You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
बाड़मेर में राम कथा सुन रहे भक्तों पर गिरा पंडाल, 14 लोगों की मौत- आज की पांच बड़ी ख़बरें
राजस्थान के बाड़मेर में तेज़ आंधी-तूफ़ान से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई है और पचास से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि सैकड़ों की तादात में लोग एक धार्मिक आयोजन के लिए जमा हुए थे. उसी वक़्त आयोजन के लिए लगा पंडाल गिर पड़ा. घायल हुए लोगों में कुछ लोगों की स्थिति गंभीर है.
पुलिस ने बताया कि जसोल गांव के धाम में कथा के लिए बड़ा पंडाल लगाया गया था. रविवार दोपहर बाद आई तेज़ आंधी और बारिश से पंडाल का कुछ हिस्सा गिर गया और इससे वहां भगदड़ मच गई. बताया जा रहा है कि हादसे के समय में पंडाल में 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त किया है.
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मृतकों के आश्रितों को पांच लाख रुपये और घायलों को दो लाख रुपये देने की घोषणा की है.
बसपा में भाई-भतीजावाद
बहुजन समाज पार्टी यानी बसपा की प्रमुख मायावती ने संगठन में फेरबदल किया है. मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया है और भाई आनंद कुमार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की ज़िम्मेदारी सौंपी है.
देशभर में पार्टी को मज़बूत करने की ज़िम्मेदारी भी आकाश आनंद को सौंपी गई है. बसपा में कोआर्डिनेटर का पद बेहद अहम माना जाता है.
सतीश चंद्र मिश्र को राज्यसभा में बीएसपी नेता सदन का पद दिया गया है. गिरीश चंद्र लोकसभा में मुख्य सचेतक होंगे. दानिश अली लोकसभा में नेता सदन और रामजी गौतम को भी नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया गया है.
कैबिनेट में कई नए बिल
कैबिनेट और आर्थिक मामलों की कैबिनेट कमेटी की सोमवार को बैठक होगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए को और ताक़तवर बनाने के लिए नया संशोधन अधिनियम मंज़ूर किया जा सकता है.
इसके अलावा, केंद्रीय कैबिनेट एनआरआई की प्रॉक्सी वोटिंग के लिए संसद में नए सिरे से एक बिल पेश करने पर भी विचार करेगी. ऐसा ही एक बिल पिछले महीने 16वीं लोकसभा के भंग होने के साथ ख़त्म हो चुका है.
ये भी पढ़ें- मोदी सरकार के सामने क्या हैं चुनौतियां
केजरीवाल का दिल्ली पुलिस पर निशाना
दिल्ली में पिछले कुछ घंटों में कई हत्याओं को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है.
केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली में गंभीर अपराधों में तेज़ी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, वसंत बिहार में बुजुर्ग दंपती और उनके घरेलू नौकर की हत्या कर दी गई. शहर में पिछले 24 घंटों में 9 हत्याएं हुई हैं. दिल्लीवासियों को अपनी सुरक्षा के लिए किसका दरवाज़ा खटखटाना चाहिए.
दिल्ली पुलिस ने भी केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब ट्वीट से ही दिया है. दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि दिल्ली में ऐसे अपराधों में इज़ाफ़ा नहीं हुआ है. पिछले साल की तुलना में इस साल जघन्य अपराधों में 10 फ़ीसदी की कमी आई है. इसी तरह, बुजुर्गों के ख़िलाफ़ गंभीर अपराधों में भी 22 फ़ीसदी की कमी आई है. ये सब दिल्ली पुलिस की कोशिशों का नतीजा है.
अर्दोआन को झटका
तुर्की के इस्तांबुल शहर में मेयर पद के लिए दोबारा हुए चुनाव में सत्तारुढ़ पार्टी को बड़ा झटका लगा है.
पार्टी ने शहर पर अपना नियंत्रण खो दिया है. वहीं विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार इकरम इमामोग्लू ने उन्हें जिताने के लिए अपने प्रशंसकों को धन्यवाद कहा है.
उन्होंने इसे एक नए बदलाव की शुरुआत बताया है. इससे पूर्व मार्च में हुए मेयर पद के लिए चुनाव में भी विपक्षी पार्टी के उम्मीदवार इकरम इमामोग्लू को ही जीत मिली थी. हालांकि तुर्की चुनाव बोर्ड ने अनियमितता को आधार बनाकर इस चुनाव को रद्द कर दिया था. जिसके बाद दोबारा चुनाव करवाया गया.
उस वक़्त सत्ताधारी एकेपी पार्टी ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)