You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, 'नाइटिंगेल ऑफ़ साउथ इंडिया' के नाम से प्रसिद्ध दिग्गज गायिका एस. जानकी का निधन

उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मैसूर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    - ट्रंप की धमकी के बाद मोजतबा ख़ामेनेई का आया संदेश, 'ख़ून का बदला' लेने की कही बात

    - प्रेग्नेंसी में ली गई दवाइयां क्या बच्चे तक पहुंचती हैं? भारत में चल रहा एक्सपेरिमेंट देगा जवाब

  2. 'नाइटिंगेल ऑफ़ साउथ इंडिया' के नाम से प्रसिद्ध दिग्गज गायिका एस. जानकी का निधन

    दक्षिण भारत की मशहूर गायिका एस. जानकी का 88 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्हें 'नाइटिंगेल ऑफ़ साउथ इंडिया' के नाम से जाना जाता था.

    उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मैसूर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली.

    इसकी जानकारी अपोलो अस्पताल ने एक बयान जारी कर दी है.

    अपोलो अस्पताल के बयान के मुताबिक, एस. जानकी को शनिवार को दोपहर 12:49 बजे मैसूर के अपोलो बीजीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में भर्ती होने के समय उनकी हालत गंभीर थी. डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की और आगे के इलाज के लिए उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया.

    मल्टी-डिसिप्लिनरी मेडिकल टीम की लगातार निगरानी और गहन चिकित्सा के बावजूद इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ. मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार तुरंत एडवांस सीपीआर देना शुरू किया गया.

    तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें कई बार कार्डियक अरेस्ट आया और उन्हें बचाया नहीं जा सका.

    अस्पताल के मुताबिक, एस. जानकी को शाम 7:30 बजे मृत घोषित कर दिया गया.

  3. आख़िरी टी-20 मैच में इंग्लैंड ने भारत को दिया 258 रनों का लक्ष्य, बटलर ने बनाए 131 रन

    भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे सिरीज़ के पांचवें और आख़िरी मैच में इंग्लैंड ने जीत के लिए भारत को 258 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में तीन विकेट के नुक़सान पर 257 रन बनाए.

    इंग्लैंड की ओर से जोस बटलर ने 64 गेंदों पर 131 रन बनाए. वहीं हैरी ब्रूक ने 95 रनों की शानदार पारी खेली.

    भारत की ओर से शिवम दुबे ने दो विकेट लिए.

    इंग्लैंड पहले ही 3-0 से इस सिरीज़ को अपने नाम कर चुका है.

  4. उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया, सुधांशु त्रिवेदी ने दिया जवाब

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने शनिवार को श्रीनगर में आरोप लगाया कि बीजेपी ने उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश की है.

    उन्होंने कहा, "आपके (बीजेपी) पैसों का लालच नहीं चला, मंत्री पद का लालच नहीं चला, तो आप हमारे विधायकों को बंद कमरे में यह कह रहे हैं कि ‘हमारे साथ आओ, आपको राज्य का दर्जा दिलाएंगे.’"

    उन्होंने कहा कि, "अल्लाह गवाह है, यह बात जम्मू के एक विधायक ने आकर मुझसे कही है."

    उमर अब्दुल्लाह ने दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट के एक वकील और बीजेपी के एक पदाधिकारी ने जम्मू के उनके एक विधायक से बंद कमरे में कहा, "हम आपको मंत्री पद और राज्य का दर्जा दिलाने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये देंगे. हमारे साथ आ जाइए."

    उन्होंने आगे कहा, "उन्हें लगता है कि लोगों का भरोसा इतना सस्ता है. आपको यहां मंच पर एक भी ऐसा व्यक्ति नहीं मिलेगा, जो 20 करोड़ या 100 करोड़ रुपये के लिए अपना ईमान बेच दे."

    मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह के बयान के बाद बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने उन्हें जवाब दिया. साथ ही उमर अब्दुल्लाह से माफ़ी मांगने को कहा है.

