You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्री बनाकर बीजेपी ने क्या संदेश दिया, बलात्कारियों की रिहाई पर क्या था उनका बयान
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े को एक महीने से अधिक समय तक दिल्ली के जंतर मंतर पर चले जेन ज़ी आंदोलन की बड़ी सफलता के रूप में देखा गया.
लेकिन दूसरे ही दिन मोदी सरकार ने शिक्षा मंत्रालय की ज़िम्मेदारी प्रल्हाद जोशी को दे दी. प्रल्हाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान दोनों ही आरएसएस के स्वयंसेवक रहे हैं. हालांकि बीजेपी नेताओं की ये पहचान बहुत आम है.
प्रल्हाद जोशी के शिक्षा मंत्री बनते ही उनसे जुड़े कुछ विवाद सामने आने लगे.
मंगलवार को संसद के बाहर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रल्हाद जोशी ने गर्भवती महिला के बलात्कारियों की रिहाई का समर्थन किया था. राहुल गांधी से पहले यही बयान प्रियंका गांधी ने लोकसभा में दिया था. इस बयान को संसद की कार्यवाही से हटा दिया गया था.
प्रियंका गांधी की इस टिप्पणी पर बीजेपी नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई. इसका जवाब प्रल्हाद जोशी ने भी लोकसभा में दिया. जोशी ने कहा, ''प्रियंका ने जो कहा है, उसे साबित करना चाहिए. वह ग़लत सूचना दे रही हैं और इसके लिए उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई करनी चाहिए. कुछ भी बोल सकती हैं क्या? मैं इसका खंडन करता हूँ.''
बिलकिस बानो मामले में प्रल्हाद जोशी ने क्या कहा था?
2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो से गैंग रेप और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या के मामले में उम्र क़ैद की सज़ा काट रहे 11 दोषियों की समय से पहले रिहाई कर दी गई थी. इस रिहाई पर गुजरात की बीजेपी सरकार ने मुहर लगाई थी. जब इसे लेकर चौतरफ़ा सवाल उठ रहे थे, तब प्रल्हाद जोशी ने इसका बचाव किया था.
तब प्रल्हाद जोशी केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री थे. 2022 में 18 अक्तूबर को प्रह्लाद जोशी ने एनडीटीवी के तत्कालीन सीनियर जर्नलिस्ट श्रीनिवासन जैन से कहा था, "जब सरकार और संबंधित लोगों ने यह फ़ैसला किया है, तो मुझे इसमें कुछ भी ग़लत नहीं लगता क्योंकि यह क़ानून के तहत होने वाली प्रक्रिया है."
उन्होंने कहा था कि जो दोषी काफ़ी समय जेल में बिता चुके हैं, उनके लिए समय से पहले रिहाई का प्रावधान है.
उन्होंने कहा था, "क़ानून के अनुसार ही यह किया गया है." उस समय प्रल्हाद जोशी गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहे थे.
गुजरात सरकार के फ़ैसले का बचाव करते हुए प्रल्हाद जोशी ने कहा था, "अच्छे आचरण के आधार पर क़ैदियों को रिहा करने का अधिकार राज्य सरकार के पास है. मेरा मानना है कि इस मामले को जानबूझकर ग़लत तरीके से पेश किया जा रहा है. हालांकि, किसी भी अपराधी को उसके अपराध की सज़ा मिलनी ही चाहिए."
एनडीटीवी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा था, ''गुजरात सरकार की ओर से दायर 470 पन्नों के हलफ़नामे से पता चलता है कि दोषियों की रिहाई को मंज़ूरी देते समय केंद्र सरकार ने कई गंभीर आपत्तियों को नज़रअंदाज किया था. गुजरात सरकार ने 28 जून (2022) को केंद्र से मंज़ूरी मांगी थी. इसके बाद 11 जुलाई को केंद्र की ओर से महज़ एक पन्ने की मंज़ूरी दे दी गई, जिसमें कोई कारण भी दर्ज नहीं किया गया था.''
अब बीजेपी का क्या कहना है?
बीजेपी ने मंगलवार को प्रियंका गांधी की टिप्पणी को निंदनीय और भ्रामक बताया. बीजेपी की ओर से पार्टी के मीडिया सेल के संयोजक और लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने एक बयान जारी किया.
बलूनी ने कहा, ''एक स्वस्थ लोकतंत्र में सदन के भीतर किसी केंद्रीय मंत्री के ख़िलाफ़ इस तरह की भ्रामक और आधारहीन टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं. प्रल्हाद जोशी ने बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर ऐसा कोई बयान दिया ही नहीं था. उन्होंने केवल क़ानूनी प्रक्रिया पर टिप्पणी की थी, मामले के गुण-दोष पर नहीं."
