You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, टी-20 लीग के लॉन्च के मौके पर बोले शुभमन गिल, 'मेरे पिता थोड़े अंधविश्वासी हैं'

शुभमन गिल ने कहा, "मेरे पिता का हमेशा सपना था कि मैं क्रिकेट खेलूं."

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. टी-20 लीग के लॉन्च के मौके पर बोले शुभमन गिल, 'मेरे पिता थोड़े अंधविश्वासी हैं'

    मोहाली में शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग के लॉन्च के मौके पर भारतीय वनडे और टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अपने पिता के क्रिकेट के प्रति जुनून और अपने सफर को लेकर भावुक बातें साझा कीं.

    शुभमन गिल ने कहा, "मेरे पिता का हमेशा सपना था कि मैं क्रिकेट खेलूं. हमारे गांव में एक मुफ्त क्रिकेट एकेडमी भी चलती है, ताकि आसपास के गांवों के बच्चे वहां आकर खेल सकें. जब भी मेरे पिता को समय मिलता है, वे अकादमी जाकर बच्चों का खेल देखते हैं."

    उन्होंने बताया, "वह अक्सर मुझे फोन करके कहते हैं, 'आकर इस लड़के की बल्लेबाज़ी देखो', या किसी दूसरे बच्चे की फील्डिंग की तारीफ करते हुए कहते हैं, 'देखो, यह कितना अच्छा फील्डर है', जबकि वह बच्चा सिर्फ छह या सात साल का होता है. मुझे लगता है कि आज मैं यहां हूं तो इसकी सबसे बड़ी वजह मेरे पिता का क्रिकेट के प्रति प्यार और जुनून है."

    अपने पिता के कुर्ता-पायजामा पहनने को लेकर शुभमन ने मुस्कुराते हुए कहा, "मेरे पिता थोड़े अंधविश्वासी हैं. उनका मानना है कि जब भी वह कुर्ता-पायजामा पहनते हैं, या तो हमारी टीम मैच जीतती है या फिर मैं रन बनाता हूं. इसलिए अब वह जहां भी जाते हैं, कुर्ता-पायजामा ही पहनते हैं."

  2. मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा का शव ब्रॉड पीक पर मिला

    दुनिया के मशहूर पर्वतारोही और ब्रिटिश-नेपाली नागरिक निर्मल पुर्जा का शव पाकिस्तान के ब्रॉड पीक से बरामद कर लिया गया है. बचाव दल ने रविवार को इसकी जानकारी दी.

    पाकिस्तान के अल्पाइन क्लब के मुताबिक़, निर्मल पुर्जा का शव क़रीब 5,700 मीटर की ऊंचाई पर मिला. इसी इलाक़े में तीन अन्य शव भी देखे गए हैं, हालांकि उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.

    43 वर्षीय निर्मल पुर्जा की मौत की जानकारी शनिवार को उनकी कंपनी एलीट एक्सपीडिशंस ने दी थी. कंपनी के अनुसार, वह उन 10 लोगों में शामिल थे, जिनकी मौत हिमस्खलन में हुई. ब्रिटेन के प्रिंस ऑफ वेल्स समेत कई लोगों ने उनकी मौत पर श्रद्धांजलि दी.

    नेपाल में जन्मे निर्मल पुर्जा बाद में ब्रिटिश सेना में शामिल हुए थे. वह साल 2019 में दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों को सिर्फ छह महीने से कुछ ज़्यादा समय में फतह करने के रिकॉर्ड के लिए जाने जाते थे.

    अल्पाइन क्लब ने बताया कि ग्राउंड टीम बरामद शवों को जापानी कैंप तक पहुंचाएगी.

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने शनिवार को इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि काराकोरम पर्वत क्षेत्र में प्रसिद्ध निर्मल पुर्जा समेत छह नेपाली और चार विदेशी पर्वतारोहियों की दुखद मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.

