You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: फ्रांस-अमरीका ने उठाए ये कदम-LIVE

डब्ल्यूएचओ के मुताबिक पूरी दुनिया में सवा लाख से ज़्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित.

लाइव कवरेज

  1. बांग्लादेश: कोरोना का फ़र्ज़ी टीका बेचते दो लोग गिरफ़्तार

    बांग्लादेश के स्थानीय मीडिया के अनुसार दो लोगों को कथित तौर पर कोरोना वायरस का टीका बेचने के जुर्म में जेल भेजा गया है.

    अभी तक दुनिया का कोई भी देश कोरोना वायरस का टीका विकसित नहीं कर सका है.

    गुरुवार को भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा था कि 'COVID-19 का टीका तैयार करने में डेढ़ से दो साल तक का समय लग सकता है.'

    बांग्लादेश पुलिस के अनुसार फ़र्जीवाड़ा करने वाले दोनों लोगों को दो साल जेल की सज़ा हुई है.

  2. चार SAARC देशों ने की पीएम मोदी के प्रस्ताव की तारीफ़

    • नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के शीर्ष नेताओं ने पीएम मोदी के प्रस्ताव की तारीफ़ करते हुए कहा है कि 'वे एक संयुक्त रणनीति तैयार करने में भारत के साथ हैं.'
    • नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने पीएम मोदी के ट्वीट का जवाब भी दिया है.
  3. भारत और दक्षिण अफ़्रीका वनडे सिरीज़: बचे हुए दोनों मैच रद्द

    बीसीसीआई के अधिकारियों ने प्रेस को बताया है कि भारत-दक्षिण अफ़्रीका वनडे सिरीज़ के आगामी दोनों मैच, जो लखनऊ और कोलकाता में खेले जाने थे, रद्द किये जाते हैं.

    इससे पहले सूचना मिली थी कि कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए ये दोनों वनडे मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 81 हुई

    • भारत सरकार के अनुसार शुक्रवार शाम तक भारत के 13 राज्यों में 81 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.
    • इनमें 64 भारतीय हैं और 17 विदेशी नागरिक हैं.
    • केरल में सबसे अधिक 19, उसके बाद महाराष्ट्र में 14 और उत्तर प्रदेश में 10 मामले सामने आये हैं.
    • भारत में COVID-19 की वजह से अब तक एक शख़्स की मौत हुई है और तीन लोग कोरोना से संक्रिमत होने के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं.
    • सरकारी अफ़सरों का दावा है कि 71 मरीज़ों की स्थिति स्थिर बनी हुई है और 7 अन्य मरीज़ों को ठीक होने के बाद जल्द घर भेजा जाएगा.
  5. कोरोना वायरस को लेकर देश भर में अलर्ट

    • कर्नाटक सरकार ने सभी विश्वविद्यालय, मॉल, सिनेमाघर, पब, स्पोर्ट इवेंट, कॉन्फ़्रेंस, शादी-पार्टियों समेत सभी सामाजिक समारोहों पर कल से एक सप्ताह की रोक लगाने का फ़ैसला किया है.
    • कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि ‘एक सप्ताह के बाद स्थिति का रिव्यू किया जाएगा और आगे का निर्णय होगा.’
    • मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी डॉक्टरों की छुट्टियाँ रद्द कर दी हैं.
    • मध्य प्रदेश में कोरोना के मद्देनज़र आगामी आदेश तक स्कूलों की छुट्टियाँ घोषित.
    • बिहार के सभी सिनेमाघर, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, पार्क, चिड़ियाघर, म्यूज़ियम, आँगनबाड़ी केंद्र और सारे सांस्कृतिक कार्यक्रम 31 मार्च तक बंद. इस बार बिहार दिवस भी नहीं मनाया जाएगा.
    • इंडो-नेपाल बॉर्डर पर विशेष सतर्कता के निर्देश जारी. साथ ही पटना स्थित पीएमसीएच के सभी डॉक्टर की छुट्टियाँ रद्द कर दी गई हैं.
    • छत्तीसगढ़ सरकार ने भी शहरी इलाक़ों में स्थित सभी जिम, पार्क, स्विमिंग पूल, पब्लिक लाइब्रेरी और आँगनबाड़ी केंद्र 31 मार्च तक बंद रखने का निर्णय किया है.
    • ओडिशा सरकार ने भी प्रदेश में इसी तरह के प्रतिबंध लागू कर दिये हैं.
    • दिल्ली सरकार ने कहा है कि कोई भी शख़्स, संस्थान या संगठन कोरोना वायरस से जुड़ी कोई जानकारी प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से सार्वजनिक ना करे. बिना स्वास्थय विभाग की अनुमति के कोरोना वायरस के प्रकोप से जुड़ी कोई भी जानकारी फैलाना दंडनीय अपराध माना जाएगा.
    • महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, नवी मुंबई, पुणे और नागपुर में कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इन शहरों के सभी जिम और स्विमिंग पूल 30 मार्च तक बंद रखने के निर्देश जारी किये हैं.
  6. कुछ और मामले...

