मसूरी के होमस्टे में दिल्ली की आईटी प्रोफ़ेशनल की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

इमेज स्रोत, Asif Ali
उत्तराखंड के मसूरी स्थित एक होमस्टे में ठहरी दिल्ली की 27 वर्षीय आईटी प्रोफ़ेशनल की मौत हो गई है. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है.
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जबकि आगे की फ़ॉरेंसिक जांच के लिए विसरा को सुरक्षित रखा गया है.
मसूरी पुलिस के अनुसार, 15 जून की सुबह 112 कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर स्थित टिपरीधार के कियाना होमस्टे के कमरे में एक महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई है. सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम मौक़े पर पहुंची.
एम्बुलेंस में तैनात फ़ार्मासिस्ट ने महिला की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री के रूप में हुई, जो गुरुग्राम की एक निजी आईटी कंपनी में कार्यरत थीं और वर्तमान में दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट क्षेत्र में रहती थीं.
पुलिस के मुताबिक़, राधा गायत्री अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ यात्रा पर थीं. दोनों 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात कियाना होमस्टे में ठहरे थे.
पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया था और तड़के क़रीब 3:30 बजे सोने चले गए थे. उनके अनुसार, सुबह जागने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया. उन्होंने यह भी बताया कि महिला की नाक से रक्तस्राव हुआ था.
मसूरी के क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौक़े पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की. फ़ॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य इकट्ठे किए और मामले की जांच शुरू की गई. घटना की सूचना मृतका के परिजनों को भी दी गई, जिसके बाद वे मसूरी पहुंचे.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दंपति का विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था. दोनों मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के निवासी थे. पति पुणे में और मृतका गुरुग्राम में निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे.
मसूरी के क्षेत्राधिकारी जगदीश पंत के अनुसार मृतका के पिता पी सुधाकर ने पुलिस को एक प्रार्थना पत्र देकर मृत्यु के कारणों की जांच की मांग की है.















