You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: भारत में 27 लोगों की मौत, 1,000 से ज़्यादा पॉज़िटिव मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, भारत में कोरोना वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या 27 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. सोमवार सुबह छह बजे से दिल्ली बंदः केजरीवाल

    कोरोना वायरस के ख़तरे के मद्देनज़र दिल्ली में सोमवार सुबह छह बजे से लॉकडाउन कर दिया जाएगा.

    मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लेफ्टिनेंट गवर्नर अनिल बैजल के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की.

    मुख्यमंत्री ने बताया कि ये लॉकडाउन 31 मार्च को रात 12 बजे तक लागू रहेगा. इस लॉकडाउन के दौरान दिल्ली सार्वजनिक परिवहन सेवा बंद रहेगी, बॉर्डर सील कर दिया जाएगा.

    मुख्यमंत्री ने साथ ही ये भी कहा कि स्वास्थ्य, खाना, पानी और बिजली की आपूर्ति जारी रहेगी.

    उन्होंने कहा, "डेयरी शॉप, किराना दुकान, केमिस्ट शॉप, पेट्रोल पंप खुले रहेंगे और अनिवार्य सेवाओं से जुड़े लोगों को अपने गंतव्य तक जाने की छूट रहेगी."

    "हम जानते हैं कि लोगों को इससे तकलीफ़ होगी लेकिन कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन एक ज़रूरी फ़ैसला था."

    उन्होंने बताया कि दिल्ली में कोरोना संक्रमण के जो छह मामले सामने आए हैं, उनका संक्रमण यहीं पर हुआ था.

  2. जनता कर्फ़्यू: पीएम मोदी ने कहा- ये लंबी लड़ाई की शुरुआत है

    जनता कर्फ़्यू को सफल बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को धन्यवाद दिया है.कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों, मज़दूरों और पत्रकारों का शुक्रिया अदा करने के लिए देशभर में आम लोग और नेता भी घर की छत और बालकनी पर नज़र आए.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके लोगों को धन्यवाद दिया.

    पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ये एक लंबी लड़ाई की शुरुआत है. सभी को लंबी लड़ाई के लिए इसी संयम के साथ तैयार रहना चाहिए और ख़ुद को सोशल डिस्टेंसिंग में बांध लें.

  3. मोदी की अपील पर तालियां और बर्तन बजाकर लोगों ने कहा शुक्रिया

    प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर तालियां और बर्तन बजाकर स्वास्थ्यकर्मियों, मज़दूरों और पत्रकारों का शुक्रिया अदा कर रहे हैं लोग. गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम से लाइव जानकारी.

  4. उत्तर प्रदेश के 15 ज़िलों में लॉकडाउन

    योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के 15 ज़िलों में लॉकडाउन का फ़ैसला किया है.

    ये लॉक डाउन 25 मार्च तक जारी रहेगा.

    यूपी के ये 15 ज़िले हैं- लखनऊ, बनारस, गोरखपुर, कानपुर, मेरठ, बरेली, आगरा, प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, सहारनपुर, लखीमपुर, आजमगढ़ और मुरादाबाद.

  5. गुजरात में कोरोना वायरस से पहली मौत

    कोरोना वायरस संक्रमण से गुजरात में पहली मौत की ख़बर रविवार को सूरत शहर से आई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि 67 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना वायरस से संक्रमित थे.

    दिल्ली और जयपुर की यात्रा कर चुके इस बुजुर्ग को किडनी और अस्थमा से जुड़ी शिकायतों के बाद 17 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    21 मार्च को उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी. वे कभी विदेश यात्रा पर नहीं गए थे.

    सूरत के ज़िलाधिकारी धवल कुमार पटेल ने बताया कि उनकी मौत रविवार दोपहर दो बजकर 50 मिनट पर हुई.

    गुजरात में कोरोना वायरस संक्रमण के 18 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें चार मामले रविवार के हैं.

    गुरुवार को पहले दो मामलों की पुष्टि हुई थी.

  6. लातूर में शादी कराने पर छह लोगों के ख़िलाफ़ केस

    महाराष्ट्र के लातूर में एक शादी समारोह कराने के लिए आपदा प्रबंधन क़ानून के तहत छह लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया है. रविवार को पुलिस ने ये जानकारी दी.

