IPL 2020: सुपर ओवर में दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया

प्रकाशित

इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे मैच में का नतीजा सुपर ओवर में निकला. सुपर ओवर में दिल्ली को छह गेंदों पर महज तीन रन बनाने थे.

मोहम्मद शमी ने एक वाइड फेंक दी और इसके बाद ऋषभ पंत ने दो रन लेकर टीम को जीत दिला दी.

इससे पहले सुपर ओवर में पंजाब की टीम ने दो विकेट गंवा कर महज दो रन बनाए.

कागिसो रबाडा के सामने केएल राहुल ने दो रन बनाए और इसके बाद निकोलस पूरन अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए.

दो विकेट गिर जाने के चलते पंजाब की टीम को सुपर ओवर में महज तीन गेंद खेलने का मौका मिला.

कैसे पहुंचा सुपर ओवर में मैच

दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट पर 157 रन बनाए. इसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब की टीम भी 20 ओवरों में आठ विकेट पर 157 रन ही बना सकी.

पंजाब की ओर से मयंक अग्रवाल ने 60 गेंदों पर 89 रन बनाए लेकिन वे टीम को जीत दिलाने से एक रन पहले आउट हो गए.

आख़िरी ओवर में पंजाब को छह गेंदों पर 13 रन बनाने थे. मयंक अग्रवाल ने पहली तीन गेंदों पर 12 रन बना दिए लेकिन बावजूद इसके टीम जीत हासिल नहीं कर सकी.

दिल्ली की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने आख़िरी दो गेंद पर मयंक अग्रवाल और क्रिस जॉर्डन को आउट कर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया.

पंजाब की ओर से कप्तान केएल राहुल ने मयंक अग्रवाल के साथ पारी की शुरुआत की. राहुल के बल्ले से पहली बाउंड्री छक्के के तौर पर निकली, इसके बाद उन्होंने दो चौके भी जमाए.

जब लगा कि वे बड़े स्कोर बनाने के इरादे से उतरे हैं तभी मोहित शर्मा की सीम गेंदबाज़ी ने उन्हें चकमा दे दिया. राहुल ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए.

अश्विन की शानदार गेंदबाज़ी

राहुल के पवेलियन लौटने के बाद पंजाब की टीम संभलती उससे पहले ही रविचंद्रन अश्विन ने छठे ओवर में दो विकेट चटका कर पंजाब टीम पर वैसा दबाव बनाया जिसका साफ़ असर तूफ़ानी बल्लेबाज़ ग्लेन मैक्सवेल पर ख़ूब नज़र आया.

अगले ही ओवर में कागिसो रबाडा ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ग्लेन मैक्सवेल को पवेलियन भेज दिया. सात ओवरों की समाप्ति के बाद पंजाब का स्कोर चार विकेट पर 40 रन था. लेकिन मयंक अग्रवाल ने यहां से अकेले दम पर टीम को जीत के करीब तक ले गए.

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट पर 157 रन बनाए. हालांकि दिल्ली की टीम इस स्कोर तक पहुंचेगी, इसका अंदाज़ा मैच के पहले 15 ओवरों तक नहीं हो सका था.

स्टोइनिस की तूफ़ानी पारी

मार्कस स्टोइनिस की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी की बदौलत दिल्ली की टीम इस मुकाम तक पहुंची. स्टोइनिस ने महज 21 गेंदों पर 53 रन बनाए. इस पारी के दौरान स्टोइनिस ने सात चौके और तीन छक्के जमाए.

स्टोइनिस का पारी का कमाल रहा है कि दिल्ली की टीम पंजाब के सामने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर सकी. स्टोइनिस दिल्ली की पारी की आख़िरी गेंद से पहले रन आउट हुए लेकिन उससे पहले उन्होंने अपनी भूमिका शानदार ढंग से निभाई.

स्टोइनिस की पारी का अंदाज़ा इससे लगाया जा सकता है कि एक समय दिल्ली की टीम पहले 10 ओवरों में 50 रन नहीं बना सकी थी. शिखर धवन, पार्थिव शॉ और शिरमोन हेटमायर जैसे ज़ोरदार बल्लेबाज़ महज 13 रन के भीतर पवेलियन लौट चुके थे.

पहले दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत ने टीम को संभाला और उसके बाद स्टोइनिस ने टीम की स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया. आखिरी दस ओवरों में दिल्ली की बल्लेबाज़ों ने प्रति ओवर दस से ज़्यादा के औसत से रन जुटाए.

मोहम्मद शमी-कोट्रैल का दम

दिल्ली के बल्लेबाज़ों ने आख़िरी ओवरों में भले ही पंजाब के गेंदबाज़ों की ख़ूब धुलाई की लेकिन 15 ओवरों तक पंजाब के गेंदबाज़ों ने मैच को अपने अंकुश में रखा. पंजाब के तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी और शेल्डन कोट्रैल ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की.

मोहम्मद शमी ने चार ओवरों में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाए. जबकि कोट्रैल ने 24 रन देकर दो विकेट चटकाए.

इन सबके बीच लेग ब्रेक रवि बिश्नोई ने भी अपने पहले आईपीएल मैच में प्रभाव छोड़ने में सफल रहे. रवि ने चार ओवरों में महज 22 रन देकर ख़तरनाक हो रहे ऋषभ पंत को आउट कर आईपीएल में पहली कामयाबी हासिल की.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)