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "उमर अब्दुल्लाह ने बेहद गैर-ज़िम्मेदाराना और निंदनीय बयान दिया है. उन्होंने बिना किसी तथ्य के यह बेबुनियाद आरोप लगाया है कि बीजेपी उनके विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है."

    "बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने भी इस बयान की कड़ी निंदा की है और उनसे या तो अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने या फिर माफ़ी मांगने को कहा है."

    उन्होंने आगे कहा, "हक़ीक़त यह है कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह अपनी सरकार की अक्षमता, निष्क्रियता और जम्मू-कश्मीर में कुशासन को छिपाने तथा इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं."

    "हम इस बयान की कड़ी निंदा करते हैं और उनसे मांग करते हैं कि या तो अपने आरोपों के समर्थन में सबूत दें या फिर अपने बयान के लिए माफ़ी मांगें."

  5. वियतनाम में नाव पलटने से तमिलनाडु के 10 लोगों की मौत

    वियतनाम में भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने से 15 लोगों की मौत हो गई है.

    वियतनाम में भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है.

    भारतीय दूतावास की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हादसे में तमिलनाडु के 10, केरल के 2 और आंध्र प्रदेश के 3 लोगों की जान गई है.

    अधिकारियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, 11 जुलाई को 32 पर्यटकों और चालक दल के कुछ सदस्यों को लेकर जा रही स्पीडबोट वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास पलट गई.

    स्थानीय अखबार 'डुओई त्रे' के मुताबिक, 23 लोगों को सुरक्षित किनारे लाकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

  6. वियतनाम में हुए नाव हादसे पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

    वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुए नाव हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों के मारे जाने को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा दुख जताया है. मारे गए लोगों में तेलुगु राज्यों के भी लोग शामिल हैं.

    तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    कार्यालय ने लिखा, वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों की नाव हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत सतर्क रहने के निर्देश दिए.

    उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि हादसे की पूरी जानकारी जुटाने के लिए विदेश मंत्रालय और वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें और राहत एवं बचाव कार्यों में ज़रूरी कदम उठाएं.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में कुछ तेलुगु भाषी लोग भी शामिल हैं.

    रेवंत रेड्डी ने कहा कि इस हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ राज्य सरकार पूरी मज़बूती से खड़ी है.

  7. इंग्लैंड के ख़िलाफ़ आख़िरी टी-20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली टीम में जगह

    इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सिरीज़ के पांचवें और आख़िरी टी-20 मैच में वैभव सूर्यवंशी को टीम में जगह नहीं मिली है. वैभव की जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है.

    इससे पहले वैभव को टीम में जगह मिली थी लेकिन वो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. वैभव ने पिछले तीन मैचों में सिर्फ 42 रन ही बनाए.

    इस सिरीज़ को इंग्लैंड ने 3-0 से पहले ही अपने नाम कर लिया है. वहीं, भारत ने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है.

    भारतीय प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा

    इंग्लैंड प्लेइंग इलेवन: फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग

  8. भारत और इंग्लैंड के बीच आख़िरी मैच आधे घंटे की देरी से शुरू होगा, ये है वजह

    भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को पांच मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मैच खेला जा रहा है. यह मैच आधे घंटे की देरी से शुरू होगा.

    दरअसल, ट्रैफिक की वजह से भारतीय टीम स्टेडियम में देरी से पहुंची इसलिए टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7:15 बजे और मैच 7:30 बजे शुरू होगा.

    इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    यह मैच इंग्लैंड के साउथेम्प्टन स्थित ‘द रोज़ बोल’ स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    इस सिरीज़ को इंग्लैंड ने 3-0 से पहले ही अपने नाम कर लिया है. वहीं, भारत ने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है.

  9. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोषी की सज़ा बरकरार रखते हुए कहा- 'रेप हुआ है या नहीं यह क़ानूनी निष्कर्ष है, मेडिकल नहीं'

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि रेप हुआ है या नहीं यह क़ानूनी निष्कर्ष है, इसे सिर्फ़ मेडिकल आधार पर तय नहीं किया जा सकता है.

    कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अगर सर्वाइवर की गवाही विश्वसनीय है और उसमें कोई मूलभूत कमी नहीं है, तो केवल मेडिकल साक्ष्य के पूरी तरह समर्थन न करने के आधार पर उसे ख़ारिज नहीं किया जा सकता.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस संजीव कुमार की एकल पीठ ने 1983 के रेप मामले में दोषी ठहराए गए वीर सिंह की आपराधिक अपील ख़ारिज कर दी. ट्रायल कोर्ट ने 1985 में उसे 14 वर्षीय लड़की से रेप के मामले में सात साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई गई थी.

    हाई कोर्ट में दोषी की ओर से दलील दी गई कि चश्मदीद और मौखिक साक्ष्य का मेडिकल रिपोर्ट से समर्थन नहीं होता, इसलिए अभियोजन पक्ष की कहानी संदेहास्पद है.

    दोषी ने यह भी कहा कि सर्वाइवर की जांच करने वाली डॉक्टर ने बताया था कि उसका हाइमन सुरक्षित था, शरीर में शुक्राणु नहीं मिले थे और वह यह निश्चित रूप से नहीं कह सकती थीं कि रेप हुआ था या नहीं.

    इसके अलावा दोषी ने दलील दी कि एफ़आईआर दर्ज कराने में 24 घंटे की देरी हुई, जिसका अभियोजन पक्ष ने संतोषजनक कारण नहीं बताया.

    साथ ही यह भी कहा गया कि पुलिस जांच में ख़ामियां थीं क्योंकि सर्वाइवर की सलवार जांच के लिए नहीं भेजी गई थी और मामले का एक नामजद चश्मदीद मुक़दमे के दौरान अपने पहले के बयान से मुकर गया था.

  10. मध्य प्रदेश: दतिया से टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा- 'उपद्रव नहीं करना चाहिए'

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया है.

    इस मामले के बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.

    इस पर नरोत्तम मिश्रा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात की है.

    उन्होंने एएनआई से कहा, "उपद्रव नहीं करना चाहिए, जहां तक इस्तीफ़े की बात है, हम समझाएंगे और मनाएंगे."

    उपद्रव पर उन्होंने कहा, "मैंने कल भी बात की और आज भी करूंगा और लगातार मेरी बातचीत है और सब मान जाएंगे."

    दतिया से बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के चुनाव प्रचार के सवाल पर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "अगर पार्टी चाहेगी, तो मैं निश्चित रूप से चुनाव प्रचार में शामिल होऊंगा."

    उन्होंने कहा, "जो भी होगा, अच्छा ही होगा. हर कोई टिकट की उम्मीद कर रहा है. कोई दिक्कत नहीं है. मैं बिल्कुल भी दुखी नहीं हूं. पार्टी ने बहुत कुछ दिया है."

  11. अली ख़ामेनेई का शव दफ़नाने के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई का बयान आया सामने

    ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा ख़ामेनेई ने एक संदेश में कहा है कि उनके पिता के "ख़ून का बदला हर हाल में" लिया जाएगा.

    मोजतबा खामेनेई के नाम से जारी एक लिखित संदेश में कहा गया है कि युद्ध के पहले दिन इसराइल और अमेरिका हमले में मारे गए आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत का बदला लिया जाएगा.

    पूर्व सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई के जनाज़े में शामिल होने वालों का शुक्रिया करते हुए उन्होंने अपने संदेश में कहा, "हम यह संकल्प लेते हैं कि आपके पाक ख़ून और इन दोनों युद्धों के सभी शहीदों के ख़ून का बदला इन अपराधी और बदनाम हत्यारों से लेंगे. यह बदला हमारी जनता की मांग है और इसे हर हाल में लिया जाएगा."

    अपने ताज़ा संदेश में मोजतबा ख़ामेनेई ने कहा, "इन अपराधियों की पूरी सूची हमारे पास मौजूद है. वो शांतिपूर्ण मौत का सपना अपने साथ क़ब्र में ले जाएंगे. उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि यह केवल मेरे या दूसरे अधिकारियों पर निर्भर नहीं है. हम रहें या न रहें, यह काम होकर रहेगा. जल्द ही दुनिया भर के आज़ादी पसंद लोग इस ज़िम्मेदारी का अपना हिस्सा निभाएंगे."