    महाराष्ट्र सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि 'नागपुर शहर के दो और लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है.'

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने भारतीय फ़ौज के हवाले से लिखा है कि इटली से लौटे और हरियाणा के मानेसर स्थित सेंटर में रखे गए शख़्स में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया है.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, एयर इंडिया ने कई उड़ानें रद्द कीं

    • सरकारी विमान कंपनी एयर इंडिया के अधिकारियों ने बताया है कि इटली, फ़्रांस, जर्मनी, स्पेन, दक्षिण कोरिया और श्रीलंका जाने वाली सभी उड़ानें 30 अप्रैल तक रद्द की गई हैं.
  8. पीएम मोदी की अपील

  9. BCCI ने 15 अप्रैल तक रद्द किया आईपीएल

    BCCI ने कोरोना वायरस के ख़तरे को ध्यान में रखते हुए 2020 के इंडियन प्रीमियर लीग को फ़िलहाल 29 मार्च की जगह 15 अप्रैल से शुरू करने का फ़ैसला किया है.

  10. ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री कोरोना वायरस से संक्रमित

    ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री पीटर डटन के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

    पीटर डटन ने कहा है कि 'शुक्रवार सुबह उन्होंने महसूस किया कि उनका गला ख़राब है और तापमान बढ़ा हुआ है और फिर तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया.'

    उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है.

  11. प्रियंका गांधी ने कोरोना पर जारी किया वीडियो

  12. दिल्ली में नहीं होंगे IPL मैच

  13. इस्लामिक स्टेट ने भी जारी की एडवाइज़री

    चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने कोरोना वायरस का ज़िक्र किये बिना महामारी से सुरक्षा के लिए एक एडवाइज़री जारी की है.

    आईएस के साप्ताहिक अख़बार अल-नाबा के नए संस्करण में ‘धार्मिक निर्देश’ दिये गए हैं.

    इसमें कोरोना वायरस शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है. महामारी शब्द लिखते हुए सलाह जारी की गई है.

    इस सलाह मे बताया गया है:

    • बीमार लोगों से दूर रहें.
    • किसी भी महामारी से प्रभावित इलाक़ों की यात्रा और उन जगहों से कहीं और की यात्रा न करें.
    • खांसते और उबासी लेते वक़्त मुंह को ढँक लें, और
    • खाने-पीने से पहले हाथ धो लें.

    उन्होंने अपने समर्थकों से ख़ुदा पर भरोसा रखने और उनकी शरण लेने का भी आग्रह किया है.

  14. राहुल गांधी: सरकार कोरोना वायरस के ख़तरे को गंभीरता से नहीं ले रही

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार कोरोना वायरस के ख़तरे को गंभीरता से नहीं ले रही है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, "कोरोना वायरस हमारे लोगों और हमारी अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत गंभीर ख़तरा है. मुझे लगता है कि सरकार इस ख़तरे को गंभीरता से नहीं ले रही है."

    राहुल ने 12 फ़रवरी को ये ट्वीट किया था, लेकिन 13 मार्च को भी उन्होंने इस दोबारा ट्वीट किया और कहा कि "मैं इसे बार-बार कहता रहूंगा."

  15. संयुक्त राष्ट्र दफ़्तर में कोरोना का पहला मामला सामने आया

    न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कोरोना वायरस के संक्रमण का पहला मामला सामने आया है. समाचार एजेंसी एफ़पी के अनुसार फ़िलीपीन्स के एक राजनयिक में इस वायरस की पुष्टि हुई है.

    राजनयिक ने सोमवार को यूएन दफ़्तर का दौरा किया था. वो संयुक्त राष्ट्र महासभा की छठी कमेटी में काम करते हैं जो क़ानूनी मामलों की देख रेख करती है.

    संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में क़रीब तीन हज़ार लोग काम करते हैं.

  16. कोरोना के केवल आठ नए मामले चीन में

    दुनिया के कई शहरों में जहां कोरोना वायरस अपने पैर पसार रहा है, वहीं चीन में इसमें बहुत हद तक कमी देखी जा रही है.

    शुक्रवार को केवल आठ नए मामले सामने आए. पाँच वुहान शहर और तीन मामले विदेशों से आए लोगों में देखे गए थे.

    चीन के वुहान शहर से ही कोरोना वायरस की शुरुआत हुई थी और फिर ये दुनिया के कई शहरों में फैल गया है.

  17. भारतीय शेयर बाज़ार में आया भूचाल, सेंसक्स 3000 अंक से ज़्यादा नीचे गिरा

    कोरोना वायरस का बाज़ारों पर असर शुक्रवार को भी दिखा. गुरुवार को भी भारत समेत एशियाई बाज़ार गिरे थे और शुक्रवार को भी बाज़ार का गिरना जारी है.

