सीमा में घुसे चीनी सैनिक को वापस भेजेगा भारत, ग्लोबल टाइम्स का दावा -आज की बड़ी ख़बरें

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

पूर्वी लद्दाख के डेमचॉक सेक्टर में भारत ने एक चीनी सैनिक को हिरासत में लिया है जो वास्तविक नियंत्रण रेखा पार कर भारत की तरफ़ चला आया था.

भारतीय सेना के मुताबिक़ सैनिक कॉरपोरल वैंग या लौंग को सभी तरह की मेडिकल सुविधाएं, ऑक्सीजन, खाना और गर्म कपड़े दिए गए ताकि ऊंचाई पर अत्याधिक ठंड का वो सामना कर पाए.

सेना के मुताबिक़, चीन की पीप्लस लिबरेशन आर्मी की तरफ़ से इस सैनिक से जुड़ी जानकारियों के लिए औपचारिक तौर पर अनुरोध किया गया था.

सेना ने बयान जारी कर कहा कि प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस सैनिक को चीनी सेना को वापस कर दिया जाएगा.

ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, पीएलए सैनिक एक चरवाहे की मदद के दौरान रविवार रात ग़लती से सीमा पार चला गया. इसकी जानकारी होते ही चीन ने भारत को तत्काल इसकी सूचना दी और भारत सैनिक को ढूंढ़ने और वापस चीन भेजने को राज़ी हो गया.

ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, पीएलए वेस्टर्न थिएटर कमांड के प्रवक्ता ने कहा, ''हमें उम्मीद है भारत अपना वादा निभाएगा और सैनिक वापस भेजेगा. साथ ही सातवें चरण की सैन्य-कूटनीतिक वार्ता को लागू करने में चीन के साथ काम करेगा और सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थायित्व क़ायम करने की दिशा में काम करेगा.''

बसपा विधायक पर बैंक घोटाले का केस, सीबीआई की रेड

सीबीआई ने सोमवार को उत्तर प्रदेश में बीएसपी विधायक विनय शंकर तिवारी के चार ठिकानों पर छापा मारा.

समाचार एजेंसी एनएआई के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई 754.25 करोड़ के कथित बैंक घोटालो को लेकर की गई.

विनय गंगोत्री इंटरप्राइज़ेज के मालिक और पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के बेटे हैं.

रेड लखनऊ के दो ठिकानों और गोरखपुर और नोएडा के एक एक ठिकानों पर मारी गई.

सीबीआई ने विनय शंकर, उनकी पत्नी रीता तिवारी और गंगोत्री इंटरप्राइज़ेज के दूसरे निदेशकों के खिलाफ़ केस दर्ज किया है.

बिहार चुनाव: भैंस पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचा उम्मीदवार

बिहार चुनाव नज़दीक आने के साथ ही उम्मीदवार भी अलग-अलग तरीके से जनता को लुभाने की कोशिश में लगे हैं. ऐसे ही एक निर्दलीय उम्मीदवार को लोग तब देखते रह गए जब वो भैंस पर सवार होकर नामांकन दाखिल करने पहुंचे.

दरभंगा ज़िले के बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार नचारी मंडल नामांकन के लिए सोमवार को भैंस पर सवार होकर पहुंचे. उन्होंने मीडिया को भैंस पर आने की वजह भी बताई.

नचारी मंडल ने कहा, "मैं समाज के गरीब और कमज़ोर तबके से आता हूं. मैं एक मज़दूर किसान का बेटा हूं और क्योंकि मेरे पास चार पाहिया गाड़ी नहीं है इसलिए मैं भैंस पर आया हूं. भैंस, गाय और बैल एक किसान की पूंजी होती हैं."

उन्होंने कहा कि अगर उन्हें चुना गया तो वो किसानों के हित में काम करेंगे और कमज़ोर वर्गों तक सरकारी लाभ पहुंचाने की कोशिश करेंगे. नचारी मंडल ने कहा कि पिछले विधायकों ने इलाक़े में विकास का कोई काम नहीं किया और इसके चलते लोग गुस्से में हैं.

मंडल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ रहे हैं और अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं. वह कहते हैं, "मुझे यकीन है कि लोग मुझे आशीर्वाद देंगे और मैं उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा. साथ ही बहादुरपुर की आवाज़ को बिहार विधानसभा तक पहुंचाऊंगा."

बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र से राजद के आरके चौधरी और जदयू के मदन सहनी खड़े हुए हैं. इस क्षेत्र में चुनाव के तीसरे चरण में मतदान किया जाएगा. बिहार चुनाव 28 अक्टूबर, 3 और 7 नवंबर को तीन चरणों में पूरे होंगे. वोटों की गिनती 10 नवंबर को की जाएगी.

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं के जाने पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

कोरोना महामारी के कारण पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं को जाने की इजाज़त नहीं होगी.

बीबीसी के सहयोगी प्रभाकर मणि तिवारी ने बताया कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को कहा है कि पंडाल में सिर्फ आयोजकों को जाने की अनुमति दी जाएगी.

बड़े पंडालों में एक समय में अधिकतम 25 आयोजकों को जाने की इजाज़त होगी और छोटे पंडालों में 15 आयोजकों को.

