You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तबरेज़ अंसारी लिंचिंग मामलाः 13 में से 7 अभियुक्तों को ज़मानतः पांच बड़ी ख़बरें
झारखंड हाई कोर्ट में तबरेज़ अंसारी लिंचिंग मामले के 13 में से 7 अभियुक्तों को ज़मानत मिल गई है.
झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस आर मुखोपाध्याय की पीठ ने भीमसेन मंडल, चामू नायक, महेश महली, सत्यनारायण नायक, मदन नायक, विक्रम मंडल को ज़मानत दे दी.
सुनवाई के दौरान इनके वकील एके साहनी ने पीठ को बताया कि तबरेज़ अंसारी मामले में इनका नाम प्राथमिकी में नहीं है और न ही नामजद अभियुक्त पप्पू मंडल ने पुलिस को दिए अपने बयान में इनका नाम लिया है.
दलील में यह भी कहा गया कि तबरेज़ को चोरी के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था और चार दिन बाद उनकी तबीयत ख़राब हुई और इलाज के दौरान सदर अस्पताल में उनकी मौत हो गई लिहाजा यह हिरासत में मौत का मामला है इसलिए इन अभियुक्तों को ज़मानत मिलनी चाहिए.
राज्य के सरायकेला में 22 वर्षीय तबरेज़ पर कथित चोरी का आरोप लगाकर 18 जून 2019 को रात भर बिजली के पोल से बाँधकर रखा गया.
उनसे ख़ूब मारपीट की गई और 'जय श्री राम और जय हनुमान' बोलने के लिए कहा. नहीं बोलने पर उन्हें बहुत पीटा गया. अगले दिन सुबह उन्हें पुलिस को सौंप दिया गया.
इसके चार दिन बाद ही उनकी मौत हो गई.
नागरिकता संशोधन विधेयक के भविष्य पर लगेगी मुहर
नागरिकता संशोधन विधेयक आज राज्यसभा में पेश किया जाएगा. दोपहर 2 बजे से इस बिल पर चर्चा शुरू होगी.
इस पर चर्चा के लिए छह घंटे का वक्त तय किया गया है. जहां सरकार इसके उच्च सदन में पास होने को लेकर आश्वस्त दिख रही है वहीं सबकी निगाहें जेडीयू और शिवसेना के रुख़ पर है.
लोकसभा में हालांकि इन दोनों पार्टियों ने बिल का समर्थन किया था लेकिन इसके बाद से दोनों ही दलों के अलग-अलग सुर दिख रहे हैं.
बीजेपी ने अपने राज्यसभा सासंदों के लिए व्हिप जारी किया है.
वहीं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा है कि उनकी पार्टी बिल का समर्थन तब तक नहीं करेगी जब तक कि उनकी तरफ से लोकसभा में उठाए गए सवालों का जवाब नहीं मिल जाता.
इसी तरह छह सांसदों वाले जेडीयू में भी इस बिल को लेकर मतभेद सामने आ चुका है. पार्टी के नेता प्रशांत किशोर के बाद पवन वर्मा ने भी इस बिल का विरोध किया है और नीतीश कुमार से फ़ैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है.
उन्होंने ट्वीट किया, "मैं नीतीश कुमार से अपील करता हूं कि राज्यसभा में नागरिकता संशोधन विधेयक के समर्थन पर दोबारा विचार करें. ये बिल पूरी तरह से असंवैधानिक है और देश की एकता के ख़िलाफ़ है. बिल जेडीयू के मूल विचारों के भी ख़िलाफ़ हैं, गांधी जी इसका पूरी तरह से विरोध करते."
जासूसी समेत 10 उपग्रह लॉन्च करेगा भारत
इसरो का पीएसएलवी रॉकेट बुधवार (11 दिसंबर) को अपने 50वें मिशन पर जाने वाला है. पीएसएलवी सी-48 रॉकेट को दोपहर 4.40 बजे एक नवीनतम जासूसी उपग्रह (इमेजिंग सैटेलाइट) रीसैट-2बीआर1 और नौ विदेशी उपग्रहों के साथ आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा.
628 किलो वजन का यह इमेजिंग सैटेलाइट सीमाओं की निगरानी में सेना के लिए मददगार साबित हो सकता है.
पांच साल की आयु वाला यह ताक़तवर निगरानी उपग्रह बादलों के ऊपर से भी बढ़िया क्वालिटी की साफ़ तस्वीरें ले सकता है.
यह दिन-रात के साथ ही सभी मौसम में प्रभावी ढंग से काम कर सकता है.
भारतीय उपग्रह के साथ नौ विदेशी उपग्रह भी जाएंगे, जिसमें अमरीका (मल्टी-मिशन लेमूर-4 उपग्रह), टेक्नोलॉजी डिमॉस्ट्रेशन टायवाक-0129, अर्थ इमेजिंग 1हॉपसैट), इसराइल (रिमोट सेंसिंग डुचिफट-3), इटली (सर्च एंड रेस्क्यू टायवाक-0092) और जापान (क्यूपीएस-एसएआर-एक रडार इमेजिंग अर्थ ऑब्जरर्वेशन सैटेलाइट) शामिल हैं.
'अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध ख़त्म करने के लिए पाकिस्तान से बात करे अमरीका'
अमरीकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा है कि अमरीका को अफ़ग़ानिस्तान में युद्ध ख़त्म करने के लिए तालिबान की जगह पाकिस्तान से बात करनी चाहिए.
उन्होंने फॉक्स न्यूज़ से कहा, ''तालिबान के साथ बातचीत कर मुझे लगता है हम ग़लती कर रहे हैं. मेरा मानना है कि हमें जो करना चाहिए वह है पाकिस्तान से बातचीत. अगर पाकिस्तान तालिबान को उसके क्षेत्र में पनाह देना बंद कर दे तो अफ़ग़ानिस्तान में कुछ हफ़्ते में ही युद्ध समाप्त हो जाएगा.''
अभी शनिवार को ही अमरीका ने कतर में तालिबान से एक बार फिर बातचीत शुरू की है. क़रीब तीन महीने पहले राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने अचानक यह बातचीत रोक दी थी.
वेस्टइंडीज के साथ तीसरा और निर्णायक टी-20
भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच तीन मैचों की टी20 सिरीज़ का आखिरी और निर्णायक मुक़ाबला बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा.
यही वो मैदान है जहां वेस्टइंडीज़ की टीम तीन साल पहले टी20 की वर्ल्ड चैंपियन बनी थी. तब यहीं खेले गए सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में वेस्टइंडीज़ ने भारत को हराया था.
उसके बाद से पहली बार दोनों टीमें इस मैदान पर आपस में भिड़ रही हैं. यह मुक़ाबला भी दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है क्योंकि इसमें जीत हार से सिरीज़ का फ़ैसला होना है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)