहीं मिला है. 100 से अधिक लोगों की जाँच करायी गई है. सभी रिपोर्ट निगेटिव मिले हैं. हालाँकि, यह सैंपल साइज़ काफ़ी छोटा बताया जा रहा है.

  5. कोरोना वायरस से मरने की कितनी आशंका है?

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, इराक़ से अपने सैनिकों को वापस बुला रहा फ़्रांस

    इराक़ से फ़्रांस अपने क़रीब 200 सैनिकों को वापस बुला रहा है. फ़्रांस ने यह क़दम इराक़ में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने के कारण उठाया. इराक़ में कोरोना वायरस से अब तक 27 लोगों की जान जा चुकी है.

    इराक़ के राष्ट्रपति ने कहा है कि कोरोना वायरस को लेकर जो मेडिकल सुविधा होनी चाहिए थी वो नहीं है. अपने बयान में फ़्रांस की सेना ने कहा है कि अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने तैनाती को लेकर समायोजन करने का फ़ैसला किया है. फ़्रांस का सैन्यदल बग़दाद में इराक़ी सैनिकों को ट्रेनिंग देने का काम करता था.

  7. कोरोना वायरस को लेकर चीन क्या आँकड़े छुपा रहा है?

    • पिछले साल नवंबर महीने में चीन में कोरोना वायरस का संक्रमण शुरू हुआ. चीन का कहना है कि तब से लेकर अब तक कोरोना वायरस के कारण उसके यहां 3,285 लोगों की मौत हुई. अब पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का संक्रमण फैल चुका है. यहां तक कि चीन में हुई मौतों से ज़्यादा इटली और स्पेन में मौतें हो चुकी हैं.
    • इटली में कोरोना के संक्रमण से अब तक 7,503 लोगों की जान जा चुकी है और स्पेन में 3,434. चीन में मौत के आँकड़े पर चौतरफ़ा सवाल उठ रहे हैं. कहा जा रहा है कि कोरोना से मौत और तबाही के आँकड़े चीनी प्रशासन की ओर से जो दिए जा रहे हैं, उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता.
    • बीबीसी न्यूज़ के चाइना संवाददाता रॉबिन ब्रैंट चीन के आँकड़ों पर कहते हैं, ''चीन की सरकार की तरफ़ से दिए जाने वाले डेटा पर दुनिया संदेह करती रही है. इस मामले में चीन का रिकॉर्ड बहुत ख़राब रहा है. ये डेटा अधूरे नहीं होते बल्कि जानबूझकर डिजाइन किए जाते हैं. यहां की कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार कई बार अपने लक्ष्य के हिसाब से काम करती है. अगर वो अपने टारगेट तक नहीं पहुँच पाती है तो सच को छुपाती है. नाकामियों को बताने से बचती है. ऐसे में आँकड़ों के मामले में चीन की सरकार की विश्वसनीयता संदिग्ध रही है. चीन जीडीपी डेटा को लेकर भी वास्तविक ग्रोथ बताने से बचता रहा है.''
    • ब्रैंट कहते हैं, ''चीन में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों और संक्रमण के मामलों के आँकड़े पर भी उसी तरह के संदेह हैं. इसे जारी करने में तीन हफ़्तों की देरी की गई और संक्रमण फैलने के बाद भी बताने में देरी हुई.
    • जो संख्या बताई गई उस पर आसानी से भरोसा नहीं किया जा सकता. संक्रमण फैलने के कुछ दिन बाद ही चीन के हूबे प्रांत में अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने कोरोना वायरस के संक्रमण के उन मामलों की गिनती नहीं की है जिनके स्पष्ट लक्षण सामने नहीं मिले हैं.
    • एक सवाल और उठ रहा है कि चीन के हूबे प्रांत के बाहर क्या वाक़ई कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई मामला नहीं था?
    • अमरीका का भी कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर चीन से सही सूचना नहीं दी गई. ट्रंप प्रशासन आरोप लगा रहा है कि चीन ने कोरोना वायरस को लेकर सूचनाओं को बाहर नहीं आने दिया. अमरीका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने कहा है कि कोरोना की महामारी से लड़ने के लिए चीन में पारदर्शिता और सही सूचना की ज़रूरत है. पॉम्पियो ने कहा कि चीन अब ख़ुद को अच्छा दिखाने के लिए मेडिकल सप्लाई भेजने का दिखावा कर रहा है.
  8. ब्रेकिंग न्यूज़, दुनिया भर में कोरोना वायरस से 20 हज़ार से ज़्यादा मौतें

    दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 20 हज़ार पार कर गई है. यह डेटा चांस होपकिंस यूनिवर्सिटी ने तैयार किया है. पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या चार लाख 51 हज़ार हो गई है.

