You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
प्रधानमंत्री टेरीज़ा में को मारने की साज़िश में युवक दोषी
- Author, डोमिनिक काशियानी
- पदनाम, बीबीसी न्यूज़ संवाददाता
- प्रकाशित
20 साल के एक युवक को ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे को जान से मारने की साज़िश के आरोप में दोषी पाया गया है.
नईमउर रहमान नाम के इस युवक ने लंदन के 10, डाउंनिंग स्ट्रीट के गेट को बम से उड़ाने की योजना बनाई थी जो प्रधानमंत्री आवास है.
दोषी युवक एक कॉलेज ड्रॉप-आउट हैं जो सीरिया में हुई अपने चाचा की मौत का बदला लेना चाहते थे.
एफ़बीआई, एमआई5 और पुलिस के एक अंडरकवर ऑपरेशन में रहमान की योजना का पता चला था.
रहमान ने ऑनलाइन कुछ ऐसे लोगों से संपर्क किया जो कट्टरवादी थे और उनसे हमले के सिलसिले में मदद मांगी. लेकिन ये लोग असल में अधिकारी थे. इसके बाद रहमान ने दो लोगों से मुलाक़ात कर उनसे बम मांगा जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
बीते साल रहमान लंदन में रहने वाली अपनी मां और वॉलसल में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के साथ झगड़ा होने के बाद बेघर हो गए थे.
3 साल पहले उन्हें कट्टर लोगों को सुधारने के लिए देश में चलाई गई योजना के लिए भी भेजा गया था क्योंकि उस वक्त घरवालों को आशंका थी कि उनके चाचा उन्हें भड़का सकते हैं.
पिछले साल एक लड़की से फ़ोन पर अश्लील चैटिंग करने के आरोप में उनसे पूछताछ भी हो रही थी. तब उनके फोन रिकॉर्ड्स से एजेंसियों को पता चला कि वो अब भी अपने चाचा के संपर्क में है.
दोषी के चाचा कौन थे?
नईमउर रहमान के चाचा मुसादिकउर रहमान 2014 में ब्रिटेन छोड़ कर सीरिया चले गए थे.
इस मुकदमे के दौरान पता चला है कि वो अपने भतीजे को ब्रिटेन पर हमला करने के लिए उकसा रहे थे. यहां तक कि उन्होंने रहमान को बम तैयार करने की योजना भी बताई थी.
जून 2017 में सीरिया के शहर रक़्क़ा में कथित इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों पर हुए एक ड्रोन हमले में मुसादिकउर की मौत हो गई.
अभियोक्ताओं ने कोर्ट को बताया है कि जब रहमान को अपने चाचा की मौत की ख़बर मिली तब उन्होंने बदला लेने के बारे में सोचा.
खुद ही पुलिस के चुंगल में फंसे
रहमान ने सोशल मीडिया के ज़रिए इस्लामिक स्टेट के लिए नियुक्ति करने वालों से संपर्क किया. लेकिन असल में वो अंडरकवर एफ़बीआई के एजेंटों से संपर्क कर बैठे थे.
एफ़बीआई ने एमआई5 की टीम को रहमान से संपर्क करने को कहा जिन्होंने रहमान को इस बात का भरोसा दिलाया कि वो असल में इस्लामिक स्टेट के लड़ाके हैं जिसके बाद रहमान ने उन्हें बताया कि वो देश की संसद को बम से उड़ा देना चाहते हैं.
इसके बाद पुलिस के साथ साझा अभियान के तहत रहमान एक पुलिस अधिकारी से मिलने पहुंचे, जिन्होंने खुद को हथियारों के सौदागर के रूप में पेश किया.
रहमान ने उनको अपनी आपबीती सुनाई और एक ट्रक बम और हथियार मांगे. हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि ना तो उन्हें ट्रक चलाना आता है ना ही बंदूक चलाना.
इसके बाद रहमान ने कहा कि वो डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री टेरीज़ा मे पर हमला करेंगे.
हमले की योजना के संबंध में हुई बातचीत का वीडियो कोर्ट में सबूत के तौर पर पेश किया गया है.
नईमउर रहमान का कहना है कि उनकी कोई भी योजना गंभीर नहीं थी. उन्होंने कहा कि जब वो उन लोगों से मिलने लगे जिन्हें वो सीरिया में अपने चाचा के कमांडर मानते थे तो वो उन्हें इंप्रेस करने के लिए बातें करने लगे. उनका कहना है कि वो स्पेस से मिसाइल गिराने के बारे में भी योजना बना रहे थे.
रहमान का कहना है कि उन्हें एमआई5 और पुलिस ने फंसाया है.
हालांकि अभियोक्ताओं ने इस बात का वीडियो सबूत पेश किया है कि रहमान ने डाउनिंग स्ट्रीट, संसद और इसके करीब के अन्य इलाकों का अच्छे से निरीक्षण किया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)