जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. ओमान तट के पास भारतीय क्रू मेंबर्स वाले जहाज़ पर हमला, विदेश मंत्रालय ने ये बताया

  2. सबसे लंबे कार्यकाल पर पीएम मोदी बोले, 'ये एनडीए के हर घटक दल की उपलब्धि है'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, @BJP4India

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली में एनडीए दलों के साथ बैठक की

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल वाले नेता बन गए हैं.

    इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एनडीए कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा, "जिन लोगों ने मेरी इस यात्रा में योगदान दिया है, मैं आज इस यात्रा के ऐसे सभी साथियों के प्रति भी अपना आभार प्रकट करता हूं."

    उन्होंने कहा, "आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया. इसके लिए मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं. साथियों, इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा का सौभाग्य मिलना ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है. और मेरे लिए तो जनता जनार्दन ही ईश्वर का रूप है."

    "जिन लोगों ने मेरी इस यात्रा में योगदान दिया है, मैं आज इस यात्रा के ऐसे सभी साथियों के प्रति भी अपना आभार प्रकट करता हूं. साथियों, इस अवसर पर एनडीए परिवार के लोगों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. ये आपकी आत्मीयता और उदारता है. क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं. ये हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है."

    उन्होंने कहा, "ये एनडीए के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है. इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को, भाजपा समेत, हमारे एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं."

    इस दौरान एनडीए के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी.

  3. उत्तराखंड: अंतरजातीय प्रेम, एक फ़ोन कॉल और दलित युवक की मौत, क्या है पूरा मामला?

  4. यूएपीए से जुड़े मामले में चार साल से जेल में बंद कश्मीरी मानवाधिकार कार्यकर्ता को मिली ज़मानत

    2021 की गिरफ़्तारी से पहले ख़ुर्रम परवेज़ को वर्ष 2016 में भी उस समय गिरफ़्तार किया गया था जब कश्मीर में चरमपंथी कमांडर बुरहान वानी की एक मुठभेड़ में मौत के बाद कश्मीर में कई दिनों तक हिंसा जारी रही थी. (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, FB @Khurram Parvez

    इमेज कैप्शन, 2021 की गिरफ़्तारी से पहले ख़ुर्रम परवेज़ को साल 2016 में भी उस समय गिरफ़्तार किया गया था जब कश्मीर में चरमपंथी कमांडर बुरहान वानी की एक मुठभेड़ में मौत के बाद कश्मीर में कई दिनों तक हिंसा जारी रही थी. (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने कश्मीरी मानवाधिकार कार्यकर्ता ख़ुर्रम परवेज़ को यूएपीए से जुड़े एक मामले में ज़मानत दे दी है. ख़ुर्रम इस मामले में चार साल से ज़्यादा समय से जेल में बंद थे.

    इसकी पुष्टि समाचार एजेंसी पीटीआई ने परवेज़ की वकील स्वाति खन्ना के हवाले से की है. वकील स्वाति खन्ना ने बताया है कि "कोर्ट का ऑर्डर अपलोड न होने से हमें बेल की शर्तों का पता नहीं लगा है लेकिन उन्हें रेग्युलर बेल मिल गई है. हालांकि वे इससे बाहर नहीं आ सकेंगे, उनके ख़िलाफ़ एक और मामला चल रहा है.”

    दरअसल, यह मामला एनआईए की एक जांच से जुड़ा है, जिसमें ख़ुर्रम परवेज़ को चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का रिक्रूटर बताने का दावा किया गया था.

    यूएपीए क़ानून में ज़मानत से जुड़ी सख़्त शर्तों के बावजूद बेल मिलने के चलते दिल्ली हाईकोर्ट के फ़ैसले को अहम माना जा रहा है.

    दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस रविंदर दुडेजा की बेंच ने एनआईए कोर्ट के उस फ़ैसले को चुनौती देने वाली अपील को स्वीकारा है, जिसने ख़ुर्रम परवेज़ को ज़मानत देने से इनकार किया गया था.

