You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
वैभव सूर्यवंशी ने बताया विंबलडन फ़ाइनल देखने के लिए किसने उन्हें कपड़े दिलाए?
भारत के 15 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के लिए रविवार का दिन ख़ास रहा. उन्हें टेनिस के प्रतिष्ठित विंबलडन टूर्नामेंट का मेंस फ़ाइनल देखने का मौक़ा मिला.
यह मैच इटली के यानिक सिनर और जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव के बीच खेला गया. सिनर ने ज़्वेरेव को हराकर यह ख़िताब अपने नाम किया.
वैभव सूर्यवंशी इस दौरान ट्रेडिशनल सूट में थे, जिसे पहनकर अक्सर खेल और मनोरंजन जगत की हस्तियाँ विंबलडन देखने पहुंचती हैं.
उन्होंने मैच से पहले टेनिस और क्रिकेट को लेकर अपनी बातें साझा कीं. इस दौरान उनके साथ उनके साथी क्रिकेटर अभिषेक शर्मा और पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह भी मौजूद रहे.
जब प्रजेंटर ने उनसे पूछा कि उन्होंने ये कपड़े कैसे चुने, तो जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने कहा, "जल्दी-जल्दी में जो मिला, वही पहनकर आ गया. मैंने अभिषेक भैया (अभिषेक शर्मा) को बोलकर कपड़े अरेंज कराए."
यह पहला मौक़ा था जब वह युवराज सिंह से मिले. उन्होंने कहा, "युवी पाजी मेरे आइडल रहे हैं. उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला है."
यादगार अनुभव
वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि टेनिस के इतने बड़े मंच पर आना और फ़ाइनल देखना उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा.
टेनिस के अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में उन्होंने कहा, "मैं पिछले 4-5 सालों से टेनिस फॉलो कर रहा हूँ. जोकोविच और नडाल को बहुत पसंद करता हूँ. इस जेनरेशन में मुझे कार्लोस अल्काराज़ और यानिक सिनर पसंद हैं."
वहीं, युवराज सिंह ने वैभव सूर्यवंशी के बारे में कहा, "मैं इसे बॉस बेबी बुलाता हूं, क्योंकि यह अब बॉलरों का बॉस बन चुका है. अभिषेक के साथ तो मैंने काफ़ी वक़्त बिताया है, लेकिन वैभव से यह पहली मुलाक़ात है. उसके साथ भी मैं समय बिताना चाहूंगा. उसका फ़्यूचर बहुत ब्राइट है, क्योंकि वह क्रिकेट को लेकर बहुत सीरियस है."
युवराज को जोकोविच पसंद
युवराज सिंह के मुताबिक़ अभिषेक और वैभव क्रिकेट को अगले लेवल पर ले गए हैं. वह कहते हैं, "मुझे आक्रामक खेलना पसंद था. लेकिन ये दोनों मेरे एग्रेसन को अगले ही स्तर पर ले गए हैं. इन्होंने क्रिकेट को बहुत बेहतर बनाया है."
युवराज सिंह ने टेनिस में अपनी इंस्पिरेशन के बारे में कहा, "मुझे नोवाक जोकोविच बहुत पसंद हैं. इतनी उम्र में भी वह कमाल का खेल रहे हैं. सेमीफ़ाइनल तक पहुंच रहे हैं. 24 ग्रैंड स्लैम जीतना कोई मामूली बात नहीं है. यह अनरियल है. जब-जब उन्हें क्राउड का सपोर्ट नहीं मिला, वह दोगुनी रफ़्तार से वापसी करके आए. मुझे भी कैंसर के बाद इसी माइंडसेट ने वापसी की प्रेरणा दी. नई जेनरेशन के खिलाड़ियों में जब मैं यानिक सिनर और अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को देखता हूं, तो वे मुझे अभिषेक और वैभव की याद दिलाते हैं. जिस तरह से वे गेम को डॉमिनेट करते हैं, उसी तरह ये दोनों भी करते हैं."
अभिषेक शर्मा ने सिनर और ज़्वेरेव को अपना पसंदीदा खिलाड़ी बताते हुए कहा कि जिस तरह से उन्होंने टेनिस को डॉमिनेट किया है, वैसे ही वह भी क्रिकेटिंग वर्ल्ड में डॉमिनेट करना चाहते हैं. उन्होंने रफ़ाएल नडाल को अपना ऑल-टाइम फ़ेवरिट बताते हुए कहा, "वह भी बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं और मैं भी. इसी वजह से मैं नडाल से जुड़ाव महसूस करता हूं."
इंग्लैंड में वैभव सूर्यवंशी
भारत के मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर टीम और वैभव सूर्यवंशी, दोनों के फ़ॉर्म की काफ़ी चर्चा हो रही है. भारत इंग्लैंड से पांच मैचों की टी20 सीरीज़ 4-0 से हार गया. इससे पहले आयरलैंड के ख़िलाफ़ भी भारत दो टी20 मैच हार गया था. आयरलैंड के ख़िलाफ़ इन दोनों मैचों में और इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया था. तब टीम मैनेजमेंट की कई क्रिकेटरों, एक्सपर्ट्स और सोशल मीडिया यूज़र्स ने काफ़ी आलोचना की थी. इसके बाद वैभव को दूसरे मैच में मौक़ा मिला.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका डेब्यू था और 10 गेंदों पर वह 14 रन बनाकर आउट हो गए.
तीसरे मैच में भारत 125 रनों से हारा और वैभव पांच गेंदों पर 13 रन बनाकर आउट हो गए. चौथे मैच में वैभव 10 गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हुए. सीरीज़ के पांचवें मैच में एक बार फिर वैभव को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली.
वैभव के बारे में कहा जा रहा है कि वह हर गेंद पर अटैक करने के मूड में रहते हैं और यही अप्रोच उन पर भारी पड़ रही है.
अपने अब तक के तीनों अंतरराष्ट्रीय मैचों में वह बैक-ऑफ-लेंथ गेंदों के ख़िलाफ़ संघर्ष करते दिखे हैं.
कहा जा रहा है कि अगर वैभव सूर्यवंशी को लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट में टिके रहना है, तो उन्हें सिर्फ़ आईपीएल की सपाट पिचों पर ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में अलग-अलग परिस्थितियों में भी रन बनाने होंगे.
पिछले दो टी20 मैचों में यह रणनीति सफल रहने के बाद राजस्थान रॉयल्स में वैभव सूर्यवंशी के टीममेट जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में दो बार शॉर्ट गेंद फेंकी.
युवा बल्लेबाज़ ने दोनों गेंदों पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले से मनचाहा संपर्क नहीं बना सके.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.