You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. उत्तर प्रदेश विधान सभा सचिवालय 31 मार्च तक बंद

    उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए विधानसभा सचिवालय भवन को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है.

  2. 19 राज्यों में लागू किया गया पूर्ण लॉकडाउन

    स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया है कि 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने पूरी तरह लॉकडाउन करने के आदेश जारी कर दिए हैं. इसके साथ ही छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने कुछ इलाकों में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए हैं. तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने ख़ास तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई है.

  3. अरुणाचल में 31 तक लॉकडाउन

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अरुणाचल प्रदेश सरकार ने 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का आदेश दिया है.

  4. कर्नाटक: 31 मार्च तक मस्जिदों में नमाज़ पर पाबंदी

    प्रसार भारती की न्यूज़ सर्विस के मुताबिक़,कर्नाटक सरकार ने 31 मार्च तक मस्जिदों में नमाज़ पढ़े जाने पर पाबंदी लगा दी है ताकि कोरोना वायरस को फैलने से रोका जा सके.

  5. राजस्थान में नए आदेश जारी

    कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने राज्य में पांच या पांच से अधिक लोगों के एकसाथ इकट्ठा होने पर पाबंदी लगाने के आदेश दिए हैं.

  6. शेयर बाज़ार भारी गिरावट के साथ बंद

    सेंसेक्स 3,934.72 अंकों की गिरावट के साथ 25,981.24 पर बंद हुआ, निफ़्टी 1,135.20 अंकों की गिरावट के साथ 7,610.25 पर बंद हुआ.

  7. श्रम मंत्रालय ने लगाई वेतन काटने और छंटनी पर रोक

    कोरोना वायरस संकट के कारण श्रम एवं रोज़गार मंत्रालय ने सभी सरकारी और निजी संस्थानों को निर्देश जारी किया गया है कि वे न तो कर्मचारियों के वेतन में कटौती करें और न ही छंटनी करें.

  8. तमिलनाडु में मंगलवार से पाबंदियां

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई. पलनीसामी ने विधानसभा में घोषणा की- मंगलवार शाम छह बजे से 31 मार्च तक धारा 144 के तहत पाबंदियां लगाई जाएंगी. दूध, सब्ज़ियों और खाने-पीने के सामान की दुकानें खुली रहेंगी. राज्य की सीमाएं सील्ड रहेंगी. निजी कंपनियों को कर्मचारियों से वर्क फ्रॉम होम करवाने के लिए कहा गया.

  9. केरल में लोग जमा करने पर पादरी गिरफ़्तार

    कोरोना वायरस के कारण लोगों के जुटने पर लगाई गई पाबंदी के बावजूद धार्मिक आयोजन करने पर केरल के चलाकुडी में नित्य सहाय मठ चर्च के पादरी को गिरफ़्तार किया गया.

  10. लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

    वित्त विधेयक पारित करने के बाद लोकसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया.

  11. दिल्ली हाई कोर्ट बंद

    दिल्ली हाई कोर्ट ने कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए चार अप्रैल तक काम रोकने का फ़ैसला किया है. इस दौरान डिस्ट्रिक्ट कोर्ट भी बंद रहेंगे.

  12. एम्स का ओपीडी विभाग बंद किया गया

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली के एम्स अस्पताल के ओपीडी विभाग समेत स्पेशियलिटी सर्विसेज़ को बंद कर दिया गया है.

  13. ईरान ने अमरीका से कहा मदद करना चाहते हैं तो..

    ईरान के राष्ट्रपति हसन रुहानी ने अमरीकी नेताओं को झूठा कहा है. उन्होंने कहा है कि अगर आप वाक़ई मदद करना चाहते हैं तो अपने लगाए गए प्रतिबंधों को हटाएं.

    टेलीविज़न पर अपने एक संबोधन में उन्होंने कहा कि अमरीकी नेता झूठ बोल रहे हैं.

    उन्होंने कहा,“अगर वो सच में ईरान की मदद करना चाहते हैं तो उन्हें सिर्फ़ इतना करना है कि जो प्रतिबंध उन्होंने लगाए हैं वो उसे वापस ले लें. इसके बाद हम कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप से निपट लेंगे.”

    “आपने ईरान के तेल निर्यात को रोक दिया, आपने ईरान के बैंकिंग ट्रांजिक्शन को रोक दिया और अब आप मदद का प्रस्ताव दे रहे हैं. यह इतिहास का सबसे बड़ा झूठ है.”

    अयातुल्लाह अली ख़ामेनेई पहले ही अमरीकी मदद की पेशकश को ठुकरा चुके हैं.

    ईरान में अभी तक एक हज़ार 700 लोगों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो चुकी है जबकि संक्रमण के 21 सौ मामलों की पुष्टि हो चुकी है.

