You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान, यशस्वी को नहीं मिली जगह

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान कर दिया है. अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ आख़िरी वनडे मैच में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिली है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह

  1. भारत ने जीता एफ़आईएच हॉकी वीमेंस नेशंस कप, इस टूर्नामेंट के लिए किया क्वालिफ़ाई

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफ़आईएच हॉकी वीमेंस नेशंस कप 2025-26 के ख़िताबी मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड को हरा दिया है.

    हॉकी इंडिया के मुताबिक़, ऑकलैंड में खेले गए इस फ़ाइनल मुक़ाबले में भारतीय टीम ने मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 2-0 से हराया है.

    इसी के साथ भारतीय महिला टीम ने एफ़आईएच हॉकी महिला प्रो लीग में भी जगह बना ली है.

    इस मुक़ाबले में भारत की ओर से नवनीत कौर और सुनेलिता तोप्पो ने एक-एक गोल दागे.

  2. इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान, यशस्वी को नहीं मिली जगह

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम का एलान कर दिया है. अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ शनिवार को आख़िरी वनडे मैच में शतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम में जगह नहीं मिली है.

    यशस्वी ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 110 रन बनाए थे. उन्होंने रोहित शर्मा के साथ 170 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की.

    वहीं, विराट कोहली को टीम में शामिल किया गया है. हालांकि, उनकी फ़िटनेस को लेकर संशय बना हुआ है. फ़िट होने के बाद ही वह मैच खेल पाएंगे.

    भारतीय टीम जुलाई महीने में इंग्लैंड दौरे पर रहेगी. जहां उसे तीन वनडे मैच और पाँच टी20 मैच खेलने हैं. टी-20 टीम का एलान पहले ही हो चुका है.

    इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़.

    इसके अलावा बीसीसीआई ने आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में बदलाव किया है. बोर्ड के मुताबिक़, वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण टी-20 टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.

    आयरलैंड दौरे के लिए अपडेटेड भारतीय टी-20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.

  3. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  4. ईरान-अमेरिका बातचीत: स्विट्ज़रलैंड पहुंचे शहबाज़ शरीफ और जेडी वेंस

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ईरान-अमेरिका वार्ता में शामिल होने के लिए स्विट्ज़रलैंड पहुंच गए हैं. फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी इस यात्रा में शरीफ़ के साथ हैं.

    इससे पहले अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी वार्ता के लिए स्विट्ज़रलैंड पहुंचे. दूसरी ओर, ईरान का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को ही यहां पहुंच गया था.

    पिछले कुछ महीनों में ईरान और अमेरिका के बीच हुई बातचीत में पाकिस्तान मुख्य मध्यस्थ रहा है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पहले कहा था कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि, साथ ही पाकिस्तान और क़तर के मध्यस्थ भी इस बैठक में शामिल होंगे.

    दोनों पक्षों के बीच समझौते पर पहले ही दस्तख़त हो चुके हैं. पाकिस्तान ने भी बतौर मध्यस्थ डील पर हस्ताक्षर किए थे.

  5. नीट के जिस छात्र को अबू धाबी सेंटर मिला था, वह नागपुर के परीक्षा केंद्र पर पहुंचा

    नीट (यूजी) 2026 की दोबारा परीक्षा आज (21 जून 2026) होने वाली है. जिस अभ्यर्थी को पहले अबू धाबी का परीक्षा केंद्र आवंटित हुआ था, वह नागपुर के सेंटर पर परीक्षा देने पहुंचा है.

    एनटीए ने छात्र का परीक्षा केंद्र अबू धाबी से बदलकर नागपुर कर दिया था.

    शनिवार को एनटीए ने कहा था कि कैंडिडेट ने खुद पोर्टल के ज़रिए परीक्षा शहर की प्राथमिकताओं में बदलाव किया था. उसने अबू धाबी को पहली और दुबई को दूसरी पसंद के रूप में चुना था.