    उन्होंने कहा, "हमारी जनता इमाम हुसैन के ख़ून का बदला लेने वाली जनता है. इस महान राष्ट्र ने सालों तक अपने बेटों की क़ुर्बानी इमाम हुसैन के रास्ते में और उनके दुश्मनों के ख़िलाफ़ दी है. अब भी यह राष्ट्र उन्हीं और आज के हुसैनियों के ख़ून का बदला लेने के लिए खड़ा है."

    पिता की मौत के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने मोजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं. वो न तो अली ख़ामेनेई की अंतिम यात्रा में दिखाई दिए, न ही उन्होंने कोई वीडियो या ऑडियो संदेश जारी किया है. अब तक उनके नाम से केवल लिखित संदेश ही जारी किए गए हैं.

  12. महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी की नई कार्रवाई, 940 करोड़ की संपत्ति ज़ब्त, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप और स्काईएक्सचेंज अवैध ऑनलाइन सट्टेबाज़ी नेटवर्क से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है.

    ईडी ने कारोबारी विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके नियंत्रण वाली कंपनियों की करीब 940 करोड़ रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है.

    इस ताज़ा कार्रवाई से पहले करीब 2,825 करोड़ रुपये मूल्य की देश-विदेश में स्थित संपत्तियां कुर्क, ज़ब्त या फ्रीज़ की जा चुकी हैं. इस मामले में अब कुल कुर्क, ज़ब्त और फ्रीज़ की गई संपत्तियों का मूल्य बढ़कर करीब 3,800 करोड़ रुपये हो गया है.

    ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में आवासीय भवन, भूमि, विभिन्न कंपनियों के इक्विटी शेयर और अन्य प्रतिभूतियां (सिक्योरिटीज) शामिल हैं.

    गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के दुर्ग के रहने वाले और जूस की दुकान चलाने वाले सौरभ चंद्राकर ने अवैध ऑनलाइन सट्टा ऐप का संचालन शुरू किया था.

    पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद सौरभ चंद्राकर ने अपना पूरा कारोबार श्रीलंका और दुबई में शिफ्ट कर लिया. आरोप है कि इस कारोबार को चलाने के लिए, उससे राजनेताओं, अफ़सरों, पत्रकारों ने कई सौ करोड़ रुपये वसूले.

    ईडी के एक अधिकारी ने कहा कि जांच की शुरुआत छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में दर्ज एफआईआर और छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश तथा पश्चिम बंगाल में दर्ज अन्य मामलों के आधार पर की गई थी.

    जांच में सामने आया कि यह अवैध ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट फ्रेंचाइजी आधारित 'पैनल नेटवर्क' के ज़रिए संचालित होता था और इससे हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध आय अर्जित की जा रही थी.

    ईडी के अधिकारी ने कहा कि इस मामले में अब तक सात प्रोविज़नल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं. साथ ही विशेष पीएमएलए अदालत, रायपुर में अभियोजन शिकायतें और पूरक शिकायतें भी दाख़िल की गई हैं.

    इधर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कथित लेवी वसूली के मामले में पिछले तीन सालों से फरार, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के आत्मसमर्पण के बाद आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा ने दावा किया है कि अग्रवाल ने पार्टी फंड के नाम पर करीब 800 करोड़ रुपये जुटाए थे.

    अभी रामगोपाल अग्रवाल 17 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की हिरासत में हैं, जहां उनसे पूछताछ चल रही है.

    हालांकि कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध किया है.

    पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, "यह भाजपा सरकार का राजनैतिक षड्यंत्र है. विधानसभा चुनाव के समय से ही भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस के नेताओं के ख़िलाफ़ षड्यंत्र करती रही है. पहले केंद्रीय एजेंसियों को इस काम में लगाया गया और अब राज्य की जांच एजेंसी के माध्यम से षड्यंत्र किया जा रहा है."

