You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'न्यूट्रल' लोगों पर किया तंज़, क्या बोले?

गुजरात, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जहां इन राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन पर बोले वहीं उन्होंने 'न्यूट्रल' लोगों पर तंज़ किया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. पीएम मोदी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत हैः अमित शाह

    गुजरात विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि गुजरात में बीजेपी ने इतिहास रचने का काम किया है.

    उन्होंने कहा कि इस जीत ने दिखाया है कि हर वर्ग चाहे महिला हो, युवा हो या किसान हो सभी पूरे दिल से भाजपा के साथ हैं.

    उन्होंने कहा, "गुजरात ने खोखले वादे, रेवड़ी व तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को नकार कर विकास और जनकल्याण को चरितार्थ करने वाली नरेंद्र मोदी की भाजपा को अभूतपूर्व जनादेश दिया है."

    गृह मंत्री ने कहा, "पिछले दो दशक में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ने गुजरात में विकास के सभी रिकॉर्ड तोड़े और आज गुजरात की जनता ने भाजपा को आशीर्वाद देकर जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए."

    "यह @narendramodi जी के विकास मॉडल में जनता के अटूट विश्वास की जीत है."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, गुजरात विधानसभा चुनाव: 157 सीटों पर बीजेपी, कांग्रेस 17, आप 5 पर आगे

    गुजरात विधानसभा चुनावों की मतगणना में बीजेपी 157 सीटों पर आगे चल रही है.

    आम आदमी पार्टी की बढ़त अब सिर्फ़ 5 सीटों पर ही है और कांग्रेस 17 सीटों पर आगे है.

    गुजरात में बीजेपी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 127 सीटों का है तो माधव सिंह सोलंकी के जमाने में कांग्रेस ने 1985 में राज्य विधानसभा चुनाव में 147 सीटें जीती थीं.

    अगर बीजेपी ये 157 सीटें जीत लेती है तो वो न केवल साल 2002 के विधानसभा चुनावों के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ेगी बल्कि 1985 के माधव सिंह सोलंकी सरकार के रिकॉर्ड को भी तोड़ेगी.

  3. गुजरात विधानसभा चुनाव: 'आप' के दोनों बड़े नेता रुझान में बड़े अंतर से पिछड़े

    गुजरात के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेता पिछड़ते दिख रहे हैं. अभी तक के रुझानों में पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा इसुदान गढ़वी और प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया बड़े अंतर से पीछे चल रहे हैं.

    इसुदान गढ़वी खंभालिया सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनके प्रतिद्वंद्वी और बीजेपी के उम्मीदवार अयर बेरा करीब 18 हज़ार वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं.

    चुनाव आयोग के ताज़ा रुझानों में इसुदान गढ़वी को कुल 50 हज़ार से अधिक वोट मिले हैं जबकि अयर बेरा ने अभी तक 68 हज़ार से अधिक वोट हासिल कर लिए हैं.

    इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी अहिर मादम को भी भी तक 38 हज़ार से अधिक वोट मिल चुके हैं.

    वहीं, कटरगाम से चुनाव लड़ रहे गोपाल इटालिया 50 हज़ार से भी अधिक वोटों से पिछड़ गए हैं. इस सीट पर बीजेपी के विनोदभाई मोराडिया अभी तक करीब 60 फ़ीसदी वोट हासिल कर लिए हैं.

  4. हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोटस का कोई डर नहीं है: राजीव शुक्ला

    कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश में पार्टी के प्रभारी राजीव शुक्ला ने मीडिया से बात करते हुए राज्य में पार्टी के जीत की ओर बढ़ने का श्रेय प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा, सोनिया गांधी के प्रोत्साहन और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दिया.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "हिमाचल में ऑपरेशन लोटस का कोई डर नहीं है. आँकड़े ऐसे हैं कि वो लोग भी जानते हैं कि ज्यादा कुछ नहीं कर सकते. हम पार्टी के विधायकों की बैठक करने के बाद सारा निर्णय आलाकमान पर छोड़ देंगे."