  3. ट्रंप के बयान के बाद ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री बोले- हमारे लिए हर धमकी असली, ताक़त बढ़ाना जारी रहेगा

    ईरान के कार्यवाहक रक्षा मंत्री मजीद इब्न रज़ा ने कहा है कि ईरान के लिए हर तरह की धमकी वास्तविक है और उसे गंभीरता से लिया जाता है.

    न्यूज़ एजेंसी आईआरएनए ने उनके बयान को एक्स पर शेयर किया है.

    कार्यवाहक रक्षा मंत्री ने अपने बयान में कहा है, "दुश्मन के हालिया बयान भले ही मनोवैज्ञानिक और रणनीतिक युद्ध का हिस्सा हों, लेकिन हमारे लिए हर धमकी वास्तविक और गंभीर है."

    उन्होंने आगे कहा, "हम न तो चौंकेंगे और न ही निष्क्रिय रहेंगे. हर धमकी को हम अपनी सैन्य तैयारी बढ़ाने, प्रतिरोधक क्षमता मज़बूत करने और अपनी ताकत में इज़ाफ़ा करने का आधार मानते हैं."

    मजीद इब्न रज़ा ने अपने बयान में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं लिया. हालांकि, उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान और क्षेत्र के अन्य देशों के अनुरोध पर उन्होंने फिलहाल ईरान पर संभावित हमले की योजना को रोक दिया है.

  4. केरल में भारी बारिश से कावेरी विवाद फ़िलहाल थमा, काबिनी डैम से कर्नाटक ने छोड़ा पानी, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिन्दी के लिए

    केरल में हुई भारी बारिश के बाद कावेरी जल बंटवारे को लेकर कर्नाटक और तमिलनाडु के बीच बना तत्काल संकट काफ़ी हद तक कम हो गया है.

    बारिश के चलते काबिनी समेत कावेरी बेसिन में तेज़ी से पानी आने लगा, जिसके बाद कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए पानी छोड़ना पड़ा.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सर्वदलीय बैठक के बाद मीडिया से कहा कि काबिनी रिज़र्वायर में पानी का स्तर तेज़ी से बढ़ने के कारण शुक्रवार दोपहर से तमिलनाडु की ओर पानी छोड़ा जा रहा है.

    उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अतिरिक्त पानी नहीं है, बल्कि बांध की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए छोड़ा गया है, क्योंकि काबिनी रिज़र्वायर पूरी तरह भर चुका है.

    इससे पहले कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण ने कर्नाटक को 29 जुलाई से 15 दिनों तक प्रतिदिन 3,500 क्यूसेक पानी तमिलनाडु को छोड़ने का निर्देश दिया था. कुल मिलाकर यह करीब 4.5 टीएमसी फीट पानी होता है.

    काबिनी रिज़र्वायर को बचाने के लिए पानी छोड़ा जा रहा

    मुख्यमंत्री ने बताया कि भारी बारिश के बाद काबिनी रिज़र्वायर में करीब 26,000 क्यूसेक, कृष्णराज सागर में 22,000 क्यूसेक, हरंगी में 10,440 क्यूसेक और हेमावती में 11,884 क्यूसेक पानी की आवक हुई है.

    उन्होंने कहा कि बेंगलुरु और आसपास के इलाकों की पेयजल ज़रूरतों के लिए करीब 36 टीएमसी फीट पानी सुरक्षित रखना ज़रूरी है, जबकि लगभग 4 टीएमसी फीट पानी वाष्पीकरण के लिए आरक्षित रखा जाता है.

    सर्वदलीय बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सुझाव दिया कि नहरों में पानी बेहद सावधानी से छोड़ा जाए और सबसे पहले पेयजल ज़रूरतों को प्राथमिकता दी जाए.

    शिवकुमार ने कहा कि बैठक में शामिल सभी नेताओं ने सरकार के रुख का समर्थन किया और कई सुझाव दिए हैं, जिन पर कानूनी विशेषज्ञों से चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी.

