You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो के बयान पर संजय सिंह ने क्या कहा

    फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में हुए अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत के मामले में अमेरिका के बयान को लेकर भारत में विपक्षी नेता सरकार के रुख़ पर सवाल उठा रहे हैं.

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने इसे 'भारत का अपमान' बताया.

    उन्होंने कहा, "हमारे विदेश मंत्री जयशंकर ने अमेरिकी सेना द्वारा तीन भारतीयों की हत्या पर अपना विरोध जताने के लिए मार्को रुबियो को फ़ोन किया. रुबियो ने दुख जताने के बजाय उल्टा हमारे विदेश मंत्री को ही 'डाँट' दिया और कहा 'अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा'."

    कांग्रेस सांसद और पूर्व विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने अमेरिका के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें 'निर्दोष भारतीयों की मौत पर दुख या संवेदना' का एक भी शब्द नहीं है.

    उन्होंने कहा, "कोई 'मित्र' और रणनीतिक साझेदार इतना असंवेदनशील कैसे हो सकता है?"

    दरअसल, भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस मामले में कहा था कि उन्होंने इस हमले को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री के सामने 'कड़ा विरोध' दर्ज कराया है.

    वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि "सभी कमर्शियल जहाज़ों को अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करना चाहिए, क्योंकि वह इस स्ट्रेट में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश कर रही है."

    उन्होंने कहा कि अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

  2. भारतीय नाविकों की मौत के मामले में रुबियो का बयान क्या भारत के लिए 'चेतावनी' है?

  3. ईरान के इन शहरों में अमेरिका से 'समझौते' के ख़िलाफ़ क्यों हुए प्रदर्शन

    अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर रविवार को समझौता होने की उम्मीद जताई जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसको लेकर बयान भी जारी किया.

    हालांकि, ईरान की ओर से हस्ताक्षर का समय या तारीख़ स्पष्ट तौर पर नहीं बताई गई है.

    इस बीच दोनों देशों के बीच समझौते के ख़िलाफ़ ईरान के शहरों में प्रदर्शन हुए हैं.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान में समझौते के कुछ विरोधियों ने इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची और संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ के ख़िलाफ़ नारे लगाए.

    यह रैली तेहरान के इब्न सिना स्क्वायर में आयोजित की गई थी, जिसमें शामिल प्रदर्शनकारी ईरान के एक कट्टरपंथी और चरमपंथी संगठन "परसिस्टेंस फ़्रंट" के क़रीबी बताए जा रहे हैं.

    शनिवार शाम को भी मशहद में विदेश मंत्रालय के इमारत के सामने दर्जनों लोग अब्बास अराग़ची के अमेरिका के साथ संभावित समझौते के बारे में दिए गए बयानों के विरोध में जमा हुए.

    फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें मशहद में प्रदर्शनकारी अराग़ची के ख़िलाफ़ नारे लगाते दिख रहे हैं.

    समझौते का विरोध करने वालों का मानना ​​है कि यह समझौता ईरान के हित में नहीं है और इससे होर्मुज़ स्ट्रेट में ईरान का प्रभाव कमज़ोर होगा.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, अराग़ची ने एक टेलीविजन इंटरव्यू में कहा था कि समझौते में ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को हटाना शामिल होगा. उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट को ईरान के प्रमुख डेटेरेंट (निरोधक क्षमता) में से एक बताया.

  4. भारत में कमज़ोर होते क्षेत्रीय दल किस राजनीतिक बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं?

  5. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच फ़्रांस में हो सकती है मुलाक़ात

    फ़्रांस में होने वाली जी-7 बैठक से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाक़ात होने की संभावना है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अमेरिकी मीडिया के हवाले से ये जानकारी दी है.

    अमेरिकी मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से जानकारी दी है कि दोनों नेताओं के बीच बुधवार, 17 जून को द्विपक्षीय बैठक होगी. ट्रंप सोमवार सुबह जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए फ़्रांस रवाना होंगे.

    पिछले साल फ़रवरी में वॉशिंगटन में मुलाक़ात के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाक़ात होगी.

    वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी का बयान जारी किया है. इसमें भी बुधवार 17 जून को दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक का ज़िक्र है.

    इस मुलाक़ात की ख़बर ऐसे समय आई है जब खाड़ी में तीन भारतीय नाविकों की मौत को लेकर भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक तनाव चल रहा है.

    बीते दिनों ओमान की खाड़ी क्षेत्र में एक कार्गो जहाज़ पर हुए हमले में तीन भारतीयों की मौत हुई थी. भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से फ़ोन पर बात कर इस घटना पर 'कड़ा विरोध' दर्ज किया था.