    अब्दुल्ला तालिब ने रविवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मैं एनटीए के बयान को ग़लत नहीं कहता, क्योंकि उनके पास कोई सबूत होगा. लेकिन यह हमारी तरफ़ से नहीं हुआ. किसी ने शरारत की होगी. वह कौन है, जिसकी वजह से एनटीए और हम बदनाम हुए."

    उन्होंने कहा, "हमने बहुत मुश्किल से उसे (बेटे को) समझाया. वह बिल्कुल तैयार नहीं हो रहा था, पूरी रात उल्टियां करता रहा. वह बहुत घबराया हुआ था. वह सुबह क़रीब दस बजे उठा. उसने कोई रिवीज़न नहीं किया."

    अब्दुल्ला तालिब ने कहा, "हम बाहर जाकर परीक्षा क्यों देना चाहेंगे. वहां हमारा कोई साधन नहीं है, कोई रिश्तेदार नहीं, पासपोर्ट नहीं, पैसे नहीं, कुछ भी नहीं... हम उसे अबू धाबी क्यों ले जाएंगे."

  6. राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले पर बोले अरविंद केजरीवाल

    अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से करोड़ों करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई, लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है.

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, "अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है.''

    उन्होंने कहा, "यूपी पुलिस, ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आईआर नहीं की. केंद्र में और यूपी में, दोनों जगह इनकी (बीजेपी) सरकारें हैं. कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं."

    केजरीवाल ने कहा, "कहा जा रहा है कि बहुत बड़े बड़े नाम शामिल हैं. कार्रवाई हुई तो सरकार भी गिर सकती है. आपके हिसाब से किसे बचाना ज़रूरी है? सरकार को या करोड़ों करोड़ों लोगों की आस्था को?"

    इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में 'दूध का दूध' और 'पानी का पानी' हो जाएगा.

    योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में एक कार्यक्रम में कहा है, "रामभक्तों से मेरी विनम्र अपील है कि अयोध्या को बदनाम करने वालों के बहकावे में न आएं. चिंता मत कीजिए, 15 दिन का इंतज़ार कीजिए. एसआईटी गठित हुई है, दूध का दूध, पानी का पानी होगा. सब साफ़ होगा."

  7. वैभव सूर्यवंशी ने 94 रन की शानदार पारी खेली, सिर्फ़ 11 गेंदों में बना दी हाफ सेंचुरी

    भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच ट्राई नेशन वनडे सिरीज़ के मुक़ाबले में भारतीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने रविवार को शानदार पारी खेली है.

    श्रीलंका में दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में वैभव 29 गेंदों में 94 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने महज़ 11 गेंदों पर हाफ सेंचुरी लगाई.

    वैभव ने इससे पहले इस सिरीज़ में अब तक एक भी अर्धशतक नहीं बनाया था. अब तक वो चार मैचों में 117 रन ही बना पाए थे. उनका बेस्ट स्कोर 44 रन रहा था .हालांकि,आज उन्होंने ताबड़तोड़ रन बनाए.

    इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फ़ैसला किया है.

    भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक्स पर लिखा, " वैभव 50 ओवर के क्रिकेट को ऐसा फ़ॉर्मेट मानते हैं, जिसमें वह और ज़्यादा धमाल कर सकते हैं. क्योंकि 10 ओवर तक सर्कल के बाहर सिर्फ़ 2 फील्डर होते हैं, 6 नहीं."

  8. नीट परीक्षा दोबारा शुरू होने से ठीक पहले क्या बोले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

    शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि उन्हें एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) पर भरोसा है.

    पेपर लीक की शिकायतों के बाद नीट 2026 की रद्द परीक्षा आज यानी 21 जून को फिर से हो रही है. इस परीक्षा के संचालन की ज़िम्मेदारी एनटीए के पास है, जिस पर कई लोग लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं.

    धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छात्र निडर होकर परीक्षा देने बैठें और चिंता न करें. उन्होंने छात्रों को परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी है.

