You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कुछ लोगों को लगता है, राम मंदिर से कोरोना ख़त्म हो जाएगाः शरद पवार - आज की बड़ी ख़बरें
एनसीपी नेता शरद पवार ने राम मंदिर,कोरोना संक्रमण और अर्थव्यवस्था के मुद्दों को लेकर इशारों ही इशारों में बीजेपी पर निशाना साधा है.
उन्होंने रविवार को सोलापुर में पत्रकारों से कहा, "कुछ लोगों को लगता है कि राम मंदिर बनने से कोरोना ख़त्म हो जाएगा. हमें अपनी प्राथमिकता तय करनी होगी. यह तय करना होगा कि महत्वपूर्ण क्या है."
उन्होंने कहा कि सरकार को देश की आर्थिक हालत पर ध्यान देना चाहिए. इससे एक दिन पहले ही, शनिवार को अयोध्या में मंदिर निर्माण के मद्देनज़र राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की दूसरी बैठक हुई थी.
बैठक के बाद ट्रस्ट के सदस्य और बीजेपी नेता कामेश्वर चौपाल ने बताया कि मंदिर की आधारशिला रखने के लिए तीन या पांच अगस्त की तारीख़ का प्रस्ताव रखा गया है.
ट्रस्ट ने कहा था कि भूमिपूजन की तारीख़ का फ़ैसला प्रधानमंत्री कार्यालय करेगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर की आधारशिला रखने ख़ुद अयोध्या जाएंगे.
भारत-चीन सीमा विवाद: कांग्रेस ने मोदी सरकार से पूछे ये पांच सवाल
कांग्रेस नेता रणवीर सिंह सुरजेवाला ने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर पार्टी की तरफ़ से एक बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार से पांच सवाल पूछे हैं.
उन्होंने ट्वीट किया, "भारत की सरज़मीं पर चीनी क़ब्ज़े का दुस्साहस लगातार बना है. चीन डेपसाँग प्लेंस व पैंगोंग त्सो इलाके में न केवल ज़बरन क़ब्ज़ा बनाए है बल्कि चीन के अतिरिक्त सैन्य निर्माण से साफ़ तौर से ख़तरे का आभास है. मोदी सरकार द्वारा फैलाया जा रहा भ्रमजाल न देश सेवा हो सकता है न ही राष्ट्रभक्ति."
सुरजेवाला ने लिखा, भारत की सुरक्षा से जुड़े 5 सवाल:
1. देश के लगभग हर समाचार पत्र, आर्मी जर्नल, सैटेलाइट तस्वींरे और अब रक्षा मंत्री के बयान द्वारा मोदी जी के हमारी सीमा में घुसपैठ न होने के दावे क्यों झुठलाया जा रहा है? क्या पीएम जी ने सर्वदलीय बैठक को चीनी घुसपैठ के बारे में सही तथ्य नहीं बताए?
2. देश के रक्षा मंत्री के इस बयान का क्या मतलब है कि चीन से बातचीत के द्वारा हल की कोई गारंटी नहीं है? क्या चीनी क़ब्ज़े को स्वीकार करते हुए मोदी सरकार ने यह मान लिया है कि वो इसका हल नहीं निकाल सकते?
3. क्या चीन अब भी डेपसॉन्स सेक्टर और दौलत बेग ओल्डी सेक्टर में निर्माण कर रहा है? भारत की सीमा में हो रहे इस चीनी निर्माण के बारे में हमारी सरज़मीं की रक्षा हेतु मोदी सरकार क्या कदम उठा रही है?
4. क्या चीन ने अभी फ़िंगर-4 से फ़िंगर-8 के पैंगोंग त्सो इलाके में क़ब्ज़ा बना रखा है? चीनी सेना का यह क़ब्ज़ा छुड़वाने के लिए मोदी सरकार की क्या रणनीति है?
5. मई,2020 से पहले की यथास्थिति बनाने के लिए में और चीन को भारतीय सीमा से पीछे धकेलने के लिए कितना समय और लगेगा? सरकार की इस बारे में क्या नीति है?
कांग्रेस पार्टी भारत-चीन तनाव को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रही है. राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही ही कहा था कि चीन पर सरकार के 'कायराना रुख' की देश को भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी.
