You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कश्मीर से लौटने के लिए कितने में मिल रहा है हवाई टिकट? प्रेस रिव्यू
जम्मू कश्मीर सरकार ने पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के घाटी छोड़ने के निर्देश के बाद घाटी में आपात स्थिति पैदा हो गई है. ऐसे में एयरलाइंस कंपनियों ने अपने किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी की है.
नवभारत टाइम्स में प्रकाशित समाचार में बताया गया है कि बढ़े हुए किरायों के बीच एयर इंडिया ने श्रीनगर-दिल्ली रूट के लिए 15 अगस्त तक किराया तय कर दिया है.
एयर इंडिया के प्रवक्ता धनंजय कुमार ने बताया है, ''श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट्स का अधिकतम किराया 6,715 रुपये और दिल्ली से श्रीनगर जाने वाली फ्लाइट्स का अधिकतम किराया 6,899 रुपए तय कर दिया गया है.'
अख़बार लिखता है कि अधिकतर एयरलाइंस की वेबसाइट्स पर श्रीनगर से आने वाली सभी फ्लाइट्स में सारी सीटें बुक हुई दिख रही हैं.
साथ ही श्रीनगर से आने वाली फ्लाइट्स का किराया आसमान छू रहा है. रविवार को श्रीनगर से दिल्ली रूट की फ्लाइट्स में शुरुआती किराया 15,500 रुपये है तो डायरेक्ट और वन स्टॉप फ्लाइट्स के लिए प्रति यात्री 21,000 रुपये तक देने पड़ रहे हैं.
सोनभद्र के डीएम और एसपी हटाए गए
सोनभद्र में ज़मीन विवाद को लेकर 10 आदिवासियों की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी कार्रवाई की है.
हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के मुताबिक़ योगी आदित्यनाथ ने सोनभद्र के डीएम अंकित कुमार अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक सलमान ताज को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है.
इसके साथ ही उनके ख़िलाफ़ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं. पिछले महीने सोनभद्र में ज़मीन को लेकर हुए नरसंहार में 10 आदिवासी मारे गए थे.
आधार कार्ड के ज़रिए राशन बांटने में घोटाला
केंद्र सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार रोकने के मक़सद से राशन को आधार से जोड़ा था लेकिन अब इसमें भी कुछ लोगों ने सेंध लगा दी है.
हिंदुस्तान समाचार पत्र में विशेष रिपोर्ट प्रकाशित हुई है जिसमें बताया गया है कि पीडीएस में आधार के दुरुपयोग कर राशन की कालाबाज़ारी को लेकर देशभर में कुल 517 एफ़आईआर दर्ज हुई हैं.
अख़बार बताता है कि दुकानदार लाभार्थी के आधार से पहले महीने में ऑनलाइन राशन देते थे, दूसरे महीने में प्वाइंट ऑफ़ सेल (पीओएस) मशीन में उस उपभोक्ता का आधार नंबर डालकर राशन बाज़ार में बेच देते थे.
10 अगस्त में हो सकता है कांग्रेस अध्यक्ष पर फ़ैसला
कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की अगली बैठक 10 अगस्त को होगी. इसमें पार्टी के नए अध्यक्ष पर फ़ैसला हो सकता है. पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर जानकारी दी.
कई अख़बारों में यह ख़बर प्रकाशित की गई है. दैनिक भास्कर ने लिखा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने प्रियंका गांधी को अध्यक्ष पद के लिए अपनी पसंद बताया है.
उन्होंने कहा है कि अगर प्रियंका पार्टी अध्यक्ष बनती हैं तो वे कैडर में अधिक जोश भर सकती हैं क्योंकि उनमें लोगों को एकजुट करने की ताक़त है.
लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल ने वर्किंग कमेटी की बैठक में 25 मई को अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. उन्होंने पार्टी में किसी ग़ैर-गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने का सुझाव दिया था
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)