    पुलिस का कहना है कि कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से सोशल डिस्टेंसिंग के नियम लागू हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ शनिवार को लातूर नगर निगम के सिग्नल कैंप इलाके में ये शादी हुई.

    शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया गया है, उनमें चार वर-वधू पक्ष के हैं और उनके अलावा पंडित और विवाह भवन के मालिक हैं.

    नगर निगम के एक अधिकारी ने ये केस दर्ज कराया था.

  7. क्या पटना में हुई मौत कोरोना संक्रमण से हुई?

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि पटना में हुई मौत कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं की जा सकती है.

    उन्होंने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं."

  8. कोरोना वायरस संक्रमण का फेफड़ों पर असर

    कोरोना वायरस का सबसे अधिक प्रभाव फेफड़ों पर देखा गया है.

    सूखी खांसी जैसे लक्षण शुरुआत में दिखाई देते हैं जिसके बाद तेज़ बुखार आने लगता है और फिर मरीज़ को साँस लेने में तकलीफ़ होने लगती है.

    देखा गया है कि कोरोना से संक्रमित मरीज़ को कफ़ बहुत ज़्यादा आता है.

    आपबीती बताने वाले कुछ मरीज़ों ने बताया है कि उन्हें एक घंटे में कई बार कफ़ थूकना पड़ता था.

  9. जनता कर्फ़्यूः देश के 75 ज़िलों में जारी रहेगा लॉकडाउन

    केंद्र और राज्य सरकारों ने देश के उन 75 ज़िलों को पूरी तरह लॉकडाउन करने का फैसला लिया है जहां कोरोना वायरस संक्रमण के मरीज मिले हैं.

    रविवार को प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव और कैबिनेट सचिव के साथ सभी राज्यों के मुख्य सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया.

    बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी है कि वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अंतरराज्यीय बस सेवाओं को 31 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया जाए.

    कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए यह फ़ैसला लिया गया है कि अनावश्यक यात्री परिवहन को तुरंत रोकना बेहद ज़रूरी है. मालगाड़ी के अलावा सभी ट्रेन सेवाएं भी 31 मार्च तक के लिए बंद करने का फ़ैसला लिया गया है.

    सभी जगहों पर मेट्रो सेवाएं भी 31 मार्च तक पूरी तरह स्थगित रहेंगी. हालांकि यह भी कहा गया है कि जिन 75 ज़िलों में लॉकडाउन होगा वहां रोज़मर्रा की ज़रूरत वाली अनिवार्य सेवाएं चालू रहेंगी.

  10. भारत में रेल और बस सेवाएं 31 मार्च तक के लिए स्थगित

    कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की कोशिशों के तहत गृह मंत्रालय ने कहा है कि देश भर में चलने वाली इंटर-स्टेट बस सेवाएं 31 मार्च तक स्थगित रहेंगी.

    इसके अलावा भारतीय रेलवे ने भी कहा है कि 22 मार्च की आधी रात से 31 मार्च की आधी रात तक केवल मालगाड़ियां ही चलेंगी. यानी सभी यात्री रेलगाड़ियां स्थगित रहेंगी.

  11. कोरोना वायरस: ग्लोबल राउंडअप, पढ़ें अन्य देशों में क्या चल रहा है

    स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सेंचेज़ ने कहा है कि ‘और बुरा समय आना अभी बाकी है.’ मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे बहुत दुख के साथ ये कहना पड़ रहा है कि आने वाले दिनों में हमारे यहाँ मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है.” स्पेन में अब तक क़रीब 25 हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं और 1326 लोगों की मौत हो चुकी है.

    बीते 24 घंटे में फ़्रांस के 112 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है. फ़्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार उनके यहाँ कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 562 हो गई है.

    ब्रिटेन के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यूके में अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 5000 से अधिक मामलों की पुष्टि हो चुकी है. विभाग के अनुसार क़रीब 73 हज़ार लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट किया जा चुका है.

    अपनी हालिया प्रेस वार्ता में अमरीकी राष्ट्रपति ने भी कई अहम मुद्दों पर बात की. उन्होंने सभी अमरीकी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे घरों में ही रहें और नियमों का पालन करें.