    ख़ुर्रम की गिरफ्तारी साल 2021 में श्रीनगर से की गई थी. तब ख़ुर्रम परवेज़ जम्मू-कश्मीर कोअलिशन ऑफ़ सिविल सोसाइटी(जेकेसीसीएस) नाम की एक ग़ैर-सरकारी संस्था के प्रोग्राम कोर्डिनेटर थे.

    इस संस्था ने पिछले तीन दशकों से कश्मीर में कथित मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं पर आधारित कई रिपोर्ट जारी की हैं.

  5. भारतीय दूतावास बोला, 'ओमान के तट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना पर नज़र बनाए हुए हैं'

    ओमान की खाड़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ओमान के मस्कट में मौजूद भारतीय दूतावास ने बुधवार को कहा कि वह ओमान के तट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना पर "बारीकी से नज़र" रख रहा है.

    खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच, एक्स पर एक पोस्ट में, भारतीय दूतावास ने यह भी कहा कि वह इस मामले पर स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है, हालांकि उसने कोई जानकारी नहीं दी.

    दूतावास ने कहा, "हमें ओमान के तट के पास एक जहाज़ से जुड़ी घटना के बारे में पता चला है. हम स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. हम जल्द ही अपडेट देंगे."

    इससे पहले सोमवार को एक जहाज़ ओमान के तट नज़दीक हमले की ज़द में आया था, जिसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे. हालांकि, बाद में इन्हें सुरक्षित बचा लिया गया.

  6. 'पेद्दी' फ़िल्म में जाह्नवी कपूर की भूमिका को लेकर क्यों छिड़ा है विवाद

  7. ईरान बोला- अब देखेंगे बात करनी है या नहीं, ट्रंप ने कहा- क़ीमत चुकानी पड़ेगी

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान ने वार्ता में जानबूझकर देरी की इसलिए उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी. (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान ने जानबूझकर बातचीत में देरी की, इसलिए उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दक्षिणी ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अब वे देखेंगे कि वार्ता में आगे बढ़ना है या नहीं.

    उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, "बातचीत की प्रक्रिया के दौरान ईरान जानबूझकर देरी करता रहा है, और अब उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी."

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है, "नए अमेरिकी हमलों के मद्देनज़र बातचीत जारी रखने पर फिर से विचार किया जाएगा. बल प्रयोग का असर कूटनीतिक प्रयासों पर पड़ता है. वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम कुछ गुंजाइश ज़रूरी होती है."

    ट्रंप बोले- ईरान सिर्फ़ बातें करता है

    उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर अपना दावा दोहराया है कि ईरान की सेना पूरी तरह बिखर चुकी है.

    उन्होंने लिखा, “ईरान की नौसेना और वायुसेना जैसे कई हिस्से अब लगभग ख़त्म हो चुके हैं. यह पूरी तरह असफल हो चुकी है. वे सिर्फ बातें करते हैं. ईरान सिर्फ़ बातें करता है, कुछ करता नहीं है, मध्य पूर्व का दबंग अब ख़त्म हो चुका है.”

    ये टिप्पणियां दक्षिणी ईरान में हुए अमेरिकी हमलों और फिर ईरान की जवाबी कार्रवाइयों के बाद आई हैं.

    अमेरिकी सेना ने ईरान के 'एयर डिफ़ेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों और सर्विलांस रडार के ठिकानों' को निशाना बनाने का दावा किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Chung Sung-Jun/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना ने ईरान के 'एयर डिफ़ेंस सिस्टम, ग्राउंड कंट्रोल स्टेशनों और सर्विलांस रडार के ठिकानों' को निशाना बनाने का दावा किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    हेलीकॉप्टर बना हमलों की वजह

    अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर सोमवार को ओमान के तट के पास गिराया गया था. इस हेलीकॉप्टर में सवार दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था.

    इस मामले में राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर हेलीकॉप्टर गिराने का आरोप लगाया था, जबकि ईरान ने इससे इनकार किया था.

    फिर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने 'आत्मरक्षा' में 9 जून को ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई पूरी करने की जानकारी दी.

    फिर ईरान की ओर से बताया गया कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है.

