You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ब्रिटेन की राजकुमारी बिएट्रिस ने निजी समारोह में इटली के व्यापारी से शादी की: आज की बड़ी ख़बरें
ब्रिटेन की महारानी एलिज़ेबेथ द्वितीय की पोती राजकुमारी बिएट्रिस की इटली के एक व्यवसायी एडोआर्डो मापेली मोज़ी से शुक्रवार को शादी हुई.
बकिंघम पैलेस के अनुसार एक बहुत ही सादे समारोह में दोनों की शुक्रवार सुबह शादी हुई जिसमें महारानी एलिज़ाबेथ, ड्यूक ऑफ़ एडिनबरा और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ शामिल हुईं.
पहले उन दोनों की शादी मई में होने वाली थी लेकिन कोरोना के कारण तारीख़ आगे बढ़ानी पड़ी.
शादी समारोह में कोरोना को लेकर सरकार के ज़रिए जारी किए गए सभी दिशानिर्देशों का पालन किया गया था.
23 मार्च के बाद ब्रिटेन में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी जिसके बाद शादी समारोहों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था.
लेकिन चार जुलाई के बाद अधिकतम 30 लोगों के साथ शादी समारोह आयोजित किए जाने की इजाज़त दे दी गई है.
राजकुमारी बिएट्रिस ब्रिटेन के राजपरिवार में तख़्त के दावेदारों में नौवें नंबर पर आती हैं.
अमरनाथ यात्रियों को निशाना बना सकते हैं चरमपंथी- भारतीय सेना
भारतीय सेना के खुफिया सूत्रों को जानकारी मिली है कि चरमपंथी अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रदालुओं को निशाना बना सकते हैं.
इसकी जानकारी देते हुए सेक्टर कमांडर 9 आरआर ब्रिगेडियर वीएस ठाकुर ने मीडिया को बताया कि चरमपंथी नेशनल हाइवे-44 पर हमले की योजना बना रहे हैं. उन्होंने कहा कि ये पूरा इलाका बेहद संवेदनशील है और भारतीय सेना अमरनाथ यात्रा को शांतिपूर्वक कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
अमरनाथ यात्रा 21 जुलाई से शुरू होने वाली है. इससे पहले सेना को अपने खुफ़िया सूत्रों से जानकारी मिली है कि दक्षिण कश्मीर में इस वक्त 100 से ज़्यादा चरमपंथी मौजूद हैं जिसमें 25 से 30 विदेशी भी हैं.
इस साल हर दिन महज 500 लोगों को अमरनाथ यात्रा जाने की इजाजत मिली है. यात्रा पर जाने वाले श्रदालुओं का यात्रा से पहले स्क्रीनिंग होगी, टेस्ट लिए जाएंगे.
चीन इसी समय आक्रामक क्यों हुआ- राहुल गांधी ने बताया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपना एक वीडियो जारी किया जिसमें वो बता रहे हैं कि बीते छह सालों में ऐसा क्या हुआ जो चीन ने भारत के ख़िलाफ़ आक्रामक होने के लिए यही वक्त चुना.
वीडियो में वो समझाते हैं "एक देश को एक साथ कई चीज़ों की वजह से सुरक्षा मिलती है. इसमें पड़ोसियों और दूसरे मुल्कों के साथ उसके संबंध, अपनी ख़ुद की अर्थव्यवस्था और देश के नागरिकों की भावना और सोच शामिल हैं."
वो कहते हैं, "दूसरे देशों के साथ हमारे संबंध बीते छह सालों में बिगड़े हैं. कई देशों के साथ हमारे रणनीतिक तौर पर अहम रिश्ते थे लेकिन अब तो रिश्ते लेन-देन तक सीमित हो गए हैं. पड़ोसी मुल्कों के साथ-साथ विदेशी मुल्कों के साथ हमारे रिश्ते बिगड़ गए हैं. "
राहुल गांधी कहते हैं "कभी अर्थव्यवस्था कभी हमारी ताकत हुआ करती थी लेकिन बीते पचास सालों में हमारी अर्थव्यवस्था की स्थिति बिगड़ी है. देश में बेरोज़गारी बढ़ी है और अचानक से हमारी ताकत हमारी कमज़ोरी बन गई है. "
"ये सभी चीज़ें आपस में जुड़ी हैं किसी देश की स्थिति इन सभी फैक्टर के साथ ही देखा जाता है. "
"आज हमारे देश की अर्थव्यवस्था की हालत सही नहीं है, न ही दूसरों के साथ हमारे संबंध पहले जैसे रह गए हैं. ऐसे में चीन से सोचा कि यही सही वक्त है जब भारत के ख़िलाफ लाइन ऑफ़ एक्चुअल कंट्रोल को लेकर आक्रामक हुआ जा सकता है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)