ईरान-अमेरिका के बीच होने वाले समझौते से जुड़े दस्तावेज़ के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने क्या बताया

इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जिस समझौते को लेकर सहमति बनी है, उसके दस्तावेज़ में लिखा है कि ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 समिट के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख़ मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाह्यान के साथ द्विपक्षीय बैठक में समझौते से जुड़े दस्तावेज़ को लेकर अपनी बात रखी.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "मुझे दस्तावेज़ जारी करने में कोई दिक़्क़त नहीं है. यह एक शानदार दस्तावेज़ है. इसमें लिखा है: ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. वह न तो इसे ख़रीद पाएगा और न ही विकसित कर पाएगा. यही मेरी सबसे बड़ी मांग थी क्योंकि हम ऐसा होने नहीं दे सकते थे."
उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ़ दस्तावेज़ जारी ही नहीं करूंगा, बल्कि शायद एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी करूंगा और इसे शब्द दर शब्द पढ़ूँगा ताकि मीडिया इसे सही तरीक़े से कवर करे."
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने समिट में कहा कि वो न होते तो इसराइल भी नहीं होता. उन्होंने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को 'ज़्यादा ज़िम्मेदार' होने की सलाह भी दी.














