जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. असम: ग्वालपाड़ा ज़िले के स्कूलों में टिफ़िन में मांसाहारी भोजन लाने पर लगाई गई रोक, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए

    टिफ़िन

    इमेज स्रोत, Mohammad Asad/Pacific Press/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टिफ़िन में कथित तौर पर बीफ़ लेकर आने के बाद हुआ था विवाद (सांकेतिक तस्वीर)

    असम के ग्वालपाड़ा ज़िले के सभी सरकारी स्कूलों में ज़िला प्रशासन ने टिफ़िन में मांसाहारी भोजन लाने पर रोक लगा दी है.

    दरअसल, पिछले शुक्रवार को ज़िले के कृष्णाई पुलिस थाना क्षेत्र के सरकारी स्कूल में कथित तौर पर एक मुस्लिम छात्र अपने टिफ़िन में बीफ़ लेकर आया था. इस घटना के बाद विवाद हो गया.

    कृष्णाई थाने के अधिकारी आनंद राभा ने मीडिया को बताया कि इस घटना को लेकर कुछ अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई है.

    इन आरोपों में कहा गया है कि 5 जून को 9वीं कक्षा के पांच छात्रों ने दो हिंदू सहपाठियों को बीफ़ खिलाने की कोशिश की. इस मामले को लेकर एक मजिस्ट्रेट स्तर की जाँच भी की जा रही है.

    इस घटना के सामने आने के बाद ज़िला उपायुक्त प्रदीप तिमुंग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नबनीत महंता ने स्कूल का दौरा किया था. पुलिस ने घटना में शामिल छात्र को हिरासत में लिया है जबकि उनकी मां को गिरफ़्तार कर लिया है.

    पुलिस के अनुसार मां और बेटे पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के साथ ही कई आरोप लगाए गए हैं.

    इस दौरान एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिछले हफ़्ते हुई इस घटना की ख़बर फैलने के बाद यह मामला काफ़ी बढ़ गया था.

    ज़िला आयुक्त ने संबंधित पक्षों और कई संगठनों के लोगों से बात करने के बाद स्कूल इंस्पेक्टर को निर्देश दिया कि स्कूलों में टिफ़िन में मांस और मछली की अनुमति न दी जाए.

    आदेश में कहा गया, "छात्र टिफ़िन में किसी भी तरह का मांसाहारी भोजन स्कूल नहीं लाएंगे. स्कूल परिसर में केवल शाकाहारी भोजन की अनुमति होगी. हालांकि, छात्र अपने टिफ़िन में अंडे ला सकते हैं और खा सकते हैं."

    इस आदेश में यह भी कहा गया है कि लंच या ब्रेक के समय कोई भी छात्र स्कूल कैंपस से बाहर न जाए, अगर किसी भी स्कूल में इन निर्देशों का उल्लंघन होता है तो सख़्ती से कार्रवाई की जाएगी.

  2. डॉन: कामयाबी और इस फ़िल्म सिरीज़ से जुड़ी उतार-चढ़ाव की दिलचस्प कहानी

  3. टीएमसी में टूट की अटकलों पर कांग्रेस की ओर से आई ये प्रतिक्रिया

    सुप्रिया श्रीनेत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि टीएमसी के नेताओं को जनता के मैंडेट का सम्मान करना चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार के दावे के बाद पार्टी में टूट की अटकलों को हवा मिली है.

    सोमवार को दस्तीदार ने दावा किया कि उनके साथ पार्टी के 20 सांसद हैं और उन्होंने लोकसभा स्पीकर से सदन में अलग बिठाने की मांग की है.

    इसके बाद मंगलवार को टीएमसी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर दस्तीदार के दावे पर सवाल उठाए कि अब तक लोकसभा स्पीकर को लिखा ख़त सार्वजनिक क्यों नहीं हुआ.

    अब इस मामले में कांग्रेस की भी प्रतिक्रिया आई है.

    कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एएनआई से कहा, "कल तक यही टीएमसी वाले घोटालेबाज़ थे, धोखेबाज़ थे, कट मनी लेते थे. अब बीजेपी की वॉशिंग मशीन में गोता लगाएंगे और बीजेपी जॉइन करने के बाद वाह-वाह हो जाएगी."

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि चुने हुए सांसद और चुना हुआ कोई भी प्रतिनिधि जनता के मैंडेट पर चुनकर आता है और जनता ने आपको बीजेपी के ख़िलाफ़ मैंडेट दिया था. आप उस मैंडेट का तो सम्मान कीजिए."

    श्रीनेत ने कहा, "अगर आपको बीजेपी जॉइन करनी है, उनका घटक दल बनना है या उनका समर्थन करना है तो आप इस्तीफ़ा देकर दोबारा चुनाव लड़िए."

  4. शामली के आयुष मलिक के मोहम्मद अली बनने का क्या है पूरा मामला

  5. आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 मैचों से बाहर हुए मोहम्मद सिराज, इस खिलाड़ी ने किया रिप्लेस

    मोहम्मद सिराज

    इमेज स्रोत, Shubhajit Roy Karmakar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद सिराज को आराम करने की सलाह दी गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को आयरलैंड और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाली टी-20 सिरीज़ से हटा दिया गया है. अब उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को दोनों टी-20 सिरीज़ के लिए टीम में शामिल किया है.

    दरअसल, बीसीसीआई की मेडिकल टीम और टीम मैनेजमेंट के बीच बातचीत के बाद सिराज को आराम करने की सलाह दी गई है.

    यह फ़ैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है ताकि लंबे इंटरनेशनल सीज़न से पहले उन्हें पूरा आराम और रिकवरी मिल सके.

    आयरलैंड और इंग्लैंड टी-20 के लिए भारत की नई टीम:

    श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.

  6. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  7. ईरान की चेतावनी के बावजूद इसराइल ने लेबनान के तायर शहर के लिए जारी किया यह आदेश

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, Ilia YEFIMOVICH / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा था कि उनका देश फ़िलहाल ईरान पर हमला नहीं करेगा, हालांकि उन्होंने चेतावनी भी दी थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइली रक्षा बल (आईडीएफ़) ने दक्षिणी लेबनान के शहर तायर के लिए तत्काल निकासी आदेश जारी किया है.

    इसराइल ने यह क़दम ऐसे समय में उठाया है जब एक दिन पहले ईरान ने कहा था कि वह इसराइल पर हमले रोक देगा, लेकिन साथ ही चेतावनी दी थी कि अगर इसराइली सेना दक्षिणी लेबनान में हमले करती है तो उसकी प्रतिक्रिया "कड़ी" होगी.

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोमवार को कहा कि उनका देश फ़िलहाल ईरान पर हमला नहीं करेगा, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि "अगर ईरान फिर वही ग़लती करता है और हम पर हमला करता है, तो हम ज़ोरदार जवाब देंगे."

    रविवार को ईरान ने इसराइल पर मिसाइलों की नई खेप दागी. अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद यह पहला ऐसा हमला था. इसके जवाब में इसराइल ने कहा कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि इसराइल और ईरान को तुरंत "हमले बंद" करने चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि "शांति" के लिए अंतिम चरण की बातचीत आगे बढ़ रही है.

  8. सीबीएसई के नतीजों में हुई गड़बड़ियों को सार्थक सिद्धांत ने कैसे पकड़ा था?

  9. एच-1बी वीज़ा को लेकर कोर्ट के फ़ैसले पर डोनाल्ड ट्रंप की आई प्रतिक्रिया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, SAUL LOEB / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप प्रशासन ने पिछले साल नए एच-1बी वीज़ा आवेदन पर एक लाख डॉलर की फ़ीस का प्रावधान लागू किया था

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक फ़ेडरल जज की ओर से एच-1बी वीज़ा के लिए एक लाख डॉलर की फ़ीस को अवैध क़रार देने के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा, "ये फ़ेडरल जज वास्तव में हमारे लिए बहुत मुश्किलें खड़ी कर रहे हैं. कोर्ट सिस्टम में जो कुछ हो रहा है, वह सचमुच हैरान करने वाला है."

