ग्रीस के क्रीट द्वीप के रेथिम्नो इलाके में लगी जंगल की आग से जूझते हुए दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई. दोनों आग में फंस गए थे.
तेज़ रफ़्तार हवाओं ने आग की लपटों को और भड़का दिया, जिसके बाद कई गांवों को खाली कराया गया.
दक्षिणी यूरोप में गर्मियों के दौरान जंगलों में आग लगने की यह एक और बड़ी घटना है.
दक्षिणी तुर्की में भी मुग़ला प्रांत में लगी आग के कारण फेथिये से अंताल्या जाने वाले मुख्य हाईवे को बंद करना पड़ा. एक अस्पताल के कुछ हिस्सों को भी खाली कराया गया.
इस बीच, स्पेन और फ्रांस में इस गर्मी की चौथी हीटवेव शुरू हो गई है. दमकलकर्मियों का दल उन बड़े जंगलों की आग को दोबारा भड़कने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें हाल ही में काबू में किया गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्रीट में कई जगह आग लगी और यह तेज़ी से फैलती गई.
सबसे बड़ा आग वाला क्षेत्र करीब 15 किलोमीटर तक फैल गया था.
दमकल विभाग ने कहा कि जान गंवाने वाले दोनों कर्मचारी रेथिम्नो शहर के पास पश्चिमी इलाके में काम कर रहे थे.
ग्रीस के दूसरे हिस्सों में भी जंगल की आग लगी है. एजियन सागर के पारोस और लेसबोस द्वीपों के अलावा ग्रीस के मुख्य भूभाग के दक्षिणी शहर ट्रिफिलिया में भी आग लगी है.
स्पेन में प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने राजधानी मैड्रिड के पास लगी जंगल की आग को बुझाने के लिए अगले 12 घंटे को 'निर्णायक' बताया है.
स्पेन के एविला प्रांत के बुर्गोहोंडो इलाके में अब तक 43,000 हेक्टेयर से अधिक जमीन जल चुकी है. यह इलाका मैड्रिड से करीब 150 किलोमीटर पश्चिम में है.
इसे अब स्पेन के इतिहास में दर्ज सबसे बड़ी जंगल की आग माना जा रहा है.
इस साल स्पेन में अब तक जंगल की आग से कुल 2.07 लाख हेक्टेयर से अधिक जमीन जल चुकी है.