You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी को मिली जान से मारने की धमकी, PM का भी है नाम: प्रेस रिव्यू
उत्तर पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के सांसद और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी को जान से मारने की धमकी मिली है.
एक अनजान शख़्स ने उन्हें मोबाइल पर संदेश भेजकर धमकी दी. मैसेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हत्या की भी बात लिखी गई है. शिकायत के बाद पुलिस ने उस शख़्स को दिल्ली के महिपालपुर से गिरफ़्तार कर लिया है.
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि लोगों का ध्यान खींचने के लिए उसने ये मैसेज भेजे थे. दैनिक हिंदुस्तान ने इस ख़बर को पहले पन्ने पर जगह दी है.
डीयू की एक सीट के लिए चार लोगों की उम्मीदवारी
दिल्ली विश्वविद्यालय में आवेदन करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. दैनिक हिंदुस्तान की ख़बर के अनुसार, ग्रेजुएशन में इस बार आवेदन करने वालों की संख्या पिछले साल से कुछ कम है जबकि पिछले साल की तुलना में सीटों में दस फ़ीसदी बढ़ोत्तरी हुई है. बावजूद इसके स्नातक की एक सीट पर चार दावेदार हैं जबकि पीजी में एक सीट पर 13 दावेदार हैं.
डीयू में इस बार ईडब्ल्यूएस श्रेणी में मात्र 1 ट्रांसजेंडर छात्र ने स्नातक के लिये आवेदन किया है. डीयू में छात्रों से अधिक छात्राओं ने आवेदन किया है.
बच्चों की मौत से नाराज़ अभिभावकों ने विधायक को बंदी बनाया
बिहार के वैशाली में हरिवंशपुर गांव पहुंचे लोक जनशक्ति पार्टी के विधायक को ग़ुस्साए गांववालों ने बंधक बना लिया.
रिपोर्ट के मुताबिक़ गांव में बीते 10 दिनों में चमकी बुख़ार से 7 बच्चों की मौत हो चुकी है. गांववालों का आरोप है कि विधायक राजकुमार शाह देर से गांव आए. इससे नाराज़ ग्रामीणों ने पहले तो उनके ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की फिर उन्हें बंधक बना लिया.
बाद में सूचना मिलने पर पुलिस को गांव पहुंचना पड़ा जिसके बाद विधायक को छुड़ाया जा सका. नवभारत टाइम्स ने यह ख़बर प्रकाशित की है.
चाउमिन के सॉस से बच्चे का फेफड़ा फटा
अगर आप बी कहीं भी खड़े होकर चाउमिन खा लेते हैं और उसके साथ मिलने वाले सॉस का जमकर इस्तेमाल करते हैं तो ये ख़बर आपको डरा सकती है.
हरियाणा में एक बच्चे ने चाउमिन खाई और उसके साथ जमकर सॉस भी खा लिया जिससे उसके फेफड़े फट गए. नवभारत टाइम्स की ख़बर के अनुसार, जब बच्चे को अस्पताल ले जाया गया तो उसका शरीर काला पड़ चुका था. एक्स रे करने पर बच्चे के दोनों फेफड़े फटे हुए मिले.
बालाकोट के साथ ही पाकिस्तना पर समुद्री हमले की भी तैयारी थी
पाकिस्तान के बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई के साथ ही पाकिस्तान पर समुद्री हमले की भी तैयारी थी. नौसेना ने जलसीमा पर 60 से ज़्यादा युद्धपोत तैनात कर रखे थे. यह ख़बर जनसत्ता ने प्रकाशित की है.
वसंत विहार में बुज़ुर्ग दंपति और नर्स की गला रेतकर हत्या
दिल्ली से छपने वाले ज़्यादातर अख़बारों ने इस ख़बर को अपने पहले पन्ने पर लिया है.
महरौली में एक दिन पहले ही एक शख़्स ने डिप्रेशन में होने कारण अपनी बीवी और तीन बच्चों की हत्या कर दी थी. इस बार वसंत विहार में घर में घुसकर कुछ लोगों ने घर में मौजूद बुज़ुर्ग दंपति की हत्या कर दी.
पुलिस को शक है कि यह कोई जानने वाला ही होगा. इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश संभव है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)