बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर: अपनी पसंदीदा खिलाड़ी को दें वोट

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट

बीबीसी भारतीय महिला खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें मिली कामयाबी का जश्न मनाने के लिए 'बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर' का दूसरा संस्करण लेकर आ रहा है. इस साल के अवॉर्ड के लिए नामांकित होने वाली खिलाड़ियों के नाम भी जारी कर दिए गए हैं. ये पाँच नॉमिनी हैं: मनु भाकर,दुती चंद, कोनेरू हम्पी, विनेश फोगाट और रानी.

सोमवार को एक वचुअल प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बीबीसी भारतीय भाषाओं की प्रमुख रूपा झा ने एक वेबिनार के दौरान उन पाँच खिलाड़ियों के नाम बताए जो कि साल 2020 के पुरस्कार की दावेदार हैं.

अगर आप अपनी पसंदीदा खिलाड़ी को वोट करना चाहते हैं तो आप बीबीसी की भारतीय भाषाओं की वेबसाइटों में से किसी एक को लॉग इन करके वोट कर सकते हैं.

अपनी पसंदीदा खिलाड़ी को वोट करने के लिए आपके पास 24 फरवरी 2021, 11.30 IST (1800GMT) तक का समय है.

इसके बाद 8 मार्च, दिन रविवार को दिल्ली में आयोजित एक वर्चुअल कार्यक्रम में इस साल के अवॉर्ड विनर के नाम की घोषणा की जाएगी. सभी नियम और शर्तें एवं गोपनीयता नोटिस वेबसाइट पर उपलब्ध हैं.

नॉमिनीज़ के नाम का ऐलान करने के लिए सोमवार को हुए वेबिनार के दौरान मानसी जोशी ने कहा-

प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पीटी ऊषा ने कहा-

बीबीसी में भारतीय भाषाओं की प्रमुख रूपा झा ने कहा-

अवॉर्ड पाने वाली खिलाड़ी का नाम बीबीसी भारतीय भाषाओं की वेबसाइट और बीबीसी स्पोर्ट्स वेबसाइट पर भी घोषित किया जाएगा.

इस अवॉर्ड की हक़दार वह खिलाड़ी बनेंगी जिन्हें सबसे ज़्यादा वोट मिलेंगे.

बीबीसी साल 2021 के महिला दिवस के मौके पर एक प्रतिष्ठित खिलाड़ी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित करेगा. इसके साथ ही एक उभरती हुई भारतीय खेल प्रतिभा को भी सम्मानित किया जाएगा.

इस अवॉर्ड के लिए जिन खिलाड़ियों को नामांकित किया गया है, उनके नाम प्रसिद्ध खेल पत्रकारों, विशेषज्ञों और लेखकों की एक निर्णायक समिति ने चुने हैं.

निर्णायक समिति ने जिन खिलाड़ियों को सबसे ज़्यादा वोट दिए हैं, उन्हें ही सार्वजनिक मतदान के लिए चुना गया है.

वे खिलाड़ी जिनके नाम पर वोटिंग होनी है:

1. मनु भाकर

आयु: 19 वर्ष, खेल: एयरगन शूटिंग

मनु भाकर ने मात्र 16 साल की उम्र में, इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन वर्ल्ड कप 2018 में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल श्रेणी में गोल्ड मेडल जीता था. इस मेडल के साथ ही वह ऐसा करने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय बन गईं थीं.

इसके बाद मनु ने 2018 युवा ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल भी जीता. इसी वर्ष, उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने के लिए राष्ट्रमंडल खेलों के रिकॉर्ड 240.9 अंक हासिल किए. साल 2019 ने उन्होंने विश्व कप फाइनल में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता.

2. दुती चंद

आयु: 25 वर्ष, खेल: एथलेटिक्स

दुती चंद इस समय महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में राष्ट्रीय चैंपियन हैं. दुती ने नेपल्स में 2019 वर्ल्ड यूनिवर्सियाड में 100 मीटर स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था. साल 2020 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया. साल 2016 के समर ओलंपिक में दुती महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में क्वालीफाई करने वाली तीसरी महिला बनीं.

फिर साल 2018 में दुती चंद ने जकार्ता एशियन गेम्स में महिलाओं की 100 मीटर स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता. साल 1998 के बाद से इस स्पर्धा में यह भारत का पहला मेडल था.

साल 2014 में दुती पर 'फीमेल हायपरएंड्रोगनिज़्म' के आरोप लगने के बाद प्रतिबंध लगा दिया गया था. हालांकि, दुती ने कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट में अपना पक्ष रखा और 2015 में उन पर लगा प्रतिबंध हटाया गया. दुती चंद भारत की पहली गे एथलीट हैं और जो कि आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आईं हैं.

3. कोनेरू हम्पी

आयु: 33, खेल: शतरंज

महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियन, 2019

कोनेरू हंपी शतरंज की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ियों में से एक है. कोनेरू के पिता ने बचपन में ही उनमें शतरंज के प्रति गहरे रुझान को देखा था. साल 2002 में कोनेरू मात्र 15 साल की उम्र में ग्रैंडमास्टर बन गई. ये रिकॉर्ड साल 2008 में चीन खिलाड़ी हू यिफान ने तोड़ा है. कोनेरू इस समय महिला विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप की विजेता हैं.

दो साल की मैटरनिटी लीव के बाद दिसंबर में 2019 में उन्होंने ये ख़िताब हासिल किया था. इसके बाद उन्होंने साल में 2020 केर्न्स कप जीता. कोनेरू को अर्जुन पुरस्कार के साथ - साथ साल 2007 में भारत के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया गया.

4- विनेश फोगाट

आयु: 26, खेल: फ्रीस्टाइल कुश्ती

ब्रॉन्ज मेडल, विश्व कुश्ती चैंपियनशिप

अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड जीतने वाली महिला पहलवानों के परिवार से आने वालीं विनेश फोगाट साल 2018 में जकार्ता एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी हैं. फोगट ने अब तक राष्ट्रमंडल खेलों में दो गोल्ड मेडल जीते हैं.

वह राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान हैं. सितंबर 2019 में, उसने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपना पहला विश्व चैंपियनशिप मेडल जीता. और जनवरी 2020 में, विनेश फोगट ने रोम रैंकिंग श्रृंखला में भी गोल्ड मेडल जीता. पिछले साल विनेश फोगाट ने कोरोनावायरस से संक्रमित होकर उसे भी मात दी.

5 - रानी

आयु: 26, खेल: हॉकी

कप्तान, भारतीय महिला हॉकी टीम.

अपने शानदार खेल के लिए चर्चित रानी साल 2020 में 'वर्ल्ड गेम्स एथलीट ऑफ द ईयर' पुरस्कार जीतने वाली पहली हॉकी खिलाड़ी बन गईं हैं. साल 2019 के नवंबर महीने में रानी ने अमेरिका के ख़िलाफ़ अपने शानदार गोल से टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम के लिए जगह बनाई है.

रियो ओलंपिक 2016 में भी रानी भारतीय टीम का हिस्सा थीं. और साल 2010 में, रानी वर्ल्ड कप में भारत की ओर से खेलने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय हॉकी खिलाड़ी थीं.

साल 2010 में रानी ने विश्व कप में 'यंग प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' जीता था. भारतीय टीम ने 2018 एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल जीता, 2018 विश्व कप में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची और उसी वर्ष राष्ट्रमंडल खेलों में चौथे स्थान पर रहीं.

हरियाणा में एक ग़रीब रिक्शा चालक के घर जन्म लेने वालीं रानी ने भारत का नागरिक सम्मान पद्म श्री भी जीता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)