You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'न्यूट्रल' लोगों पर किया तंज़, क्या बोले?

गुजरात, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जहां इन राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन पर बोले वहीं उन्होंने 'न्यूट्रल' लोगों पर तंज़ किया.

लाइव कवरेज

प्रियंका झा and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. भानुप्रतापपुर में कांग्रेस जीती, लगातार पांचवी जीत, क्या बोले भूपेश बघेल

    छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर उपचुनाव में कांग्रेस की सावित्री मंडावी ने बीजेपी के ब्रह्मानंद को 21,171 वोटों से हराया.

    सावित्री मंडावी को जहां 65,479 वोट मिले वहीं बीजेपी के ब्रह्मानंद को 44,308 वोट प्राप्त हुए.

    दोनों प्रत्याशियों के वोट शेयर में क़रीब 14 प्रतिशत का अंतर रहा.

    इस चुनाव में तीसरे स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व आईपीएस अधिकारी अकबर राम कोर्राम रहे, जिन्हें 23,417 वोट हासिल हुए.

    इन तीन प्रत्याशियों के अलावा इस सीट पर चुनाव में उतरे अन्य सभी पांच उम्मीवारों के जमानत ज़ब्त हो गई हैं.

    बीते 2018 से कांग्रेस छत्तीसगढ़ में एक भी उपचुनाव नहीं हारी है. भानुप्रतापपुर कांग्रेस की परंपरागत सीट रही है और उसने सातवीं बार यहां जीत हासिल की है.

    भानुप्रतापपुर में जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले, "यह सरकार के कामों पर जनता का विश्वास और स्व. मनोज मंडावी जी की जनसेवा का परिणाम है. हमने छत्तीसगढ़ में लगातार 5वां उपचुनाव जीता है."

  2. गुजरात में क़िला भेदने में मिली कामयाबीः अरविंद केजरीवाल

    आप के राष्ट्रीय पार्टी बनने पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो क़िला भेदने में कामयाब हुए, अगली बार क़िला जीतने में भी सफल होंगे.

    केजरीवाल ने कहा, "आपकी आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है. गुजरात के लोगों ने आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बना दिया है. जितने वोट गुजरात में आम आदमी पार्टी को मिले हैं उनके हिसाब से क़ानूनन अब आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी बन गई है."

    "देश में चंद पार्टियां हैं जिन्हें राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा है, उनमें आम आदमी पार्टी भी शामिल हो गई है."

    "महज़ 10 साल पहले आम आदमी पार्टी बनी थी, उसकी दो राज्यों में सरकार है और वो राष्ट्रीय पार्टी बन गई है."

    "मैं गुजरात के लोगों को ख़ास कर बहुत बहुत शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. मैं ताज़िंदगी आपका आभारी रहूंगा, मुझे वहां आ कर बहुत कुछ सीखने को मिला. गुजरात बीजेपी का गढ़ रहा है और वहां हमें लगभग 13 फ़ीसद वोट मिले हैं. अभी मतगणना जारी है तो ये आंकड़े बढ़ भी सकते हैं."

    "इस बार हमने क़िला भेदने में सफल हुए. आप सब के आर्शीवाद से अगली बार क़िला जीतने में भी सफल होंगे."

    केजरीवाल ने कहा, "आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों की बात करती है, देश के विकास की बात करती है, देश को नंबर-1 बनाने की बात करती है. हमें पॉजिटिव राजनीति करनी है, हम शरीफ़ लोग हैं, ईमानदार लोग हैं, देश भक्त लोग हैं. यही पहचान हमें आगे भी बना कर रखनी है."

    "गुजरात के लोगों ने इतना प्यार दिया, आपका बहुत बहुत शुक्रिया. पार्टी के कार्यकर्ताओं, सभी देशवासियों को भी बधाई."

    "चुनाव आते जाते रहेंगे, हम राजनीति में सेवा करने आए हैं. अपने लोगों, समाज, गांव, मोहल्ले की सेवा करो. चाहे वोट मिले न मिले उनकी सेवा करो. वोट भी मिलेंगे लेकिन केवल वोट के लिए ही हमें काम नहीं करना है."

