You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भारत-नेपाल सीमा पर चली गोली, 1 की मौत, 2 के घायल होने की पुष्टि
- Author, सीटू तिवारी
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, पटना से
- प्रकाशित
बिहार के सीतामढ़ी ज़िले में भारत-नेपाल सीमा पर गोली चली है जिसमें एक की मौत और दो के घायल होने की पुष्टि हुई है.
सीतामढ़ी के एसपी अनिल कुमार ने बीबीसी से इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीतामढ़ी के सोनबरसा क्षेत्र में भारत की तरफ़ से जानकीनगर और नेपाल के क्षेत्र नारायणपुर में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ से नौ बजे के बीच गोली चली है.
उन्होने बताया, "भारत के स्थानीय लोग और नेपाल पुलिस के बीच झड़प होने के बाद गोली चली जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो घायल हैं. दोनों घायलों का इलाज चल रहा है और दोनों ख़तरे से बाहर हैं."
हालांकि झड़प किस मुद्दे पर हुई, ये उन्होने स्पष्ट नहीं किया.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक, नेपाली पक्ष का कहना है कि नेपाल की फोर्स ने तब गोलियां चलाईं जब कुछ भारतीयों ने नेपाल में दाख़िल होने की कोशिश की. सपतारी ज़िला मुख्य अधिकारी शंकर हरि आचार्य का कहना है कि ये लोग तस्कर थे जो पहले कम संख्या में आए और फिर बड़ी संख्या में आए.
वहीं मृतक विकेश राय के पिता नागेश्वर राय ने स्थानीय मीडिया से कहा है, 'पांच-छह लोग बार्डर पर स्थित खेत में काम करने सुबह गए थे. नेपाल पुलिस वालों में उन्हें काम करने से मना किया. इसके बाद नेपाल पुलिस ने गोली चला दी जिसमें मेरे बेटे विकेश राय को सीने पर गोली लगी. इससे उसकी मौत हो गई. नेपाल पुलिस ने 16 से 17 बार गोलियां चलाई.'
सीतामढी के सांसद सुनील कुमार पिंटू ने नेपाल और भारत का संबंध रोटी-बेटी का बताते हुए सभी से शांति बनाए रखन की अपील की है.
उन्होंने बीबीसी हिंदी से कहा, " कोरोना के चलते बार्डर सील किया गया था. शुक्रवार सुबह दो परिवार नो मैन्स लैंड पर मिलने आए थे. इसमें से एक परिवार भारतीय मूल का नेपाली परिवार था और दूसरा परिवार भारतीय था. दोनों परिवारों की महिलाएं आपस में बात कर रही थी तो नेपाली प्रहरी (पुलिस) उन्हें भगाने लगे. इसके बाद वहां मौजूद परिवार के पुरूषों ने उन्हें ऐसा नहीं करने को कहा, जिस पर उनकी हल्की झड़प हुई और नेपाली प्रहरी ने गोली चला दी. इसमें एक व्यक्ति को नेपाल पुलिस अपने साथ ले गई, ऐसी भी खबर है. अभी दोनों देशों के उच्चाधिकारी वहां कैम्प किए हुए है."
सीतामढ़ी के स्थानीय पत्रकार ज्ञानरंजन ने बीबीसी को बताया, "नेपाली पुलिस के मुताबिक़, भारतीय नागरिकों ने उनसे हथियार छीनने की कोशिश की थी. बाक़ी जो हमें जानकारी मिल रही है वो ये कि पाँच भारतीयों को गोली लगी थी जिसमें से एक की मौत हो गई है जिसका नाम विकेश उर्फ़ विकास है."
ज्ञानरंजन के मुताबिक़ ये घटना नेपाल के क्षेत्र में हुई है. उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान भी छोटा-मोटा तनाव होता रहा है, लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं घटी थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)