बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने चिदंबरम की ‘दिमाग़ी नक्सली’ वाली टिप्पणी पर क्या कहा

इमेज स्रोत, Vishal Bhatnagar/NurPhoto via Getty Images
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के ‘दिमाग़ी नक्सली’ वाले बयान पर निशाना साधा है.
दरअसल, चिदंबरम ने कहा था कि उन्हें ‘दिमाग़ी नक्सली' होने पर गर्व है.
इस पर पलटवार करते हुए सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, हम लोग आश्चर्य में हैं कि मात्र 24 घंटे के अंदर किसके दिमाग़ में नक्सली दिमाग़ था वो खुद निकलकर सामने आ गया. पूर्व गृह मंत्री, पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पी. चिदंबरम ने खुद आकर कहा कि उन्हें दिमाग़ी नक्सली होने पर गर्व है. कितने आश्चर्य की बात है."
"मैं कांग्रेस पार्टी और पी. चिदंबरम को याद दिलाना चाहता हूं कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 13 अप्रैल 2006 को कहा था कि इसे कहने में अतिशयोक्ति नहीं होगी कि नक्सलवाद का खतरा भारत के इतिहास में आज तक आंतरिक सुरक्षा के लिए उत्पन्न सबसे बड़ा खतरा है."
उन्होंने कहा, "31 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने उस चीज को जिसे मनमोहन सिंह समझ गए थे, वह कार्य सिद्ध करके दिखाया. लेकिन देश के एक ऐसे पूर्व गृह मंत्री हैं, जिसे इस पर गर्व हो रहा है कि वे 'दिमाग़ी नक्सली' हैं."
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि क्या मनमोहन सिंह सही हैं या आज के आपके स्वघोषित 'दिमाग़ी नक्सली' पी. चिदंबरम."
उल्लेखनीय है कि 'दिमाग़ी नक्सल' शब्द का इस्तेमाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2026 को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए अपने भाषण में किया था.
संबंधित स्टोरी: 'दिमाग़ी नक्सल' वाले पीएम मोदी के बयान का इशारा किसकी ओर था?