  3. गुजरात विधानसभा चुनाव

    कांग्रेस उम्मीदवार जिग्नेश मेवाणी वडगाम सीट से आगे चल रहे हैं. मेवाणी अपने प्रतिद्वंद्वी बीजेपी उम्मीदवार से करीब तीन हज़ार वोटों से आगे हैं.

  4. गुजरात विधानसभा चुनाव-

    बीजेपी उम्मीदवार अल्पेश ठाकोर गांधीनगर दक्षिण सीट से करीब चार हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं. दूसरे नंबर पर कांग्रेस उम्मीदवार हैं.

  5. गुजरात चुनाव: कांग्रेस की हार के बाद डॉ रघु शर्मा प्रभारी पद से का इस्तीफ़ा

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    गुजरात चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद प्रभारी डॉ रघु शर्मा ने पद से का इस्तीफ़ा दे दिया है.

    अजमेर केकड़ी से विधायक रघु शर्मा को गुजरात का प्रभारी बनाया गया था,

    वह लगातार गुजरात में चुनावों को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हुए थे. लेकिन, चुनाव परिणाम में कांग्रेस की करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इस्तीफ़ा भेजा है.

    डॉ रघु शर्मा अशोक गहलोत सरकारी में चिकित्सा मंत्री थे, लेकिन एक व्यक्ति एक पद के आधार पर उन्होंने गुजरात प्रभारी बनाए जाने के बाद मंत्री पद से इस्तीफ़ा दिया था.

  6. AAP राष्ट्रीय पार्टी बन गई, क्या बोले सांसद संजय सिंह

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा है कि आप को केवल 10 सालों में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिला है. साथ ही उन्होंने गुजरात की जनता को इसके लिए धन्यवाद दिया.

    उन्होंने कहा, "हम गुजरात की जनता के आभारी हैं क्योंकि उनकी वजह से ही हमें ये दर्जा मिला है. आप ने केवल 10 साल में राष्ट्रीय पार्टी बनने का काम किया है. हमें गुजरात में क़रीब 35 लाख वोट मिले. सभी नेताओं ने काफी मेहनत की और ग्रामीण इलाकों में गए.

    गुजरात विधानसभा चुनाव में अब तक आम आदमी पार्टी दो सीटें हासिल हो चुकी हैं. साथ ही तीन सीटों पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक अब तक आप का वोट प्रतिशत 12.88 फ़ीसद है. तो इसके साथ ही आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त हो गया है.

    गुजरात में बीजेपी ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है. 83 सीटें वो जीत चुके हैं जबकि 74 सीटों पर उनके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं. यानी बीजेपी को 157 सीटें आते दिख रही हैं.

    वहीं कांग्रेस के खाते में कुल 16 सीटें आते दिख रही हैं. जबकि समाजवादी पार्टी ने एक और निर्दलीयों ने तीन सीटें हासिल कर ली हैं.

  7. यूपी में सपा के गढ़ रामपुर में बीजेपी को मिली जीत

    बीजेपी के आकाश सक्सेना (हनी) ने रामपुर सदर उपचुनाव जीत लिया है. उन्होंने समाजवादी पार्टी के मोहम्मद असीम राजा को उनके ही गढ़ में 33,702 वोटों से हराया.

    आकाश सक्सेना को 80,964 वोट मिले वहीं मोहम्मद असीम राजा को 47,262 वोट मिले.

    जीत के बाद बीजेपी प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने कहा कि वो रामपुर को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में काम करेंगे.

    रामपुर विधानसभा सीट पर सपा के आज़म ख़ान का दबदबा रहा है, वे यहां से 10 बार विधायक रहे हैं.

    उत्तर प्रदेश विधानसभा में रामपुर ही एक ऐसी सीट थी जिस पर बीजेपी ने आज तक जीत दर्ज नहीं की थी.

    साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद और 2017 के विधानसभा चुनाव में मिली शानदार कामयाबी के बावजूद भी बीजेपी ये सीट जीतने में कामयाब नहीं हो सकी थी.

  8. गुजरात चुनाव: रिकॉर्ड जीत पर बोली बीजेपी, 'मोदी के विकास मॉडल की जीत'

    "गुजरात ने हमेशा इतिहास रचने का काम किया है."

    भारतीय जनता पार्टी की गुरुवार को गुजरात में ऐतिहासिक जीत के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चुनाव नतीजों पर ये पहली प्रतिक्रिया रही.

