You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
रिज़ उर्फ़ रिज़वान अहमद: लंदन की सड़कों से ऑस्कर तक
- Author, मोहम्मद सोहैब,
- पदनाम, बीबीसी उर्दू
- प्रकाशित
"मेरे जिस्म पर किसी तरह के विस्फोटक का पता लगाने के लिए जब वो अंडरवियर की तलाशी लेते थे, मैं अक़्सर अपनी फ़िल्मों के बारे में बात करता था और उन्हें अपने साथ सेल्फ़ी लेने के लिए कहता था."
ये शब्द हैं पाकिस्तान में पैदा हुए ब्रिटिश एक्टर रिज़वान अहमद के, जिन्हें उनके चाहने वाले 'रिज़' के नाम से भी बुलाते हैं.
रिज़वान ने पांच साल पहले ये वाक़या तब ज़ाहिर किया था जब उन्होंने अंग्रेज़ी अख़बार गार्डियन में लिखा था कि हवाई अड्डों पर उनके साथ कैसा सलूक किया गया.
रिज़वान ऐसे पहले मुसलमान अभिनेता हैं जिन्हें ऑस्कर में बेस्ट एक्टर लीड अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है.
रिज़वान के इस नॉमिनेशन से ये बात उभरकर सामने आती है कि हॉलीवुड फिल्मों में मुसलमान अभिनेता कम हैं और ऑस्कर की आलोचना की वजह से बीते कुछ वर्षों में अन्य नस्लों और समुदायों से आने वाले लोगों को पहले की तुलना में अधिक प्रतिनिधित्व मिला है.
इससे पहले अहमदी समुदाय से आने वाले काले अभिनेता मेहरशला अली ने अपनी फिल्म 'मूनलाइट' और 'ग्रीन बुक' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का साल 2016 और साल 2018 में ऑस्कर जीता था.
अपने नॉमिनेशन के बाद रिज़ ने एक बयान जारी कर कहा, ''ज़्यादातर लोग इस पल के साथ ख़ुद को जोड़ना चाहेंगे क्योंकि मैं पहला मुसलमान अभिनेता हूं जिसे नॉमिनेट किया गया है. कुछ लोग ब्रिटिश नागरिक के तौर पर जुड़ाव महसूस करेंगे, कुछ पाकिस्तानी मूल का होने के नाते और कुछ लंदन में वेम्बली से मेरे संबंध के बारे में बात करेंगे. मेरे लिए महत्वपूर्ण ये है कि साझा ख़ुशी के ऐसे पलों में लोग मेरी ख़ुशी में अपनी ख़ुशी खोज सकते हैं.''
यह भी पढ़ें: सलमान, ऋतिक, फ़रहान के सिक्स पैक ऐब्स कौन बनवाता है?
साउँड्स ऑफ मेटल फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर नॉमिनेट किए जाने के बाद रिज़ के लिए सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है.
उनके दोस्त और टीवी मेज़बान मेहंदी हसन ने अपने कार्यक्रम के आख़िर में कहा, "ड्रामा क्लब में उनके साथ ही मेरा आना हुआ. लेकिन उसके बाद मैंने अपने आख़िरी पांच साल ट्रंप कवरेज में लगाए जबकि रिज़ एक के बाद एक कई लोकप्रिय फिल्मों में काम करते गए. पहले उन्होंने एक ऐमी अवॉर्ड जीता और अब ऑस्कर के लिए नामित किए गए हैं.''
कौन हैं रिज़ अहमद
रिज़ अहमद के माता-पिता मूलत: पाकिस्तान से हैं, लेकिन उनका जन्म लंदन में ही हुआ है. रिज़ के पिता कराची के रहने वाले हैं जो सत्तर के दशक में ब्रिटेन आ गए थे.
गार्डियन अख़बार में रिज़ अहमद ने अपनी पहचान और उससे जुड़ी धारणा के बारे में बात की है. उन्होंने अपने बचपन का भी ज़िक्र किया है जब एक व्हाइट आदमी ने उन्हें परेशान किया था, जिसे लगता था कि रिज़ एक काला आदमी है. इसके बाद रिज़ ने 'पाकी-बॉय' के तौर पर भी नस्लीय भेदभाव का सामना किया.
रिज़ अहमद एक अभिनेता के अलावा संगीतकार और रैपर भी हैं जिनका एल्बम साल 2020 में बाज़ार में आया. साल 2021 में उन्होंने अमेरिका में बसी लेखिका फ़ातिमा फ़रहीन मिर्ज़ा से शादी के बारे में बताया.
रिज़ माता-पिता से अपने संबंधों के बारे में अक्सर सोशल मीडिया के ज़रिए बात करते हैं. साल 2017 में रिज़ जब ब्रिटेन में रह रहे थे, उन्होंने बताया था कि वो हर हफ़्ते अपने माता-पिता से मिलने जाते हैं और उनकी मां को रिज़ की उपलब्धियों से अधिक इस बात की चिंता रहती है कि उसने खाना खाया है या नहीं.
रिज़ कहते हैं, "मेरी मां बस यही सोचती है.''
अपने पिता के बारे में रिज़ कहते हैं, ''मेरे पिता के लिए अभी बहुत देर नहीं हुई है और उन्हें लगता है कि मैं अभी भी एक बैंकर बन सकता हूं.''
रिज़ के अभिनय में ख़ास क्या है
ऐसा अक्सर देखा जाता है कि कोई अभिनेता संतीतकार के रूप में भी आता है, लेकिन किसी एक विधा में ही कामयाब होता है. लेकिन रिज़ अहमद ने दोनों में ही उम्दा किया है और अमरीका जाने के बाद बीते कुछ वर्षों में उन्होंने फिल्मों को अधिक प्राथमिकता दी है.
रिज़ ने अलग-अलग तरह के किरदार अदा किए हैं, ऐसे चरित्र जिन्हें कभी छुआ भी नहीं गया था. रिज़ साइंस फिक्शन सिरीज़ स्टार वॉर्स में भी नज़र आए हैं और उन्होंने जेसन बोर्न जैसी एक्शन सस्पेंस फिल्म में भी अपना अभिनय दिखाया है.
रिज़ अहमद ने बीते पांच वर्षों के दौरान अपना नाम कमाया है, हालांकि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में 'द रोड टू ग्वांतानामो' से की थी जिसे अफ़ग़ानिस्तान में फिल्माया गया था.
उन्होंने रोग वन और स्टार वॉर्स सिरीज़ में वेनम जैसी फिल्मों में भी अपने अभिनय की छाप छोड़ी है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)