    उन्होंने कहा, "वे (फ़ेडरल जज) हमारे देश को बहुत गंभीर नुक़सान पहुंचा रहे हैं."

    डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले साल नए एच-1बी वीज़ा आवेदन पर एक लाख डॉलर की फ़ीस का प्रावधान लागू किया था. फ़ेडरल जज ने इसे ट्रंप प्रशासन की ओर से अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन बताया.

    जज ने कहा, "ऐसी कोई वैधानिक शक्ति मौजूद नहीं है जो (ट्रंप प्रशासन को) एच-1बी आवेदनों पर 1 लाख डॉलर का टैक्स लागू करने की अनुमति देती हो."

  10. ख़ान 'सर' की गिरफ़्तारी पर कोर्ट की रोक, उनके वकील ने क्या कहा?

  11. किम जोंग-उन से शी जिनपिंग ने डिनर के दौरान क्या कहा?

  12. टीएमसी ने कल्याण बनर्जी को लोकसभा में पार्टी का चीफ़ व्हिप नियुक्त किया

    ममता बनर्जी और कल्याण बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कल्याण बनर्जी पश्चिम बंगाल के श्री रामपुर लोकसभा क्षेत्र से टीएमसी के सांसद हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने पार्टी के नेता और सांसद कल्याण बनर्जी को लोकसभा में चीफ़ व्हिप नियुक्त किया है.

    कल्याण बनर्जी की नियुक्ति के संबंध में ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र लिखा है.

    इस पत्र में कहा गया, "कल्याण बनर्जी को तत्काल प्रभाव से लोकसभा में ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस का चीफ़ व्हिप नियुक्त किया गया है."

    इससे पहले लोकसभा में टीएमसी की चीफ़ व्हिप काकोली घोष थीं. उन्हें पार्टी ने चीफ़ व्हिप के पद से हटा दिया था.

    ममता बनर्जी का पत्र

    इमेज स्रोत, AITC

    इमेज कैप्शन, कल्याण बनर्जी की नियुक्ति के संबंध में ममता बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र लिखा है
  13. ख़ान 'सर' के वकील ने कहा, 'अदालत ने गिरफ़्तारी पर रोक लगाई'

    ख़ान सर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, ख़ान सर कोचिंग सेंटर के बाहर फ़ायरिंग मामले में ख़ान सर पर कदमकुआं थाने में एफ़आईआर दर्ज हुई थी

    ख़ान सर यानी फ़ैसल ख़ान के वकील का कहना है कि पटना ज़िला अदालत ने उनकी गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है.

    ख़ान के वकील अरविंद कुमार ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से कहा, "अंतिरम ज़मानत की याचिका दायर की गई थी. अंतरिम प्रोटेक्शन मिला है. यानी गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी गई है. जब तक यहां (अदालत) से फ़ैसला नहीं होता है, अगली तारीख़ तक कोई भी पुलिस पदाधिकारी उन्हें गिरफ़्तार नहीं कर सकते हैं."

    उन्होंने कहा, "ख़ान सर जहां चाहें वहां घूम सकते हैं, पुलिस अगर पूछताछ करना चाहती है तो वह उनके सामने जा सकते हैं, जवाब दे सकते हैं. ख़ान सर जांच में सहयोग करेंगे."

    पटना में ख़ान सर कोचिंग सेंटर के बाहर फ़ायरिंग के मामले में ख़ान सर पर कदमकुआं थाने में एफ़आईआर दर्ज हुई थी.

    पिछले हफ़्ते गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में कोचिंग (ख़ान ग्लोबल स्टडीज) के ही दो बॉडीगार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह को गिरफ़्तार करके न्यायिक हिरासत में भेजा था.