    उन्होंने जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल को दिया.

    गुजरात में आखिरी चरण के मतदान के बाद एक्ज़िट पोल ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी जीत हासिल होने का दावा किया था. चुनाव नतीजों ने इस पर मुहर लगा दी.

  9. चुनावी नतीजे LIVE: गुजरात में बीजेपी, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार- बीबीसी की ख़ास पेशकश

  10. हमने जो वादा किया है वो पूरा करेंगे: हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह

    हिमाचल प्रदेश विधान में कांग्रेस बड़े अंतर से आगे चलते हुए जीत की ओर बढ़ रही है.

    26 अप्रैल 2022 को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनीं प्रतिभा सिंह ने इस पर कहा, "मैंने विपरीत परिस्थितियों के बीच चुनाव में जीत हासिल की. मुझे कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी दी गई."

    कांग्रेस के चुनावी वादें पर उन्होंने कहा, "हमने जो कहा है वो कर के देंगे."

    उन्होंने कहा कि जनता ने हमें समर्थन दिया, "ओपीएस की बात हमने की है. ओल्ड पेंशन स्कीम मिलनी चाहिए. हमने महिलाओं को 1500 रुपये हर महीने देने की बात की है, युवाओं को रोज़गार देने की बात की है. किसान, बागवान बीजेपी की सरकार से नाराज़ है. महिलाएं हमसे ख़ुश हैं कि हमने उनका ख़्याल रखा है."

    यह पूछे जाने पर कि विधायकों के साथ बैठक चंडीगढ़ में होने की बात सुनने में आ रही है, क्या विधायकों के छिटकने का कोई डर है.

    प्रतिभा सिंह ने कहा, "विधायकों को लेकर हमें कोई डर नहीं है. कहीं तो हमें बैठ कर बात करनी है. उसके लिए शिमला बैठें या चंडीगढ़, इसमें डरने की कोई बात नहीं है. हिमाचल प्रदेश में हमारे पास बहुत सारी जगह हैं, जहां हम बैठ सकते हैं."

    उन्होंने ये भी कहा कि बीजेपी के इस चुनाव में हार का डर पहले से था इसिलिए पीएम मोदी को बार बार यहां लाया गया.

    उन्होंने कहा, "हिमाचल प्रदेश में मोदी जी को बार बार क्यों लाया गया.... दावे के साथ कह सकती हूं कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि वे डरे हुए थे. लेकिन उसका परिणाम क्या हुआ."

  11. बिहार में कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री

      • Author, विष्णु नारायण
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए

    बिहार में कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है.

    भाजपा के प्रत्याशी केदार गुप्ता ने जेडीयू के प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को सीधे मुक़ाबले में 3,632 मतों से हरा दिया.

    कुढ़नी का मुक़ाबला अंत तक रोचक बना रहा. भाजपा कई राउंड तक पीछे चल रही थी लेकिन अंतिम कुछ राउंड में उसने बाजी पलट दी.

    भाजपा उम्मीदवार केदार गुप्ता को कुल 76648 वोट मिले वहीं जदयू प्रत्याशी मनोज कुशवाहा को 73016 वोट मिले.

    भाजपा से अलग होने के बाद पहली बार चुनावी मैदान में आपने सामने था जेडीयू.

    जीत पर क्या बोले बिहार से बीजेपी के केंद्रीय मंत्री

    केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि, "कुढ़नी से भाजपा उम्मीदवार श्री केदार प्रसाद गुप्ता जी के ऐतिहासिक जीत के साथ ही बिहार में महागठबंधन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. कुढ़नी की महान जनता ने ठगने वाले महागठबंधन को धूल चटा दी है. कुढ़नी की समस्त देवतुल्य जनता व भाजपा कार्यकर्तागण को बधाई."

    वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, कुढ़नी में बिहार की पूरी सरकार लग गई थी लेकिन जनता ने 3600 मतों से बीजेपी के प्रत्याशी केदार सिंह को जिताया.

    उन्होंने कहा, "कुढ़नी की जीत ने बिहार की दिशा तय कर दी है, महागठबंधन से जनता का मोह भंग हो चुका है."

  12. गुजरात - हिमाचल प्रदेश चुनाव: दस बड़े नाम कौन जीता – कौन हारा

    गुजरात और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणामों में अब तक रूझानों के मुताबिक भाजपा गुजरात में रिकॉर्ड तोड़ जीत की ओर बढ़ रही है.

    तमाम कोशिशों के बावजूद आम आदमी पार्टी गुजरात में कुछ ख़ास नहीं कर पाई है. उधर हिमाचल प्रदेश से आ रहे रुझानों में कांग्रेस बहुमत पाते दिख रही है.

    गुजरात और हिमाचल प्रदेश में हार्दिक पटेल, गोपाल इटालिया, जयराम ठाकुर और भूपेंद्र पटेल जैसे नेताओं का क्या हुआ, जानिए दस बड़े नेताओं के बारे में

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हार स्वीकार की, कांग्रेस को दी बधाई

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा चुनाव में हार स्वीकार करते हुए कांग्रेस को बधाई दी है और कहा कि वो राज्यपाल को अपना इस्तीफ़ा सौंपने जा रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "मैं जनता के जनादेश का सम्मान करता हूं और हिमाचल प्रदेश की जनता का आभारी हूं कि हमें पांच साल हिमाचल प्रदेश की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ और हर क़दम पर हमें उनका सहयोग मिला है."

    "विपक्ष को सत्ता मिलने की संभावना पूर्ण होने की दिशा में है और मैं उन्हें बधाई देता हूं. मैं हिमाचल प्रदेश के सभी लोगों को बधाई देता हूं, विशेष तौर पर मतदाताओं का क्योंकि चुनाव की प्रक्रिया में उनका बहुत सहयोग रहा है. कही कोई अप्रिय घटना नहीं हुई, मतदान में उन्होंने बहुत बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया. इस बार हिमाचल प्रदेश में रिकॉर्ड मतदान हुआ."

    "हिमाचल प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और स्वाभाविक रूप से उसका श्रेय आदरणीय मोदी जी को जाता है."

    "मैं आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी आभार व्यक्त करता हूं, उनका भी बड़ा सहयोग रहा. अमित शाह जी का भी आभार व्यक्त करता हूं."

    "नई सरकार बनेगी, मेरी ओर से उनको बहुत बहुत शुभकामनाएं. जो वादे किए हैं वो उनको पूरा करें. हिमाचल प्रदेश आगे बढ़े, उस दृष्टि से हमारा सहयोग सदैव राजनीति से ऊपर उठ कर रहेगा. जहां हिमाचल के हितों की रक्षा ठीक से नहीं हो पा रही होगी तो विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह उन्हें विरोध का सामना करना पड़ेगा."

    जब पत्रकारों ने ये पूछा कि भूपेश बघेल कह रहे हैं कि बीजेपी कुछ भी कर सकती है. तो जयराम बोले "जो जनमत उन्हें मिला है उसे संभाल कर रखना उनका काम है."

    अंत में उन्होंने कहा, "मैं थोड़ी देर बार अपना त्यागपत्र राज्यपाल महोदय को सौंपने जा रहा हूं."

  14. चुनाव में कामयाबी के बाद क्या बोलीं रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा

    क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा गुजरात चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही हैं. रिवाबा ने गुजरात में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय पीएम मोदी को दिया. इस अवसर पर उन्होंने अपने पति रवींद्र जडेजा की भी तारीफ़ की.

    वहीं दूसरी ओर गुजरात विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात की जनता और सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है और कहा है कि गुजरात में बीजेपी ने इतिहास रचने का काम किया है.

    उन्होंने कहा कि इस जीत ने दिखाया है कि हर वर्ग चाहे महिला हो, युवा हो या किसान हो सभी पूरे दिल से भाजपा के साथ हैं.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, राजस्थान: सरदारशहर सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार की जीत

    सरदारशहर सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार की जीत हुई है.

    राजस्थान के चुरू ज़िले की इस विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने भंवर लाल शर्मा के बेटे अनिल शर्मा को मैदान में उतारा था.

    अनिल शर्मा ने 25,552 वोटों से बीजेपी के उम्मीदवार अशोक कुमार को हराया.

    ये सीट कांग्रेस के भंवर लाल शर्मा के निधन से खाली हुई थी.

  16. LIVE: गुजरात-हिमाचल चुनाव के रुझान/नतीजों के बाद कैसा है बीजेपी मुख्यालय का माहौल