यूएस ओपन 2020: पुरुष एकल के दूसरे दौर में भारत के सुमित नागल की हार

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 1 मिनट

यूएस ओपन 2020 में पुरुष एकल मुक़ाबले के दूसरे दौर में भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को हार का सामना करना पड़ा है.

उनका मुक़ाबला दुनिया के तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी डोमिनिक थीम से था.

गुरुवार को खेले गए यूएस ओपन के पुरुष एकल मुक़ाबले के दूसरे दौर में थीम ने सुमित को तीनों सेटों में 6-3, 6-3, 6-2 से हराया.

इस मैच की एक ख़ास बात यह भी रही कि गुरुवार को ही डोमिनिक थीम का जन्मदिन भी था.

इस जीत के साथ थीम अगले राउंड के लिए क्वालिफ़ाई कर गए हैं.

भारत के लिहाज़ से यह पहला मौक़ा था जब भारत के टॉप रैंक वाले पुरुष एकल खिलाड़ी सुमित नागल अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के दूसरे दौर में पहुंचे थे.

पहले दौर के मैच में उन्होंने अमरीका के ब्रैडली क्लान को हराया था.

विश्व रैंकिंग में 124वें पायदान पर मौजूद 23 साल के सुमित नागल ने ब्रैडली क्लान को 6-1, 6-3, 3-6, 6-1 से हराया था.

सात साल बाद यह पहला मौक़ा था जब किसी भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी ने यूएस ओपन में कोई मैच जीता था. सुमित से पहले 2013 में सोमदेव देववर्मन ने यह उपलब्धि हासिल की थी.

कौन हैं सुमित नागल

नागल दिल्ली एनसीआर में पले-बढ़े टेनिस खिलाड़ी हैं, जिनपर महेश भूपति की नज़र पड़ी और उन्होंने नागल को अपनी एकेडमी में टेनिस के गुर सीखने का मौका दिया.

इसके बाद नागल को जर्मनी में टेनिस की ट्रेनिंग मिली. वह 2015 में जूनियर विबंलडन डबल्स का ख़िताब जीत चुके हैं.