  14. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: अमेरिका ने रेफरी उमर अब्दुल क़ादिर को नहीं दी एंट्री, भारी विवाद

  15. टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने 'नेताओं के पाला बदलने' को लेकर क्या कहा

    सागरिका घोष

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सागरिका घोष ने सवाल किया कि 'अगर आपके विचार चुनाव परिणाम के साथ बदल जाते हैं, तो क्या वे वास्तव में आपके विचार थे?' (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बगावत की अटकलों के बीच पार्टी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने 'चुनाव हारने और नेताओं के पाला बदलने' से जुड़ा बयान दिया है.

    उन्होंने मंगलवार को एक्स पर लिखा, "मुझे यह सबसे अजीब लगता है कि कोई व्यक्ति एक पार्टी के चुनाव चिह्न और एक ख़ास नेता के नाम पर चुनाव जीतता है, लेकिन जैसे ही उस पार्टी को हार का सामना करना पड़ता है, वह उसी पार्टी और नेता का साथ छोड़ देता है."

    टीएमसी सांसद ने सवाल किया कि 'अगर आपके विचार चुनाव परिणाम के साथ बदल जाते हैं, तो क्या वे वास्तव में आपके विचार थे?'

    उन्होंने कहा, "आप किसी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ते हैं. आप मतदाताओं से पार्टी पर भरोसा करने की अपील करते हैं. आप उस पार्टी के समर्थन और उसके नेताओं की अपील के आधार पर जीतते हैं. और फ़िर पार्टी हार जाती है और आप तुरंत पाला बदल लेते हैं."

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद टीएमसी में इस्तीफ़ों का सिलसिला जारी है. सोमवार को पार्टी के राज्यसभा सांसद सुखेंदु रे ने राज्यसभा और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दिया.

    इस बीच टीएमसी की लोकसभा सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया है कि उनके साथ 20 सांसद हैं और उन्होंने लोकसभा स्पीकर से सदन में अलग बिठाने की मांग की है.

    लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस पार्टी के 28 सांसद हैं. 20 सांसदों के समर्थन का मतलब है कि अलग होने वाला कथित गुट दल-बदल विरोधी क़ानून के तहत कार्रवाई से बच सकता है.

    हालात ये भी हो सकते हैं कि अलग हुए गुट को असली तृणमूल कांग्रेस के तौर पर मान्यता मिल जाए. हालांकि 20 सांसदों की चिट्ठी की पुष्टि बीबीसी नहीं करता है.

  16. उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश एमएलसी का नामांकन क्यों नहीं भर पाए

  17. भारत ने संयुक्त राष्ट्र में अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान को लेकर क्या कहा

    पार्वथनेनी हरीश

    इमेज स्रोत, X/@IndiaUNNewYork

    इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारतीय राजदूत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के सैन्य हवाई हमलों की कड़ी निंदा की

    भारत ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में अफ़ग़ानिस्तान के मुद्दे पर पाकिस्तान को लेकर बयान दिया है.

    संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पार्वथनेनी ने कहा कि अपने ही देश के भीतर सक्रिय समूहों को 'फ़ितना अल हिंदुस्तान' कहने का पाकिस्तान का फ़ैसला 'आधिकारिक तौर पर प्रायोजित दुष्प्रचार' है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि पिछले साल पाकिस्तान सरकार ने बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय सभी आतंकवादी समूहों और संगठनों को आधिकारिक तौर पर 'फ़ितना अल हिंदुस्तान' घोषित किया था.

    पाकिस्तान ने बिना कोई सबूत दिए आरोप लगाया था कि ये संगठन 'भारत के इशारे पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल' हैं.

    संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में भारतीय राजदूत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के सैन्य हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की.

    भारत का कहना है कि इन हमलों से बड़ी संख्या में नागरिक हताहत हो रहे हैं और अफ़ग़ान जनता को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

    पार्वथनेनी ने कहा, "मैं फिर दोहराना चाहता हूं. किसी नरसंहार को सैन्य अभियान का नाम दे देने से ज़िम्मेदार पक्ष दोषमुक्त नहीं हो जाता. नागरिकों की हत्या करना, उन्हें घायल करना और बच्चों को अनाथ बनाना आतंकवाद के ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं है.".