राजस्थान संकट: कांग्रेस ने कहा, हमारे पास बहुमत है
राजस्थान में सियासी विवाद लगातार गहराता ही जा रही है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने फ़ोन टैपिंग क आरोपों पर राजस्थान सरकार के प्रमुख सचिव से रिपोर्ट मांगी है.
इधर, कांग्रेस नेता अजय माकन ने रविवार को जयपुर में कहा कि अगर जनता की चुनी सरकार को पैसों के दम गिराया जा रहा है तो यह जनादेश के साथ धोखा और लोकतंत्र की हत्या है.
उन्होंने पूछा, "राजस्थान पुलिस भंवरलाल शर्मा और विश्वेंद्र सिंह का वॉइस सैंपल लेना चाहती है तो हरियाणा सरकार उसे रोक क्यों रही है?"
इससे पहले राजस्थान के बीजेपी प्रमुख सतीश पूनिया ने कहा था, "एडीशनल चीफ़ सेक्रेटरी (होम) पहले ही कह चुके हैं उन्हें फ़ोन टैपिंग के बारे में कोई जानकारी नहीं है. ऐसे में सवाल उठता है: क्या राजस्थान सरकार ऐसी किसी टैपिंग की इजाज़त दे सकती है? गृह मंत्रालय ने मामले का संज्ञान लिया है और मुझे लगता है कि इससे कई बातें सामने आएंगी."
इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि बीजेपी ने पैसों के दम पर विधायकों की ख़रीद-फ़रोख़्त कर राज्य में सरकार गिराने की कोशिश की.
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था, "मीडिया के ज़रिये कुछ ऑडियो टेप सामने आये हैं. कथित तौर पर इनमें बाग़ी कांग्रेस नेताओं और एक वरिष्ठ बीजेपी नेता के बीच बातचीत सुनाई देती है. इससे साफ़ होता है कि पैसे का आदान-प्रदान हो रहा है.''
इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर फ़ोन टैपिंग के आरोप लगाए थे. फ़िलहाल, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने थोड़ी देर पहले जयपुर के फ़ेयरमोंट होटल में ठहरे अपने समर्थक विधायकों से मुलाकात की है.
इस बीच रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि कांग्रेस नेतृत्व ने सचिन पायलट से छह से अधिक बार बात की और उन्हें पार्टी में वापस लौटकर अपनी बात रखने के लिए कहा है.
सुरेजवाला ने कहा,''अब ये निर्णय उन्हें लेना है कि उन्हें भाजपा के मायाजाल और षड्यंत्र में फंसना है या फिर परिवार में बैठकर अगर कोई मतभेद है उसे सुलझाना है.''
कांग्रेस ने किया बहुमत का दावा
कांग्रेस का दावा है कि उसे 100 से ज़्यादा विधायकों का समर्थन हासिल है. कांग्रेस नेता राजेंद्र गुड़ा ने कहा, "हमारे पास बहुत है. अगर हमारे पास बहुमत न होता तो बीजेपी फ़्लोर टेस्ट की मांग करती."
इसके जवाब में राज्य में विपक्ष के नेता जीसी कटारिया ने कहा कि बीजेपी ने कभी फ़्लोर टेस्ट की बात की ही नहीं, उन्होंने कहा, "हमने न पहले कभी फ़्लोर टेस्ट की मांग की और न अभी कर रहे हैं. हम अभी बस उनका कलह देख रहे हैं. जब सही समय आएगा तब हम चर्चा करेंगे और सही दिशा में कोई कदम उठाएंगे. अभी के लिए, हमें बेकार ही इस मामले में घसीटा जा रहा है."
शनिवार को ख़बर आई थी कि भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने अशोक गहलोत की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार को अपना समर्थन दिया है. बीटीपी के राज्य में दो विधायक हैं.
गुड़ा वही कांग्रेस विधायक हैं जिन्होंने दावा किया था कि एसओजी द्वारा गिरफ़्तार किए गए करीबी संजय जैन ने उनसे करीब आठ महीने पहले मुलाकात की थी और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मिलने का प्रस्ताव दिया था. कांग्रेस का कहना है कि संजय जैन बीजेपी के करीबी हैं लेकिन बीजेपी इससे इनकार कर रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)