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे जल्द ही टोक्यो ओलंपिक रद्द होने की घोषणा कर सकते हैं.

    उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सुप्रीम लीडर किम जोंग-उन को एक पत्र लिखकर मदद की पेशकश की है. उत्तर कोरियाई न्यूज़ एजेंसी केसीएनए ने किम जोंग-उन की छोटी बहन किम यो-जोंग के हवाले से लिखा है, “दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाने के लिए अमरीकी राष्ट्रपति ने इस महामारी से लड़ने में हमारी मदद करने की बात कही है.” हालांकि समाचार एजेंसी ने ये नहीं बताया है कि किम जोंग-उन को राष्ट्रपति ट्रंप का यह पत्र कब प्राप्त हुआ.

    अफ़्रीकी देश नाइजीरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 नए मामले सामने आये हैं. इसके साथ ही नाइजीरिया में अब कोविड-19 के 22 मामले हो गए हैं. इसे देखते हुए सरकार ने सोमवार से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करने का फ़ैसला किया है.

    दक्षिण अमरीकी देश बोलीविया ने अपने सभी नागरिकों को आदेश दिया है कि वे दो हफ़्ते तक घर से ना निकलें. सरकार ने कहा है कि लोग इस आदेश का पालन करें क्योंकि इसी में सबका भला है. कोलंबिया और अर्जेनटीना ने भी इसी तरह के प्रतिबंध लगाए हैं.

  12. लखनऊ में पसरा सन्नाटा

    लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक उत्तर प्रदेश में मेट्रो रेल, रोडवेज बसें और सिटी ट्रांसपोर्ट सेवाएं पूरी तरह बंद हैं.

    पेट्रोल पंप भी सुबह 7 से रात 9 बजे तक बंद रहेंगे. हालांकि, इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोगों को फ्यूल भराने की छूट रहेगी. राजधानी लखनऊ के हजरतगंज और गोमती नगर में सभी दुकानें बंद हैं.पुलिस जगह-जगह लोगों को कोरोना से जुड़े ज़रूरीनिर्देश दे रही है. वाराणसी, मेरठ और आगरा में भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा है.

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं और वहीं से अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं. शाम 5 बजे गोरखधाम मंदिर से घंटी बजाकर वो ज़रूरी सेवाओं में लगे लोगों की हौसलाअफ़जाई करेंगे. योगी ने कहा है कि प्रदेश में कोरोना वायरस के 27 केस सामने आए हैं जिनमें से 11 ठीक हो चुके हैं.

    लखनऊ के हजरतगंज की सभी दुकानें बंद है. ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के अलावा सड़क पर इक्का-दुक्का लोग ही दिख रहे हैं. शहर के तमाम महत्वपूर्ण रास्ते ख़ाली हैं और वहाँ सन्नाटा पसरा है.

    गोमतीनगर में सभी दुकानें बंद हैं. लोहिया चौराहे पर भी सन्नाटा है. राजधानी के 57 प्रमुख चौराहों पर पुलिसबल तैनात है. पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय ने सुबह ही कई जगह पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया. ( क्रेडिट- समीरात्मज मिश्र)

  13. सभी पैसेंजर ट्रेन कैंसिल

    भारत सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण पर अंकुश के लिए भारतीय रेल की सभी पैसेंजर ट्रेनों को 31 मार्च, 2020 तक के लिए रद्द कर दिया है.

  14. भारत में 340 से ज़्यादा मामले

    इंडियन मेडिकल रिसर्च एसोसिएशन के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस की चपेट में 341 लोग आ चुके हैं.

    रविवार को महाराष्ट्र में दस नए मामले सामने आए हैं, जिसमें छह मुंबई और चार पुणे के हैं. जबकि मुंबई में एक शख़्स की कोरोना वायरस संक्रमण के चलते मौत भी हो गई है.

    महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में अब तक 74 लोगों में संक्रमण का मामाला पाया गया है.

    बिहार में दो नए मामलों का पता चला है, इसमें एक मरीज़ की मौत हो गई है.

    भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.