  8. बेलफ़ास्ट में चाकू से हमले के बाद हिंसा भड़की, 'विदेशियों को बाहर निकालो' के नारे लगे

    बेलफ़ास्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चाक़ू हमले के बाद बेलफ़ास्ट में रात में हिंसा भड़क उठी

    ब्रिटेन के नॉर्दर्न आयरलैंड के बेलफ़ास्ट में सोमवार को चाक़ू से किए गए हमले के सिलसिले में एक 30 वर्षीय सूडानी व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई. चाक़ू हमले के बाद बेलफ़ास्ट में रात में हिंसा भड़क उठी.

    अभियुक्त को हत्या के प्रयास के आरोप में बुधवार को बेलफ़ास्ट की एक अदालत में पेश किया गया.

    चाक़ू हमले के पीड़ित की बाईं आंख की रोशनी चली गई है. अदालत में बताया गया कि उसकी दाईं आंख को भी नुक़सान पहुंचा है और उसकी गर्दन तथा पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं.

    अभियुक्त हादी अलोदिद को चार सप्ताह के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन पर हत्या के प्रयास, एनएचएस के एक रेडियोग्राफर को जान से मारने की धमकी देने और चाक़ू रखने की धाराएं लगाई गई हैं.

    पुलिस ने पहले बताया था कि अभियुक्त 30 वर्षीय सूडानी नागरिक है. वह 2023 में ब्रिटेन आया था और उसे शरणार्थी का दर्जा दिया गया था.

    मंगलवार रात बेलफ़ास्ट में हमले के बाद भड़की हिंसा के दौरान कई घरों, कारों और एक बस को आग लगा दी गई.

    बीबीसी संवाददाता के मुताबिक़, एक इलाके में बोतलें और ईंटें लिए सैकड़ों नकाबपोश लोगों ने कूड़ेदानों में आग लगा दी और “विदेशियों को बाहर निकालो" के नारे लगाए.

    मंगलवार की हिंसा में दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए. उत्तरी आयरलैंड में तैनात पुलिसकर्मियों की सहायता के लिए अतिरिक्त 200 अधिकारियों को भेजा जा रहा है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टार्मर क्या बोले

    हाउस ऑफ़ कॉमन्स में, लिबरल डेमोक्रेट्स नेता ने प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से पूछा कि क्या वह उन सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ख़िलाफ़ "सख़्त कार्रवाई" करेंगे जिनका इस्तेमाल, "चरमपंथी" प्रदर्शनकारियों को भड़काने के लिए किए हैं.

    इसके जवाब में स्टार्मर ने कहा कि वह "विभाजन को बढ़ावा देने वाले सभी व्यक्ति" के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय अधिकारी शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं.

    उन्होंने आगे कहा, "किसी भी राजनेता को विभाजन और नफ़रत नहीं फैलानी चाहिए."

  9. मुज़फ़्फ़राबाद हेलीकॉप्टर क्रैश: 'तेज़ धमाके के बाद धुएं के बादल उठते देखे गए'

    मुज़फ़्फ़राबाद

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, घटना के बाद बीबीसी को मिली तस्वीरों में मुज़फ़्फ़राबाद के ऊपर हवा में काले धुएं के बादल स्पष्ट रूप से देखे जा सकते हैं

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की राजधानी मुज़फ़्फ़राबाद में एक पाकिस्तानी सैन्य हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद, स्थानीय लोगों ने कहा कि दुर्घटनास्थल से उठने वाले धुएं के बादल पूरे शहर में देखे जा सकते थे.

    मुज़फ़्फ़राबाद

    इमेज स्रोत, NASIR CHAUDHRY

    इमेज कैप्शन, मुज़फ़्फ़राबाद प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी के शहज़ाद मलिक को बताया कि हेलीकॉप्टर मुज़फ़्फ़राबाद के नीलम स्टेडियम से उड़ान भरने की कोशिश करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया
    मुज़फ़्फ़राबाद

    इमेज स्रोत, NASIR CHAUDHRY

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ, गृह मंत्री मोहसिन नक़वी और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया है
  10. 'ख़ान सर' और 'रौशन सर' के बीच कितना पुराना है विवाद, दोनों के स्टूडेंट्स ने क्या कहा

  11. कॉकरोच जनता पार्टी अब यूनिवर्सिटी कैंपस में मांगेगी शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा, सोनम वांगचुक भी होंगे शामिल

    सीजेपी के दूसरे प्रदर्शन में भी उनके समूह के अहम चेहरे शामिल होंगे

    इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सीजेपी के दूसरे प्रदर्शन में भी उनके समूह के अहम चेहरे शामिल होंगे (फाइल फोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर होने वाले अगले प्रदर्शन की घोषणा कर दी है.