    शुक्रवार सुबह जब भारतीय बाज़ार खुले तो सेंसेक्स में क़रीब नौ फ़ीसद की गिरावट देखी गई. निफ़्टी भी 10 फ़ीसदी से अधिक नीचे लुढ़का.

  18. कनाडा के पीएम जस्टिन ट्रूडो की पत्नी कोरोना से संक्रमित

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की पत्नी सोफ़ी ट्रूडो भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गईं हैं.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार सोफ़ी गुरुवार को ब्रिटेन से एक कार्यक्रम से लौटीं थीं. उसके बाद उनमें फ़्लू जैसे लक्षण देखे गए. डॉक्टरों ने सैंपल लेकर जाँच की और कोरोना वायरस का टेस्ट पॉज़िटिव निकला.

  19. पीढ़ी का सबसे बुरा पब्लिक स्वास्थ्य संकट - बोरिस जॉनसन

    ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कोरोना वायरस कोविड 19 को “पीढ़ी का सबसे बुरा सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट” कहा है.

    प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के तरीकों में बदलाव करने का ऐलान किया है और कहा है कि इससे निपटने के लिए कड़े कदम उठाने का वक्त आ गया है.

    उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवा एनएचएस इस वक्त काफी दबाव से गुज़र रही है और लोगों को सलाह दी है कि जिन्हें बुख़ार है और लगातार खांसी हो रही है वो सात दिन के लिए खुद को दूसरों से दूर रखें.

    यूके में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण 10 लोगों की मौत हो चुकी है.

    प्रधानमंत्री जॉनसन ने कहा कि फिलहाल स्कूलों को बंद करने की ज़रूरत नहीं है. हालांकि स्कूलों को सलाह दी गई है कि वो अपने सभी विदेशी दौरे रद्द करें. 70 साल से अधिक की उम्र के लोगों से कहा गया है कि वो जहाज़ पर जाने से बचें.

    अब तक यूके में कोरोना वायरस के संक्रमण के 596 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. हालांकि सरकार के चीफ़ साइंटिफिक एडवाइज़र सर पैट्रिक वैलन्स का कहना है कि असल में संक्रमित लोगों की संख्या 5,000 से 10,000 तक हो सकती है.

    कोरोना वायरस से निपटने के नए तरीकों में बारे में ब्रितानी सरकार ने कहा है कि वायरस की जांच करने के लिए उन पर अधिक ध्यान दिया जाएगा जो अस्पताल में हैं.

    सरकार ने कहा है कि जिन लोगों को लगता है कि उन्हें अपने शरीर में संक्रमण के लक्षण दिख रहे हैं को एनएचएस के 111 नंबर पर फ़ोन करने की बजाय एनएचएस की वेबसाइट और 111 ऑनलाइन पर जानकारी देखें.

    प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि कुछ लोगों को लगता है कि ये मौसमी सर्दी ज़ुकाम जैसा है लेकिन ये ऐसा नहीं है. शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमज़ोर होने पर ये घातक साबित हो सकता है.

    प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि इस वायरस को फैलने से रोका जाए ताकि एनएसएस इससे निपटने के लिए तैयार हो सके.

    इससे पहले सरकार ने कहा था कि विदेश से लौटे या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए व्यक्ति को यदि खांसी और बुखार है तो वो खुद को दूसरों से दूर कर लें.

  20. माउंट एवरेस्ट पर फिलहाल नहीं होगी चढ़ाई- नेपाल

    काठमांडू में मौजूद बीबीसी संवाददाता प्रदीप बश्याल ने बताया है कि कोरोना वायरस के चलते नेपाल सरकार ने इस सीज़न में माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के अभियानों को रद्द कर दिया है.

    नेपाल के प्रधानमंत्री के दफ्तर में सचिव नारायण प्रसाद बिदारी ने कहा है कि सरकार ने अप्रैल 30 तारीख तक सभी प्रकार के पर्यटक वीज़ा पर भी रोक लगाने का फ़ैसला किया है.

    उप प्रधानमंत्री इश्वर पोखरेल की अध्यक्षा में हुई एक अहम बैठक में ये फ़ैसला लिया गया है.

    फ़ैसले में ये भी कहा गया है कि “2020 में होने वाली एवरेस्ट चढ़ाई के इस सीज़न के लिए जारी किए गए सभी परमिट और आगे जारी किए जाने वाले सभी परमिट रद्द किए जाएंगे.”

    नेपाल ने विदेशी पर्यटकों से अपील की है कि बेहद ज़रूरी न होने पर वो नेपाल की यात्रा न करें. साथ ही कहा है कि 14 अप्रैल के बाद से नेपाल आने वाले सभी पर्यटकों को 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन में रखा जाएगा.

    चीन पहले की माउंट एवरेस्ट की उत्तरी हिस्से में होने वाले चढ़ाई अभियानों को रद्द करने का ऐलान कर चुका है.