You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
चीन को स्पष्ट संदेश, अगर पीएलए आगे आई तो भारत गोली चलाएगाः प्रेस रिव्यू
द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने चीन को स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि पीएलए के सैनिक आगे बढ़ेंगे तो भारतीय सैनिक उन पर गोली चला सकते हैं.एक शीर्ष भारतीय अधिकारी ने अख़बार से ये बात कही है.
अधिकारी ने कहा, "अब हमने चीन से कह दिया है कि अगर आप हमारे नज़दीक आओगे तो हम गोली चलाएंगे. सैनिकों को भी आत्मरक्षा में गोली चलाने का अधिकार दे दिया गया है."
हाल के दिनों में पूर्वी लद्दाख में पेंगॉग त्सो झील के पास भारत और चीन के सैनिकों के बीच कई बार हवाई फ़ायरिंग हुई है.
भारत और चीन के बीच हुई छठे दौर की वार्ता में दोनों देश सीमा पर और अधिक सैनिक न भेजने पर सहमत हुए हैं. भारतीय अधिकारी का कहना है कि भारत सीमा पर अपनी मज़बूत मौजूदगी बनाए रखेगा.
उन्होंने कहा, "हमारा रुख़ स्पष्ट है, चीन पहले आया था, उसे ही पहले पीछे हटना होगा."
भारत और चीन के सैनिकों के बीच जून में गलवान घाटी में झड़प हुई थी जिसमें बीस भारतीय सैनिकों की मौत हो गई थी. चीन ने अपने हताहत हुए सैनिकों की संख्या जारी नहीं की थी. मीडिया रिपोर्ट में चीन के सैनिकों के मारे जाने का भी दावा किया गया था.
हार्ले डेविडसन ने बंद किया कारोबार
द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक मोटरसाइकिल कंपनी हार्ले डेविडसन ने भारत में अपनी फैक्ट्री और कारोबार बंद कर दिया है. भारत में करीब 70 लोगों को नौकरी से भी निकाला जा रहा है.
कंपनी ने एक बयान में कहा है कि कंपनी बावल में अपनी उत्पादन इकाई बंद कर रही है और गुरुग्राम के अपने दफ़्तर में बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या में कटौती कर रही है.
हालांकि कंपनी भारत में अपने डीलर नेटवर्क के ज़रिए ग्राहकों को सर्विस देती रहेगी. दुनिया की बड़ी मोटरसाइकिल कंपनियों में शामिल हार्ले-डेविडसन भारत में अपने उत्पाद बेचने में सघर्ष कर रही थी.
अमरीका की इस कंपनी के भारत से जाने से सरकार के बड़े उत्पादकों को रिझाने के प्रयासों पर भी सवाल उठेंगे.
श्रीनगर में वकील की हत्या
द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक श्रीनगर में एक चर्चित वकील की हत्या कर दी गई है. बाबर क़ादरी ने तीन दिन पहले ही अपनी जान को ख़तरा बताया था.
अज्ञात हमलावरों ने गुरुवार को बाबर क़ादरी की गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने मानवाधिकार उल्लंघन के कई मामलों को उठाया था.
क़ादरी पर श्रीनगेर के हवाल इलाक़े में उनके घर के पास ही हमला किया गया. उन्हें पास से गोलियां मारी गई हैं. क़ादरी टीवी पर बहसों में भी दिखाई देते थे और श्रीनगर के स्थानीय अख़बारों में लेख भी लिखते थे.
उन्होंने अलगाववादियों और कश्मीर के मुख्यधारा के नेताओं की आलोचना की थी. वो अपने आप को कश्मीर समर्थक बताते हुए कहते थे कि वो भारत विरोधी नहीं हैं.
दिल्ली में दोगुने हुए कंटेनमेंट ज़ोन
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कंटेनमेंट ज़ोन की संख्या दो गुनी हो गई है और ये अब तक की सबसे ज़्यादा है. दिल्ली में अब 2059 कंटेनमेंट ज़ोन हैं.
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में सितंबर के तीसरे सप्ताह में कोरोने के मामलों में आई तेज़ी को संक्रमण की दूसरी लहर बताया है.
गुरुवार को दिल्ली में कोरोना संक्रमण के 3834 मामले सामने आए हैं जबकि 36 मौतें हुई हैं. राजधानी में कंटेनमेंट ज़ोन का आंकड़ा भी पहली बार दो हज़ार के पार गया है. एक सितंबर को दिल्ली में 894 कंटेनमेंट ज़ोन थे. दिल्ली में एक्टिव मामलों की संख्या तो कम हुई है लेकिन लोगों संक्रमण की दर बढ़ी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)