    सामान्य वर्ष में कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए 177 टीएमसी फीट पानी छोड़ना होता है. हालांकि, इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की अनियमितता के कारण जुलाई में कर्नाटक केवल 3.6 टीएमसी फीट पानी ही छोड़ सका, जबकि तय मात्रा 40 टीएमसी फीट थी. यह पानी तमिलनाडु की कुरुवई धान फसल के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.

    जोसेफ़ विजय पर क्या बोले शिवकुमार

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय को लेकर पूछे गए सवाल पर डीके शिवकुमार ने कहा कि उनका किसी को बदनाम करने का कोई इरादा नहीं है.

    उन्होंने कहा, "जोसेफ़ विजय एक अच्छे इंसान हैं और मैं उनका सम्मान करता हूं. मुझे भरोसा है कि वे हमारी बात समझेंगे. राजनीति में नए होने के बावजूद वे साहसी और परिपक्व नेता हैं. मैं उनके साहसिक फैसले की सराहना करता हूं. मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हम सबको मिलकर रहना और साथ काम करना है. आखिरकार भारत एक है."

  5. इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फ़ेरी में भीषण आग, 5 लोगों की मौत और 41 लापता

    इंडोनेशिया में समुद्र के बीच एक फ़ेरी (जहाज़) में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया है. अधिकारियों के मुताबिक, फ़ेरी में सवार 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 41 लोग लापता हैं.

    राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बसरनास के अनुसार, फ़ेरी में कुल 271 लोग सवार थे. यह जहाज़ पूर्वी जावा के सुराबाया से दक्षिण सुलावेसी के मकासार जा रहा था. यात्रा के दौरान मदुरा द्वीप के पास फ़ेरी में आग लग गई, जिसके बाद कप्तान ने घटना की सूचना अधिकारियों को दी.

    स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में कई यात्री लाइफ जैकेट पहने लाइफ़बोट में दिखाई दे रहे हैं.

    वहीं, कुछ अन्य वीडियो में लोग धुएं और आग की लपटों से घिरी फ़ेरी से नीचे उतरते नज़र आ रहे हैं.

    फ़िलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है. अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की तलाश की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

  6. पप्पू यादव बोले- जितने केस दर्ज करने हैं कर लीजिए, सनातन की रक्षा के लिए आवाज़ उठाता रहूंगा

    संसद में भगवा वस्त्र पहनकर पहुंचने को लेकर उठे विवाद के बीच सांसद पप्पू यादव ने अपनी सफ़ाई दी है.

    उन्होंने कहा, "मैं पूरी मर्यादा के साथ सदन में गया और मैंने किसी को कोई गाली नहीं दी. मैंने किसी साधु का नाम भी नहीं लिया."

    पप्पू यादव ने आगे कहा, "सनातन की रक्षा और भारत के करोड़ों लोगों की आस्था के लिए मैं एक लाख बार भी कुर्बान हो जाऊंगा. जितने केस दर्ज करने हों, कर लीजिए."

    उन्होंने आरोप लगाया, "सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता. बच्चों पर लाठी और गोलियां चलाई जाती हैं. उनके पेपर लीक होते हैं. ऐसे में सनातन की रक्षा और जनता की आवाज़ उठाना ज़रूरी है."

    दरअसल, वह शुक्रवार को संसद भवन परिसर में गेरुआ वस्त्र पहनकर पहुंचे थे, जहां उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया था.

    इसके बाद वाराणसी में उनके ख़िलाफ़ सनातन धर्म के अपमान का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई गई है.

  7. कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के प्रदर्शन पर क्या बोलीं आईओए की अध्यक्ष पीटी उषा

    भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है.

    पीटी उषा ने कहा, "यह हमारे देश, हर भारतीय और हर उस बॉक्सर के लिए गर्व का पल है, जो गोल्ड मेडल जीतता है और जब 'जन गण मन' बजता है. उस एहसास को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता."