    धर्मेंद्र प्रधान ने मीडिया से कहा, "नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा आज होने जा रही है. मुझे एनटीए, सभी राज्य सरकारों, ज़िला प्रशासन, भारत की शिक्षा व्यवस्था और ख़ासकर भारत के छात्रों पर पूरा भरोसा है."

    "लगभग 22 लाख छात्र नीट परीक्षा देंगे. निडर होकर बैठिए, चिंता मत कीजिए, आप ज़रूर अच्छा करेंगे. यह छात्रों के लिए मेरी शुभकामना है. उन्हें भारत की व्यवस्था पर भरोसा है और आगे भी रहेगा."

    उन्होंने कहा, "इस मौक़े पर, एक अभिभावक और एक सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर मैं आपसे निवेदन करता हूं कृपया भारत की नई पीढ़ी का भविष्य ख़तरे में मत डालिए. कोई मज़ाक मत बनाइए. ऐसा कुछ मत कीजिए जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़े."

    गौरतलब है कि इस साल तीन मई को नीट यूजी परीक्षा 2026 एनटीए की देखरेख में कराई गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी.

  9. दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के धरने में इतने लोग मौजूद, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन का दूसरा दिन है. कई प्रदर्शनकारियों ने बीती रात धरनास्थल पर ही बिताई.

    सुबह क़रीब नौ बजे जंतर-मंतर पर 100 से 150 प्रदर्शनकारी मौजूद थे.

    सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देंगे, प्रदर्शन जारी रहेगा.

    दीपके से पूछा गया कि क्या आपका धरना अनशन में बदलेगा? इस पर उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में निर्णय नहीं लिया गया है.

    अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों का खाना और पानी बंद करने के आरोप भी लगाए.

    हालांकि, बीबीसी ने देखा कि जंतर-मंतर पर आज सुबह ऐसी पाबंदी नहीं थी, जैसी बीती रात थी. लोगों के साथ-साथ सामान भी आसानी से अंदर आ रहा था.

    दरअसल, जंतर-मंतर पर इस प्रदर्शन की अनुमति कल शाम पांच बजे समाप्त हो गई थी. इसके बावजूद सीजेपी का धरना जारी है.

    अभिजीत दीपके ने कहा, "अगर पुलिस उन्हें कोई दूसरा प्रदर्शन स्थल देती है तो वो वहां जाने के लिए तैयार हैं."

    दीपके के मुताबिक़, उन्होंने सरकार को बातचीत का प्रस्ताव दिया था, लेकिन सरकार की तरफ़ से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  10. कॉकरोच जनता पार्टी: अभिजीत दीपके ने आज होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों से की अपील

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर धरना जारी है.

    उन्होंने आज होने वाली नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों को 'बेस्ट ऑफ़ लक' कहा है. साथ ही उनसे एग्ज़ाम ख़त्म होने के बाद धरने में शामिल होने की अपील की है.

    अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर जारी किए गए वीडियो में कहा, "नीट के छात्र-छात्राओं को आज की परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देता हूं. आप लोग पूरे आत्मविश्वास के साथ जाइए और अपनी परीक्षा अच्छे से दीजिए. आपने बहुत पढ़ाई की है, अब बड़ा दिन आ गया है जब आपको परीक्षा देने जाना है."

    उन्होंने कहा, "हम नहीं चाहते कि आप परीक्षा से पहले प्रदर्शन में आएं. परीक्षा ख़त्म होते ही जंतर-मंतर आ जाइए. मैं यहीं हूं. मैं आप सब से मिलने का इंतज़ार कर रहा हूं."

    गौरतलब है कि अभिजीत दीपके ने शनिवार को घोषणा की है कि वो 'शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े तक जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे.'

    हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द प्रदर्शन स्थल को ख़ाली करें.