    यह प्रदर्शन 11 जून को पुणे यूनिवर्सिटी में शाम चार बजे से होगा. सीजेपी पहले ही इस्तीफ़े की मांग को लेकर केंद्र सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दे चुकी है.

    सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर वीडियो पोस्ट के ज़रिए इसकी जानकारी दी है. साथ ही कहा है कि पुणे यूनिवर्सिटी कैंपस में होने वाले इस प्रदर्शन में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल होंगे.

    ग़ौरतलब है कि सीजेपी के अगले प्रदर्शन के लिए उन्होंने अपने गृहराज्य को चुना है.

    30 साल के अभिजीत दीपके मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर से ताल्लुक रखते हैं. वह बीते क़रीब दो साल से अमेरिका में रह रहे थे और बीते शनिवार को पहले प्रदर्शन के लिए भारत आए थे.

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस सोशल मीडिया समूह की कॉल पर कई सौ लोग शामिल हुए थे. हालांकि यह संख्या उसके दो करोड़ से ज़्यादा इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की तादाद से काफ़ी कम थी.

  12. पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश, सवार सभी लोगों की हुई मौत

    एमआई-17

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एमआई-17 की फ़ाइल फ़ोटो

    पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की राजधानी मुज़फ़्फ़राबाद में सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. इसमें सवार सभी लोगों की मौत हो गई है. पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग आईएसपीआर ने हादसे की पुष्टि की है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तानी सेना ने कहा कि बचाव दल मौके़ पर पहुंच गए थे. प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस हादसे पर दुख जताया है.

    बयान में कहा गया है कि एमआई-17 हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसकी वजह तकनीकी ख़राबी थी. हादसे की जांच के लिए एक बोर्ड भी गठित किया गया है.

    हालांकि आधिकारिक बयान से यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे में मरने वालों की संख्या कितनी है.

    अधिकारी बोले- मौत की संख्या बढ़ सकती है

    मुज़फ़्फ़राबाद के ज़िला प्रशासन के एक अधिकारी ने बीबीसी उर्दू के रुहान अहमद को जानकारी दी है कि हादसे में हेलीकॉप्टर के दोनों पायलटों की मौत हो गई.

    साथ ही उन्होंने कहा है कि मृतकों की संख्या और ज़्यादा हो सकती है.

    इससे पहले ज़िला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी उर्दू के शहज़ाद मलिक को बताया कि हेलीकॉप्टर नीलम स्टेडियम से उड़ान भरने की कोशिश कर रहा था.

    इसी दौरान वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारी के मुताबिक़, इसके बाद शहर में ज़ोरदार धमाके की आवाज़ सुनी गई.

    मुज़फ़्फ़राबाद के एक निवासी हमज़ा ने पत्रकार नसीर चौधरी से बात की. उन्होंने बताया कि तेज़ धमाके के बाद आसमान में धुएं के ग़ुबार उठते दिखाई दिए.

    उन्होंने यह भी कहा कि राहत एजेंसियों के वाहनों को उन्होंने प्रभावित इलाके़ की ओर जाते देखा.

  13. कार्टून: पर्चे का डर

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, राज्यसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की उम्मीदवार का पर्चा रद्द होने पर आज का कार्टून
  14. पाकिस्तान का दावा, हवाई हमले में अफ़ग़ानिस्तान में मारे गए 26 चरमपंथी

    पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान बॉर्डर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान का दावा है कि ये हमले हाल में पाकिस्तान में हुई चरमपंथी घटनाओं के जवाब में किए गए हैं

    पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के साथ लगने वाली अपनी सीमा पर घातक हवाई हमले किए हैं.

