You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
डोनल्ड ट्रंप के धमकाने के बाद मैक्सिको ने किया समझौता
मैक्सिको प्रवासियों के पलायन को रोकने लिए हर संभव क़दम उठाने के लिए राज़ी हो गया है.
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप द्वारा व्यापार शुल्क लगाने की चेतावनी के बाद मैक्सिको ने कहा कि वो अमरीका की ओर प्रवासियों के पलायन को रोकने के लिए हर वो क़दम उठाएगा जो संभव है.
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक के बाद एक कई ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी.
अपने एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि मैं सभी अमरीका वासियों को ये बताते हुए खुशी का अनुभव कर रहा हूं कि अमरीका और मैक्सिको के बीच एक लिखित समझौता हुआ है. अमरीका सोमवार से मैक्सिको पर आयात शुल्क लगाने वाला था लेकिन अब उसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है. बदले में मैक्सिको ने सख़्त क़दम उठाने पर सहमति जताई है.
अमरीका के राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि अगर मैक्सिको प्रवासियों पर अंकुश नहीं लगाता है तो मैक्सिको के उत्पादों पर 5 फ़ीसदी का आयात शुल्क लगा दिया जाएगा. जो कि अक्टूबर तक 25 फ़ीसदी हो जाएगा.
हालांकि इस समझौते में क्या है और किन किन बातों का उल्लेख किया गया है यह अभी तक पूरी तरह सामने नहीं आया है.
मैक्सिको के विदेश सचिव मार्सेलो इबरार्ड ने भी ट्वीट करके इस बात की जानकारी है कि दोनों देशों के बीच समझौता हो गया है. दोनों देशों के बीच इस मसले पर बीते तीन दिनों से चर्चा जारी थी.
अभी तक इस डील के बारे में क्या पता है?
दोनों देशों की एक संयुक्त घोषणा में कहा गया कि मैक्सिको अनियमित प्रवास और मानव तस्करी को रोकने के लिए हर संभव क़दम उठाएगा.
इस डील के तहत, मैक्सिको सोमवार से पूरे देश में राष्ट्रीय सुरक्षा कर्मियों को तैनात करेगा और ख़ासतौर पर अमरीका-मेक्सिको की सीमा पर.
वहीं दूसरी ओर अमरीका लोगों को मैक्सिको वापस भेजने के अपने कार्यक्रम में विस्तार करेगा. ये वो लोग हैं जो अमरीका में ग़ैर-कानूनी तरीक़े से घुस आए थे और अब उन पर कानूनी कार्रवाई की जानी है.
मैक्सिको के विदेश सचिव ने कहा कि दोनों देशों के बीच हुआ समझौता पूरी तरह से न्यायपूर्ण है और इसमें कोई भेदभाव नहीं किया गया है.
ट्रंप आख़िर किसी शुल्क को लेकर डरा रहे हैं?
अगर यह समझौता नहीं होता तो मैक्सिको को भारी व्यापार शुल्क देना पड़ता. अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का कहना था कि हर महीने 5 फ़ीसदी शुल्क बढ़ाया जाएगा जो कि अक्टूबर तक 25 फ़ीसदी हो जाता.यह कर कार, बीयर, फल और सब्जियों पर लगाया जाना था.
इस बात की सूचना उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की थी.
अमरीकी-मैक्सिको सीमा पर हालात क्या हैं?
अमरीका के कस्टम एवं सीमा सुरक्षा विभाग ने इस हफ्ते बताया कि गिरफ्तार किए गए प्रवासियों की संख्या मई में सबसे ज़्यादा थी. पिछले एक दशक में सबसे ज़्यादा.
मई में सीमा पर गश्त लगाने के दौरान 1 लाख 32 हज़ार से ज़्यादा लोगों को मैक्सिको की सीमा पार करते हुए पकड़ा गया. अप्रैल के आंकड़ों के मुक़ाबले ये संख्या 33 फीसदी ज़्यादा है.
विभाग ने बताया कि पकड़े गए लोगों में 84,542 तो परिवार थे और 11,507 बच्चे थे जिनके साथ कोई नहीं था.
इसके अलावा 11,391 प्रवासी ऐसे भी थे जिन्हें अमरीका की सीमा में आने के बाद वापस भेज दिया गया. इन्हें मिलाकर मैक्सिको से अमरीका आने वालों का ये आंकड़ा 1 लाख 44 हज़ार के क़रीब हो जाता है.
विभाग के कमीश्नर जॉन सेंडर्स ने कहा, "हम एकदम एमरजेंसी जैसे हालात के बीच हैं और मैं इसे बेहतर तरीके से नहीं कह पाऊंगा कि सिस्टम एकदम टूटा हुआ है."
पिछले साल क्या थी स्थिति?
आधिकारिक आंकड़े कहते हैं कि गैर-कानूनी तौर से सीमा प्रवेश साल 2000 के बाद से कम होता जा रहा है.
साल 2000 में 16 लाख लोगों को सीमा पार करते हुए पकड़ा गया था. वहीं ये आंकड़ा 2018 में चार लाख था.
2017 में यानी ट्रंप के कार्यकाल के पहले साल में ये आंकड़ा 1971 के बाद सबसे कम था.
ये कमी इसलिए थी क्योंकि मैक्सिको से कम लोग आ रहे थे.
पिछले 2 साल में, ख़ासकर पिछले कुछ महीनों में गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)