    उन्होंने कहा, "मैं और भूपेश बघेल वहाँ जा रहे हैं, हुडा जी पहले से वहाँ हैं और हम लोग जल्द ही फ़ैसला करेंगे. हमें पूरी उम्मीद है कि हम आसानी से सरकार बनाएँगे और अपने वादे पूरे करेंगे."

  5. चुनावी नतीजे LIVE: गुजरात, हिमाचल प्रदेश में किसकी बनेगी सरकार? बीबीसी की ख़ास पेशकश

    गुजरात विधानसभा की सभी 182 और हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर चुनाव के रुझान आ गए हैं.

    बीजेपी गुजरात में 27 साल से सत्ता में है और एक बार फिर से वो रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रही है.

  6. गुजरात: 12 दिसंबर को मुख्यमंत्री लेंगे शपथ, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद

    भारतीय जनता पार्टी की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा है कि गुजरात के मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा.

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे.

    गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "गुजरात चुनाव के नतीजे स्पष्ट हैं. लोगों ने ये स्पष्ट कर दिया कि वे गुजरात में विकास की यात्रा के साथ बने रहेंगे. हम जनादेश को विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं. बीजेपी का हरेक कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है."

  7. हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में किस पार्टी को मिले कितने वोट?

    हिमाचल प्रदेश में वोट शेयर के लिहाज से सत्ताधारी बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर जारी है.

    कांग्रेस भले ही यहां 39 सीटों पर आगे है लेकिन उसे अभी तक के रुझानों में 43.97 फ़ीसदी वोट मिले हैं.

    वहीं, बीजेपी भी 42.87 फ़ीसदी वोट पा चुकी है.

    राज्य में अन्य के खाते में 10.4 फ़ीसदी वोट गए हैं.

    हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को मतदान हुआ था.

  8. गुजरात चुनाव: सोशल मीडिया पर चर्चा मोरबी हादसे और एंटी-इन्कम्बेंसी की

    गुजरात विधानसभा चुनावों के अब तक आए रुझानों में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है. वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पिछड़ती दिख रही है.

    चुनाव आयोग के अनुसार अब तक आए रुझानों में कुल 182 विधानसभा सीटों में से 150 सीटों पर बीजेपी आगे है. वहीं 21 पर कांग्रेस और 6 पर आम आदमी पार्टी आगे दिख रही हैं.

    सोशल मीडिया पर गुजरात चुनाव ट्रेंड कर रहा है और राजनेता से लेकर आम लोग चुनावी रुझानों को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने लिखा है कि गांधीनगर में बीजेपी दफ्तार के सामने जश्न का माहौल है.

  9. गुजरात में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 27 सीटों में 23 पर बीजेपी को बढ़त

    गुजरात में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी बीजेपी मज़बूत पकड़ बनाए हुए हैं. यहां अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 27 सीटों में से बीजेपी 23 पर आगे चल रही है.

    गुजरात में विधानसभा की 182 में से 27 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं.

    इनमें नांदोद, झगड़िया, मांगरोल, मांडवी, महुवा, व्यारा, निजार, डांग, गणदेवी, धरमपुर, कपराडा, उदगाम, दांता, मोरवा हदफ़, फतेपुरा, झालोद, लिमखेड़ा, दाहोद, गरबाड़ा, छोटा उदयपुर, संखेड़ा व जेतपुर सीटों पर बीजेपी आगे हैं.

    वहीं, कांग्रेस वंसदा और खेडब्रह्मा सीटों से आगे चल रही है. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार देदियापाड़ा और भिलोदा सीटों से आगे चल रहे हैं. इसके अलावा संतरामपुर सीट से निर्दलीय बाबूभाई डामोर आगे चल रहे हैं.

  10. हिमाचल प्रदेश में जीत की ओर बढ़ती कांग्रेस को बीजेपी से है इस बात का डर

    कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनावों में जीत के लिए आश्वस्त है लेकिन उसके मन में अपने विधायकों की ख़रीद-फ़रोख्त की आशंका भी दिखने लगी है. पार्टी के नेताओं ने इस बारे में ख़ुलकर बोलना भी शुरू कर दिया है.

