You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
जुमे की नमाज़ से पहले यूपी में हाई अलर्ट: प्रेस रिव्यू
आज यानी शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज़ से ठीक पहले उत्तर प्रदेश के कई इलाक़ों में धारा 144 लागू कर दी गई है और कई इलाक़ों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं.
बीते सप्ताह शुक्रवार को नागरिकता संशोधन क़ानून और एनआरसी को लेकर व्यापक तौर पर विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके मद्देनज़र पहले से प्रदेश के कई संवेदनशील इलाक़ों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
प्रदेश के महानिदेशक (क़ानून व्यवस्था) पीवी रामशास्त्री ने कहा, "हमने प्रदेश के अलग-अलग-ज़िलों में सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं और लोगों से बात की है. 8 ज़िलों में इंटरनेट सेवाओं को एक दिन के लिए बंद किया गया है. साथ ही हम सोशल मीडिया की भी निगरानी कर रहे हैं."
मेरठ, सीतापुर, कानपुर, गाज़ियाबाद, बिजनौर, फिरोज़ाबाद, अलीगढ़ में इंटरनेट बंद किया गया है.
कई प्रदेशों में पुलिस ने फ़्लैग मार्च किया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. इस ख़बर को दैनिक हिंदुस्तान ने प्रकाशित किया है.
सरकारी एजेंसियों को टिकट नहीं- एयर इंडिया
घाटे में चल रही सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया ने उन सरकारी एजेंसियों के अधिकारियों को टिकट जारी करना बंद कर दिया है, जिन पर दस लाख रुपये से अधिक की रकम बकाया है.
इन एजेंसियों में सीबीआई और ईडी भी शामिल हैं. कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी.
इस ख़बर को इंडियन एक्सप्रेस ने प्रकाशित किया है.
एयर इंडिया फ़िलहाल 60 हज़ार करोड़ के कर्ज में डूबी है. अख़बार लिखता है कि विभिन्न सरकारी एजेंसियों का 268 करोड़ रुपये बकाया है. हालांकि उन्होंने आगे यह भी ज़रूर जोड़ा कि एयरलाइन द्वारा लगभग 50 करोड़ रुपये की वसूली की गई है.
एयरलाइन के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़, विभिन्न सरकारी एजेंसियों जैसे सीबीआई, ईडी, आईबी, सेंट्रल लेबर इंस्टीट्यूट, बीएसएफ़ और इंडियन ऑडिट बोर्ड को कह दिया गया है कि अब उन्हें क्रेडिट के आधार पर टिकट जारी नहीं की जाएगी.
बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन पर धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने का आरोप
अमृतसर पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन, फिल्म डायरेक्टर और कोरियोग्राफ़र फाराह ख़ान और कॉमेडियन भारती सिंह पर एक टीवी शो के दौरान धार्मिक भावनाओं को चोट पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की है. इंडियन एक्सप्रेस ने इस ख़बर को प्रकाशित किया है.
क्रिश्चियन फ्रंट ऑफ़ अजनाला ब्लाॉक के सोनू ज़ाफ़र की शिकायत के आधार पर यह केस दर्ज किया गया है. जिसमें उन्होंने क्रिसमस के दिन प्रसारित हुए कार्यक्रम की वीडियो फुटेज़ भी दी है.
इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि "इससे ईसाई धर्म के लोगों की भावनाओं को दुख पहुंचा है."
अजनाला पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 295-ए के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है. अमृतसर रुरल के एसएसपी विक्रमजीत दुग्गल ने बताया, "हमने तीन लोगों के ख़िलाफ़ केस रजिस्टर कर लिया है और इस मामले की आगे की जांच हो रही है."
गुड गवर्नेंस के मामले में तमिलनाडु ने मारी बाजी
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी सुशासन सूचकांक में सुशासन के मामले में तमिलनाडु ने देश के बाकी सभी राज्यों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है. तमिलनाडु के बाद इस क्रम में महाराष्ट्र और कर्नाटक का नंबर है. ये दोनों राज्य क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.
इस सूची में छत्तीसगढ़ चौथे स्थान पर है, आंध्र प्रदेश पांचवे, गुजरात छठे, हरियाणा सातवें और केरल आठवें स्थान पर है. उत्तर प्रदेश को 17वां स्थान हासिल हुआ है. जबकि बिहार यूपी से दो क़दम आगे यानी पंद्रहवें स्थान पर है.
इस ख़बर को द हिंदू ने प्रकाशित किया है.
वहीं केंद्र शासित प्रदेशों में पुद्दुचेरी पहले स्थान पर है जबकि देश की राजधानी तीसरे स्थान पर. चंडीगढ़ को दूसरा स्थान मिला है.
टुकड़े टुकड़े गैंग को सज़ा देने का वक़्त आ गया है- शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्ष नागरिकता संशोधन क़ानून पर भ्रम फैला रहा है. उन्होंने कहा कि इससे माहौल ख़राब हो रहा है. उन्होंने कहा कि अब टुकड़े टुकड़े गैंग को सज़ा देने का वक़्त आ गया है. दिल्लीवालों को उन्हें सज़ा देनी चाहिए.
इस ख़बर को हिंदुस्तान टाइम्स ने प्रकाशित किया है.
अमित शाह ने यह बयान नागरिकता संशोधन क़ानून को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के संदर्भ में कहा. वहीं कांग्रेस ने इस आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि झारखंड में बीजेपी की मात से बीजेपी को स्पष्ट संदेश मिल गया है.
पोस्टर पर सिर्फ़ ठाकरे की तस्वीर, सहयोगी नाराज़
महाराष्ट्र में सरकार द्वारा किसानों के लिए कर्ज़ माफी को लेकर लगाई गई होर्डिंग्स में केवल शिवसेना के नेताओं की तस्वीर लगाए जाने से गठबंधन की दूसरी सहयोगी पार्टी एनसीपी और कांग्रेस ने अपनी नाराज़गी जताई है.
सहयोगी दलों का कहना है कि यह गठबंधन का साझा फ़ैसला था, किसी एक का नहीं.
इन होर्डिंग्स पर केवल मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके पिता बाल ठाकरे की तस्वीर है. इस ख़बर को नवभारत टाइम्स ने प्रकाशित किया है.
ये भी पढ़े...
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)