    उन्होंने भारतीय मुक्केबाज़ों की तारीफ करते हुए कहा, "हमारे बॉक्सरों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. आखिरी पल तक वे हार नहीं मानते, क्योंकि वे मानसिक रूप से बेहद मज़बूत हैं."

    आईओए अध्यक्ष ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि हमने कुल 38 पदक जीते हैं. इनमें 13 स्वर्ण और 17 रजत पदक शामिल हैं. यह शानदार उपलब्धि है."

    उन्होंने ट्रैक एंड फील्ड खिलाड़ियों की भी सराहना करते हुए कहा, "मुझे इस बात की भी खुशी है कि हमारे एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने भी पदक जीते हैं."

    पीटी उषा ने खिलाड़ियों को मिल रहे सरकारी सहयोग का ज़िक्र करते हुए कहा, "हमारे प्रधानमंत्री खुद खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं. वह खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हैं. प्रतियोगिताओं के बाद खिलाड़ियों को अपने घर भी बुलाते हैं. सरकार और आईओए एक ही सोच के साथ काम कर रहे हैं. इसी वजह से हमारे खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है."

  8. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  9. अखिलेश यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर क्या कहा?

    उत्तर प्रदेश के रामपुर में स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है.

    अखिलेश यादव ने रविवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, "जौहर विश्वविद्यालय को लेकर पहले दिन से इनकी मंशा ठीक नहीं रही."

    उन्होंने आगे कहा, "ये नहीं चाहते कि शिक्षण संस्थान आगे बढ़ें, लोग पढ़े-लिखे हों, लोग अपने आप रोज़गार पाएं. ये यूनिवर्सिटी नहीं बना पाए और अब यूनिवर्सिटी पर हथौड़ा चलाना चाहते हैं."

    गौरतलब है कि फ़िलहाल यूनिवर्सिटी परिसर की 38 इमारतों को गिराने की प्रस्तावित कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी गई है.

    यह रोक मुरादाबाद मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने लगाई है, जो रामपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष भी हैं.

    स्थानीय पत्रकार मुजस्सिम ख़ान के मुताबिक़, यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश के ख़िलाफ़ अपील दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई के दौरान मंडलायुक्त ने अंतरिम रोक लगाने का फ़ैसला लिया.

  10. केरल में भारी बारिश से कितना नुक़सान, सीएम ने क्या बताया

    केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने रविवार को बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, आठ अन्य लापता हैं और 13 लोग घायल हुए हैं.

    मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, राज्य में 27 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं, जबकि 196 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है.

    हालात को देखते हुए 209 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मृतकों के परिजनों के साथ-साथ घर और आजीविका खोने वाले लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी.

    उन्होंने बताया कि शनिवार की तुलना में रविवार को बारिश कम हुई है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की ज़रूरत है.

    उन्होंने कहा, "जनप्रतिनिधि और स्वयंसेवक राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं. जिन इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति थी, वहां पानी घटने के बाद सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अनुसार, शनिवार को राज्य के कुछ हिस्सों में 320 मिमी तक बारिश दर्ज़ की गई.

    सबसे अधिक 320 मिमी वर्षा कन्नूर जिले के अय्यनकुन्नू क्षेत्र में हुई, जबकि उत्तरी मालाबार क्षेत्र के कई इलाकों में शनिवार सुबह तीन बजे से मध्यरात्रि तक 90 से 180 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई.

    गौरतलब है कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था.

  11. पवन खेड़ा बोले- पीएम मोदी इसलिए रील बनाते हैं क्योंकि...

    कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जेन ज़ी से डरते हैं, क्योंकि 2029 में यही सबसे बड़ा वोटर तबका है.

    पवन खेड़ा की ये टिप्पणी तब सामने आई है, जब पीएम मोदी ने हाल के समय में युवाओं को संबोधित करते हुए कुछ रील्स पोस्ट की हैं.

    पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "2029 में जेन ज़ी भारत का सबसे बड़ा सबसे बड़ा वोटर तबका होगा और इससे मोदी डरते हैं. इसलिए वह आधी रात को रील बना रहे हैं. उन्हें उनकी फ़िक्र नहीं है, बल्कि वह सिर्फ़ प्रचार करते हैं."

    गौरतलब है कि पीएम मोदी ने शुक्रवार रात ही इंस्टाग्राम पर एक और रील शेयर की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कुछ शरारती बच्चों ने मुझे और मेरी मां को भद्दी-भद्दी गालियां दीं.

    हालांकि, उन्होंने कहा कि बचपन ग़लतियों को सुधारने का अवसर भी होता है, इसलिए वो उन बच्चों को माफ़ कर रहे हैं.

  12. कंगना रनौत ने ऋतिक रोशन से क्यों कहा- आग में घी डालने के बजाय...

    बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता ऋतिक रोशन के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए उसे 'बेबुनियाद' क़रार दिया है. कंगना का आरोप है कि ऋतिक की टिप्पणियां उनके ख़िलाफ़ हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग को बढ़ावा देती हैं और ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ वह खुलकर बोलने से बच रहे हैं.

    दरअसल, सोशल मीडिया पर इन दिनों 'सॉरी ऋतिक' ट्रेंड और कंगना-ऋतिक के पुराने विवाद को लेकर चर्चा तेज़ है.

    इस बीच एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा गया, "दुनिया को ऋतिक रोशन से माफ़ी मांगनी चाहिए."

    यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई, जब कंगना रनौत ने छात्रों के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की थी.

    इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक रोशन ने कहा कि लोगों को सोशल मीडिया पर चल रहे नैरेटिव से प्रभावित नहीं होना चाहिए.

    उन्होंने कहा कि वह किसी भी मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले सही संदर्भ और तथ्यों का इंतज़ार करेंगे.

    ऋतिक ने कमेंट में लिखा, "मेरे दोस्त, सिर्फ़ इसलिए 'ए' का साथ देना क्योंकि अब तुम्हें 'बी' पसंद नहीं है, हमारे समाज की बड़ी समस्या का एक छोटा हिस्सा है. मैं सही संदर्भ और तथ्यों का इंतज़ार करूँगा. वही निष्पक्ष होगा. लेकिन अब इसकी परवाह किसे है?"

    ऋतिक के इस बयान का स्क्रीनशॉट कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और उनकी आलोचना की.

    कंगना ने आरोप लगाया कि जो लोग ऋतिक का नाम लेकर उन्हें ट्रोल और परेशान कर रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ अभिनेता कोई क़दम उठाने या सार्वजनिक रूप से बोलने की हिम्मत नहीं दिखा रहे हैं.

    कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "प्रिय ऋतिक, मुझे ख़ुशी है कि आपको आपका परफ़ेक्ट मैच सबा आज़ाद मिल गई हैं. आप दोनों साथ में बेहद अच्छे लगते हैं और एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं. ऐसे में किसी महिला को इस तरह चिढ़ाना आपको शोभा नहीं देता."

    उन्होंने आगे कहा, "इसके बजाय आपको उन लोगों की निंदा करनी चाहिए, जो आपका नाम लेकर मुझे परेशान कर रहे हैं और ऑनलाइन बुलिंग कर रहे हैं. आग में घी डालने और अपनी पार्टनर को शर्मिंदा करने के बजाय समझदारी से काम लीजिए. उम्मीद है कि आपको सद्बुद्धि आएगी और आप इस तरह की बेबुनियाद टिप्पणियाँ करना बंद करेंगे."

    कंगना ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां करना उचित नहीं है और इससे ट्रोलिंग को बढ़ावा मिलता है.