    हालांकि, अमेरिका की ओर से आए बयान में कहा गया कि अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

    पीएम मोदी का फ़्रांस दौरा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 13 जून को फ़्रांस पहुंच गए हैं. नीस में उतरने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि वह इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय और बहुपक्षीय स्तर पर कई बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.

    उन्होंने फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी मुलाक़ात की बात कही.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, पीएम मोदी 13 से 18 जून तक फ़्रांस और स्लोवाकिया में रहेंगे. वह 13 से 14 जून तक फ़्रांस के नीस और 16 से 18 जून 2026 तक एवियान और पेरिस की यात्रा करेंगे.

    इस बीच वह 14 से 16 जून तक स्लोवाकिया की आधिकारिक यात्रा करेंगे.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को समझौते पर हस्ताक्षर करने की बात कही, ईरान क्या बोला

    फ़ारस की खाड़ी में संघर्ष समाप्त करने को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि रविवार यानी आज दोनों पक्षों में हस्ताक्षर होंगे, जबकि ईरान ने कहा है कि हस्ताक्षर का अभी कोई सटीक समय तय नहीं हुआ है.

    ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने शनिवार को कहा कि अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने का समय अभी तक निर्धारित नहीं किया गया है.

    उन्होंने एक बयान में कहा, "समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के सटीक समय का हमें इंतजार करना होगा."

    उन्होंने कहा कि रविवार को हस्ताक्षर नहीं होंगे, "हालांकि, आने वाले दिनों में हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. दूसरे पक्ष के रुख़ में असंगति को देखते हुए, हमें इस प्रक्रिया के बारे में कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए.

    हालांकि बक़ाई के बयान के कुछ घंटों बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "समझौते पर कल (रविवार) हस्ताक्षर होने वाले हैं, और जैसे ही इस पर हस्ताक्षर हो जाएंगे, होर्मुज़ स्ट्रेट सभी के लिए खुल जाएगा."

    ईरान के संवर्धित यूरेनियम भंडार की ओर इशारा करते हुए ट्रंप ने कहा कि "सही समय पर, जब सब कुछ शांत होगा, हम वहां जाएंगे और 'न्यूक्लियर डस्ट' को हासिल करेंगे."

    इस प्रक्रिया में अहम मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने भी शनिवार को कहा था कि समझौते को अगले 24 घंटों के भीतर अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है और दोनों देश 'इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर की तैयारी कर रहे हैं.'

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  8. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  9. पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका के बीच समझौते की तारीख़ की घोषणा की

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक बयान जारी कर कहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत अंतिम चरण में है और हस्ताक्षर समारोह रविवार को होने वाला है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जारी बयान में कहा कि उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने शनिवार को सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फ़ैसल बिन फ़रहान से फ़ोन पर बात की.

    बयान के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर समारोह रविवार को होगा, और पाकिस्तानी और सऊदी अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि ये क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता में योगदान देगा.

    वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट कर उम्मीद जताई थी कि अगले 24 घंटों के भीतर शांति समझौता हो सकता है.

    दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि हस्ताक्षर करने का समय अभी तक तय नहीं किया गया है.

    ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा कि अमेरिका के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करने का समय अभी तक निर्धारित नहीं किया गया है.

    उन्होंने एक बयान में कहा, "समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के सटीक समय का हमें इंतज़र करना होगा."

    उन्होंने कहा कि रविवार को हस्ताक्षर नहीं होंगे, "हालांकि, आने वाले दिनों में हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है. दूसरे पक्ष को देखते हुए, हमें इस प्रक्रिया के बारे में कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए."

    इस बीच, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने भी कहा है कि समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षर किए जाएंगे.

  10. असम में भारतीय वायु सेना का विमान हुआ क्रैश

  11. एक आदमी जो क़रीब 72 साल मेटल बॉक्स में रहा

  12. प्रणीत मोरे ने स्टैंड-अप कॉमेडी मामले में मांगी माफ़ी, एमबीबीएस छात्रा को कॉलेज ने छुट्टी पर भेजा

  13. डेब्यू मैच में भारत के गुरनूर और हर्ष ने लिए 3-3 विकेट, अफ़ग़ानिस्तान ने दिया इतने रनों का लक्ष्य

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच शनिवार को धर्मशाला में पहला वनडे क्रिकेट मैच खेला जा रहा है.

    बारिश की वजह से आज 25 ओवर का मैच हो रहा है.

