You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
लोकसभा चुनाव 2024: चुनाव आयोग के मुताबिक़, छठे चरण में 58 सीटों पर शाम 7.45 बजे तक 59.06 फ़ीसदी मतदान
भारतीय निर्वाचन आयोग के मुताबिक़ छठे चरण में शाम 7.45 बजे तक 59.06 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
छठे चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर वोट डाले गए हैं.
चुनाव के मुताबिक़, पश्विम बंगाल की आठ लोकसभा सीटों पर 78.19 फ़ीसदी मतदान हुआ है.
झारखंड़ की चार लोकसभा सीटों पर 62.74 फीसदी और ओडिशा की 6 लोकसभा सीटों पर 60.07 फीसदी वोट डाले गए.
हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर 58.37 फीसदी और दिल्ली की सभी सात सीटों पर 54.48 फीसदी मतदान हुआ.
उत्तरप्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर 54.03 फीसदी मतदान हुआ है. वहीं जम्मू की एक लोकसभा सीट पर 52.28 फीसदी वोट डाले गए.
बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर 53.30 फीसदी मतदान हुआ है. ये सभी आंकड़ें शाम 7.45 बजे तक के हैं.
आइए जानते हैं छठे चरण से जुड़ी कुछ अहम बातें. साथ ही ऐसे दिग्गजों और उनकी सीटों का ब्योरा जो इस चरण में चुनावी मैदान में हैं.
इन राज्यों में हो रहे हैं विधानसभा चुनाव
आम चुनावों के साथ ओडिशा समेत चार राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और आंध्र प्रदेश में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं.
अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान हो चुका है.
सिक्किम की 32 विधानसभा सीटों पर भी 19 अप्रैल को मतदान हुआ और इसी महीने 13 मई को आंध्र प्रदेश की सभी 175 सीटों पर मतदान हो चुका है.
इसके अलावा अलग अलग राज्यों में 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं.
सिर्फ़ तीन ऐसे राज्य हैं, जहां सात चरणों में चुनाव हो रहे हैं. ये राज्य हैं- उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल.
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं, बिहार में 40 और पश्चिम बंगाल में 42 सीटें हैं.
वोटरों की संख्या
कुल 96.8 करोड़ पंजीकृत वोटर हैं.
इनमें 47.1 करोड़ महिलाएं और 49.7 करोड़ पुरुष वोटर हैं.
1.89 करोड़ पहली बार वोट डालेंगे इसके साथ ही 19.74 करोड़ युवा वोटर्स हैं, जिनकी उम्र 20 से 29 साल की है.
इसके अलावा 1 जनवरी 2024 को जिनकी उम्र 18 साल नहीं हुई थी, उनका भी नाम जोड़ा गया है. इसमें 13.4 लाख ऐसे आवेदन हैं, जो 1 अप्रैल 2024 तक 18 साल के हो जाएंगे और वोट दे सकेंगे.
इसमें 88.4 लाख डिसेबल और 82 लाख ऐसे वोट हैं जिनकी उम्र 85 साल से अधिक है. साथ ही 48 हज़ार ट्रांसजेंडर शामिल हैं.
85 साल से अधिक की उम्र के लोगों के लिए घर से वोट करने की सुविधा की गई है. इसके लिए मतदान कर्मी उनके घर जाएंगे.
छठे चरण की चर्चित सीटें
छठे चरण की 58 में से प्रमुख सीटें हैं- नई दिल्ली, उत्तर पूर्व दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक और उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर और आज़मगढ़.
इनके अलावा जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-रजौरी, पश्चिम बंगाल की तामलुक मेदिनीपुर, हरियाणा की करनाल, कुरुक्षेत्र, गुड़गांव, रोहतक और ओडिशा की भुवनेश्वर, पुरी और संबलपुर सीटें प्रमुख हैं.
छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवार
संबित पात्रा
संबित पात्रा बीजेपी के मुखर प्रवक्ता हैं. वो ओडिशा से आते हैं और पुरी संसदीय सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
हाल ही में भगवान जगन्नाथ पर की गई उनकी टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था, जिसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिख कर माफी मांगी थी.