  13. वियतनाम के इस द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलटी

    वियतनाम में मौजूद भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की जानकारी दी है.

    दूतावास ने एक्स पर लिखा, "वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कुछ घंटे पहले भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने की दुखद घटना सामने आई है."

    "घटना के सटीक विवरण जुटाए जा रहे हैं. स्थानीय प्रशासन की ओर से फ़िलहाल खोज और बचाव अभियान जारी है."

    इस नाव में कितने लोग सवार थे इसके बारे में दूतावास ने कोई भी जानकारी अब तक नहीं दी है.

    दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों को जानकारी और सहायता मुहैया कराने के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है.

    दूतावास ने कुछ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं: +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414

    इन नंबरों पर परिवार के सदस्य संपर्क कर अपने परिजनों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.

    वहीं, हनोई में भी एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिससे +84 91 308 9165 पर संपर्क किया जा सकता है.

  14. बांकीपुर से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा के नाम वापस लेने पर बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष

    बिहार के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा के नाम वापस लेने के बाद बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "कारण तो सबको पता है. उन्होंने मुझे भी पत्र दिया है. आप लोगों के बीच जाकर भी उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि वो पारिवारिक कारणों की वजह से चुनाव लड़ने में असमर्थ हैं और पार्टी के लिए काम करते रहेंगे."

    "इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देने का फ़ैसला किया. वो बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं."

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि वो 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे.

    जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के उस बयान पर भी उन्होंने जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि बीजेपी के उम्मीदवार के हटने के बाद सम्राट चौधरी और बीजेपी को संघर्ष करना पड़ रहा है.

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशांत किशोर के बयान पर कहा, "वो विधानसभा चुनावों के दौरान भी ऐसी ही बातें कहते थे. प्रचार के लिए बाहरी लोगों को लाने से कोई फर्क नहीं पड़ता. नतीजों का इंतज़ार कीजिए, हमारा उम्मीदवार पिछली बार से भी बड़े अंतर से जीतेगा."

  15. मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर बोली कांग्रेस- बीजेपी यूज़ एंड थ्रो करती है

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट नहीं मिला है. जिसके बाद उनके समर्थकों ने दतिया में विरोध प्रदर्शन किया और शनिवार सुबह पुलिस पर भी पथराव किया.

    अब इस मामले में कांग्रेस का बयान भी आया है.

    कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "बीजेपी यूज़ एंड थ्रो के सिद्धांत पर चलती है. वह नहीं चाहती कि कोई नेता इतना मज़बूत हो जाए कि आगे चलकर पार्टी के लिए चुनौती बन सके."

    उन्होंने कहा, "नरोत्तम मिश्रा प्रदेश के गृह मंत्री रहे हैं और लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं. उनकी राजनीतिक हैसियत काफ़ी बढ़ गई थी."

    दूसरी ओर, प्रदेश सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि पार्टी के अंदर लोकतंत्र है और बीजेपी कार्यकर्ता बहुत अनुशासित हैं.

    उन्होंने कहा, "जब हम बैठकर उनसे बात करेंगे तो सब एक साथ आ जाएंगे. मैं अभी कह सकता हूँ कि अशुतोष तिवारी बड़ी जीत दर्ज करेंगे."

    नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों की नाराज़गी के सवालों पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "हम उसका ध्यान रखेंगे. यह हमारे लिए बहुत छोटा मामला है. पार्टी सोच-समझकर फ़ैसले करती है और इसी वजह से हम बड़ी जीत हासिल करेंगे."

    उन्होंने कहा, "नरोत्तम जी भी पार्टी के लिए काम करेंगे. मैं आज ही यह कह रहा हूं. वह अच्छे और वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं. बहुत लोग चुनाव लड़ने की तैयारी करते हैं. विधानसभा की 230 सीटें हैं और लगभग 2,000 लोग टिकट की उम्मीद कर सकते हैं. लेकिन हर किसी को टिकट नहीं दिया जा सकता."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन बीते विधानसभा चुनाव में वो हार गए थे.