  13. इराक़ के सुलेमानिया में ड्रोन हमले के बाद लगी भीषण आग

    इराक़ी मीडिया ने बताया है कि कुर्दिस्तान के शहर सुलेमानिया में ड्रोन हमले के बाद एक इलाक़े में भीषण आग लग गई.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, इस हमले में कुर्द पेशमर्गा (कुर्द क्षेत्र के सशस्त्र सुरक्षा बल) की 70वीं ब्रिगेड के मुख्यालय को निशाना बनाया गया था.

    हमलावर ड्रोन को रोक दिया गया था, लेकिन इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन का मलबा मुख्यालय के पास गिरने के बाद आग लग गई.

    घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें मौके पर लगी भीषण आग दिखाई दे रही है. ये वीडियो रुडॉ न्यूज़ नेटवर्क की ओर से प्रकाशित किए गए हैं.

    अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. हालांकि, लेबनान के समाचार नेटवर्क अल-मयादीन ने दावा किया है कि यह हमला इराक़ में सक्रिय ईरान समर्थित समूहों की ओर से किया गया.

    वहीं, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने बताया कि हमले का निशाना ईरान के विरोधी समूहों का मुख्यालय था.

  14. सिंधु जल संधि विवाद पर भारत का बड़ा बयान, पाकिस्तान को लेकर ये कहा

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने सिंधु जल संधि लेकर पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह संधि 'भारत और पाकिस्तान के बीच सद्भावना और दोस्ती की भावना' से हुई थी, लेकिन 'पाकिस्तान ने पांच दशकों में इस भावना को ख़त्म' कर दिया.

    न्यूज़वीक मैगज़ीन में प्रकाशित अपने लेख में क्वात्रा ने कहा, "भारत का सिंधु जल संधि को संधि को स्थगित करना केवल उस वास्तविकता को स्वीकार करना है, जिसे पाकिस्तान की नीतियों ने जन्म दिया."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, क्वात्रा का यह बयान पाकिस्तान की ओर से हाल ही में आयोजित उस सम्मेलन के बाद आया है, जिसमें भारत के सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के फ़ैसले का विरोध किया गया था.

    भारत ने यह फ़ैसला पहलगाम हमले के एक दिन बाद लिया था, जिसमें चरमपंथियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी.

    क्वात्रा ने कहा कि संधि की प्रस्तावना में इसे ‘सद्भावना और मित्रता की भावना’ से किया गया समझौता बताया गया था, लेकिन पाकिस्तान ने वर्षों तक अपने क़दमों से इस भावना को कमज़ोर किया.

    क्वात्रा ने आरोप लगाया, "पाकिस्तान ने 1965, 1971 और 1999 में भारत के ख़िलाफ़ युद्ध किए और इसके अलावा लंबे समय तक सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिया."

    इस दौरान उन्होंने संसद हमले (2001), मुंबई हमला (2008), पठानकोट और उरी हमले (2016), पुलवामा हमला (2019) और पहलगाम हमले (2025) का भी उल्लेख किया.

    विनय मोहन क्वात्रा ने कहा, "अगर पाकिस्तान वास्तव में द्विपक्षीय मुद्दों पर भारत का सहयोग चाहता है तो उसे सबसे पहले वर्षों से बनाए गए आतंकी ढाँचे को ख़त्म करना होगा."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जल संकट के लिए वहां की सरकार की ख़राब जल प्रबंधन नीतियां ज़िम्मेदार हैं.

    क्वात्रा ने कहा कि पाकिस्तान को भारत पर आरोप लगाने के बजाय अपनी जल उत्पादकता और घरेलू व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए.

  15. डोनाल्ड ट्रंप ने किसके कहने पर रोके ईरान पर हमले?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर संभावित हमले रोकने का एलान किया है. ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर इसकी जानकारी दी.

    इससे पहले समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से फ़ोन पर बातचीत की थी.

    इस दौरान उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने की अपील की.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को कम करने के लिए क़तर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), तुर्की और पाकिस्तान भी कूटनीतिक प्रयासों में जुटे हुए थे.

    वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किए गए अपने पोस्ट में दावा किया कि ईरान और मध्य-पूर्व के कुछ अन्य देशों की ओर से हमले रोकने का आग्रह किया गया था.

    दरअसल, तनाव कम करने की कोशिशों के तहत क़तर के मध्यस्थों ने शनिवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और ओमानी अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें की थीं.

    इन बैठकों में होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोलने के लिए संभावित समझौते पर चर्चा हुई.

    ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज़ स्ट्रेट को बिना किसी बाधा के खोलने की बात शामिल है.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले रोकने का किया एलान, बताई ये वजह

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर एलान किया है कि ईरान पर फ़िलहाल के लिए हमले रोक दिए गए हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि एक समझौते की रूपरेखा तय हो गई है.

    ट्रंप ने कहा, "अमेरिका के पास द्वितीय विश्व युद्ध के बाद अब तक की सबसे बड़ी सैन्य ताक़त है और वो ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई के लिए तैयार है. लेकिन ईरान और कुछ अन्य मध्य-पूर्वी देशों की ओर से हमला रोकने का अनुरोध किया गया, क्योंकि समझौते की रूपरेखा तय हो गई है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक़, प्रस्तावित समझौते में होर्मुज़ स्ट्रेट को तत्काल, पूरी तरह और बिना किसी बाधा के खोलना होगा. इसके अलावा, ईरान के परमाणु ख़तरे को ख़त्म करना शामिल होगा.

    ट्रंप ने कहा, "दुनिया के भविष्य और ईरान की स्थिरता और समृद्धि को ध्यान में रखते हुए हमले को रद्द करने का फ़ैसला किया है."

    ट्रंप ने यह भी कहा कि इस फ़ैसले में इसराइल भी उनके साथ है. उन्होंने ट्रुथ सोशल के पोस्ट में सभी पक्षों से समझौते को जल्द पूरा करने के लिए कहा है.

  17. 'गृह मंत्री अमित शाह इस्तीफ़ा दें', 23 दिन भूख हड़ताल पर रहीं नेहा बोरा ने और क्या कहा

    ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने 20 जुलाई को दिल्ली में पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफ़े की मांग दोहराई है.

    नेहा बोरा ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि आंदोलन अब केवल पेपर लीक के मुद्दे तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने का अभियान बन चुका है.

    23 दिनों तक भूख हड़ताल पर रहीं बोरा ने स्पष्ट किया कि अमित शाह के इस्तीफ़े और दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार को हटाने की मांग तब तक जारी रहेगी, जब तक गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की रिहाई सुनिश्चित नहीं हो जाती.

    उन्होंने कहा कि जवाबदेही केवल निचले स्तर के अधिकारियों तक सीमित नहीं रह सकती.

    बोरा ने आरोप लगाया कि जवाबदेही गृह मंत्री और पुलिस आयुक्त की बनती है. उन्होंने कहा कि किसी निचले स्तर के अधिकारी का निलंबन पर्याप्त नहीं है.

    आइसा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि सरकार अब तक यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि सुरक्षा बलों को पेलेट गन और कीलें लगी लाठियां क्यों दी गई थीं.

    उन्होंने कहा कि चाहे कार्रवाई मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुई हो या वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, इसकी राजनीतिक ज़िम्मेदारी अंततः केंद्रीय गृह मंत्री की है.

    नेहा बोरा ने कहा, "अगर यह मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुआ तो गृह मंत्री की भूमिका पर सवाल उठता है. अगर यह आपके आदेश पर हुआ तो यह सवाल है कि आम नागरिकों पर पैलेट गन चलाने वाला कैसा राज्य चलाया जा रहा है."

    उन्होंने कहा कि आंदोलन अब केवल शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सवाल है कि क्या सरकार आम नागरिकों के साथ इतना कठोर व्यवहार कर सकती है.

