You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
IPL 2020: RCBvsRR- विराट कोहली की कप्तानी पारी, बैंगलोर ने राजस्थान को 8 विकेट से हराया
विराट कोहली की कप्तानी पारी और ओपनर देवदत्त पडिक्कल की उम्दा हाफ सेंचुरी के दम पर बैंगलोर ने आईपीएल-13 में तीसरी जीत हासिल कर ली है.
बैंगलोर ने शनिवार को अबुधाबी में खेले गए टूर्नामेंट के 15वें मैच राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से हरा दिया.
इस मैच में बैंगलोर की टीम ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. पहले गेंदबाज़ों ने राजस्थान को 154 रन के स्कोर पर रोक दिया और बाद में बल्लेबाज़ों ने 155 रन का लक्ष्य 5 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया.
बैंगलोर के लिए कप्तान कोहली ने नाबाद 72 रन और पडिक्कल ने 63 रन बनाए. जीत दिलाने वाला चौका जड़ने वाले एबी डिविलियर्स 10 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद रहे.
कोहली- पडिक्कल का कमाल
हालांकि, बैंगलोर की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर एरोन फिंच सिर्फ़ आठ रन बनाकर तीसरे ओवर में आउट हो गए. उनका विकेट श्रेयस गोपाल को मिला. लेकिन इसके बाद दूसरे ओपनर पडिक्कल ने कप्तान विराट कोहली के साथ मिलकर राजस्थान के गेंदबाज़ों को बैकफुट पर ला दिया. इन दोनों ने 13.2 ओवर में 99 रन जोड़े.
बैंगलोर के लिए लगातार अच्छी पारियां खेल रहे पडिक्कल ने 34 गेंद में हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. ये चार मैचों में उनकी तीसरी हाफ सेंचुरी है.
वहीं, पिछले तीन मैचों से रन बनाने के लिए तरस रहे विराट कोहली ने भी लय हासिल कर ली. उन्हें आंखे जमाने में वक़्त लगा लेकिन एक बार लय मिली तो वो पुराने रंग में दिखने लगे.
इस जोड़ी ने 13 वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया.
तीसरी जीत
कप्तान कोहली ने 41 गेंद में हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. बैंगलोर की टीम जब जीत से सिर्फ़ 31 रन दूर थी तब पडिक्कल जोफ़्रा आर्चर की गेंद पर आउट हो गए. उन्होंने 45 गेंदों में छह चौकों और छक्के की मदद से 63 रन बनाए.
कप्तान कोहली जमे रहे और टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे. कोहली ने 53 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन बनाए.
राजस्थान-154/6 (20 ओवर)
इसके पहले टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनने वाली राजस्थान रॉयल्स टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन बनाए. राजस्थान की ओर से 47 रन बनाने वाले महिपाल लोमरोर टॉप स्कोरर रहे.
आईपीएल में बल्लेबाज़ी के नए स्टार राहुल तेवतिया ने सातवें नंबर पर आकर तीन छक्कों की मदद से 12 गेंद में नाबाद 24 रन बनाए. बाकी बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर सके.
कप्तान स्टीव स्मिथ और संजू सैमसन लगातार दूसरे मैच में नाकाम रहे. स्मिथ ने पांच और सैमसन ने चार रन बनाए. जोस बटलर ने शुरुआत में कुछ शॉट जरूर खेले लेकिन वो भी चौथे ओवर में ही पवेलियन लौट गए. उन्होंने 22 रन बनाए.
रॉबिन उथप्पा सिर्फ़ 17 रन बना सके. बैंगलोर की ओर से सबसे कामयाब गेंदबाज़ युजवेंद्र चहल रहे. उन्होंने चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए. इसुरू उडाना ने 41 रन देकर दो और नवदीप सैनी ने 37 रन देकर एक विकेट लिया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)