You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
महाराष्ट्र: राज्यपाल कोश्यारी ने विधान परिषद चुनाव के लिए चुनाव आयोग को लिखा पत्र लिखा
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने निर्वाचन आयोग से विधान परिषद की नौ ख़ाली सीटों पर जल्द-से-जल्द चुनाव करवाने का आग्रह किया है.
उन्होंने ये अनुरोध राज्य मंत्रिमंडल की इस अनुशंसा के बाद आया है जिसमें राज्यपाल से आग्रह किया गया है कि वो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को विधान परिषद के लिए नियुक्त करने के लिए उनका नाम बढ़ाएँ.
महाराष्ट्र में विधायिका के ऊपरी सदन की ये नौ सीटें 24 अप्रैल से खाली हैं.
राज्यपाल कोश्यारी ने चुनाव आयोग को भेजे अपने पत्र में लिखा है कि केंद्र ने लॉकडाउन में कई तरह की ढील देने की घोषणा की है.
उन्होंने पत्र में लिखा, "ऐसी स्थिति में निश्चित दिशानिर्देशों के तहत इन चुनावों को करवाया जा सकता है."
पत्र में ये भी लिखा गया है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं और उनको 27 मई से पहले विधान परिषद का सदस्य बनाया जाना ज़रूरी है.
चुनाव आयोग ने कोरोना महामारी के कारण इन नौ सीटों पर चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी थी.
आम परिस्थितियों में सामान्य लगने वाले ये चुनाव मुख्यमंत्री उद्धव की वजह से दिलचस्प हो गए हैं.
उद्धव को छोड़ना पड़ सकता है मुख्यमंत्री पद
उद्धव ठाकरे ने नाटकीय परिस्थितियों में चुनाव से पहले की सहयोगी बीजेपी से समझौता तोड़ कांग्रेस और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के सहयोग से सरकार बना ली और 28 नवंबर 2019 को मुख्यमंत्री की शपथ ली.
तब वो विधायक नहीं थे. अब नियमों के अनुसार उन्हें छह महीने के भीतर विधायिका का सदस्य बनना पड़ेगा.
ऐसा नहीं होने पर उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ सकता है.
राज्य मंत्रिमंडल ने 9 अप्रैल को राज्यपाल की ओर से विधान परिषद में मनोनीत किए जाने वाले सदस्यों की सूची में मुख्यमंत्री के नाम की भी सिफ़ारिश की थी.
लेकिन राज्यपाल की ओर से इस पर कोई कार्रवाई ना होती देख इस मामले में राजनीति होने की बातें उठने लगीं.
इसी बीच बुधवार को ख़बर आई कि उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ़ोन कर उनसे इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया.
इसके एक दिन बाद ही राज्यपाल ने चुनाव आयोग को पत्र भेज जल्द-से-जल्द चुनाव करवाने का अनुरोध किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)