    बोरा ने कहा कि छात्रों और युवाओं में उपजा असंतोष अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली पुलिस आयुक्त की ओर केंद्रित हो गया है.

  18. पेरू में टूरिस्ट प्लेन क्रैश, क्रू समेत 13 लोगों की मौत, ग्रेस एलिज़ा गुडविन

    पेरू में एक छोटा विमान शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और पेरू के अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि की है.

    जानकारी के अनुसार, सेसना कैरावान सी-208 विमान शनिवार को दक्षिणी पेरू स्थित विश्व प्रसिद्ध नाज़्का लाइन्स के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में 11 पर्यटक और दो पायलट सवार थे.

    पेरू की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, मृतकों में दो जर्मन, दो स्पेनिश और सात इटैलियन पर्यटक शामिल हैं. फ़िलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है.

    पुलिस मेजर जॉर्ज एंड्रेड ने समाचार एजेंसी एएफ़पी से कहा कि दुर्घटना बेहद भीषण थी और इसमें किसी के भी जीवित बचने की संभावना नहीं रही.

    उन्होंने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं.

    हादसा स्थानीय समयानुसार दोपहर क़रीब एक बजे हुआ, जब विमान ने पिस्को हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी. विमान नाज़्का लाइन्स के ऊपर टूरिस्टों को एयर ट्रैवल करा रहा था.

    प्रशासन के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान स्थानीय एयरलाइन एरोडियाना का था. एयरलाइन ने अपने बयान में कहा है कि वह संबंधित अधिकारियों के निर्देशों के हिसाब से अपने फ़्लाइट शेड्यूल की समीक्षा करेगा.

    गौरतलब है कि नाज़्का लाइन्स के ऊपर पर्यटक विमानों के हादसे पहले भी हो चुके हैं.

    साल 2022 में यहां एक छोटा पर्यटक विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें सात लोगों की मौत हुई थी. इससे पहले 2010 में भी इसी क्षेत्र में हुए विमान हादसे में छह लोगों की जान चली गई थी.

    नाज़्का लाइन्स पेरू का एक मशहूर पर्यटन स्थल है और इसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया है.

    यहां रेगिस्तान की ज़मीन पर बने हज़ारों साल पुराने बड़े-बड़े चित्र देखने के लिए पर्यटक छोटे विमानों से हवाई सैर करते हैं.

  19. रूस: मॉस्को में रेस्तरां के बाहर ब्लास्ट- तीन लोगों की मौत, 21 घायल, रॉबर्ट ग्रीनॉल

    रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार शाम एक इटैलियन रेस्तरां के बाहर हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए.

    रूसी सरकारी मीडिया ने सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया कि धमाका एक घरेलू (होममेड) विस्फोटक उपकरण के कारण हुआ.

    जानकारी के मुताबिक़, यह धमाका स्थानीय समयानुसार रात क़रीब 8 बजे शहर के मध्य स्थित कुड्रिंस्काया स्क्वायर के पास हुआ.

    नेशनल एंटी-टेररिस्ट कमेटी के मुताबिक़, एक महिला विस्फोटक लेकर रेस्तरां के अंदर जाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन सुरक्षा गार्ड ने उसे रोक दिया.

    इसी दौरान विस्फोट हो गया, जिसमें महिला, सुरक्षा गार्ड और रेस्तरां में मौजूद एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई.

    घटना के समय वहां एक निजी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था.

    फ़िलहाल अधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल लोगों की सूची सार्वजनिक नहीं की है और न ही यह बताया है कि हमले का संभावित निशाना कौन था.

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़, विस्फोट के बाद कई लोगों को ख़ून से लथपथ हालत में रेस्तरां से बाहर निकाला गया.

    गौरतलब है कि हाल के वर्षों में मॉस्को और उसके आसपास कई वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारियों की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं. इन हमलों के लिए मॉस्को यूक्रेन पर आरोप लगाता रहा है.

  20. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.