You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
डीन जोन्स का निधन, मुंबई में पड़ा दिल का दौरा
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज़ डीन जोन्स का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. वो 59 साल के थे.
डीन जोन्स का निधन मुंबई में हुआ. आईपीएल के दौरान जोन्स मुंबई में रहकर कमेंट्री कर रहे थे.
स्टार इंडिया ने एक बयान जारी कर कहा, "हम दुख के साथ बता रहे हैं कि डीन मेर्विन जोन्स एएम अब दुनिया में नहीं रहे. हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं और इस मुश्किल घड़ी में हम उनकी हरसंभव मदद के लिए तैयार हैं. हम ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग से संपर्क में हैं और सभी ज़रूरी व्यवस्था कर रहे हैं.
"डीन जोन्स इस खेल के सबसे महान एम्बेस्डर में से एक थे. वो हमेशा नए टैलेंट की खोज और उन्हें संवारने में आगे रहते थे. वो कमेंट्री के चैंपियन थे, उनकी मौजूदगी और प्रेजेंटेशन ने लाखों प्रशंसकों का दिल जीता."
डीन जोन्स का शुमार ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज़ों में होता है. उन्होंने अपने शानदार करियर में कुल 52 टेस्ट और 164 वन डे मैच खेले थे.
भारत के ख़िलाफ़ 1986-87 में मद्रास में खेली गई उनकी 210 रन की पारी उनकी सबसे यादगारियों पारियो में से एक है. भीषण गर्मी के बीच खेलते हुए जोन्स की तबीयत ख़राब होने लगी थी लेकिन वो खेलते रहे. मैच के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था.
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने ट्विटर पर लिखा, "अपने कलीग और एक अज़ीज़ दोस्त को खोने से सदमें में हूं. डीन जोन्स, बहुत जल्दी चले गए. उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं. उनकी आत्मा को शांति मिले.
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर लिखा, "डीन जोन्स की मौत की ख़बर सुन सदमे में हूं. उनके परिवार और दोस्तों को इसे सहने की ताक़त मिले."
आईपीएल की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने ट्वीट किया, "डीन जोन्स की मौत की ख़बर ने हमें हिला दिया है. ये क्रिकेट के लिए एक बहुत बड़ा नुक़सान है. उनके परिवार के साथ संवेदनाएं. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे."
डीन जोन्स शानदार बल्लेबाज़ी के अलावा अपनी उम्दा कमेंट्री के लिए भी जाने जाते थे. कई अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने कमेंट्री की. इस साल आईपीएल में भी वो कमेंट्री कर रहे थे. हालांकि कमेंट्री के दौरान एकबार उनपर नस्लभेद के आरोप भी लगे थे. उन्होंने साल 2006 में दक्षिण अफ़्रीका के हाशिम अमला को एक मैच के दौरान "आतंकवादी" कह दिया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)