    भारतीय राजदूत ने कहा, "अपनी नाकामियों के लिए पड़ोसी देशों को दोष देना पाकिस्तान की पुरानी आदत है. दुनिया को गुमराह करने की यह कोशिश नाकाम होगी."

  18. दिल्ली आग: मालवीय नगर में इतने विदेशी नागरिकों की जान क्यों गई?

  19. शी जिनपिंग बोले, 'चीन और उत्तर कोरिया की तक़दीर एक'

    शी जिनपिंग और किम जोंग उन

    इमेज स्रोत, Xinhua

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग 2019 के बाद उत्तर कोरिया के अपने पहले आधिकारिक दौरे पर हैं

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उत्तर कोरिया के दो दिन के दौर पर हैं. 2019 के बाद यह उनका उत्तर कोरिया का पहला आधिकारिक दौरा है.

    सोमवार सुबह राजधानी प्योंगयांग पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया.

    बाद में शी और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच शिखर बैठक हुई, जिसमें दोनों नेताओं ने सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया.

    चीन की सरकारी न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक़, शी जिनपिंग ने सोमवार रात एक डिनर कार्यक्रम में कहा कि चीन और उत्तर कोरिया "पहाड़ों और नदियों से जुड़े हुए हैं और उनकी तक़दीर एक ही है."

    शी ने यह भी कहा कि उन्होंने किम के साथ 'समय के रुझान को समझने' और 'उच्च स्तर के सहयोग के साथ-साथ लोगों के बीच रिश्तों को और मज़बूत करने' पर 'महत्वपूर्ण सहमति' बनाई है.

  20. ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, 'बहुत जल्द ईरान के सामने आप अकेले पड़ सकते हैं: इसराइली मीडिया

    बिन्यामिन नेतन्याहू

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा था कि वे ईरान पर जवाबी हमला करने से बचें (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को चेतावनी दी कि अगर तनाव बढ़ता रहा तो वह जल्द ही ईरान के मामले में अकेले पड़ सकते हैं.

    ट्रंप ने यह बात इसराइल के 'चैनल 12' को दिए एक इंटरव्यू में कही.

    इसराइली न्यूज़ एजेंसी ने सोमवार को बताया कि नेतन्याहू ने रविवार को ईरान पर हमला करने के अपने अंतिम फ़ैसले के बारे में ट्रंप को योजना के अंतिम स्टेज तक जानकारी नहीं दी थी.

    रविवार को ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा था कि वे ईरान पर जवाबी हमला करने से बचें.

    दरअसल, इसराइल की ओर से लेबनान की राजधानी बेरूत पर हमला किए जाने के बाद ईरान ने इसराइल पर हमले किए थे.

    'चैनल 12' की रिपोर्ट के मुताबिक़, दोनों नेताओं के बीच बातचीत किसी सहमति के बिना समाप्त हुई और नेतन्याहू ने इस मामले में अपने अंतिम फ़ैसले की जानकारी ट्रंप को नहीं दी.

    बाद में नेतन्याहू ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को बताया कि उन्होंने ईरान पर हमला करने का फ़ैसला कर लिया है. ट्रंप ने 'चैनल 12' से कहा कि वह इस हमले के "पैमाने को कम कराने" में सफल रहे.

    ट्रंप ने नेतन्याहू को ईरान के साथ जारी हमलों को पूर्ण युद्ध में बदलने से बचने की चेतावनी भी दी.

    उन्होंने 'चैनल 12' से कहा, "मैंने बीबी से कहा, आपको बहुत सावधान रहना चाहिए कि आप क्या कर रहे हैं, क्योंकि बहुत जल्द ऐसा हो सकता है कि ईरान के सामने आप अकेले रह जाएं."