You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस चीन से आया, इसके सबूत नहीं: चीनी दूतावास

    भारत में चीनी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, "अमरीका, यूरोप, चीन, जापान और WHO के वैज्ञानिकों को कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर पक्का कुछ नहीं पता. भले ही चीन के वुहान में इसका पहला मामला पाया गया था, इसका कोई सबूत नहीं कि चीन इस वायरस का स्रोत है. चीन के लोग भी इसके शिकार हुए हैं."

  2. दिल्ली की एक बेहद व्यस्त रहने वाली सड़क की लॉकडाउन के चलते ऐसी है हालत

  3. हिमाचल प्रदेश में रिटायर्ड मेडिकल स्टाफ़ को बुलाया गया

    कोरोना संकट को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार ने सभी मेडिकल ऑफिसर, फैकल्टी और पैरामेडिकल स्टाफ की रिटायरमेंट को 30 जून, 2020 तक टाला. 31 दिसंबर 2017 से 29 फ़रवरी, 2020 तक रिटायर हुए स्टाफ़ को 1 अप्रैल से रिटायरमेंट वाले पद पर फिर से ड्यूटी पर बुलाया गया.

  4. ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल के लिए केंद्र से चाहिए 1500 करोड़

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए केंद्र सरकार से चाहा 1500 करोड़ रुपये का पैकेज.

  5. कोरोना से मध्य प्रदेश में बुधवार को एक महिला की मौत

    कोरोना संक्रमण से बुधवार को मध्य प्रदेश में पहली मौत हुई है. उज्जैन की रहने वाली 65 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

    पत्रकार शुरैह नियाज़ी के मुताबिक़, महिला को सांस लेने में तकलीफ़ थी और तीन दिन पहले उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफ़र किया गया था. संदिग्ध लगने पर सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात पॉज़िटिव आई.

  6. ओडिशा में स्वास्थ्यकर्मियों को चार महीने की अडवांस सैलरी

    कोरोना वायरस से लड़ रहे स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ़ को चार महीनों का वेतन अडवांस में देने का फ़ैसला किया है.

  7. स्वास्थ्यकर्मियों से बदसलूकी न करें: प्रधानमंत्री

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि अगर वे कहीं डॉक्टरों और नर्सों से दुर्व्यवहार होता देखें तो ऐसा करने वालों को समझाएं कि वे ग़लत हैं. मैंने गृह मंत्रालय और पुलिस महानिदेशकों से कहा है कि जो लोग डॉक्टरों, नर्सों और अन्य से इस संवेदनशील समय सहयोग नहीं कर रहे, उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाए."

  8. महाराष्ट्र में छह नए मामले

    महाराष्ट्र में आज कोरोना वायरस के छह नए मामले पाए गए हैं जिनमें से पांच केस मुंबई और एक ठाणे का है. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में कोरोना पॉज़िटिव मामलों की संख्या बढ़कर 122 हो गई है.

  9. प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस से संक्रमित

    प्रिंस चार्ल्स कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. क्लेरेंस हाउस ने कहा है कि 71 साल के प्रिंस ऑफ़ वेल्स में कुछ लक्षण दिख रहे हैं मगर उनकी सेहत ठीक है.

    एक प्रवक्ता ने बताया कि डचेस ऑफ़ कॉर्नवॉल कैमिला का भी टेस्ट किया गया है मगर वह संक्रमित नहीं हैं. क्लेरेंस हाउस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, प्रिंस चार्ल्स और केमिला स्कॉटलैंड में आइसोलेशन में रह रहे हैं.

    अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि प्रिंस चार्ल्स कैसे संक्रमित हुए.

  10. शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करेगी सरकार

    केन्द्र सरकार ने कैबिनेट की बैठक में ज़रूरी सामान की आपूर्ति के संबंध में चर्चा की. बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने पत्रकारों को बताया कि केन्द्र सरकार ने हर राज्य को लोगों की दिक्कतों का हल करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने को कहा है. गृह मंत्रालय भी ऐसा ही नंबर जारी करने जा रहा है. जिनको भी जरूरी सामान ना मिलने संबंधी जो भी दिक्कत आ रही हो, हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर शिकायत कर सकते हैं.