    इसी बीच हिमाचल प्रदेश के जीते हुए विधायकों को राज्य से बाहर भेजने की अटकलें भी शुरू हो गई हैं.

    विधायकों को हिमाचल प्रदेश से बाहर ले जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि वो लोकतंत्र को बचाने के लिए हर संभव क़दम उठाएंगे क्योंकि बीजेपी कुछ भी कर सकती है.

    साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि उनकी मां और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी सीएम पद के दावेदारों में शामिल हैं.

    चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार कांग्रेस फिलहाल 38 सीटों पर आगे चल रही है और सत्ताधारी बीजेपी 26 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

    पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भरोसा जताया कि राज्य में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी और पांच सालों तक चलेगी.

    इससे पहले कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कहा कि भाजपा कुछ भी कर सकती है इसलिए कांग्रेस के साथियों को संभालकर रखना होगा.

    भूपेश बघेल हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भी हैं. समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, “हमें उम्मीद थी कि हमारी सरकार बनेगी, वो बनती दिख रही है. हमें अपने साथियों को संभालकर रखना होगा क्योंकि भाजपा कुछ भी कर सकती है.”

  11. गुजरात विधानसभा चुनाव: मोरबी सीट पर बीजेपी प्रत्याशी बड़े अंतर से आगे

    गुजरात विधानसभा चुनावों में इस बार मोरबी सीट की चर्चा ज़ोरों पर रही.

    अक्टूबर महीने में मोरबी में ही सस्पेंशन ब्रिज गिर गया था, जिसमें करीब 140 लोगों की मौत हो गई थी.

    इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमृत्य कांतिलाल शिवलाल लगातार बड़े अंतर के साथ आगे बने हुए हैं.

    चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार बीजेपी प्रत्याशी को अभी तक 55 फ़ीसदी से अधिक वोट मिले हैं.

    वहीं, कांग्रेस के पटेल जयंतीलाल जेराजभाई को फिलहाल करीब 30 फ़ीसदी वोट मिले हैं.

    इस सीट पर कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं.

  12. हिमाचल में कांग्रेस को बढ़त मिलने के बाद बोले भूपेश बघेल- बीजेपी कुछ भी कर सकती है...

    छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा है कि हिमाचल में जीत पक्की है.

    वे हिमाचल प्रदेश के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भी हैं.

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद थी कि हमारी सरकार बनेगी, वो बनती दिख रही है. हमें अपने साथियों को संभालकर रखना होगा क्योंकि बीजेपी कुछ भी कर सकती है."

  13. गुजरात विधानसभा चुनाव: किस पार्टी को मिल रहे हैं कितने वोट

    गुजरात विधानसभा की सभी 182 और हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर चुनाव के रुझान आ गए हैं.

    बीजेपी गुजरात में 27 साल से सत्ता में है और एक बार फिर से वो रिकॉर्ड जीत की ओर बढ़ रही है.

    अभी तक के रुझानों में पार्टी को 53 फ़ीसदी से अधिक वोट मिले हैं.

    वहीं, कांग्रेस का वोट शेयर घटकर 26.9 फ़ीसदी रह गया है.

    आम आदमी पार्टी भी करीब 13 फ़ीसदी वोट हासिल कर चुकी है.

    कांग्रेस का 2017 के विधानसभा चुनावों में वोट शेयर 41 फ़ीसदी था. ये गुजरात में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था.

  14. गुजरात विधानसभा चुनाव: 150 से अधिक सीटों पर बढ़त के साथ बीजेपी इतिहास बनाने की ओर

    गुजरात विधानसभा चुनावों की मतगणना में बीजेपी 154 सीटों पर आगे चल रही है. वोटों की गिनती का काम अभी जारी है लेकिन इस बात को लेकर तस्वीर साफ़ होती जा रही है कि बीजेपी राज्य में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ती हुई नज़र आ रही है.