  11. स्विट्ज़रलैंड में ईरान-अमेरिका की बातचीत में शहबाज़ शरीफ़ भी होंगे शामिल, जॉर्ज राइट और टोबी मान

    अमेरिका और ईरान के बीच स्विट्ज़रलैंड में आज सीधी बातचीत शुरू होने वाली है, इसमें मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल जनरल आसिम मुनीर भी हिस्सा लेंगे.

    शहबाज़ शरीफ़ के दफ़्तर ने बीबीसी को बताया कि पाकिस्तान ने पूरे युद्ध के दौरान मध्यस्थ की भूमिका निभाई है और पहले भी अमेरिका-ईरान की बातचीत की मेज़बानी की थी.

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पोस्ट में शनिवार देर रात को जानकारी देते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री मोहम्मद शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर इन वार्ताओं में हिस्सा लेंगे. प्रधानमंत्री उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ इस्लामाबाद से स्विट्ज़रलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं."

    उल्लेखनीय है कि अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी बातचीत के लिए शनिवार देर रात को वॉशिंगटन से स्विट्ज़रलैंड रवाना हो गए थे.

    वहीं, ईरान की ओर से संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची पहले ही स्विट्ज़रलैंड पहुंच चुके हैं.

    इस हफ़्ते की शुरुआत में ही अमेरिका और ईरान के राष्ट्रपतियों ने एक प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें समेत सभी मोर्चों पर युद्ध को ख़त्म करना है.

    इसमें अगले 60 दिनों में अंतिम समझौते तक पहुंचने की बात कही गई है.

  12. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बोले पीएम मोदी- हमारा लक्ष्य हो कि 70 की उम्र में 50 जैसा स्वस्थ रहें

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोलकाता की रेड रोड से 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया. यहां पर उन्होंने हज़ारों लोगों के साथ योग किया.

    पीएम मोदी ने कहा कि योग हमारे शरीर को फ़्लेक्सिबल बनाने में मदद करता है और हमारे एनर्जी लेवल को हाई रखता है.

    योग कार्यक्रम के पहले पीएम ने अपने संबोधन में कहा, "योग इंसान को लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि 40 साल की उम्र में हम 20 साल की उम्र से भी ज़्यादा फ़्लेक्सिबल हों. 50 साल की उम्र में हम 30 साल की उम्र से भी ज़्यादा ऊर्जावान हों, 70 की उम्र में 50 जैसा स्वस्थ रहें."

    पीएम मोदी ने कहा, "नियमित योग करने से हमें अपने शरीर और मन को समझते रहने की आदत पड़ती है. जितना हम अपने बारे में जानते हैं, उतना ही हम ख़ुद को अच्छे से संभाल पाते हैं. इसी वजह से ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ का यह विषय हर उम्र के लोगों के लिए है, सिर्फ़ बुज़ुर्गों के लिए नहीं."

    पीएम मोदी के अलावा, केंद्र सरकार के कई मंत्रियों ने भी देश के अलग-अलग शहरों में योग अभ्यास किया है, जिनकी तस्वीरें सामने आई हैं.

  13. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया, डेनिज़ उंडाव की बदौलत मिली जीत

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ई मुकाबले में जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया है.

    टोरंटो स्टेडियम में शनिवार रात को खेले गए इस मुक़ाबले में जर्मन टीम ने डेनिज़ उंडाव के दो गोलों की बदौलत जीत हासिल कर ली.

    मुक़ाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने अच्छा खेला और एक-दूसरे को टक्कर देती रहीं.

    मैच का पहला गोल 30वें मिनट में आया. आइवरी कोस्ट की ओर से फ़्रैंक केसी ने गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई.

    इसके बाद जर्मनी ने एक के बाद एक प्रयास किए, लेकिन हाफ़-टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा.

    मैच में लंबे समय तक पिछड़ने के बाद जर्मनी के डेनिज़ उंडाव ने 68वें मिनट में एक गोल करते हुए स्कोर बराबरी पर ला दिया.