    पिछले साल नवंबर महीने में चीन से शुरू हुआ कोरोना वायरस का संक्रमण दुनिया भर में फैल चुका है. संक्रमण फैलने के डर से दुनिया की एक तिहाई आबादी घरों में बंद है. दुनिया की दूसरा सबसे बड़ी आबादी वाला देश भारत में भी 21 दिनों की बंदी की घोषणा की गई है.

    दक्षिणी यूरोप कोरोना वायरस की चपेट में सबसे बुरी तरह से है. जिस चीन से कोराना वायरस की शुरुआत हुई, वहां हुई मौतों से इटली और स्पेन में ज़्यादा मौतें हो चुकी हैं और अब भी जारी हैं. इटली में पिछले 24 घंटे में 683 मौतें हुई हैं और स्पेन में 738.

    फ़्रांस में भी बुधवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से 231 लोगों की मौत हुई. इसके साथ ही फ़्रांस में अब तक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 1,331 हो गई है. यहां संक्रमण के कुल 25,233 मामले हैं. इनमें से 2,827 लोगों की हालत बहुत ही नाज़ुक है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, इटली में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में 683 लोगों की जान गई

    कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में इटली में 683 लोगों की जान गई है और 5,210 नए मामले सामने आए हैं. मंगलवार की तुलना में मरने वालों की यह संख्या कुछ कम है. मंगलवार को इटली में कोरोना वायरस के संक्रमण से 743 मौतें हुई थीं. इटली में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 7,503 पहुंच गई है.

    हर दिन की मौत और नए संक्रमण का आँकड़ा डेली प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इटली के हेड ऑफ सिविल प्रोटेक्शन एंजल बोर्रेली देते थे लेकिन बुधवार को उन्हें भी हल्का बुखार था इसलिए नहीं आए.

    इटली और स्पेन में कोरोना वायरस के संक्रमण से हुई मौतों की संख्या जोड़ दें तो यह 10 हज़ार 937 हो जाती है. पिछले 24 घंटे में स्पेन में भी 738 लोगों की मौत हुई है.

  10. कोरोना वायरस से 37 साल के ब्रिटिश डिप्लोमैट की मौत

    कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में आने से हंगरी में 37 साल के ब्रिटिश डिप्लोमैट की मौत हो गई है. स्टीवन डिक हंगरी में ब्रिटेन के उप-राजदूत थे. डिक अरबी बोलते थे और उन्होंने कुछ साल तक काबुल और रियाद में भी काम किया था.

    पिछले साल ही उनकी तैनाती हंगरी में हुई थी. ब्रिटेन के विदेश मंत्री डॉमिनिक राब ने कहा है, ''स्टीवन की मौत से मैं बहुत दुखी हूं. मेरी संवेदना उनके परिवार के साथ है.''

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, स्पेन में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में 738 मौतें

    कोरोना वायरस के संक्रमण से स्पेन में मरने वालों की संख्या चीन से ज़्यादा हो गई है. इटली के बाद कोरोना वायरस से सबसे ज़्यादा मौतें स्पेन में हुई हैं. पिछले 24 घंटों में स्पेन में 738 मौतें हुई हैं और इससे साथ ही स्पेन में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 3,434 हो गई है.

    स्पेन में बुधवार को अब तक एक दिन में सबसे ज़्यादा लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से मरे हैं. यहां अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल 47,610 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.