  15. बिहार में कोरोना से पहली मौत

    बिहार की राजधानी पटना के एम्स अस्पताल में कोरोना वायरस से संक्रमित एक शख़्स की मौत हो गई है. स्थानीय पत्रकार नीरज सहाय के मुताबिक यह शख़्स मुंगेर का रहने वाला था और पिछले दिनों ही क़तर से लौटा था. इस शख़्स की मौत शनिवार की सुबह नौ बजे हो गई थी. बाद में इनके कोरोना वायरस पॉजिटिव की रिपोर्ट आई.इस शख़्स की मौत किडनी फ़ेल होने हुई थी.

    इसके बाद भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या छह हो गई है.

    वहीं स्थानीय पत्रकार नीरज प्रियदर्शी के मुताबिक बिहार में कोरोना का दूसरा मरीज़ एनएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में है. यह मरीज़ स्कॉटलैंड से हाल ही में लौटा है.

    रविवार से पहले तक बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया था.

  16. पंजाब में लॉक डाउन, मुंबई में एक मौत

    पंजाब में पूरी तरह लॉक डाउन घोषित कर दिया गया है.

    कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते पंजाब सरकार ने ये क़दम उठाया है.

    उधर भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 324 हो चुकी है.

    मुंबई में 63 साल के एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हो गई है. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से होने वाली ये दूसरी मौत है.

    इस वायरस के संक्रमण के चलते भारत में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है.

  17. कोलकाता में जनता कर्फ़्यू

    जनता कर्फ़्यू पर रविवार को कोलकाता के सियालदह स्टेशन के बाहर की सड़क पर सन्नाटा. महानगर की दूसरी प्रमुख सड़कों पर नजारा भी ऐसा ही देखने को मिला. (क्रेडिट- प्रभाकर मणि तिवारी)

  18. इटली से लाए गए 263 भारतीय छात्र

    भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 324 हो गए हैं.

    आज यानी रविवार को प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ़्यू लागू है. इसी बीच इटली के रोम से आज 263 छात्रों को भारत लाया गया है.

    एयर इंडिया का एक विशेष विमान इन छात्रों को लेकर रविवार भारत पहुंचा.

    एयर इंडिया का विशेष विमान आज सुबह क़रीब सवा नौ बजे इन 263 लोगों को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा. इन सभी 263 लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग और इमिग्रेशन के बाद दिल्ली के आईटीबीपी छावला क्वरेंटाइन फैसिलिटी ले जाया गया है.

    अब तक दूसरे देशों से क़रीब 16 सौ भारतीयों को वापस लाया जा चुका है.

    इटली कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे बुरी तरह प्रभावित देशों में से एक है. यहां अब तक 4825 लोगों की मौत हो चुकी है. शनिवार को ही अकेले मरने वालों का आंकड़ा 800 पहुंच गया.

    इससे पूर्व India in Italy के ट्विटर अकाउंट से इन छात्रों के चेक-इन करने की सूचना आयी थी. क़रीब 13 घंटे पहले इन 263 छात्रों ने चेक-इन किया.

    दूतावास की ओर से फ़ॉरेन एंड कॉमनवेल्थ ऑफ़िस रोम को धन्यवाद कहा है. उन्होंने लिखा, दूतावास के कर्मचारियों और एयर इंडिया की टीम के सहयोग से ये छात्र और बाकी के लोग सुरक्षित बारत पहुंच गए हैं.

  19. पुरी में लॉक डाउन

    ओडिशा के पुरी शहर को आठ दिन के लिए लॉक डाउन कर दिया गया है. जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रसिद्ध इस शहर में अक्सर भीड़ दिखाई देती है. मुख्य सड़क और मंदिर के सामने का दृश्य कुछ इस तरह है. (क्रेडिट- सुब्रत कुमार पति)

  20. रांची में जनता कर्फ़्यू

    राँची में जनता कर्फ़्यू के दौरान तमाम मुख्य सड़कें सूनी हैं. पुलिस की कुछ गाड़ियाँ घूम रही हैं. दुकानें बंद हैं. झारखंड के दूसरे शहरों से भी ऐसी ही सूचनाएँ मिल रही हैं. (क्रेडिट -रवि प्रकाश)