    इसके बाद जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था तो जर्मनी के डेनिज़ उंडाव ने 90 मिनट के बाद दिए गए एक्सट्रा चार मिनट में एक और गोल कर दिया. यह जर्मनी के लिए मैच विनिंग गोल साबित हुआ.

    इसके बाद आइवरी कोस्ट वापसी नहीं कर सकी. इस जीत के साथ जर्मनी ने नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली.

  14. कॉकरोच जनता पार्टी: जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे अभिजीत दीपके ने लोगों से की ये अपील

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि वो 'शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े तक जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे.' उन्होंने लोगों से अपील करते हुए शनिवार देर रात को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है.

    अभिजीत दीपके ने लोगों से सुबह 9 बजे दिल्ली स्थित जंतर-मंतर आने की अपील की है, उन्होंने कहा कि उनकी यह अपील ख़ासतौर पर दिल्लीवासियों से है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किए गए वीडियो में अभिजीत दीपके ने कहा, "जैसा कि आप सभी जानते हैं कि हम अब भी जंतर-मंतर पर हैं. हमारा प्रदर्शन पूरी रात चलता रहेगा और कल भी चलता रहेगा. मैं आपसे सबसे निवेदन करता हूं कि सुबह नौ बजे जंतर-मंतर आइए, हमें आपके समर्थन की ज़रूरत है."

    उन्होंने कहा, "हम लोगों ने पूरी कोशिश की, हम इस प्रदर्शन को जितना खींच सकते हैं, उतना खींच चुके हैं. लेकिन आपके साथ के बिना यह प्रदर्शन सफल नहीं होगा. छात्रों, पेरेंट्स और टीचर्स और ख़ास करके दिल्ली वालों से विनती है कि वो प्रदर्शन में शामिल हों."

    दीपके ने कहा, "आपके घर में लड़ाई हो रही है, आपके घर में हम आपका हक़ मांग रहे हैं. अगर अभी भी आप आगे नहीं आए, अगर अभी भी आप साथ में नहीं आए तो एक जो उम्मीद इस देश में बची है, वो भी ख़त्म हो जाएगी. अब आपकी ज़िम्मेदारी है."

    गौरतलब है कि शनिवार दोपहर से ही जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है. जबकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द प्रदर्शन स्थल को ख़ाली करें.

  15. डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर किया बड़ा एलान

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है सीज़फ़ायर के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज़ स्ट्रेट में कोई टोल नहीं लगेगा.

    डोनाल्ड ट्रंप का यह एलान ऐसे समय में आया है, जब ईरान के ख़ातम अल-अंबिया मुख्यालय ने घोषणा की है कि होर्मुज़ स्ट्रेट को जहाज़ों के लिए 'बंद' किया जा रहा है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "सीज़फ़ायर के दौरान 60 दिनों तक होर्मुज़ स्ट्रेट में कोई टोल नहीं होगा. 60 दिन पूरे होने के बाद भी कोई टोल नहीं लगेगा, जब तक कि अमेरिका की ओर से टोल ना लगाया जाए."

    उन्होंने आगे लिखा, "अगर समझौता पूरा नहीं होता है, तो यह टोल उन सेवाओं के लिए होगा जो अमेरिका ने मिडिल ईस्ट के देशों के लिए 'गार्डियन एंजल' बनकर दी हैं. इसमें पुराने, मौजूदा और आने वाले खर्चों की भरपाई शामिल है."

    इससे पहले शनिवार को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) नौसेना ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट सभी जहाज़ों के लिए बंद कर दिया गया है. नौसेना ने इसका कारण अमेरिका और इसराइल पर युद्धविराम के उल्लंघन के आरोपों को बताया है.

    दूसरी ओर, अमेरिका ने इस दावे का खंडन किया था. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट पूरी तरह खुला हुआ है.

    वेंस ने कहा, "हमें ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है कि ईरानियों ने अब भी होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर रखा है."

  16. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.