ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटेन में सार्वजनिक स्थानों पर दो से ज़्यादा लोगों के साथ होने पर पाबंदी
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कई तरह की पाबंदियों की घोषणा की है. ब्रिटेन के लोगों को घरों में ही रहने के लिए कहा गया है. ज़रूरी सामानों की ख़रीदारी, मेडिकल ज़रूरतों और किसी अनिवार्य काम के लिए ही बाहर जाने की छूट दी गई है.
ग़ैर-ज़रूरी उत्पादों की दुकानों को बंद रखने के लिए कहा गया है. इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर दो से ज़्यादा लोग एक साथ नहीं रह सकते हैं. ब्रिटेन में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 335 पहुंच गई है.
अगर लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे तो पुलिस ऐसा करने पर मजबूर करेगी. प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने डाइनिंग स्ट्रीट से टेलिविज़न संबोधन में कहा कि जो पाबंदियों का पालन नहीं करेंगे उन पर जुर्माना लगेगा. प्रधानमंत्री ने लाइब्रेरी, खेल के मैदान, आउटडोर जिम और धार्मिक स्थलों को बंद रखने का आदेश दिया है.
पार्क कसरत के लिए खुले रहेंगे लेकिन समूह में लोग जमा नहीं हो सकेंगे. सरकार ने सोशल इवेंट्स पर भी पाबंदी लगा दी है. शादियां भी रोक दी गई हैं. बोरिस जॉनसन ने कहा कि तीन हफ़्ते बाद पाबंदियों की समीक्षा की जाएगी और हालात के हिसाब से फ़ैसला होगा.