कोविड-19 की वजह से एक दिन में 627 लोगों की मौत होने के बाद इटली ने कुछ शहरों में फ़ौज उतारने का फ़ैसला किया है.
चीन के मेडिकल एक्सपर्ट जो इस संकट से लड़ने में इटली की मदद के लिए पहुँचे हैं, उनका कहना है कि "जिस तरह के प्रतिबंध इटली ने प्रभावित इलाक़े में लगा रखे हैं, वो नाकाफ़ी हैं."
स्थानीय प्रशासन के अनुसार उत्तरी इटली में मिलान शहर से क़रीब 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित लोम्बार्डी इलाक़ा कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित है.
अकेले इस इलाक़े से ही कोविड-19 के हज़ारों मामले सामने आये हैं.
इस महामारी की वजह से इटली में मरने वालों की संख्या अब 4,000 के पार जा चुकी है और इस तरह इटली ने चीन को भी पीछे छोड़ दिया है.
लोम्बार्डी क्षेत्र के प्रतिनिधि अतीलिओ फ़ोन्ताना ने प्रेस को बताया है कि "शुक्रवार को उन्होंने इटली की सरकार से अपने क्षेत्र में फ़ौज भेजने की माँग की थी जिसे स्वीकार कर लिया गया है."
उन्होंने बताया, "जल्द ही सैनिकों की टुकड़ियाँ लॉम्बार्डी में होंगी. इस फ़ैसले में थोड़ी देर हुई, पर हमने हिम्मत नहीं हारी है."
इटली की सरकार ने इससे पहले लोगों को बेहद ज़रूरी काम पड़ने पर ही घरों से बाहर आने की हिदायत दी थी.
लेकिन बीते 24 घंटे में जिस तरह से कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़े हैं, उसे देखते हुए नहीं लगता कि लोगों ने इन हिदायतों को शुरुआत में गंभीरता से लिया.
शुक्रवार-शनिवार को इटली में कोविड-19 के 6000 से अधिक नए मामले दर्ज किये गए हैं.
इसके साथ ही इटली में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 47,000 से अधिक हो गई है.