You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. रुबियो ने जयशंकर से कहा- नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं

    अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से शुक्रवार को बातचीत की थी जिसका ब्यौरा अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जारी किया है.

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर बताया, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात की. दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में हाल की घटनाओं पर चर्चा की."

    बयान के मुताबिक, "अमेरिका के विदेश मंत्री ने ज़ोर दिया कि सभी कमर्शियल जहाज़ों को अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करना चाहिए, क्योंकि वो इस स्ट्रेट में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर देखर कहा कि अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

    वहीं भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस बातचीत के बारे में एक्स पर बताया था.

    एस. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने गल्फ़ में 'अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध जताया.'

    फ़ोन पर हुई इस बातचीत के बारे में भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर बताया, "आज (शुक्रवार) शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई. मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई."

    उन्होंने कहा, "कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने वाली ऐसी घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है."

    इसी हफ़्ते बुधवार को ओमान के पास ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकाबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.

  2. 'पुश इन से पहले बत्तियां बंद कर दी जाती हैं': बीएसएफ़ को लेकर बांग्लादेश का दावा

  3. ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के शव को दफ़न करने की रस्में 4 जुलाई से होंगी शुरू

    ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार और दफ़न की रस्में 4 जुलाई से तेहरान में शुरू होंगी.

    न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए के मुताबिक, 4 से 5 जुलाई को तेहरान के इमाम ख़ुमैनी ग्रैंड मोसाला में विदाई समारोह आयोजित किए जाएंगे.

    आयोजन कमेटी ने बताया कि 6 जुलाई को तेहरान में अंतिम संस्कार से पहले जुलूस निकाला जाएगा, और उसके बाद 7 जुलाई को पवित्र शहर क़ोम में दूसरा जुलूस निकाला जाएगा.

    वहीं उत्तर पूर्वी शहर मशहद में 9 जुलाई को उनके शव को दफ़नाया जाएगा.

    इस साल फ़रवरी में अली ख़ामेनेई अमेरिकी और इसराइली हमलों में मारे गए थे. वो तीन दशकों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे. उनके निधन के बाद उनके बेटे मोजतबा ख़ामेनेई ईरान के सर्वोच्च नेता बने.

  4. छत्तीसगढ़ के स्कूलों में हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों के पाठ का आदेश, कांग्रेस ने जताई आपत्ति, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के अलावा हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों का पाठ और प्रार्थनाएं कराई जाएंगी.

    राज्य के शिक्षा विभाग ने इसे नए सत्र से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को स्कूली बच्चों पर थोपने की कोशिश कर रही है.

    स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हर दिन सुबह स्कूल शुरू होने से पहले प्रार्थना में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र और महापुरुषों की जीवनी को बोलकर पढ़ा जाएगा.

    आदेश के मुताबिक़, दोपहर में भोजन से पहले भोजन मंत्र का पाठ किया जाएगा. शाम को छुट्टी होने से पहले राज्यगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का पाठ किया जाएगा.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला का आरोप है कि भाजपा सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को थोपने की कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा, “स्कूलों में सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं. ऐसे में किसी विशेष धार्मिक परंपरा से जुड़े मंत्रों को अनिवार्य करना सही नहीं है. सरकार को इस पर फिर से विचार करना चाहिए.”

  5. मंगलयान से जुड़ी साड़ी के अमेरिका के एक बड़े म्यूज़ियम की शान बनने की कहानी

  6. भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच पहला वनडे शुरू, बारिश की वजह से 25 ओवर का होगा मैच

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच शनिवार को पहला वनडे खेला जा रहा है. ये मैच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हो रहा है.

    बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हो रहा है. अब 50 के बजाए 25 ओवर का मैच खेला जाएगा.

    भारत ने टॉस जीतकर, पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    वहीं, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार आज के मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू कर रहे हैं.

    भारतीय प्लेइंग 11-

    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा

    अफ़ग़ानिस्तान प्लेइंग 11-

    इब्राहिम ज़दरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सिदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान, मोहम्मद सलीम सफ़ी, एएम ग़ज़नफ़र, ज़िया उर रहमान शरीफ़ी

  7. अमेरिका से जल्द समझौता होने की उम्मीद के बीच ईरान ने कैसे एक सीमारेखा तय कर दी है

  8. शहबाज़ शरीफ़ बोले- अमेरिका और ईरान के बीच 24 घंटों में डील फ़ाइनल होने की उम्मीद

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता बहुत क़रीब है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “हम शांति समझौते के पहले से कहीं ज़्यादा करीब हैं.”