उन्होंने कहा, "ऐसे बयान देने से पहले राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को तथ्यों को ठीक से पढ़ना और समझना चाहिए था. लेकिन राजनीतिक सुविधा के लिए बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश करना, देश को गुमराह करना और निराधार आरोप लगाना कांग्रेस पार्टी की आदत बन चुकी है."
वहीं कांग्रेस के लोग सोशल मीडिया पर प्रल्हाद जोशी की टिप्पणी का वीडियो शेयर कर रहे हैं.
प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्री बनाने का संदेश क्या है?
शिक्षा मंत्रालय की ज़िम्मेदारी प्रल्हाद जोशी को देने को इस रूप में भी देखा जा रहा है कि मोदी सरकार की शिक्षा नीति पर जो बुनियादी सोच है, उसमें कोई बदलाव नहीं करने जा रही है.
इतिहासकार मुकुल केसवन ने बीबीसी हिन्दी से कहा, ''जब प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय दिया गया तो कई लोगों ने सवाल पूछा कि क्या यही कॉकरोच जनता पार्टी की जीत है? एक संघी के बदले दूसरे संघी को शिक्षा मंत्री बना दिया गया.''
मुकुल केसवन कहते हैं, ''यह आलोचना और तर्क अपने आप में सही है लेकिन मैं इस रूप में नहीं देखता हूँ. यह कोई पहचान की लड़ाई नहीं थी. बीजेपी में ऐसा कौन व्यक्ति है जो संघी नहीं है? कॉकरोच जनता पार्टी की यह प्रतीकात्मक जीत है और मज़बूत सरकार के ख़िलाफ़ ऐसी जीत भी मायने रखती है. बीजेपी ने प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्री बनाकर यह संदेश दिया है कि उसकी नीति नहीं बदलने जा रही है. चेहरा भले अभी दबाव में बदल दिया है.''
मुकुल केसवन कहते हैं, ''युवाओं को पता था कि वह लड़ाई किस हद तक ले जा सकते हैं और कहाँ तक सरकार को झुका सकते हैं. उन्होंने इसीलिए मांग भी ऐसी रखी थी, जिसे मानना सरकार के लिए बहुत मुश्किल नहीं था. यह एक कैलकुलेटेड लड़ाई थी, इसलिए इसके नतीजे को भी इसी आईने में देखना चाहिए.''
'नरेंद्र मोदी: द मैन, द टाइम्स' के लेखक नीलांजन मुखोपाध्याय कहते हैं कि प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्री बनाकर सरकार ने ये भी संदेश दिया है कि युवाओं की मांग को लेकर अभी वह गंभीर नहीं है.
मुखोपाध्याय कहते हैं, ''धर्मेंद्र प्रधान की जगह मोदी ने शिक्षा मंत्रालय की जिसे ज़िम्मेदारी दी है, वो उनकी गंभीरता को नहीं दिखाता है. जिस व्यक्ति को शिक्षा सचिव बनाया गया है, वो भी इनकी गंभीरता को नहीं दिखाता है. इन दोनों पर कई तरह के आरोप हैं.''
कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन में शामिल रहे और राजनीतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव ने भी बीबीसी हिन्दी के असिस्टेंट एडिटर पंकज प्रियदर्शी से बातचीत में कहा था कि जो लोग धर्मेंद्र प्रधान के जाने से इस बात की उम्मीद कर रहे थे कि शिक्षा में नीतिगत परिवर्तन आएगा, उसका जवाब बीजेपी ने प्रल्हाद जोशी से दे दिया है.
गुजरात यूनिवर्सिटी में सामाजिक विज्ञान के प्रोफ़ेसर रहे गौरांग जानी कहते हैं कि बीजेपी के लिए शिक्षा मंत्रालय बहुत अहम है क्योंकि युवाओं को यहीं से नियंत्रित किया जा सकता है.
प्रोफ़ेसर गौरांग जानी कहते हैं, ''शिक्षा एक ऐसा क्षेत्र है, जहाँ से आप यूथ को कंट्रोल कर सकते हैं. नीति और सिलेबस को लेकर इसलिए विवाद भी होते रहते हैं. इनकी न्यू एजुकेशन पॉलिसी में पारंपरिक ज्ञान पर ज़ोर है और पारंपरिक ज्ञान इनका हिन्दू धर्म के मिथकों तक सीमित है.''
''इन्होंने मातृभाषा को बढ़ावा देने की बात कही है लेकिन भारतीय भाषाओं में न किताबें हैं, न रिसर्च. ये आधुनिक मूल्यों को ख़ारिज करते हैं, इनका मानना है कि ये पश्चिम की संस्कृति है लेकिन टेक्नोलॉजी के ज़माने में इनकी बातें जड़ें नहीं जमा सकती हैं.''
प्रोफ़ेसर गौरांग जानी कहते हैं, ''जब हर काम पीएमओ से हो रहा है, ऐसे में शिक्षा मंत्री कोई भी हो, बहुत फ़र्क़ नहीं पड़ता है.''
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.