You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. सरकार के राहत पैकेज पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया

    समाचार एजेंसी एनएनआई के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- ग़रीबों के लिए पेश किया गया सरकार का राहत पैकेज सही दिशा में उठाया गया पहला क़दम है.वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कोरोना लॉकडाउन के असर से ग़रीबों को राहत देने के लिए विशेष एलान किए हैं.

  2. कोरोना के ख़िलाफ़ महाभारत में भारत के 'पांडव'

  3. स्पेन में चार हज़ार से ज़्यादा हुई मरने वालों की संख्या

    स्पेन में पिछले 24 घटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के चलते 655 लोगों की मौत हो गई है. इसके साथ ही स्पेन में संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4089 हो गई है. इससे पहले बुधवार को स्पेन में 738 मौतें हुई थीं.

    स्पेन में कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 56,188 मामले आ चुके हैं. स्पेन की सरकार ने वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए आपातकाल को 12 अप्रैल तक आगे बढ़ाने का फैसला किया है.

  4. लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर सज़ा

    राजस्थान के प्रतापगढ़ में पुलिस ने कथित तौर पर कोरोना लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले युवकों को ऐसे दी सज़ा.

  5. लॉकडाउन में मदद के लिए बिहार सरकार ने दिए 100 करोड़

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लॉकडाउन में मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 100 करोड़ रूपये जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि बिहार के निवासी राज्य के अंदर या बाहर जहां भी फंसे हों वहीं उनकी मदद की जाएगी.

  6. कोरोना वायरस के 24 घंटों में 42 नए मामले

    स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 42 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही मरीजों की कुल संख्य 649 पर पहुंच गई है.

    उन्होंने कहा कि भारत में भले ही कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन जिस रफ़्तार से बढ़ रहे हैं वो स्थिर होती दिख रही है. हालांकि, यह शुरुआती रुझान है.

  7. भारत में इलाज का सामान बनाने में क्यों होती रही देरी?

  8. भारत से ले जाए जाएंगे 317 इसराइली

    भारत में इसराइल के राजदूत रॉन मलका ने कहा है,“हम 317 इसराइलियों को आज भारत से ले जा रहे हैं. एक अन्य उड़ान में कल 200 और इसराइलियों को निकाला जाना है. भारत सरकार ने हमारी बहुत मदद की है.मैं उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं.इसराइल ने कोरोनो वायरस से लड़ने के लिए कठोर कदम उठाए किए औ रवहां स्थिति नियंत्रण में है.”

  9. शेयर बाज़ार मज़बूती के साथ बंद

    सेंसेक्स 1410 अंक ऊपर चढ़कर 29,946.7 अंक पर बंद हुआ और निफ्टी 323 अंक चढ़कर 8641.45 अंक पर बंद हुआ. कुछ समय पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक पैकेज देने की घोषणा की है.

  10. कोरोना लॉकडाउन: 80 करोड़ ग़रीबों को तीन महीने तक मुफ़्त अनाज

  11. कोरोना के इलाज के लिए ओडिशा में बनेगा सबसे बड़ा अस्पताल

    ओडिशा कोरोना वायरस के मरीजों के लिए भारत का सबसे बड़ा अस्पताल बनाने जा रहा है. इसमें 1000 बेड की सुविधा होगी और ये 15 दिनों में चालू हो जाएगा. कोविड19 के इलाज के लिए इतने बड़े स्तर पर अस्पताल बनाने वाला ओडिशा पहला राज्य होगा.

  12. राजस्थान में कोरोना संक्रमण के मामले 40 हुए

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, राजस्थान के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के दो नए मामले पाए गए, राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 40 हुई.

  13. ‘उज्ज्वला योजना के तहत तीन महीनों तक मिलेंगे मुफ़्त सिलेंडर’

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 20 करोड़ ग़रीब महिलाओं के खातों में तीन महीने तक 500-500 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे, ये पैसा मातृत्व और महिला कल्याण को ध्यान में रखकर दिया जा रहा है.

    उन्होंने कहा कि ग़रीब परिवार की 8 करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत मोदी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया है और रसोई गैस के सिलेंडर की दिक्कत न हो इसलिए ऐसी 8 करोड़ से अधिक महिलाओं को अगले तीन महीने तक मुफ़्त में एलपीजी सिलेंडर दिए जाते रहेंगे.

  14. 'किसानों के खाते में 2000 रुपये की किश्त हर महीने’

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस पैकेज में किसानों के लिए भी घोषणा की. उन्होंने कहा कि देश के 130 करोड़ लोगों का पेट भरने के लिए अन्नदाता सालभर भरपूर कोशिश करते हैं.