  14. पाकिस्तान की क्या स्थिति है, इलियास ख़ान बीबीसी न्यूज़, इस्लामाबाद

    पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अधिकारियों ने 15 दिनों के लिए लॉकडाउन की घोषणा की है ताकि कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके. पाकिस्तान में अभी तक 799 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं, जिनमें से 352 मामले सिंध प्रांत में हैं.

    कराची में संक्रमण के 130 मामले सामने आए हैं. कराची पाकिस्तान का सबसे बड़ा औद्योगिक शहर है और इसकी आबादी डेढ़ करोड़ है. हालिया टेस्ट रिजल्ट से पता चला है कि सिंध के ज़्यादातर मामले विदेश से आए लोगों में पाए गए हैं.

    इनमें से ज़्यादातर लोग ईरान से आए थे, इसके बाद उनसे उनके क़रीबियों में ये वायरस फैला. सभी पार्क, मुख्य बाज़ार, पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बंद करने का आदेश दिया गया है. मेडिकल और राशन की दुकानें खुली रहेंगी.

    पत्रकारों और अख़बार बाँटने वालों को इससे छूट दी गई है. मंगलवार से दो प्रमुख हवाई अड्डे कराची और सुक्कुर को भी बंद करने का आदेश दिया गया है. अंतरराष्ट्रीय उड़ाने पहले ही बंद कर दी गई हैं.

    सिंध प्रांत में लॉक डाउन का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब पीएम इमरान ख़ान अब भी राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन के पक्ष में नहीं हैं.

  15. ब्रिटेन में भी लगेगी सख़्त पाबंदी

    कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए ब्रिटेन में स्कूल बंद कर दिये गए हैं. पब भी बंद हैं. लोगों से कहा गया कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखें. लेकिन साप्ताहांत में कुछ जगहों का नज़ारा बेहद डरावना था.

    कुछ जगहों पर हज़ारों की संख्या में लोग पार्कों में पहुंचे, पर्यटन स्थल पर पहुंचे. ऐसे समय में जबकि कोरोना वायरस के संक्रमण से लगभग 15 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है, इस क़दम की काफ़ी आलोचना हो रही है.

    रविवार को अपने रोज़ाना के न्यूज़ कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि आने वाले समय में लोगों को और सख़्त प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.

    उन्होंने कहा,“मुझे नहीं लगता है कि आपको अपनी रचनात्मकता दिखाते हुए इसके बारे में सोचने की ज़रूरत है कि हम किस दिशा में जा रहे हैं लेकिन हम आने वाले चौबिस घंटों में इस बारे में कुछ ना कुछ सोच लेंगे.”

    जॉनसन ने कहा, हमें ज़रूरत है कि हम भी उन प्रतिबंधों पर ग़ौर करें जो हम अपने आस-पास के देशों में देख रहे हैं.

    दुनिया के कई देशों ने अपने यहां लॉकडाउन की घोषणा कर दी है.

  16. हिमाचल प्रदेश में अनिश्चितकालीन कर्फ़्यू

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अगले आदेश तक कर्फ़्यू लगा दिया है.

    स्थानीय पत्रकार अश्विनी शर्मा के मुताबिक जयराम ठाकुर ने राज्य विधानसभा में इसकी घोषणा की है, इसे राज्य प्रशासन तत्काल प्रभाव से लागू कर रहा है.

    अभी तक हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के दो मामले सामने आए हैं. ये दोनों मामले कांगड़ा ज़िले हैं. सिंगापुर से लौटने वाली 63 साल की महिला और दुबई से लौटने वाले 32 साल के एक युवक को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है.

  17. मेरठ का नौचंदी मेला टला, निरस्त भी हो सकता है

    कोरोना वायरस के संकट के चलते मेरठ का मशहूर नौचंदी मेला टाल दिया गया है. होली के एक हफ़्ते बाद लगने वाला यह मेला 22 मार्च से शुरू होने वाला था लेकिन फ़िलहाल इसे 12 अप्रैल तक टाल दिया गया है.

    मेरठ की मेयर और मेला समिति की अध्यक्ष सुनीता वर्मा ने बीबीसी को बताया, “जनता से बड़ा कुछ नहीं होता है. साढ़े तीन सौ साल के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि मेले की तारीख़ टली हो. लेकिन यदि स्थितियां आगे भी ऐसी रहीं तो इसे निरस्त भी किया जा सकता है. अधिकारियों और मेला समिति के तमाम सदस्यों के साथ इसका फ़ैसला किया गया है.”