    अफ़ग़ानिस्तान पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 194 रनों पर ऑल आउट हो गई. अफ़ग़ानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह ग़ुरबाज़ ने 51 गेंदों पर शानदार 102 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने आठ छक्के और आठ चौके लगाए.

    भारत की ओर से डेब्यू करने वाले गेंदबाज़ हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने तीन-तीन विकेट लिए.

    वहीं अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी ने दो-दो विकेट अपने नाम किए. भारत को जीत के लिए 25 ओवरों में 195 रन बनाने हैं.

  14. रुबियो ने जयशंकर से कहा- नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से शुक्रवार को बातचीत की थी जिसका ब्यौरा अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जारी किया है.

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर बताया, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात की. दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में हाल की घटनाओं पर चर्चा की."

    बयान के मुताबिक, "अमेरिका के विदेश मंत्री ने ज़ोर दिया कि सभी कमर्शियल जहाज़ों को अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करना चाहिए, क्योंकि वो इस स्ट्रेट में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर देखर कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

    वहीं भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस बातचीत के बारे में एक्स पर बताया था.

    एस. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने गल्फ़ में 'अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध जताया.'

    फ़ोन पर हुई इस बातचीत के बारे में भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर बताया, "आज (शुक्रवार) शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई. मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई."

    उन्होंने कहा, "कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने वाली ऐसी घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है."

    इसी हफ़्ते बुधवार को ओमान के पास ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकाबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.

  15. 'पुश इन से पहले बत्तियां बंद कर दी जाती हैं': बीएसएफ़ को लेकर बांग्लादेश का दावा

  16. ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के शव को दफ़न करने की रस्में 4 जुलाई से होंगी शुरू

    ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार और दफ़न की रस्में 4 जुलाई से तेहरान में शुरू होंगी.

    न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, 4 से 5 जुलाई को तेहरान के इमाम ख़ुमैनी ग्रैंड मोसाला में विदाई समारोह आयोजित किए जाएंगे.

    आयोजन कमेटी ने बताया कि 6 जुलाई को तेहरान में अंतिम संस्कार से पहले जुलूस निकाला जाएगा, और उसके बाद 7 जुलाई को पवित्र शहर क़ोम में दूसरा जुलूस निकाला जाएगा.

    वहीं उत्तर पूर्वी शहर मशहद में 9 जुलाई को उनके शव को दफ़नाया जाएगा.

    इस साल फ़रवरी में अली ख़ामेनेई अमेरिकी और इसराइली हमलों में मारे गए थे. वो तीन दशकों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे. उनके निधन के बाद उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता बने.

  17. छत्तीसगढ़ के स्कूलों में हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों के पाठ का आदेश, कांग्रेस ने जताई आपत्ति, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के अलावा हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों का पाठ और प्रार्थनाएं कराई जाएंगी.

    राज्य के शिक्षा विभाग ने इसे नए सत्र से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को स्कूली बच्चों पर थोपने की कोशिश कर रही है.

    स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हर दिन सुबह स्कूल शुरू होने से पहले प्रार्थना में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र और महापुरुषों की जीवनी को बोलकर पढ़ा जाएगा.

    आदेश के मुताबिक़, दोपहर में भोजन से पहले भोजन मंत्र का पाठ किया जाएगा. शाम को छुट्टी होने से पहले राज्यगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का पाठ किया जाएगा.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला का आरोप है कि भाजपा सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को थोपने की कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा, “स्कूलों में सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं. ऐसे में किसी विशेष धार्मिक परंपरा से जुड़े मंत्रों को अनिवार्य करना सही नहीं है. सरकार को इस पर फिर से विचार करना चाहिए.”

  18. मंगलयान से जुड़ी साड़ी के अमेरिका के एक बड़े म्यूज़ियम की शान बनने की कहानी

  19. भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच पहला वनडे शुरू, बारिश की वजह से 25 ओवर का होगा मैच

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच शनिवार को पहला वनडे खेला जा रहा है. ये मैच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हो रहा है.

    बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हो रहा है. अब 50 के बजाए 25 ओवर का मैच खेला जाएगा.

    भारत ने टॉस जीतकर, पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    वहीं, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार आज के मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू कर रहे हैं.

    भारतीय प्लेइंग 11-

    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा

    अफ़ग़ानिस्तान प्लेइंग 11-

    इब्राहिम ज़दरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सिदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान, मोहम्मद सलीम सफ़ी, एएम ग़ज़नफ़र, ज़िया उर रहमान शरीफ़ी

  20. अमेरिका से जल्द समझौता होने की उम्मीद के बीच ईरान ने कैसे एक सीमारेखा तय कर दी है