पश्चिम बंगाल में 37,000 से अधिक दुर्गा पंडाल हैं और वहा कोरोना के मामले अभी भी बढ़ रहे हैं. इससे पहले राज्य सरकार ने सभी दुर्गा पूजा समितियों को 50,000 रुपये देने का ऐलान किया था.

लद्दाख में भारतीय सेना ने पकड़ा एक चीनी सैनिक

पूर्वी लद्दाख के डेमचॉक सेक्टर में भारत ने एक चीनी सैनिक को हिरासत में लिया है जो वास्तविक नियंत्रण रेखा पार कर भारत की तरफ़ चला आया था.

भारतीय सेना के मुताबिक़ सैनिक कॉरपोरल वैंग या लौंग को सभी तरह की मेडिकल सुविधाएं, ऑक्सीजन, खाना और गर्म कपड़े दिए गए ताकि ऊंचाई पर अत्याधिक ठंड का वो सामना कर पाए.

सेना के मुताबिक़, चीन की पीप्लस लिबरेशन आर्मी की तरफ़ से इस सैनिक से जुड़ी जानकारियों के लिए औपचारिक तौर पर अनुरोध किया गया था.

सेना ने बयान जारी कर कहा कि प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस सैनिक को चीनी सेना को वापस कर दिया जाएगा.

ईडी के समक्ष पेश हुए फ़ारूक़ अब्दुल्लाह

जम्मू और कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फ़ारूक़ अब्दुल्लाह सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश हुए. उन्हें जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में तलब किया गया था.

फ़ारूक़ अब्दुल्लाह की पार्टी ने एक बयान जारी कर बीजेपी पर आरोप लगाया कि वो राजनीतिक तौर पर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह से लड़ने में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं, इसलिए एजेंसियों को काम पर लगाया गया है.

पार्टी के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा, "डॉक्टर साहब जम्मू और कश्मीर की सभी मुख्य पार्टियों को एक साथ जोड़ने में कामयाब रहे हैं, डॉक्टर फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को ईडी का समन इसी का नतीजा है. बीजेपी की विचारधारा और फूट डालने की राजनीति के विरोध की ये कीमत चुकानी पड़ती है."

पार्टी ने कहा कि हाल के दिनों में बीजेपी ने कई विभागों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए कर रही है और फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को भेजा गया समन वैसा ही एक मामला है. पार्टी ने फ़ारूक़ अब्दुल्लाह को बेकसूर बताया और कहा कि वो अधिकारियों के साथ सहयोग करेंगे.

जम्मू और कश्मीर के पूर्व सीएम और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्लाह ने लिखा, "ये राजनीतिक बदले से ज़्यादा कुछ नहीं है, ये गुपकर घोषणापत्र के लिए पीपल्स अलायंस के गठन के कुछ ही दिनों बाद हुआ है. मैं ये बात रिकॉर्ड पर बताना चाहता हूं कि डॉक्टर साहब के घर पर कोई रेड नहीं पड़ी है."

जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने भी बीजेपी पर राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है.

पाकिस्तानः मरियम नवाज़ के पति कैप्टन सफ़दर गिरफ़्तार

पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) (पीएमएल-एन) की नेता मरियम नवाज़ ने एक ट्वीट कर दावा किया कि- कुछ देर पहले, स्थानीय पुलिस कराची में उनके होटल के कमरे में घुस आई और उनके पति कैप्टन (रिटायर्ड) सफ़दर को गिरफ़्तार कर लिया है.

एफ़आईआर में क़ायद-ए-आज़म की मज़ार पर सरकारी संपत्ति को नुक़सान पहुंचाने के आरोप में कैप्टन सफ़दर और मरियम नवाज़ सहित 200 लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.

इसके अलावा एफ़आईआर में मोहम्मद अली जिन्ना की कब्र का अपमान करने का भी आरोप लगाया गया है.

कैप्टन सफ़दर को ब्रिगेड पुलिस स्टेशन में शिफ़्ट कर दिया गया है. ये मुक़दमा वक़ास अहमद ख़ान नामक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है.

इस संबंध में, मरियम नवाज़ ने एक वीडियो भी री-ट्वीट किया है. जिसमें यह दावा किया गया है कि होटल के उनके कमरे में 'तोड़ फोड़' भी की गई है.

इससे पहले रविवार को सरकार विरोधी ग्यारह पार्टियों के गठबंधन, पीडीएम की एक सभा कराची के जिन्ना बाग़ में आयोजित की गई थी. मरियम नवाज़ और कैप्टन सफ़दर इसी सभा के लिए कराची में मौजूद थे.

पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री चौधरी फ़वाद हुसैन ने ट्वीट किया है, "कैप्टन सफ़दर की गिरफ़्तारी क़ानून के सम्मान का एक उदाहरण है."

उन्होंने लिखा, "क़ायद-ए-आज़म मोहम्मद अली जिन्ना की क़ब्र और उनकी मज़ार, घटिया राजनीतिक नेतृत्व के खेल का मैदान नहीं है. यह हर पाकिस्तानी के लिए एक पवित्र स्थान है. क़ायद-ए-आज़म की मज़ार पर अठखेलिया करना, नारेबाज़ी करना और ग़ैर-ज़िम्मेदाराना हरक़त क़ानून के ख़िलाफ़ है. इसके लिए सज़ा होनी चाहिए."

ये भी पढ़ें

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)