    “अगले 24 घंटों में इसके फाइनल होने की उम्मीद है, जिसके फ़ौरन बाद पाकिस्तान शांति समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है. उसके बाद अगले हफ़्ते तकनीकी स्तर की बातचीत होगी.”

    उन्होंने आगे कहा, "हम बातचीत के दौरान लगातार सहयोग के लिए अमेरिका और ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं, और इस क्षेत्र में मौजूद अपने भाइयों का भी उनके समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं."

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि यह ऐतिहासिक शांति समझौता स्थायी शांति के लिए एक मज़बूत आधार बनेगा.

  9. उपेन्द्र कुशवाहा बोले- बिहार में जब तक एनडीए सरकार रहेगी, दीपक प्रकाश मंत्री रहेंगे

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) नेता उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

    शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ.

    अधिवेशन में सर्वसम्मति से पार्टी के संस्थापक और सीनियर नेता उपेन्द्र कुशवाहा को कार्यकाल (2026-29) के लिए फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

    इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपेन्द्र कुशवाहा ने अपने बेटे और बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर कहा, "किसी तरह के भ्रम में आने की जरूरत नहीं है. निश्चिंत रहिए बिहार में जब तक एनडीए सरकार रहेगी दीपक प्रकाश मंत्री रहेंगे."

    पार्टी ने प्रेस रिलीज़ जारी कर ये जानकारी दी है.

    प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने संकल्प लिया कि पार्टी सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोज़गार, किसानों के हित और बिहार के समग्र विकास के मुद्दों को मज़बूती से उठाती रहेगी.

    इस दौरान पार्टी के अन्य विधायक, बिहार सरकार में मंत्री और उनके बेटे दीपक प्रकाश भी मौजूद रहे.

  10. टीएमसी की पूर्व नेता सुष्मिता देव अब आगे क्या करेंगी, पार्टी छोड़ने की वजह बताई

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा देने वालीं सुष्मिता देव ने शनिवार को पार्टी छोड़ने की वजह बताई.

    उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, “इसके पीछे कुछ निजी और राजनीतिक कारण हैं. अगर कोई पार्टी छोड़ता है, तो उसे राज्यसभा की सीट भी छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि वह सीट पार्टी ने ही दी थी. मुझे यही सही लगा.”

    उन्होंने किसी और राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कहा, "प्लीज़ थोड़ा धैर्य रखें. आपको जल्द ही पता चल जाएगा कि मैं किस दिशा में आगे बढ़ूंगी. मेरे समर्थक मेरे साथ थे और मेरे साथ ही रहेंगे."

    सुष्मिता देव ने बीते बुधवार को राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि अगर मैं असम की राजनीति में आगे बढ़ना चाहती हूं, तो तृणमूल कांग्रेस में अभी ऐसा माहौल नहीं है जो राज्य में उस विकास में मदद कर सके, पार्टी छोड़ने का यही मुख्य कारण है."

  11. अहमदाबाद विमान हादसे का वीडियो बनाने वाले आर्यन को क्यों छोड़ना पड़ा शहर

  12. लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय थल सेना के अगले प्रमुख

    भारत सरकार ने मौजूदा उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगले थल सेना प्रमुख के तौर पर नियुक्त किया है.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ 30 जून 2026 की दोपहर से थल सेना प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे.

    मौजूदा थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी उसी दिन सेवा से रिटायर होंगे.

    लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, नेशनल डिफ़ेंस एकेडमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं. उन्होंने दिसंबर 1986 में आर्म्ड कोर जॉइन किया था.

  13. भारत में क्या क्षेत्रीय दलों की भूमिका लगातार सीमित होती जा रही है? - द लेंस

  14. 'हम भी युवा हैं, हम भी इंसान हैं, हम भी स्टूडेंट हैं' - उज्ज्वल सिंह इंटरव्यू

  15. कल्याण बनर्जी बोले, 'बाग़ी सांसद बीजेपी की शरण में रहना चाहते हैं'

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने ने बाग़ी गुट के सांसदों की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से प्रस्तावित मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया दी है.

