You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पप्पू यादव के घर पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में हंगामा, सांसद ने लगाया चाकू से जानलेवा हमले का आरोप
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव अपने दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी वहां अचानक हंगामा हो गया.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, इसी दौरान झड़प की स्थिति बन गई.
बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक व्यक्ति ने कथित रूप से सांसद पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद पप्पू यादव के समर्थकों ने उस व्यक्ति की पिटाई कर दी.
घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा, "क्या कोई मेरे घर में घुसकर मुझ पर हमला कर सकता है? वह चाकू लेकर मुझ पर हमला करने आया था."
वहीं उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने आरोप लगाया, "वह व्यक्ति हमला कर रहा था, फिर भी दिल्ली पुलिस उसे बचा रही थी."
इस मामले में अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें रोज़ ही जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, "बाबा लोग रोज़ ही कह रहे हैं मारो, जलाओ, 51 हज़ार रुपये देंगे."
उन्होंने कहा, "जिस व्यक्ति पर हमले का आरोप था, उसकी पिटाई हो रही थी, उसे बचाने की मैंने पूरी कोशिश की."
पप्पू यादव ने कहा, "मुझे मारने की साज़िश थी. वो तो मिलने वाले लोगों की वजह से मैं बच गया."
उन्होंने कहा, "हनुमान को आप नचा रहे हो. राम को पतंग में उड़ा रहे हो. शंकराचार्य को पीट रहे हो. चंपत राय और गिरी ने मिलकर सोना और संपत्ति का गबन कर लिया. आप उसपर क्यों नहीं बोल रहे हो."
कथित हमले को लेकर उन्होंने कहा, "मैं पहले ही कई एफ़आईआर दर्ज करा चुका हूं. इस घटना के बाद मैं डरूंगा नहीं. जिसे मारना हो मार दे."
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घर में घुसकर उन पर हमला करने की कोशिश की गई.
वहां मौजूद सांसद के समर्थकों ने कहा कि कथित हमलावर ने उनपर धारदार हथियार से हमला किया.
पप्पू यादव ने कहा, "वह चाकू लेकर मारने आया था."
क्या है पूरा मामला
इससे पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान पप्पू यादव संसद में भगवा वस्त्र पहन कर पुजारी का अभिनय करने पर सफ़ाई दे रहे थे.
उन्होंने कहा, "सनातन हमारी तहजीब है, हमारे जीने का एक रास्ता है."
समाचार एजेंसी पीटीआई के एक वीडियो में दिखता है कि इसी बीच एक व्यक्ति ने कहा, "भगवा पहनकर आप भगवान राम की मूर्ति लेकर दूसरे आदमी के पैरों में रख रहे हैं. ये कहां का सम्मान किया आपने?"
इस पर पप्पू यादव ने पूछा, "आप कौन हैं?" दो तीन बार पूछने के बाद ही सांसद पर कोई चीज़ फेंकी गई.
इसी बीच उनके समर्थकों ने उन्हें बचाने और उस व्यक्ति को काबू करने की कोशिश की.
इसके बाद समर्थकों ने उस व्यक्ति को पकड़ लिया और पीटने लगे. वीडियो में दिखाई देता है कि वहां मौजूद पुलिस अधिकारी उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं.
दरअसल बीते शुक्रवार को सांसद पप्पू यादव भगवा रंग का वस्त्र पहनकर पुजारी के भेष में संसद पहुंचे थे, जहां उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया था.
इस मामले को लेकर शनिवार को वाराणसी के कोतवाली थाने में महंत बालक नाथ ने सांसद पप्पू यादव के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई थी.
काशी ज़ोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) गौरव बंसवाल ने बताया, "शिकायत सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो से संबंधित है, जिनमें सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संत के भेष में दिखाई दे रहे हैं."
डीसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.
महंत बालक नाथ ने कहा, "आज पप्पू यादव के खिलाफ हमने एफ़आईआर दर्ज करवाई है. जिस प्रकार से उन्होंने सनातन, भगवा वस्त्र और साधु-संतों का अपमान किया है, उसी को लेकर हमने यह शिकायत दर्ज कराई है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.