  11. कोरोना वायरस की वजह से कैसे प्रभावित हो रही हैं जेलें?

    हर रोज़ कोरोना वायरस के कारण होने वाली मौतों और संक्रमित मामलों की संख्या बढ़ती जा रही है.ऐसे में विभिन्न देशों की सरकारें आम नागरिकों के साथ-साथ जेलों में बंद क़ैदियों को लेकर भी चिंतित हैं.

    ब्रिटेन इंग्लैंड और वेल्स की जेलों में बंद कुछ क़ैदियों को रिहा करने पर विचार कर रहा है. बीते दिन क़रीब 3,500 जेल कर्मचारी छुट्टी पर थे. ये कर्मचारी सेहत से जुड़ी समस्याओं के चलते छुट्टी पर थे और इनमें से कुछ ने ख़ुद को आइसोलेट कर लिया था. यह संख्या कुल जेल कर्मचारियों की दस प्रतिशत है.

    इथोपिया अपने यहां क़रीब चार हज़ार कैदियों को रिहा करने पर विचार कर रहा है. ईरान ने पहले से ही 85 हज़ार कैदियों को अस्थायी तौर पर रिहा किया हुआ है और आगे दस हज़ार को और रिहा करने की योजना है.

  12. भारत में 21 दिन का लॉकडाउन, ग़रीब वर्ग का क्या?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की. इसका असर देश की पूरी आबादी पर पड़ेगा लेकिन सबसे अधिक असर उस वर्ग पर पड़ेगा जो दिहाड़ी पर काम करते हैं.

    भारत में लॉकडाउन का सबसे अधिक असर ग़रीब वर्ग, घरेलू काम में मदद करने वालों, रेहड़ी लगाने वालों और निर्माण कार्य में लगे लोगों पर पड़ेगा.

    यह भारत का वो तबक़ा है जो सबसे अधिक शारीरिक श्रम करता है लेकिन इसके बदले ना तो उन्हें कोई हेल्थ इंश्योरेंस मिलता है और ना कोई सुविधा.

    बहुत से राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश ने ऐसे लोगों के खाते में सीधे तौर पर सहायता के रूप में नकद डालने का वादा किया है. दिल्ली सरकार ने भी मदद का आश्वासन दिया है लेकिन सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बहुत से लोग ऐसे हैं जिनके पास खाता ही नहीं है. बहुत से ऐसे हैं जो प्रवासी हैं. ऐसे में सबसे अधिक फिक्र उन्हीं की है.

  13. पाकिस्तान में कोरोना के मामले हज़ार के पार

    पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या एक हज़ार को पार कर गई है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़, इससे संक्रमित कुल लोगों की संख्या इस समय 1036 है. वहीं, मरने वालों की संख्या 7 है.

    बुधवार को पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा, बलूचिस्तान और राजधानी इस्लामाबाद में 45 नए संक्रमित मामले पाए गए हैं. पाकिस्तान का सिंध प्रांत सबसे प्रभावित है, जहां संक्रमित लोगों की संख्या 410 है.

    कोरोना के कारण सिंध, पंजाब, बलूचिस्तान और गिलगित बाल्टिस्तान में एक-एक जबकि ख़ैबर पख़्तूनख़्वा में तीन लोगों की मौत हुई है. इसके अलावा देशभर में 16 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं.

  14. यूपी पुलिस का ‘सोशल डिस्टेंसिंग’ का तरीक़ा

    उत्तर प्रदेश पुलिस ने कोरोना वायरस का संक्रमण न फैले इसके मद्देनज़र मुज़फ़्फ़रनगर में दवाई की दुकानों पर लोगों को एक-एक मीटर दूर खड़ा किया.