    मेरठ का नौचंदी मेला उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण मेलों में से एक है. बताया जाता है कि साल 1672 में पशु मेले के तौर पर इसकी शुरुआत हुई थी. मेला सांप्रदायिक सौहार्द का भी प्रतीक है जहां नौचंदी देवी का मंदिर होने के अलावा पास में ही सूफ़ी संत बाले मियां की दरगाह भी है. मेयर सुनीता वर्मा ने बताया कि 1857 की क्रांति और आज़ादी के बाद हुए सांप्रदायिक दंगों के बाद भी यह मेला टला नहीं, बल्कि उसी रूप में लगता रहा. (क्रेडिट- समीरात्मज मिश्र)

  18. दिल्ली में 30 मामलों की पुष्टि

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया है कि दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से 30 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें 23 लोग विदेश से लौटे थे जबकि सात लोग इनके परिवार के सदस्य हैं. अरविंद केजरीवाल ने ये दावा किया है कि दिल्ली में हालात नियंत्रण में हैं, उन्होंने लोगों से लॉक डाउन के निर्देशों को पालन करने की अपील की है.

  19. भारत में अब तक 415 मामले

    इंडियन मेडिकल रिसर्च एसोसिएशन के मुताबिक 23 मार्च को दिन 10 बजे तक भारत में 415 मामलों की पुष्टि हुई है. बीते 24 घंटे में 19 नए मामलों का पता चला है. एसोशिएशन के मुताबिक अभी तक 17,493 लोगों का टेस्ट किया जा चुका है.

    कोरोना के संक्रमण के चलते अब तक भारत में सात लोगों की मौत हो चुकी है. इसके सबसे ज़्यादा मामले महाराष्ट्र में देखने को मिले हैं. महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राज्य में अब तक 89 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

    कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामालू ने बताया है कि उनके राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 27 लोगों की पुष्टि हुई है. श्रीरामालू के मुताबिक राज्य के प्रत्येक ज़िले में एक अस्पताल को कोरोना वायरस से पीड़ितों के लिए रखा गया है. इसके अलावा उन्होंने बताया है कि राज्य सरकार ने 1000 वेंटिलिटरों की ख़रीद का आदेश दिया है.

    गुजरात सरकार के मुताबिक उनके राज्य में कोरोना संक्रमण के अब तक 29 मामले मिले हैं.

    कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश के लिए 22 राज्यों के 75 ज़िलों में लॉक डाउन लागू किया गया है. इसके चलते देश के महानगरीय हिस्सों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है. लेकिन कई जगहों की सब्जी मंडियों में लोग बड़ी संख्या में ख़रीददारी करने भी पहुंच रहे हैं.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुबह सुबह ट्वीट किया है कि कई लोग अभी भी लॉक डाउन को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, इसके बाद भारत सरकार ने राज्य सरकारों को लॉक डाउन को सख़्ती से लागू करने का निर्देश दिया है, इसके उल्लंघन करने पर क़ानूनी कार्रवाई करने का आदेश भी दिया गया है.

    31 मार्च तक भारत में सभी यात्री ट्रेनों के परिचालन को बंद कर दिया गया है. इसके चलते भारत के रेलवे स्टेशनों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है.

  20. हज़ारों छात्रों के लौटने से घबराया ताइवान

    दुनिया के अलग-अलग हिस्से में रह रहे ताइवान के हज़ारों लोग जिसमें यूरोप में पढ़ाई कर रहे ताइवान के 70 हज़ार छात्र भी शामिल हैं, संभव है कि आने वाले दिनों में ताइवान लौटें.

    ऐसी उम्मीद की जा रही है कि ये लोग आने वाले कुछ दिनों में वापसी कर सकते हैं. वहीं कुछ के लौटने की भी ख़बर है. ऐसे में इस बात की आशंका और बढ़ गई है कि इन लोगों के आने से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ सकती है.

    जो लोग लौट रहे हैं उनमें से कुछ लोगों को पिछले हफ़्ते स्पेशल टैक्सी की कतारों में इंतज़ार करते देखा गया. हालांकि इनमें से कुछ लोग जहां सीधे घर के लिए गए वहीं कुछ लोग क्वेंरेंटाइन के लिए भी गए.

    रविवार तक ताइवान में 169 संक्रमित मामलों की पुष्टि की जा चुकी है वहीं दो लोगों की मौत भी हो गई है.

    हालांकि दुनिया के बहुत से मुल्कों की तुलना में ताइवान की स्थिति अब भी बेहतर है. यह बात इसलिए ज़्यादा ग़ौर करने वाली है क्योंकि ताइवान और चीन के बीच लोग बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं.

    स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि हमें जैसे ही किसी नए मामले के बारे में पता चल रहा है हम उसे तुरंत आइसोलेट कर दे रहे हैं. लेकिन हर रोज़ नए लोगों के आने से ख़तरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है.