    चीन में कोरोना के संक्रमण से अब तक 3,285 मौतें हुई हैं और इटली में 6,820. कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत चीन से हुर्ई लेकिन मौत के मामले में चीन से दोनों देश आगे निकल चुके हैं. स्पेन के प्रधानमंत्री ने सांसदों से दो हफ़्तों के लिए इमर्जेंसी बढ़ाने के लिए कहा है.

    स्पेन में इमर्जेंसी 11 अप्रैल तक बढ़ाने की बात हो रही है. वैश्विक स्तर पर कोरोना से संक्रमण के कुल मामले चार लाख 40 हज़ार हो गए हैं और मौतों की संख्या 20 हज़ार पहुंच गई है. बुधवार को संयुक्त राष्ट्र ने कोरोना वायरस को लोगों की ज़िंदगी के लिए बड़ा ख़तरा बताया है.

  12. शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट को लिखी चिट्ठी

    शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों ने सुप्रीम कोर्ट को चिट्ठी लिखकर प्रदर्शन वाली जगह को जबरन ख़ाली करवाने की जांच की मांग की.

  13. प्रधानमंत्री मोदी ने की पुतिन से बात

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, रूस में भारत के दूतावास ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन से फ़ोन पर बात की. दोनों नेताओं ने कोरोना वायरस के कारण पैदा हुई हालात पर विचार साझा किए.

  14. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, केरल के एर्नाकुलम अस्पताल के डॉक्टरों का दावा, "जिस ब्रितानी नागरिक को कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ने के लिए एचआईवी एंटीरेट्रोवायरल दवाएं दी गई थीं, अब उसके टेस्ट नेगेटिव आए हैं."

  15. हरियाणा में इस महीने रिटायर नहीं होंगे डॉक्टर

    हरियाणा के चीफ़ सेक्रेटरी आनंद अरोड़ा ने कहा, "सरकारी डॉक्टर और आवश्यक सेवाओं से जुड़े अन्य कर्मचारी जो इस महीने रिटायर होने थे, उनका सेवाकाल बढ़ाने का फ़ैसला किया गया है. "

  16. दिल्ली में पुलिस ने पकड़ा महिला पर पान थूकने वाला शख़्स

    दिल्ली के विजय नगर में पुलिस ने 40 साल के शख़्स को एक महिला पर कथित तौर पर पान थूकने और उसे कोरोना वायरस कहने के लिए पकड़ा. डीसीपी नॉर्थ वेस्ट विजयंत आर्या ने कहा, इस शख़्स की स्कूटी भी ज़ब्त की गई है.

  17. महाराष्ट्र में दो मरीज़ ठीक हुए, मिली अस्पताल से छुट्टी

    महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि कोरोना वायरस से संक्रमित रहे दो लोगों के पूरी तरह से ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. महाराष्ट्र से मरीज़ों से ठीक होने की यह पहली ख़बर है.

  18. चुनाव आयोग ने दी पक्की स्याही के इस्तेमाल की इजाज़त

    कोरोना संक्रमण संदेह के चलते जिन लोगों को घर पर अलग-थलग रहने के लिए कहा जा रहा है, उन्हें चिह्नित करने के लिए चुनाव आयोग ने स्वास्थ्य सेवाओं को पक्की स्याही के इस्तेमाल की इजाज़त दी.

  19. भारत में कोरोना के मामले 600 पार

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 606 हो गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कोविड-19 संक्रमण से अब तक भारत में 10 लोगों की जान गई है.

  20. मुंबई में सब शांत

    मुंबई रोज़ होने वाले शोर के बिना एक अलग ही दुनिया जैसा लग रहा है. सड़कों पर शांति है, बस पक्षियों की आवाज़ें आ रही हैं. कभी-कभार कारों और बसों की आवाज़ आ जाती है. ये ज़रूरी सेवाओं से जुड़े लोगों और वस्तुओं को ला ले जा रही हैं.

    आज मुंबई में मराठी नववर्ष गुड़ी पड़वा है. छुट्टी का दिन होता है और लोग इसे धूमधाम से मनाते हैं. मगर आज गलियां शांत हैं. शहर की अधिकतर सड़कों पर पुलिस की गाड़ियां दौड़ रही हैं और लोगों से घर पर रहने के लिए कहा जा रहा है.