You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दीपक चाहर: जीतते हुए श्रीलंका से छीनकर भारत को दिलाई जीत
कोलंबो में खेले गए दूसरे वनडे मुक़ाबले में भारत ने एक रोमांचक मुक़ाबले में श्रीलंका को तीन विकेट से हरा दिया.
जीत के लिए 276 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने एक समय में छह विकेट महज 160 रनों पर गंवा दिए थे. लेकिन इसके बाद दीपक चाहर ने शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई.
पहले वनडे मैच में भारत ने मेज़बान श्रीलंकाई टीम टीम को सात विकेट से मात दी थी. लेकिन इस बार मेज़बान टीम बढ़िया खेल दिखाते हुए भारतीय टीम पर हावी हो रही थी.
भारत यह मैच लगभग हार चुका था और श्रीलंका सिरीज़ में 1-1 से भारत से भारतीय टीम से बराबरी करने के क़रीब था.
यह चाहर और भुवनेश्वर की बैटिंग का कमाल ही है कि उन्होंने भारत के हाथों से जाता हुआ एक मैच जिता दिया.
तारीफ़ें ही तारीफ़ें
विराट कोहली ने इस जीत के बाद चाहर की तारीफ़ करते हुए ट्वीट किया, शानदार जीत. मुश्किल हालात से यहाँ तक पहुँचने की कोशिश अद्भुत थी. दीपक चाहर और सूर्या को शाबासी. दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन.''
बीसीसीआई ने भी अपने एक ट्वीट में चाहर को इस जीत का हीरो बताया. बीसीसीआई ने अपने हैंडल से दीपक चाहर की एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें वो पानी की बोतल लिए बैठे दिख रहे हैं.
ट्वीट में बीसीसीआई ने लिखा, ''ज़बरदस्त बैटिंग से जीत दिलाने के बाद चाहर चुपचाप एक कोने में बैठकर पानी पी रहे हैं.''
इस जीत के बाद दीपक चाहर सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. ट्विटर और गूगल ट्रेंड्स में उनका नाम सबसे ऊपर है.
चाहर ने भुवनेश्वर कुमार के साथ आठवें विकेट के लिए नाबाद 84 रनों की साझेदारी निभाई.
दीपक चाहर 82 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 69 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि भुवनेश्वर कुमार ने नाबाद 19 रन बनाए.
भारत की ओर से सूर्य कुमार यादव ने 44 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली. यह वनडे मैच में सूर्य का पहला अर्धशतक है.
भारत की ओर से कप्तान शिखर धवन ने 29 और क्रुणाल पांड्या ने 35 रन बनाए.
इससे पहले श्रीलंकाई बल्लेबाज़ों ने 50 ओवरों में नौ विकेट पर 275 रन बनाए. चरिथ असालंका ने 65 और अविष्का फ़र्नांडो ने 50 रनों की पारी खेली.
भारत की ओर से युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ने तीन-तीन विकेट लिए.
इस वनडे मुक़ाबले में जीत के साथ ही तीन वनडे मैचों की सिरीज़ में भारत ने 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है. आख़िरी मैच 23 जुलाई को खेला जाएगा.
टीम इंडिया के नाम कुछ रिकॉर्ड
- 1997 के बाद से श्रीलंका की टीम भारत से कोई भी सिरीज़ नहीं जीत पाई है.
- भारतीय टीम ने श्रीलंका को श्रीलंका में लगातार 10वें वनडे मैच में हराया.
- भारतीय टीम श्रीलंका के ख़िलाफ़ सबसे अधिक 93 वनडे जीतने वाली टीम बन गई. पाकिस्तान 92 जीत के साथ दूसरे नंबर पर है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)