  16. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  17. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- अमेरिका के हालिया हमलों में 17 लोगों की मौत हुई

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों में उनके यहां 17 लोग मारे गए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के सूचना केंद्र के प्रमुख हुसैन केरमानपूर ने बताया कि 8 और 9 जुलाई को हुए अमेरिकी हमलों में 115 लोग घायल हुए.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कुछ घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

    होर्मुज़ स्ट्रेट में तीन जहाज़ों को निशाना बनाए जाने के बाद अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास, क़ेशम, सीरिक, चाबहार और बुशहर में हमले किए.

    इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को एक बार फिर ईरान को धमकी दी है.

    उन्होंने कहा कि अगर ईरान कोई कार्रवाई करता है या उनकी हत्या की कोशिश करता है तो अमेरिका ईरान पर बड़े हमले करेगा.

  18. मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा ने टिकट कटने और दतिया में हुए हिंसक प्रदर्शन को लेकर क्या कहा

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा का दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए टिकट कट गया है. इसके बाद उन्होंने शनिवार को अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील की है.

    दरअसल, नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है, जिसके बाद दतिया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

    इसके बाद नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को कहा, "यह पार्टी का फ़ैसला है. मैंने सोशल मीडिया पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालने वाले वीडियो देखे हैं, कार्यकर्ताओं से अपील है कि ऐसा कोई काम ना करें."

    उन्होंने कहा कि पार्टी के मंच पर अपनी राय सही तरीके से रखी जाती है, इस तरह से नहीं.

    इससे पहले दतिया ज़िले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि दतिया में हुई पत्थरबाज़ी की वजह से आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए.

    उन्होंने कहा, "एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला.

  19. भारत के हाई जंपर सर्वेश कुशारे का डायमंड लीग में दमदार डेब्यू, टॉप-3 में बनाई जगह

    भारत के हाई जंपर सर्वेश कुशारे ने शुक्रवार को मोनाको में डायमंड लीग में तीसरा स्थान हासिल किया.

    सर्वेश उन चार भारतीयों के ख़ास क्लब में शामिल हो गए, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में टॉप-3 में जगह बनाई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, महाराष्ट्र के 31 साल के सर्वेश कुशारे ने 2.12 मीटर, 2.16 मीटर, 2.20 मीटर, 2.23 मीटर और 2.26 मीटर ऊंचा जंप लगाया.

    लेकिन 2.28 मीटर की ऊंचाई पार करने में मुश्किल हुई और डायमंड लीग में डेब्यू करते हुए तीसरे स्थान पर रहे.

    वह डायमंड लीग में टॉप-3 में जगह बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं.

    उनसे पहले भाला फेंकने वाले खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, लॉन्ग जंप के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर और पूर्व डिस्कस थ्रो खिलाड़ी विकास गौड़ा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

  20. मध्य प्रदेश: दतिया के एसपी बोले- 3 हजार लोग ज़िले की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे

    मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को दतिया उपचुनाव में टिकट न मिलने पर उनके समर्थकों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया है. दतिया में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

    दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को करीब 3,000 लोग दतिया ज़िले की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे थे और बाज़ार बंद कराने की भी कोशिश की.

    एसपी खंडेलवाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "इन लोगों ने यहां की सड़कों को लगभग 10 घंटे तक जाम कर रखा था. हम उन्हें कल रात से ही आचार संहिता का पालन करने और सड़क से हटने की सलाह दे रहे थे, क्योंकि गाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही थी."

    उन्होंने कहा, "समझाइश के दौरान अचानक उन्होंने पत्थरबाज़ी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आंसू गैस का इस्तेमाल किया. इसके बाद उन्होंने और ज़्यादा पत्थरबाज़ी की, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है."

    इससे पहले दतिया ज़िले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेडे ने बताया कि आठ पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए.

    उन्होंने कहा, "एसडीपीओ के हाथ में गंभीर चोट आई. एसपी और एएसपी भी घायल हुए. मेरे सिर पर भी लगी, हालांकि मैंने हेलमेट पहन रखा था."

    गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है. नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला.