You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप का फिर यू टर्न, कहा- होर्मुज़ स्ट्रेट सिर्फ़ ईरान को छोड़कर सभी के लिए खुला

होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा के 24 घंटे बाद ही डोनाल्ड ट्रंप ने यू टर्न लेते हुए कहा है कि यह जलमार्ग ईरान को छोड़कर सभी जहाज़ों के लिए खुला है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, संदीप राय

  1. भारतीय शेयर बाज़ारों में गिरावट, तेल क़ीमतों में बढ़त का असर

    भारतीय शेयर बाजार 14 जुलाई को गिरावट के साथ खुले. निफ्टी करीब 24,100 के नीचे, जबकि सेंसेक्स 77,200 पर कारोबार कर रहा है.

    बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक सेंसेक्स में साढ़े चार सौ से अधिक अंकों की गिरावट है, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 से अधिक अंकों की गिरावट के साथ काम कर रहा है.

    बाज़ार में टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज़, भारती एयरटेल, टाटा स्टील और सनफार्मा जैसे शेयरों को छोड़ बाकी शेयरों पर बिकवाली का दबाव दिखा.

    दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतें भी 2 फ़ीसदी चढ़कर 85 डॉलर के आसपास पहुंच गई हैं.

    गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने बीते दिन ही एलान किया था कि अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाज़ों से 20 फ़ीसदी शुल्क वसूलेगा.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने किन देशों का ज़िक्र करते हुए कहा- इन्हें हमारी ज़रूरत है, हमें इनकी नहीं

    अमेरिका के ताज़ा हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

    इसका ज़िक्र करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाउट हाउस में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका इन देशों को सुरक्षा मुहैया कराएगा लेकिन उसके बदले में उन्हें इसकी क़ीमत चुकानी होगी.

    उन्होंने कहा, "मैं चाहता हूं कि हमें भुगतान किया जाए, क्योंकि हम दुनिया के एक बेहद समृद्ध हिस्से की सुरक्षा कर रहे हैं. हम इस पर पैसा ख़र्च कर रहे हैं."

    ट्रंप ने कहा, "हम जिन देशों की सुरक्षा कर रहे हैं उनसे हमें पैसा मिलेगा. जैसे सऊदी अरब है, यूएई है, क़तर है, बहरीन है, कुवैत है और दूसरे देश भी हैं. हमें इन देशों की ज़रूरत नहीं है. उन्हें हमारी ज़रूरत है. हमारे पास वेनेज़ुएला को मिलाकर बहुत सारा तेल है."

    इसके इतर, डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी करेगा. साथ ही उन्होंने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले सभी कार्गो जहाज़ों पर 20 फ़ीसदी शुल्क लगाने की घोषणा की है.

  3. सोनम वांगचुक का अनशन 17वें दिन भी जारी, अभिजीत दीपके ने उनकी हेल्थ को लेकर ये कहा

    पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की मांगों के समर्थन में 17 दिन से अनशन पर हैं.

    सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बताया है कि सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा है.

    अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट किया, "सोनम सर की भूख हड़ताल का 17वां दिन. उनकी मांसपेशियों का वज़न कम होना शुरू कर दिया है और वे बेहद दर्द में हैं."

    आगे लिखा, "बाकी सभी लोगों की तरह मैंने भी उनसे अपनी भूख हड़ताल ख़त्म करने की गुज़ारिश की. उन्होंने शांत भाव से जवाब दिया कि मुझसे भूख हड़ताल ख़त्म करने के लिए मत कहिए. सरकार से पूछिए कि वह बातचीत तक क्यों नहीं करना चाहती.”

    सोनम वांगचुक के समर्थन में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी बयान जारी किया है.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "सोनम सर, आपके अनशन ने न्याय की लड़ाई में देश के युवाओं को एकजुट कर दिया है. आपका लक्ष्य पूरा हो गया है."

    महुआ मोइत्रा ने लिखा, "सरकार को आपकी (सोनम वांगचुक) ज़िंदगी या करोड़ों युवाओं की ज़िंदगी की परवाह नहीं है. लेकिन आपकी ज़िंदगी हमारे लिए मायने रखती है. कृपया अनशन ख़त्म करें और लड़ाई जारी रखें."

    गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते कई दिनों से सीजेपी का धरना प्रदर्शन जारी है. प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफ़ा दें.

  4. ट्रंप के 20 फ़ीसदी शुल्क वाले बयान पर ईरान ने कहा- बात तो सही कही, लेकिन...

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले कार्गो जहाज़ों पर 20 फीसदी शुल्क लगाने के बयान के बाद ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची ने ट्रंप के बयान पर कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की बात सही है, लेकिन 20 फ़ीसदी शुल्क बहुत ज्यादा है. उन्होंने कहा कि ईरान उचित और संतुलित शुल्क वसूलेगा.

    अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "अमेरिकी राष्ट्रपति बिल्कुल सही हैं. जो भी कार्गो शिप्स को होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित और आसान रास्ता देगा, उसे इस सेवा के लिए शुल्क मिलना चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "ईरान हमेशा से इस स्ट्रेट का रक्षक रहा है और हमेशा रहेगा. 20 फ़ीसदी शुल्क ज्यादा है, हम उचित शुल्क लेंगे."

    दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ही कहा था कि अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने वाले सभी कार्गो जहाज़ों से 20 फ़ीसदी शुल्क वसूलेगा.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह भी दावा किया कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी फिर से लागू करेगा.

  5. हूती विद्रोहियों का दावा- सऊदी अरब के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला किया

    यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया कि उन्होंने सोमवार को सऊदी अरब के अबहा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया है.

    हूती संगठन के मुताबिक़, इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.

    हूती विद्रोहियों ने बताया कि यह कार्रवाई सऊदी अरब की ओर से सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सारेया ने बयान जारी कर सभी एयरलाइंस को सऊदी हवाई क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि एयरलाइंस को इस चेतावनी को गंभीरता से लेना चाहिए.

    हूती प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक यमन की राजधानी सना स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगी पाबंदियां खत्म नहीं हो जातीं.

    वहीं, सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे को निशाना बनाया, ताकि एक ईरानी विमान को वहां उतरने से रोका जा सके.

  6. भारत और अमेरिका ने ट्रेड डील से जुड़ी रिपोर्ट को बताया फ़ेक, क्या कहा?

    केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर आई रॉयटर्स की एक रिपोर्ट को पूरी तरह ख़ारिज किया है.

    दरअसल, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत ने अमेरिका के साथ जल्दबाज़ी में कोई भी व्यापार समझौता करने से इनकार कर दिया है और डील में बेहतर शर्तों की उम्मीद कर रहा है.

    केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने एक्स पर इस ख़बर को 'पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और भ्रामक' बताया है.

    पीयूष गोयल ने लिखा, "जून में नई दिल्ली दौरे पर आए अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीयर के साथ मेरी शानदार बैठकें हुई थीं. दोनों पक्षों ने एक ऐसे व्यापार समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जो संतुलित हो, सार्थक हो और दोनों देशों के कारोबार, किसानों, श्रमिकों और उपभोक्ताओं के लिए लाभ सुनिश्चित करे."

    उन्होंने आगे लिखा, "हमारी टीमें इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए पूरी तरह से सक्रिय हैं."

    रॉयटर्स की रिपोर्ट को कोट करते हुए भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "फेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने किसी भी प्रस्ताव को ख़ारिज नहीं किया है."

    उन्होंने लिखा, "दोनों पक्षों के बीच बेहद सकारात्मक बैठकें हुईं और ट्रेड डील को अंतिम रूप देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई. हम इस दिशा में लगातार सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं."

    गौरतलब है कि भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के फ़्रेमवर्क को लेकर अहम बैठक जून के आख़िर में नई दिल्ली में हुई थी.

  7. यूएई का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट में दो तेल टैंकरों पर ईरान ने किया हमला

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने होर्मुज़ स्ट्रेट में उसके दो तेल टैंकरों पर हुए हमले के लिए ईरान को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    अमीरात और बहरीन के अधिकारियों के अनुसार, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं.

    बहरीन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मोंबासा और बाहिया नाम के दो तेल टैंकरों को ईरान की ओर से दागी गई दो क्रूज़ मिसाइलों से निशाना बनाया गया. मंत्रालय के मुताबिक़, हमला होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिणी हिस्से और ओमान के समुद्री क्षेत्र में हुआ.

    ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान जारी कर हमले की ज़िम्मेदारी ली और कहा कि हमले का शिकार हुए जहाज़ नियमों का उल्लंघन कर रहे थे.

    वहीं, ईरानी सैन्य सूत्रों से जुड़ी समाचार एजेंसियों ने दावा किया है कि 'कई नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाज़ों पर हमला किया गया', लेकिन हमले के स्रोत या ज़िम्मेदार पक्ष का कोई उल्लेख नहीं किया गया.

    इससे पहले, ब्रिटेन की यूके मरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने मंगलवार सुबह ओमान के क़लहात से 40 नौटिकल मील उत्तर-पूर्व में एक समुद्री घटना की जानकारी दी थी.

    यूकेएमटीओ के अनुसार, एक तेल टैंकर के कप्तान ने बताया कि एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल जहाज़ के इंजन रूम के दाहिने हिस्से से टकराया.

    संगठन ने कहा कि घटना में सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और जहाज़ पर मौजूद हैं.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.