उन्होंने कहा था कि 'भगवान जगन्नाथ पीएम मोदी के भक्त हैं.'
धर्मेंद्र प्रधान
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
अपने चुनाव प्रचार के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ओडिशा में बीजेपी सरकार बनाने जा रही है.
महबूबा मुफ़्ती
जम्मू कश्मीर की अनंतनाग राजौरी सीट से पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती चुनावी मैदान में हैं. लेकिन विपक्षी इंडिया गठबंधन में होने के बावजूद नेशनल कांफ्रेंस ने भी अपना उम्मीदवार खड़ा कर दिया है.
यहां से नेशनल कांफ्रेंस ने मिया अल्ताफ़ को उतारा है.
मेनका गांधी
उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर सीट से दोबारा पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी खड़ी हैं. इस बार उनके बेटे वरुण गांधी को बीजेपी ने टिकट नहीं दिया है.
कुछ दिन तक चुनाव प्रचार से दूर रहने के बाद वरुण ने अपनी मां के लिए प्रचार शुरू कर दिया है.
मनोहर लाल खट्टर
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बीजेपी ने हरियाणा की करनाल सीट से मैदान में उतारा है.
मौजूदा किसान आंदोलन के चलते बीजेपी को पंजाब से लगे क्षेत्रों में विरोध का सामना करना पड़ रहा है और खट्टर को भी इस चुनौती से दो चार होना पड़ रहा है.
दिल्ली में घमासान
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन है. यहां चार सीटों पर आम आदमी पार्टी और तीन सीटों पर कांग्रेस लड़ रही है.
नई दिल्ली से भूतपूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज मैदान में हैं. वो पहली बार चुनाव लड़ रही हैं. वे पेशे से वकील हैं.
सोमनाथ भारती आम आदमी पार्टी के नेता हैं और नई दिल्ली लोकसभा सीट के मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे हैं.
उत्तर पूर्वी लोकसभा सीट से बीजेपी के वर्तमान सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी और कांग्रेस प्रत्याशी जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार आमने सामने हैं.
यूपी में आजमगढ़ सीट
उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में से एक है आजमगढ़, जिसे समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है लेकिन वहां से अखिलेश यादव के सीट खाली करने के बाद हुए उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ मुलायम सिंह परिवार के सदस्य धर्मेंद्र यादव से जीत गए थे. इस बार भी धर्मेंद्र यादव मैदान में हैं.
प. बंगाल से पूर्व जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय
कलकत्ता हाई कोर्ट के जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय ने मार्च में इस्तीफ़ा देकर बीजेपी की सदस्यता ले ली थी और पार्टी ने उन्हें तामलुक से पार्टी का कैंडिडेट बना दिया था.
नवीन जिंदल
उद्योगपति और कांग्रेस से सांसद रहे नवीन जिंदल ने हाल ही में पाला बदल कर बीजेपी का दामन थाम लिया था और बीजेपी ने उन्हें कुछ ही घंटों बाद कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया था.
इनके अलावा छठे चरण की दौड़ में राज बब्बर, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और अपराजिता सारंगिया जैसे नाम प्रमुख हैं.
केजरीवाल फैक्टर
चुनाव के इस चरण में बीजेपी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इंडिया गठबंधन के घटक दल अपनी पूरी ताक़त झोंक रहे हैं. इसके बाद आखिरी चरण का चुनाव एक जून को होगा और नतीजे चार जून को आएंगे.
यह चरण कई कारणों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले में जेल में जाने के कुछ दिन बाद चुनाव प्रचार के लिए एक जून तक के लिए ज़मानत पर रिहा किया गया है.
चुनावी विश्लेषक मानते हैं कि अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने से आम आदमी पार्टी को राहत और इंडिया गठबंधन को एक स्टार प्रचारक मिला है.
आम चुनाव को सात चरणों में कराया जा रहा है. इसके पांच चरण के मतदान 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई और 20 मई को कराए गए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)