  15. कोरोना: सोशल डिस्टेंसिंग क्या है और क्यों है ज़रूरी?

    सोशल डिस्टेंसिंग का मतलब होता है एक-दूसरे से दूर रहना ताकि संक्रमण के ख़तरे को कम किया जा सके. पढ़ें, क्या है सोशल डिस्टेंसिंग.

  16. इटली और स्पेन में कोरोना का क़हर

  17. घबराकर ख़रीदारी करने की ज़रूरत नहीं है: केजरीवाल

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप-राज्यपाल अनिल बैजल ने कोरोना वायरस के ख़तरे के मद्देनज़र बुधवार को एकसाथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस की.

    मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि डरने की कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद लोगों ने ज़रूरी चीज़ों के बाद दुकानों के बाहर लाइन लगानी शुरू कर दी थी.

    केजरीवाल ने कहा कि वो दोबारा लोगों से अपील करते हैं कि वो घबराहट में ख़रीदारी न करें, वो भरोसा दिलाते हैं कि ज़रूरी चीज़ों की कमी नहीं होगी.

    साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस कमिश्रनर ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, अगर किसी को कोई समस्या होती है तो वो 23469536 पर कॉल कर सकता है.

  18. भारत में तेज़ी से बढ़ रहे हैं कोरोना वायरस संक्रमण के मामले

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 512 पहुंच गए हैं. लेकिन भारत के कुछ राज्य ऐसे हैं जो सबसे अधिक प्रभावित हैं.

    भारत में पहले मामले की पुष्टि केरल में हुई थी. जनवरी महीने के अंत में वुहान यूनिवर्सिटी से लौटे एक छात्र को कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया था. हालांकि बाद में यह छात्र ठीक हो गया.

    लेकिन एक महीने के भीतर ही केरल में संक्रमण के सबसे अधिक मामले सामने आए हैं. केरल में 109 मामलों की पहचान की गई है. जबकि महाराष्ट्र में संक्रमण के 101 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है.

    भले ही भारत में संक्रमित मरीज़ों की संख्या दुनिया के कई देशों की तुलना में कम है लेकिन बीते सप्ताह इसमें तेज़ी से उछाल देखा गया.

    मार्च की शुरुआत में राजस्थान में 16 इतालवी नागरिक पॉज़ीटिव पाए गए थे. अब यहां इन मामलों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है. हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि राजस्थान सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक है.

    वहीं दिल्ली में 31 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.पंजाब में कुल 29 मामले सामने आए हैं. दक्षिण भारत की बात करें तो संक्रमण के कर्नाटक में 41 मामले, तेलंगाना में 35 मामले सामने आए हैं. वहीं भारत का सबसे अधिक जनसंख्या घनत्व वाला राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के मामलों में 35 की संख्या पर पहुंच चुका है.

  19. कैबिनेट की बैठक में ‘सोशल डिस्टेंसिंग’

    कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने के लिए कहा जा रहा है. केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी इसका पालन होते हुए दिखा है.

    बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सोशल डिस्टेंसिंग देखने को मिली.

  20. निजी सुरक्षा एजेंसियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने निजी सुरक्षा एजेंसियों के लिए सलाह जारी की है. जारी की गई इस सलाह में निजी सुरक्षा उद्योग के लिए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के लिए कहा गया है.

    इस एडवाइज़री में कहा गया है कि भारत मौजूदा समय में कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहा है. इसकी वजह से आर्थिक गतिशीलता भी प्रभावित हुई है.

    दुकानों, मॉल्स और दूसरे कई संस्थानों के बंद हो जाने से निजी सुरक्षा एजेंसियों पर भी इसका असर पड़ रहा है. ऐसे में निजी सुरक्षा एजेंसियों से कहा गया है कि वो मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं और अपने स्टाफ़ और दूसरे सदस्यों को छंटनी से बचाएं ताकि उनकी आजीविका पर असर ना पड़े.