मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा का दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट कट गया है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.
नरोत्तम मिश्रा समर्थकों ने बीती रात नेशनल हाईवे-44 को जाम कर दिया, जिससे लंबी दूरी तक वाहनों की क़तार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, "यह जाम सुबह 5 बजे तक लगा रहा और क़रीब 11 घंटे तक चला. जाम 20 से 25 किलोमीटर तक फैला हुआ था. इससे चार ज़िले प्रभावित हुए- दतिया, झांसी, शिवपुरी और ग्वालियर. इनमें सबसे ज़्यादा असर ग्वालियर पर पड़ा. कई बसें और एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थीं."
उन्होंने कहा, "हमने पूरी रात प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे. सुबह क़रीब 4 बजे हमने फिर से पुलिस बल बुलाया और उन्हें दोबारा समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई फ़ायदा नहीं हुआ. इसके बाद उनकी तरफ़ से पथराव शुरू हो गया. भीड़ को पीछे हटाने के लिए हमने आंसू गैस के गोले छोड़े."
"प्रदर्शनकारी दफ़्तर की इमारत के अंदर चले गए और वहीं से फिर पथराव करने लगे. हमारे आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए. एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."
वानखेड़े ने बताया कि कई वाहनों को पलट दिया गया और उनके शीशे तोड़ दिए गए. पुलिस की तीन-चार गाड़ियों और कई ट्रकों के शीशे भी तोड़े गए, जिससे बड़े स्तर पर हिंसा हुई.
उन्होंने कहा, "इतना सब होने के बावजूद दतिया प्रशासन और पुलिस ने न तो लाठीचार्ज किया और न ही जवाब में पथराव किया. हमने पूरी कोशिश की कि मामला शांति से सुलझ जाए, लेकिन जब वे नहीं माने तो हमें आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा."
दतिया के कलेक्टर ने कहा कि फ़िलहाल हम अंदर मौजूद प्रदर्शनकारियों से बाहर आने की अपील कर रहे हैं. अगर वे एक-एक करके बाहर आते हैं और अपने घर चले जाते हैं, तो हमें कोई परेशानी नहीं है, हम उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई नहीं करना चाहते.
उन्होंने कहा, "लेकिन अगर वे बात नहीं मानते और पांच-दस लोगों के समूह में बाहर आने की कोशिश करते हैं, तो हम सख़्त कार्रवाई करने के लिए तैयार हैं. हम इस स्थिति से सख़्ती से निपटेंगे."
मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन पिछले चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने हरा दिया था.
दतिया में उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द होने की वजह से होने जा रहा है.
साल 1998 के बैंक धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राजेंद्र भारती को तीन साल की सज़ा सुनाई थी.
इसके बाद उनकी सदस्यता चली गई थी. इसी वजह से चुनाव आयोग ने उपचुनाव का एलान किया.