    गुजरात में बीजेपी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 127 सीटों का है तो माधव सिंह सोलंकी के जमाने में कांग्रेस ने 1985 में राज्य विधानसभा चुनाव में 147 सीटें जीती थीं.

    बारह बजे की गिनती तक के आंकड़ों के अनुसार, बीजेपी इस वक़्त 154 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है.

    अगर बीजेपी ये 154 सीटें जीत लेती है तो वो न केवल साल 2002 के विधानसभा चुनावों के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ेगी बल्कि 1985 के माधव सिंह सोलंकी सरकार के रिकॉर्ड को भी तोड़ेगी.

    चुनाव बाद हुए सर्वेक्षणों में भी बीजेपी की जीत का अनुमान लगाया गया था.

  15. LIVE: गुजरात में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ी.

    LIVE: गुजरात में बीजेपी बड़ी जीत की ओर बढ़ी. अहमदाबाद से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद (कैमरा- सेराज अली)

  16. गुजरात मॉडल को लोगों ने स्वीकार किया है और अब देश में लोग स्वीकार कर रहे हैं: प्रल्हाद जोशी

    गुजरात विधानसभा चुनावों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के लगातार आगे बने रहने पर बीजेपी नेता और संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने ऐतिहासिक बताया है.

    प्रल्हाद जोशी ने कहा, "गुजरात मॉडल को लोगों ने स्वीकार किया है और इस मॉडल को देश में भी अब लोग स्वीकार कर रहे हैं. ये एक रिकॉर्ड इतिहास में से एक है, मैं इसके लिए जनता को धन्यवाद करता हूं."

  17. हिमाचल प्रदेश चुनाव का पहला परिणाम भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का पहला परिणाम घोषित कर दिया गया है.

    निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक़ सुंदरनगर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार ने जीत ली है.

    इस सीट पर बीजेपी उम्मीदवार राकेश कुमार ने कांग्रेस के प्रत्याशी सोहन लाल को आठ हज़ार से अधिक मतों के अंतर से हराया है.

  18. यूपी उपचुनाव: मैनपुरी में डिंपल यादव लगातार आगे, ख़तौली में बीजेपी आरएलडी उम्मीदवार से पिछड़ी

    समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट पर जीत की ओर बढ़ती हुई दिख रही हैं.

    वहीं, ख़तौली विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) और रामपुर सदर पर एसपी को बढ़त है.

    शुरुआती रुझानों में डिंपल यादव ने 35 हज़ार 574 वोटों से बढ़त बनाई हुई है.

    ख़तौली सीट पर आरएलडी के मदन भैया बीजेपी प्रत्याशी राजकुमारी सैनी से 1 हज़ार 387 वोटों से आगे हैं.

    समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आसिम राजा रामपुर सदर से बीजेपी के आकाश सक्सेना से 3 हज़ार 224 वोट से बढ़त बनाए हुए हैं.

  19. कांग्रेस ने कहा- हिमाचल प्रदेश में नहीं चलेगा ऑपरेशन कीचड़

    हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के ताज़ा रुझानों से यही लगता है कि वहाँ बीजेपी और कांग्रेस में कड़ी टक्कर है. ताज़ा रुझानों के मुताबिक़ फ़िलहाल कांग्रेस बीजेपी से आगे चल रही है.

    राज्य में विधानसभा की 68 सीटें हैं. रुझानों के मुताबिक़ कांग्रेस 35 और बीजेपी 29 सीटों पर आगे चल रही है.

    हिमाचल प्रदेश के अब तक के रुझानों पर कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने दावा किया है कि उनकी पार्टी हिमाचल में स्थिर सरकार बनाने जा रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, "हिमाचल में कोई ऑपरेशन कमल या ऑपरेशन कीचड़ नहीं चलेगा. हिमाचल की तस्वीर साफ़ हो रही है और हम सरकार बनाने जा रहे हैं."

  20. LIVE: हिमाचल प्रदेश में बीजेपी-कांग्रेस में टक्कर, शिमला से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा (कैमरा- गुलशन)