पेरिस ओलंपिक 2024: हॉकी के सेमीफ़ाइनल में पहुंची भारतीय टीम, 10 खिलाड़ियों के साथ जीता मैच

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट

पेरिस ओलंपिक खेलों में हॉकी के क्वार्टरफ़ाइनल में भारतीय टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को बेहद कड़े मुक़ाबले में हराकर जीत हासिल कर ली है. इसके साथ ही भारतीय टीम हॉकी के सेमीफ़ाइनल में पहुंच गई है.

रविवार को खेले गए मैच में आधे समय तक दोनों ही टीमों ने एक-एक गोल किया गया था.

भारत की तरफ से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हरमनप्रीत सिंह ने मैच का पहला गोल किया. वहीं ब्रिटेन के ली मॉर्टन ने अपनी टीम की तरफ से गोल कर मैच को बराबरी में ला दिया.

निर्धारित समय में मैच का फ़ैसला नहीं होने के बाद यह मुक़ाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंच गया, जिसमें भारत ने 4-2 से जीत हासिल की.

इस अहम मैच के दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में ही भारतीय खिलाड़ी अमित रोहिदास को रेड कार्ड मिल गया, जिस के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा.

मैच में हार के बाद ब्रिटेन के कप्तान डेविड एम्स ने भारतीय टीम के खेल की तारीफ की है. साथ ही उन्होंने अपने रिटायरमेन्ट की भी घोषणा की है.

जब रोहिदास के जाने से टीम का ताकत हुई कम

मैच के दूसरे क्वार्टर के दूसरे मिनट में अमित रोहिदास मिड फ़ील्ड में ड्रिबलिंग कर रहे थे. इसी दौरान उनकी हॉकी स्टिक विपक्षी खिलाड़ी विल कैल्नन के चेहरे पर लगी.

उसके बाद अमित को रेड कार्ड दे दिया गया और उन्हें मैदान से बाहर निकलना पड़ा. भारतीय टीम ने पूरा मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेला.

इंटरनेशनल हॉकी फे़डरेशन ने भी भारतीय टीम को क्वार्टरफ़ाइनल में जीत की बधाई दी है.

फ़ेडरेशन ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट करते हुए लिखा, "कप्तान हरमनप्रीत सिंह और गोलकीपर श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 10 खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम ने शूटआउट में ग्रेट ब्रिटेन को हराकर फाइनल में जगह बना ली है."

पेनल्टी शूटआउट कर पहुंचा मैच

भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी गुरुबक्श सिंह ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत में इस जीत को भारत की बहुत बड़ी जीत बताया है.

उनका कहना है, "इस बेहद मुश्किल मैच में जीत के लिए मैं दिल से भारतीय टीम को बधाई देता हूँ. उन्होंने दूसरे हाफ़ में 38 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ मैच खेला. मुझे प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि भारतीय टीम सेमीफ़ाइनल में भी अच्छा खेलेगी."

मैच में भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह, ललित उपाध्याय, सुखजीत सिंह, अभिषेक और राजकुमार पाल पेनल्टी शूटआउट में उतरे.

वहीं ब्रिटेन की तरफ से इसमें उतरने वाले थे ओलिवर पायने, जेम्स अल्बरी, ज़ैकरी वॉलेस, कोनोर विलियम्स और फिल रोपर ने स्ट्राइक ली.

ब्रिटेन की तरफ से जेम्स अल्बरी और ज़ैकरी वॉलेस ने इस शूटआउट में गोल स्कोर किया. तीन गेदों को भारतीय गोलकीपर श्रीजेश ने बखूबी रोक दिया.

वहीं भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, ललित उपाध्याय, और राजकुमार पाल ने गोल स्कोर किया.

ग्रेट ब्रिटेन के कप्तान ने किया रिटायरमेंट का एलान

ग्रेट ब्रिटेन के कप्तान डेविड एम्स ने मैच में हार के बाद कहा, "हमारे पास इस मैच को जीतने का अच्छा मौक़ा था."

"मैच में जीत का श्रेय भारतीय टीम को जाता है जो 10 खिलाड़यों के साथ खेली. उनकी टीम से सतदीप और गोलकीपर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है."

उनका कहना था, "यह एक बड़ा अवसर था जिसे हमने गंवा दिया. इसका हमें लंबे समय तक अफ़सोस रहेगा."

अपने रिटायरमेन्ट की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा, "मैं भी अपने खेल करियर को भी यहां लगाम देता हूं. ये बाहर जाने की सही तरीका तो नहीं है लेकिन मुझे गर्व है कि मैं इस सफर का हिस्सा बन सका. ये टीम अभी लंबे वक्त तक खेलने वाली है."

बधाइयों का तांता लगा

भारतीय टीम को पेरिस ओलंपिक में क्वार्टरफ़ाइनल में जीत के बाद भारत के केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पोस्ट के जरिए बधाई दी.

नितिन गडकरी ने लिखा, "भारतीय पुरुष हॉकी टीम को उनके दिल को छू लेने वाले शूट-आउट जीत के लिए बधाई, जिससे सेमीफ़ाइनल में जगह बनी!"

"अब आप हॉकी में अपना 13वां ओलंपिक पदक जीतने से सिर्फ़ एक जीत दूर हैं. अगले मैच के लिए शुभकामनाएं."

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा, "अद्भुत जीत, चक दे इंडिया. सेमीफ़ाइनल के लिए भारतीय हॉकी टीम को अनंत शुभकामनाएं."

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा "भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है... भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर ओलंपिक के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है."

"सभी खिलाड़ियों और हर गौरवान्वित भारतीय को हार्दिक बधाई! यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर भारतीय की है. यह विजयी यात्रा जारी रहे... जय हिंद!"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लिखा "भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है... भारतीय हॉकी टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को हराकर ओलंपिक के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली है."

"सभी खिलाड़ियों और हर गौरवान्वित भारतीय को हार्दिक बधाई! यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर भारतीय की है. यह विजयी यात्रा जारी रहे... जय हिंद!"

ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और हॉकी के प्रशंसक नवीन पटनायक ने भी इस जीत के बाद भारतीय टीम को बधाई दी है.

नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "इस शानदार जीत और पेरिस ओलंपिक के सेमीफ़ाइनल में पहुँचने के लिए भारतीय टीम को बधाई. टीम ने अपने हुनर से एक कम खिलाड़ी के साथ मैच को जीता है. दुआ करता हूं कि भारतीय टीम इस शानदार फ़ॉर्म को जारी रखे और इतिहास लिखे."

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने भारत की इस जीत पर कहा है कि आज के मैच में भारत की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी, यह ऐतिहासिक जीत है.

उनका कहना है, "10 खिलाड़ियों के साथ 45 मिनट तक खेलना काफ़ी मुश्किल काम है...लेकिन उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है."

"उन्होंने कई अहम शॉट्स को रोका है. हम केवल 10 खिलाड़ियों के साथ आक्रमण नहीं कर सकते. हमारे सभी खिलाड़ियों ने सुरक्षात्मक खेल खेला है."

इससे पहले भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर क्वार्टरफ़ाइनल में जगह बनाई थी, उसके बाद भारतीय हॉकी टीम से पदक की उम्मीदें लगाई जा रही थीं.

अब सेमीफ़ाइन में भारत का मुक़ाबला छह अगस्त को जर्मनी या अर्जेंटीना से होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)