    उन्होंने कहा, “किसानों के खाते में 2000 रुपये की किश्त हर महीने डाली जाएगी. 8.70 लाख किसानों के खाते में अप्रैल के पहले हफ़्ते में ये किश्त ट्रांसफर कर दी जाएगी.”

    “ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के माध्यम से जो लोग अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं उनके लिए मज़दूरी 182 रुपये से बढ़ाकर 202 रुपये कर दी गई है. इससे उनकी आय में क़रीब 2000 रुपये की वृद्धि होगी.”

    “मनरेगा की तरह ही वृद्धों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए अतिरिक्त 1000 रुपये पेंशन के तौर पर दिए जाएंगे. दो अलग-अलग किश्तों में ये पैसा दिया जाएगा. यह पैसा सीधे उनके बैंक खातों में जाएगा ताकि किसी भी तरह से कोई उनका हक न मार सके.”

  15. ‘पांच किलो गेहूं के लिए तीन महीने तक नहीं देना होगा पैसा’

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि आर्थिक पैकेज का नाम प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण पैकेज है जो एक लाख 70 हज़ार करोड़ रुपये का होगा, इसमें खाद्य सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है.

    उन्होंने कहा, “कोई ग़रीब खाने की समस्या से न जूझे इसलिए इस पैकेज के माध्यम से पांच किलो गेहूं या चावल क़रीब 80 करोड़ लाभार्थियों को अगले तीन महीने तक दिया जाएगा. इसके लिए उन्हें कोई पैसा नहीं देना होगा.”

    उन्होंने कह कि एक किलो दाल का प्रावधान भी किया गया है, क्षेत्र के अनुसार जो दाल जिसे खानी है वो दी जाएगी, तीन महीने तक यह भी मुफ़्त में मिलेगी.

  16. कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ फ़्रंटलाइन में खड़े लोगों को इंश्योरेंस

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि देश के मज़दूरों और ग़रीबों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार लगातार प्रयास कर रही है, प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण पैकेज के तहत गरीबों और मज़दूरों की मदद की जा रही है.

    उन्होंने कहा कि अपनी जान पर खेलकर जो लोग कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने में लगे हैं इसमें डॉक्टर, नर्स, सफाई कर्मचारी, पैरामेडिकल स्टाफ़ को लेकर बड़ा फ़ैसला लिया गया है, इनके लिए सरकार 50 लाख रुपये के मेडिकल इंश्योरेंस कवर की योजना लाई है, इससे क़रीब 20 लाख कर्मचारियों को फायदा पहुंचेगा.

  17. 1.7 लाख करोड़ का पैकेज: निर्मला सीतारमण

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि प्रवासी मज़दूरों और शहरी-ग्रामीण ग़रीबों की तुरंत आवश्यकता के लिए पैकेज तैयार है, कोई भी भूखा नहीं रहेगा, पैकेज 1.70 लाख करोड़ रुपये का है.

  18. लॉकडाउन में आर्थिक हालात को लेकर वित्त मंत्री की प्रेस कॉन्फ़्रेंस

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा है कि लॉकडाउन की वजह से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुए ग़रीब तबके और मज़दूरों के लिए सरकार पैकेज लाई है.

    उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन की घोषणा 24-25 मार्च की रात में की थी. सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है कि जिन लोगों पर इसका सीधा असर पड़ने वाला है जैसे महिलाएं, दैनिक मज़दूरी करने वाले लोग... हालांकि अभी सिर्फ़ 36 घंटे हुए हैं.

    उन्होंने कहा, “हम ऐसा पैकेज लाए हैं जो आप्रवासी मज़दूरों और ग़रीबों की मदद के लिए है. प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण योजना के तहत ग़रीबों की मदद की जाएगी.”

  19. कोरोना वायरस: पीवी सिंधु ने आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की

    बैडमिंटन की विश्व चैंपियन भारतीय खिलाड़ी पीवी सिंधु ने कोरोना वायरस से लड़ने के लिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों राज्यों को पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है.

  20. कोरोना वायरस से मरने वाली 21 साल की लड़की को नहीं थी कोई और बीमारी

    ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 21 साल की एक लड़की की मौत हो गई. इंग्लैंड के बकिंघमशर की रहने वाली क्लॉय मिडल्टन की मौत बीते सप्ताह हुई थी.

    परिवार का कहना है कि वो किसी भी तरह से गंभीर स्थिति में नहीं थी. क्लॉय को किसी तरह की गंभीर बीमारी या ऐसी कोई स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या नहीं थी.

    उनके परिवार ने लोगों से अपील की है वो अपना ख़याल रखें और सरकार की ओर से जो नियम लागू किए जा रहे हैं उनका पालन करें.

    अब तक वायरस से मरने वालों में अधिकतर वो लोग रहे हैं जो पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां झेल रहे थे.