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने बुधवार को कहा कि "सटीक और नियंत्रित हमलों" में चार ठिकानों को नष्ट कर दिया गया, जिनमें 26 चरमपंथी मारे गए.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने पहले कहा था कि पाकिस्तान के हमलों में तीन प्रांतों में 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं.

    पाकिस्तान लंबे समय से अफ़ग़ानिस्तान पर ऐसे चरमपंथियों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जो पाकिस्तानी क्षेत्र में हमले करते हैं. हालांकि, तालिबान सरकार इस आरोप को ख़ारिज करती रही है.

    यह ताज़ा तनाव फ़रवरी के बाद पहली बड़ी सैन्य कार्रवाई है. फ़रवरी में सीमा पर हुई झड़पों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी.

    दोनों देशों ने पिछले साल अक्तूबर में कई सप्ताह तक चली घातक झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी.

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तारड़ ने कहा, "ये हमले हाल में पाकिस्तान में हुई चरमपंथी घटनाओं के जवाब में किए गए हैं."

    "हमलों का निशाना सीमा क्षेत्र में मौजूद चरमपंथियों के ठिकाने और सुरक्षित आश्रय स्थल थे, जिनमें एक प्रशिक्षण केंद्र और गोला-बारूद का भंडार भी शामिल था."

    तारड़ ने कहा, "पाकिस्तान हमेशा क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने का प्रयास करता रहा है, लेकिन साथ ही हमारे नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है."

    तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने पहले कहा था कि पाकिस्तान के हमलों ने कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाया.

  15. टीएमसी और राज्यसभा से इस्तीफ़ा देने के बाद असम क्यों जाना चाहती हैं सुष्मिता देव

    सुष्मिता देव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुष्मिता देव (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुष्मिता देव ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और राज्यसभा से इस्तीफ़ा दे दिया है. राज्यसभा के सभापति ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार भी कर लिया है. बुधवार को पार्लियामेंट्री बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी गई.

    वहीं सुष्मिता देव ने अपने इस फ़ैसले के बारे में मीडिया से बात की है.

    उन्होंने इस्तीफ़े के बाद एएनआई से बातचीत में कहा, "इसके पीछे मेरे व्यक्तिगत कारण हैं. मेरे राजनीतिक कारण हैं. और एक स्वतंत्र देश में एक नेता अपने राजनीतिक जीवन में कोई भी फ़ैसला ले सकता है."

    सुष्मिता अपने इस फ़ैसले के बाद आगे क्या करेंगी, उन्होंने इस पर भी बात की है.

    सुष्मिता ने आगे कहा, "मेरी राजनीति असम में है. मैं बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करती हूं. लेकिन मुझे तो असम में ही काम करना है. इन बातों को ध्यान में रखकर मैंने यह फ़ैसला लिया है."

    साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया, "मैं अभी न तो कांग्रेस में हूं और न ही बीजेपी में."

    हालांकि उन्होंने इस पर कोई साफ़ जवाब नहीं दिया कि वे आगे किस दल में शामिल होंगी.

  16. भारत ने क्या 12 परमाणु हथियारों को तैनात किया है, एक रिपोर्ट में कैसे दावे किए गए

  17. पीएम मोदी के लंबे कार्यकाल को कांग्रेस ने स्वघोषित रिकॉर्ड बताया, नेहरू से ऐसे की तुलना

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की नेहरू के कार्यकाल से कांग्रेस ने तुलना की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक सेवा देने का रिकॉर्ड बनाया है.

    कांग्रेस ने बुधवार को इस मामले में प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की है. कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "उन्होंने (पीएम मोदी) भले ही आज एक 'स्व घोषित और संदिग्ध' उपलब्धि हासिल कर ली हो, लेकिन वो भारत के गले का एक बोझ बन गए हैं. उन पर आरोप है कि वे देश में लोकतंत्र की हत्या होते हुए देख रहे हैं."

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में संवैधानिक संस्थाओं को ख़त्म किया जा रहा है, इलेक्शन कमीशन की आज़ादी छीन गई है, और अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण को कमज़ोर कर दिया गया है.

    जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त, 1947 को भारत के प्रधानमंत्री बने. उन्होंने एक ऐसी असाधारण कैबिनेट का नेतृत्व किया, जैसी मिसालें दुनिया में बहुत कम देखने को मिलती हैं."

    "अगले पांच वर्षों में आधुनिक भारत आकार लेने लगा. 560 से अधिक रियासतों का विलय, ज़मींदारी प्रथा का समापन, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षण लागू हुआ. विज्ञान और तकनीकी क्षमता के लिए बुनियादी ढांचा बना जिसमें परमाणु ऊर्जा भी शामिल थी. अब पीएम मोदी द्वारा इसे मिटाने की कोशिश की जा रही है.”

    जयराम रमेश ने नीट-सीबीएसई मामले में सामने आईं अनियमितताओं का हवाला देते हुए कहा, नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में शैक्षणिक संस्थाओं से वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मिटाया गया है.

    जयराम रमेश ने दोनों प्रधानमंत्रियों के तीनों कार्यकालों की तुलना की है.

    उन्होंने कहा, "पंडित नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 में भारी और निर्णायक बहुमत से जीत हासिल की. वहीं, पीएम मोदी 2024 में काफ़ी अंतर से साधारण बहुमत भी हासिल नहीं कर पाए. उन्हें भाजपा संसदीय दल को दरकिनार कर जल्दबाज़ी में एनडीए की बैठक बुलानी पड़ी, ताकि खुद को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार कराया जा सके. 2024 निश्चित रूप से उनके लिए जनादेश नहीं था."

  18. पश्चिम बंगाल में शुभेंदु सरकार के मंत्रियों के विभागों का हुआ बंटवारा, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी सरकार में एक जून को शपथ लेने वाले 35 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. बीती नौ मई को शुभेंदु के साथ पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी. उनके विभागों का बंटवारा उसी समय कर दिया गया था.

    दूसरे चरण में एक जून को 35 मंत्रियों ने शपथ ली थी. भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के साथ कई दौर की बातचीत के बाद बुधवार को इन मंत्रियों के विभागों पर मुहर लगा दी. राज्य सचिवालय की ओर से जारी एक बयान में मंत्रियों के विभागों की जानकारी दी गई है.

    इसमें बताया गया है कि गृह मंत्रालय के अलावा विधि और न्याय, भूमि और भू-राजस्व, बिजली, सूचना और संस्कृति, राहत और पुनर्वास, प्रशासनिक सुधार और पर्वतीय मामलों के मंत्रालय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास ही रहेंगे.

    बंटवारे के तहत स्वपन दासगुप्ता को वित्त मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

    पेशे से डॉक्टर शारद्वत मुखर्जी को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है.

    वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और कोलकाता के मानिकतला के विधायक तपस रॉय उद्योग और वाणिज्य मंत्री बने हैं. जगन्नाथ चटर्जी को उच्च शिक्षा मंत्री और उत्तर बंगाल के भाजपा नेता दीपक बर्मन को स्कूली शिक्षा मंत्री बनाया गया है.

    नौ मई को ब्रिगेड परेड मैदान में शुभेंदु अधिकारी के साथ शपथ लेने वाले दिलीप घोष को पंचायत, कृषि विपणन और पशु संसाधन, अशोक कीर्तनिया को खाद्य और आपूर्ति, खुदीराम टुडू को आदिवासी विकास और अग्निमित्रा पॉल को शहरी विकास मंत्रालय का ज़िम्मा सौंपा गया है.

    उत्तर बंगाल के वरिष्ठ नेता शंकर घोष को संसदीय मामलों और पर्यटन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है. उनके अलावा इंद्रनील खान को खेल और युवा कल्याण मंत्री और निशिथ प्रामाणिक को उत्तर बंगाल विकास मंत्री बनाया गया है. भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह को श्रम और परिवहन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है.

  19. सुष्मिता देव ने टीएमसी से दिया इस्तीफ़ा

  20. यूक्रेन की इन लड़कियों ने पिता की क़ब्र पर जाकर मनाई ग्रेजुएशन सेरेमनी