    दरअसल टीएमसी के बाग़ी सांसद जगदीश बर्मा बसुनिया ने शनिवार को एएनआई से बात करते हुए दावा किया था कि पार्टी के बाग़ी सांसदों का एक समूह 15 जून को लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेगा.

    उन्होंने यह भी कहा कि इस मुलाकात के दौरान सभी 19 बाग़ी सांसदों के मौजूद रहने की उम्मीद है.

    सांसद कल्याण बनर्जी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "देखिए, उन लोगों को जो करना है, करने दीजिए. उन लोगों को बीजेपी की शरण में रहना होगा, नहीं तो उनका कुछ नहीं चलेगा."

    उन्होंने टीएमसी के बाग़ी सांसदों के बारे में कहा, "यह सब एक चाल है. वे अपने चुनाव क्षेत्रों के विकास का हवाला देते हैं, लेकिन जो लोग अपने चुनाव क्षेत्रों का दौरा तक नहीं कर सकते, वे भला क्या काम करेंगे?"

    उन्होंने कहा, "उन्हें मुख्यमंत्री के साथ रहने की आदत हो गई है. वे मुख्यमंत्री का साथ नहीं छोड़ेंगे."

    "पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो गया है. वहां टीएमसी के लोगों को परेशान किया जा रहा है. कोई अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है."

    "पिछले एक महीने में क्या विकास हुआ है? क्या इन सांसदों ने मुख्यमंत्री से बात की है? क्या मुख्यमंत्री ने कोई वादा किया है? आप बताइए. ये लोग बीजेपी की शरण में रहना चाहते हैं."

  16. जोरहाट में वायु सेना विमान क्रैश में दो अफ़सरों और दो अग्निवीरवायु समेत पांच जवानों की मौत

  17. अखिलेश यादव की बेटी पर ग़लत टिप्पणी करने वालों पर क्या कर्रवाई हुई, सीएम योगी ने बताया

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी यादित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी पर की गई ग़लत टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने आज़मगढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "बेटी, बेटी होती है. बेटी का सम्मान होना चाहिए. मैं पिछले दिनों देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के ख़िलाफ़ किसी ने ग़लत टिप्पणी की थी."

    "जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने पुलिस से कहा कि इसमें तत्काल एफ़आईआर दर्ज कराई जाए. बेटी के ख़िलाफ़ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जानी चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "बेटी, बेटी होती है. हम तो उन संस्कारों में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है और गांव की बहन सबकी बहन होती है. हमने तो कभी कोई भेदभाव नहीं किया."

    इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को भी नसीहत दी.

    उन्होंने कहा, "अखिलेश जी, आप दूसरों को उपदेश देते हैं, तो अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दीजिए कि वे अपनी भाषा पर संयम रखें. दूसरों के प्रति टिप्पणी करने से पहले स्वयं भी सोचा करें. आपके लोग बहनों और बेटियों, बुज़ुर्गों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति किस प्रकार की भाषा का प्रयोग करते हैं, इस पर भी उन्हें अपने लोगों को समझाना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव ऐसा नहीं कर सकते हैं तो, "उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे."

  18. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  19. अमेरिका-ईरान समझौते की संभावना के बीच कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट

    अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की चर्चाओं के बीच कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट आई है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमतें मार्च की शुरुआत के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं.

    ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमत 87.33 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जो पिछले दिन की तुलना में 3.05 डॉलर (3.4%) कम है.

    अमेरिकी वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट कच्चे तेल की क़ीमत भी गिरकर 84.88 डॉलर प्रति बैरल हो गई है. इसमें 2.83 डॉलर या 3.2 प्रतिशत की गिरावट आई है. यह अप्रैल के बाद से इसकी सबसे कम क़ीमत है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, निवेश फ़र्म 'अगेन कैपिटल' के पार्टनर जॉन किल्डफ़ ने कहा, "बाज़ार में गिरावट का मुख्य कारण ईरानियों का यह बयान है कि उनका अमेरिका के साथ समझौता होने वाला है."

    शुक्रवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक टेलीविज़न कार्यक्रम में कहा, "हम पहले से कहीं अधिक समझौते के क़रीब हैं. यानी, यह अगले एक-दो दिनों में हो सकता है, या अगले कुछ दिनों के भीतर हो सकता है."

  20. अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों के मारे जाने के असर पर विदेशी मीडिया में छिड़ी ऐसी बहस